Wednesday, September 30, 2026
Home Blog Page 53

पराली जलाने से रोकने किसानों को समझाइश, सुपर सीडर का लाइव डेमो

श्योपुर, 28 सितंबर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर पराली प्रबंधन को लेकर जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अधिकारियों की टीम गांव-गांव जाकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और वैकल्पिक उपायों की जानकारी दे रही है।

आज दलारना कलां, मलारना, इचनाखेड़ी, सूसवाडा और बड़ौदाराम ग्रामों में अधिकारियों ने चौपाल लगाकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभाव बताए।

  • पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति घटती है।

  • खेत का तापमान बढ़कर मित्र जीवाणु नष्ट हो जाते हैं।

  • गेहूं की बुवाई लेट होती है और उत्पादन पर असर पड़ता है।

सुपर सीडर और बेलर पर जोर

अधिकारियों ने बताया कि पराली प्रबंधन के लिए सुपर सीडर सबसे कारगर विकल्प है।

  • इसकी खरीद पर सरकार ₹1.20 लाख का अनुदान दे रही है।

  • किसान मात्र ₹1.30 लाख खर्च कर सुपर सीडर ले सकते हैं।

  • यह पराली को काटकर खेत में मिला देता है, जिससे जैविक खाद तैयार होती है और सीधे बोवनी भी हो जाती है।

  • कम बीज में गेहूं की बुवाई समय पर संभव हो जाती है और उत्पादन भी बढ़ता है।

इसके अलावा बेलर मशीन से पराली के बंडल तैयार कर किसान इसे ₹200 प्रति क्विंटल के हिसाब से जिले में मौजूद बायोफ्यूल प्लांट को बेच सकते हैं।

सूसवाडा में लाइव डेमो

ग्राम सूसवाडा में किसानों को सुपर सीडर का लाइव डेमो दिखाया गया। किसान बंजरग आदिवासी के खेत में मशीन चलाकर इसकी कार्यप्रणाली समझाई गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत कराहल के सीईओ राकेश शर्मा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राजू जाटव, कृषि विस्तार अधिकारी सचिन बिरला, सुपर सीडर कंपनी के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

आदि कर्मयोगी अभियान के तहत चैनपुरा में विजन प्लान पर चर्चा

श्योपुर, 28 सितंबर 2025

जनजातीय विकास एवं परिवर्तन को गति देने और समुदायों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में विजन प्लान-2030 तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकासखण्ड कराहल की ग्राम पंचायत बगवाज की आदिवासी बस्ती चैनपुरा में चौपाल का आयोजन किया गया।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सामुदायिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

बैठक में उठे मुद्दे

जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर  अजय रावत ने बताया कि चर्चा के दौरान गांव की जनसंख्या, सामाजिक आंकड़े और मौजूदा मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

  • भूमि, खेती, जंगल और जल संसाधनों पर सुझाव लिए गये।

  • आजीविका के प्रमुख विकल्पों और रोजगार के अवसरों पर विमर्श हुआ।

  • आवास, स्वच्छ जल, बिजली, शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, सड़क, दूरसंचार जैसी बुनियादी सेवाओं की उपलब्धता का आंकलन कर निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया गया।

अभियान का व्यापक दायरा

उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले के 254 गांव इस अभियान में शामिल हैं।

  • कराहल ब्लॉक – 106 गांव

  • श्योपुर ब्लॉक – 74 गांव

  • विजयपुर ब्लॉक – 74 गांव

प्रत्येक गांव में शासन की योजनाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए सेवा केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।

उद्देश्य

इस पहल का मुख्य लक्ष्य जनजातीय समुदायों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है ताकि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार के क्षेत्र में मजबूती से आगे बढ़ सकें और विजन-2030 के अंतर्गत समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

डिप्टी कलेक्टर को बंद मिली तीन राशन दुकाने, नोटिस जारी

श्योपुर, 27 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी विजय शाक्य द्वारा उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीन दुकानें बंद पाई गईं, जिस पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

आयुक्त, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार सितंबर माह का राशन पात्र हितग्राहियों को 30 सितंबर तक अनिवार्य रूप से वितरित किया जाना है। इसी के चलते निरीक्षण किया गया, जिसमें तीन दुकानों का बंद होना शासकीय निर्देशों का उल्लंघन और कर्तव्य में लापरवाही माना गया है।

दुकान संचालकों को तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 के तहत निलंबन, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7 के अंतर्गत अभियोजन, अथवा ₹5,000 तक का अर्थदंड और राजसात की कार्रवाई की जा सकती है।

नोटिस जिन तीन डीलरों को जारी किए गए हैं, उनमें इंसाफ कुरैशी, असरार हुसैन और समर खान शामिल हैं। इसके साथ ही जिले के सभी उचित मूल्य दुकान संचालकों को 30 सितंबर तक राशन वितरण पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अंतर्गत अगरा में शिविर का आयोजन

श्योपुर, 27 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अगरा पर शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 132 महिलाओं सहित कुल 228 रोगियों की जांच कर उपचार प्रदान किया गया।

शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 15 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया।

जिला स्तरीय मेडिकल दल में मेडिसिन विशेषज्ञ विष्णु गर्ग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ महिमा जगानी, दंत रोग विशेषज्ञ हिमांशु गुप्ता तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ रवि कुशवाह द्वारा शिविर में स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं।

इस अवसर पर मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी एसएन बिंदल, चिकित्सा अधिकारी ऋषिराज शर्मा, आकाश धाकड़, अनूप रावत, बबिता चौधरी, बीपीएम दिलीप डंडोतिया एवं बीसीएम कमल किशोर उपस्थित रहे।

शिविर में 132 महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 79 गर्भवती महिलाएं शामिल थीं। इनमें से 8 एनीमिक गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज लगाया गया। इसके अलावा 15 महिलाओं की एक्सरे जांच की गई तथा अन्य गंभीर बीमारियों का भी उपचार किया गया।

अभियान के तहत आगामी शिविरों का आयोजन 29 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कराहल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बडौदा, 30 सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दांतरदा तथा 01 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर में किया जाएगा।

श्योपुर में कांग्रेसियों ने मंत्री विजयवर्गीय का पुतला दहन किया

श्योपुर, 26 सितंबर 2025
श्योपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ विरोध जताते हुए उनका पुतला दहन किया। शिवपुरी जिले के जय स्तंभ चौक पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मांगीलाल फौजी की अगुआई में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता एकत्रित हुए। उन्होंने “विजयवर्गीय इस्तीफा दो”, “भाजपा सरकार मुर्दाबाद” और “प्रशासन होश में आओ” जैसे नारे लगाए।

इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने भाजपा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया और चप्पलों से उसे पीटा। इस मौके पर कांग्रेस विधायक बाबू जण्डेल, जिला अध्यक्ष मांगीलाल फौजी, पूर्व नपाध्यक्ष दौलतराम गुप्ता, मो. चीनी कुरैशी, मो. शब्बीर नागोरी एवं नेता प्रतिपक्ष पार्षद सलाउद्दीन खिलजी, सुमेर सिंह, महावीर बाल्मीकि, महावीर सुमन सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

मंत्री विजयवर्गीय ने हाल ही में शाजापुर में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर विवादास्पद टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, “हम पुरानी संस्कृति के लोग हैं…”, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में गर्मागर्म प्रतिक्रिया देखने को मिली। इस बयान के बाद कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया।

#श्योपुर #KailashVijayvargiya #CongressProtest #PoliticalNews #MPNews #PuthalaDahan #LocalNe

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, किसानों को मिलेगा भावांतर का सीधा लाभ


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्राइस डेफिसिट पेमेंट स्कीम (भावांतर योजना) की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 5,328 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यदि बाजार में फसल इससे कम दाम पर बिकती है, तो सरकार अंतर की राशि सीधे किसानों को उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि मंडियों पर लगातार निगरानी रखें और किसानों को सही मूल्य मिले, साथ ही जनप्रतिनिधियों को मंडियों का दौरा कर किसानों से संवाद बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि बिल के समय सही भाव दर्ज हों, ताकि किसानों को भविष्य में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे हितग्राहियों तक पहुँचाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। ई-उपार्जन पोर्टल पर सोयाबीन के लिए पंजीकरण 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2025 तक किया जा सकता है। सभी पात्र किसानों से समय पर पंजीकरण कराने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर विजय शाक्य, उप संचालक कृषि मुनेश शाक्य, सहायक संचालक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र शुभम अग्निहोत्री, मंडी सचिव एसडी गुप्ता एवं डीएमओ मार्कफेड सतेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।

हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे विजयादशमी एवं दुर्गा विसर्जन के पर्व

श्योपुर, 26 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने नवदुर्गा पर्व के समापन पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन एवं विजयादशमी पर्व को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में सभी को हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को त्यौहार के दौरान आयोजनों की व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और सोशल मीडिया पर अनुचित पोस्ट से बचने का आग्रह किया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार भूरिया, भाजपा और नगर निकाय के पदाधिकारी, दशहरा उत्सव एवं रामलीला समितियों के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने मार्गों की साफ-सफाई, बिजली के तारों का व्यवस्थित प्रबंधन और मेला मैदान में आवश्यक व्यवस्थाओं पर जोर दिया। 02 अक्टूबर को दशहरा उत्सव के दौरान मेला मैदान पर लोहे की जाली से सुरक्षा बेरीकेटिंग की जाएगी और रामतलाई हनुमान मंदिर से मेला मैदान तक प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नवरात्रि के समापन, दुर्गा विसर्जन और विजयादशमी जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। रावण दहन स्थल पर महिला जोन में पर्याप्त महिला पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

विजयादशमी जुलूस 02 अक्टूबर को शाम 4 बजे से श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, टोडी गणेश जी से प्रारंभ होगा और शाम 6.30 बजे श्री रामतलाई हनुमान मंदिर पहुंचेगा, जिसके बाद जुलूस मेला मैदान जाएगा, जहां लगभग 8 बजे रावण दहन होगा। उसी दिन दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया जाएगा।

जलावर्धन योजना: पार्वती नदी पर एनीकट निर्माण हेतु राजस्थान अधिकारियों का दौरा

श्योपुर, 26 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा गत दिनों आयोजित एमपीयूडीसी की बैठक में दिये गए निर्देशों के क्रम में आज राजस्थान के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने पार्वती नदी पर प्रस्तावित एनीकट स्थल का दौरा किया। इस दौरान मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी की चंबल इकाई के अधिकारी भी मौजूद रहे।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से श्योपुर एवं बड़ौदा नगर में हर घर नल से जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी जल प्रदाय परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत पार्वती नदी पर इंटेक वेल एवं एनीकट का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे दोनों नगरों में सतत जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

चूंकि पार्वती नदी अंतर्राज्यीय है, इसलिए एनीकट निर्माण के लिए राजस्थान सरकार की अनापत्ति आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राजस्थान जल संसाधन विभाग के अधिकारी परियोजना कार्यान्वयन इकाई एवं परियोजना प्रबंधन सलाहकार टीम के साथ निरीक्षण हेतु पहुंचे।

राजस्थान की ओर से निरीक्षण दल का नेतृत्व कार्यकारी अभियंता आर.के. मीणा ने किया, जबकि मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी की ओर से सहायक परियोजना प्रबंधक रामबरन त्यागी टीम का नेतृत्व कर रहे थे।

यह निरीक्षण एनओसी प्रक्रिया को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे परियोजना क्रियान्वयन में आ रही प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर जलावर्धन योजना को गति मिल सकेगी।

सांसद निधि से 4 गांवों को मिले पेयजल टैंकर

श्योपुर, 26 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा श्योपुर-मुरैना संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर की अनुशंसा पर सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत 4 ग्रामों के लिए पेयजल टैंकर हेतु प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

सांसद निधि से विजयपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बगदरी, सुठारा एवं बलावनी तथा विकासखण्ड श्योपुर के ग्राम पंचायत आमल्दा में पेयजल हेतु 5500 लीटर क्षमता वाले 1-1 जीआई वाटर टैंकर प्रदाय करने के लिए कुल 6 लाख 53 हजार 696 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

प्रत्येक टैंकर पर 1 लाख 63 हजार 424 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी एमपी स्टेट एग्रो एण्ड डवलपमेंट कार्पोरेशन, जिला श्योपुर को सौंपी गई है।

नगर पालिका पर विपक्ष का सीधा वार – कायाकल्प योजना में भ्रष्टाचार के आरोप

240 करोड़ की रोड पर सवाल, कॉलोनाइजरों को फायदा पहुंचाने का खेल?

फैक्ट-फाइल : कायाकल्प रोड विवाद

  • योजना प्रावधान: कायाकल्प योजना में अधिकतम 20 फीट (6 मीटर) चौड़ी सड़क की अनुमति।

  • विवादित निर्माण: नगर पालिका 50 फीट चौड़ी सीसी रोड बना रही है।

  • लागत: लगभग ₹240 करोड़।

  • आरोप: कॉलोनाइजरों को फायदा पहुँचाने और जमीन की कीमत बढ़ाने का प्रयास।

  • आपत्तियाँ:

    • लोकायुक्त ने नोटिस जारी कर प्रतिवेदन मांगा।

    • जिला परिवहन अधिकारी ने मार्ग जोड़ने पर दुर्घटना की आशंका जताई।

  • विपक्ष की मांग: रोड पर रोक लगाकर भवन परिसर में दुकानें व पार्किंग बनाई जाए।

  • चेतावनी: नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ धरना-प्रदर्शन की तैयारी।

240 करोड़ की रोड पर सवाल, कॉलोनाइजरों को फायदा पहुंचाने का खेल?

श्योपुर, 25 सितंबर 2025
विपक्षी पार्षदों और कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। श्रीराम धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक बाबू जण्डेल, जिला अध्यक्ष मांगीलाल फौजी, पूर्व नपाध्यक्ष दौलतराम गुप्ता, मो.चीनी कुर्रेशी,मो.शब्बीर नागोरी  एवम् नेता प्रतिपक्ष पार्षद सलाउद्दीन खिलजी, सुमेर सिंह,महावीर बाल्मीकि, महावीर सुमन सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

50 फीट चौड़ी रोड पर बवाल

नेताओं ने आरोप लगाया कि कायाकल्प योजना के तहत नवीन नगर पालिका भवन के सामने 50 फीट चौड़ी सीसी रोड बनाई जा रही है, जबकि योजना में अधिकतम 20 फीट (6 मीटर) तक रोड स्वीकृत है। यह निर्माण कार्य शासन की अनुमति से परे और भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है।

कॉलोनाइजरों को लाभ पहुंचाने का आरोप

नेताओं ने कहा कि इस रोड से आमजन को कोई लाभ नहीं होगा, बल्कि कॉलोनाइजरों की कॉलोनियों की कीमतें बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्य कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष पर निजी हित साधने का आरोप लगाते हुए विपक्षी पार्षदों ने कहा कि शासन के पैसों का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है।

लोकायुक्त की जांच के बाद भी जारी निर्माण

बताया गया कि कायाकल्प रोड के टेंडर में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर लोकायुक्त ने नोटिस जारी कर प्रतिवेदन मांगा था, इसके बावजूद नगर पालिका ने गुपचुप तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है 

परिवहन विभाग ने भी जताई आपत्ति

जिला परिवहन अधिकारी द्वारा पहले ही आपत्ति जताते हुए कलेक्टर को पत्र लिखा गया था कि परिवहन कार्यालय तक पहुंच मार्ग पहले से ही विभाग का है। नए मार्ग को कॉलोनाइजरों की कॉलोनियों से जोड़ना दुर्घटना की आशंका बढ़ाएगा।

‘कायाकल्प’ का मकसद ही बदल दिया

विपक्ष का कहना है कि कायाकल्प योजना का मूल उद्देश्य पुरानी सड़कों की मरम्मत, मजबूतीकरण और शहरी आधारभूत संरचना में सुधार है। योजना में 50 फीट चौड़ी नई सड़क का कोई प्रावधान नहीं है। बावजूद इसके नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों की रोड बनाई जा रही है।

धरने की चेतावनी

नेताओं ने कहा कि अगर निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगाई गई तो नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन किया जाएगा।