Friday, April 3, 2026
Home Blog Page 54

ई-केवायसी में लापरवाही पर कार्रवाई: 10 सचिव और 13 रोजगार सहायकों का 7 दिन का वेतन रोका

 

श्योपुर, 09 जून 2025:
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में जिले में समग्र ई-केवायसी कार्य को गति देने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत श्योपुर अंतर्गत ई-केवायसी कार्य की प्रगति में लापरवाही बरतने पर 10 पंचायत सचिवों एवं 13 रोजगार सहायकों (GRS) के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। संबंधित कर्मचारियों का 7 दिवस का वेतन एवं मानदेय भुगतान रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।

सीईओ जनपद पंचायत एसएस भटनागर ने जानकारी देते हुए बताया कि समग्र ई-केवायसी अभियान की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। विगत पांच दिवसों की रिपोर्ट के आधार पर यह पाया गया कि जनपद क्षेत्र की 14 पंचायतों में कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी रही, जिसके चलते संबंधित अधिकारियों पर यह कार्रवाई की गई।

जिन पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों पर कार्रवाई की गई है, उनके नाम इस प्रकार हैं:

  • ग्राम पंचायत मेवाड़ा: सचिव कश्मीर सिंह, जीआरएस  बलराम मीणा

  • बगडुआ: सचिव  रोशनलाल मीणा

  • मकड़ावदा कला: सचिव  जगदीश शर्मा, जीआरएस  दिलखुश मीणा

  • तेहखण्ड: सचिव ब्रजबल्लभ जाट, जीआरएस  प्रमोद गौड

  • हिरनीखेड़ा: जीआरएस  खेमराज जागिड

  • कुण्ड हवेली: सचिव  बनवारी लाल शर्मा, जीआरएस  रामरूप मीणा

  • तलावदा: जीआरएस  बलराम जाट

  • जानपुरा: सचिव  महावीर जाट, जीआरएस  मान सिंह

  • खिरखिरी: सचिव  रामभरोस गुप्ता, जीआरएस  घनश्याम रावत

  • नारायणपुरा: सचिव सीताराम शर्मा, जीआरएस  श्याम मीणा

  • तुलसैफ: जीआरएस हितेन्द्र हाडा

  • राधापुरा: सचिव मधुसूदन जाट, जीआरएस  वेदप्रकाश नागर

  • दलारना कला: सचिव  गिर्राज बंसल, जीआरएस रामस्वरूप

  • लहचौड़ा: सचिव  महावीर नागर, जीआरएस  पवन शर्मा

कलेक्टर  वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी ई-केवायसी कार्य को गंभीरता से लें, अन्यथा भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक पात्र नागरिक की ई-केवायसी पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समग्र ई-केवायसी में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, एक की सेवा समाप्त, दो निलंबित

श्योपुर, 08 जून 2025।
जिले में समग्र ई-केवायसी कार्य की धीमी प्रगति और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में सख्त कदम उठाए गए हैं। जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों और ग्रामीणों की समग्र ई-केवायसी का कार्य किया जा रहा है, जिसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है।

इसी क्रम में एसडीएम श्योपुर बीएस श्रीवास्तव द्वारा नगरपालिका परिषद श्योपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान वार्ड क्रमांक 22 में ई-केवायसी की प्रगति मात्र 6 प्रतिशत पाई गई। साथ ही, संबंधित वार्ड प्रभारी  देशेन्द्र हाडा बैठक में अनुपस्थित पाए गए। इस पर उनकी सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, वार्ड क्रमांक 6 के प्रभारी मनीराम चंद्रवंशी और वार्ड क्रमांक 7 के प्रभारी  जगदीश प्रसाद सुमन को भी बैठक से गैरहाजिर रहने और कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

इसके अलावा, अन्य 20 वार्डों के प्रभारियों को भी कार्य में ढिलाई पर अंतिम चेतावनी पत्र दिए गए हैं। उन्हें निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक वार्ड प्रभारी प्रतिदिन कम से कम 100 लोगों की ई-केवायसी अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।

इस महत्वपूर्ण बैठक में सीएमओ  राधेरमण यादव, उपयंत्री  पवन गर्ग समेत अन्य वार्ड प्रभारी भी उपस्थित रहे।

पूर्व मंत्री ने समर कैंप का किया निरीक्षण, बच्चों को बढ़ाया उत्साह

श्योपुर, 07 जून 2025:
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में 5 मई से 5 जून तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें कॉलेज ग्राउंड एवं बायपास पार्क पर बच्चों को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। इन खेलों में फुटबॉल, कराते, खो-खो, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल तथा कबड्डी शामिल हैं। शिविर में अनुभवी व कुशल प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

शनिवार को पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने विभिन्न स्थानों पर संचालित समर कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं से खेलों से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा उनके अनुभव साझा किए। रावत ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मनपसंद खेलों में नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रामलखन नापाखेड़ली, भरत गर्ग तथा जिला खेल अधिकारी अरुण सिंह चौहान भी उपस्थित रहे।

पूर्व मंत्री ने प्रशिक्षण शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने की बात कही।

वाइल्ड लाइफ एरिया में 13 स्थानों पर अंडरपास का प्रस्ताव मेडिकल कॉलेज रोड जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश : कलेक्टर अर्पित वर्मा


श्योपुर, 06 जून 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने श्योपुर जिले में विभिन्न सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्त्वपूर्ण निर्देश दिए। शुक्रवार को आयोजित निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक में उन्होंने गोरस से श्योपुर और श्यामपुर से सबलगढ़ तक नेशनल हाईवे-552 के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।

कलेक्टर वर्मा ने बताया कि गोरस से श्यामपुर मार्ग के 32.7 किलोमीटर हिस्से में कूनो वाइल्डलाइफ क्षेत्र शामिल है, जहाँ डीपीआर के अनुसार 13 स्थानों पर अंडरपास बनाए जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने निर्देश दिए कि वाइल्डलाइफ विभाग से समन्वय स्थापित कर अंडरपास और फ्लाईओवर डिज़ाइन में आवश्यक संशोधन कराए जाएँ, जिससे एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल हो।

इसी तरह, श्यामपुर से सबलगढ़ मार्ग के 55 किलोमीटर हिस्से में आने वाले श्योपुर जिले के 15 किलोमीटर क्षेत्र, जिसमें 9 किलोमीटर वाइल्डलाइफ क्षेत्र आता है, वहाँ कोरिडोर बनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी उच्च स्तर पर समन्वय करते हुए जल्द एनओसी सुनिश्चित करें और आवश्यकता अनुसार जिला प्रशासन के माध्यम से पत्राचार भी करें।

मेडिकल कॉलेज रोड व पुल निर्माण में तेजी के निर्देश

कलेक्टर वर्मा ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि 5 किलोमीटर लंबे मेडिकल कॉलेज रोड का निर्माण कार्य जुलाई माह तक पूर्ण किया जाए। विद्युत खंभों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के लिए विद्युत विभाग से समन्वय करने को कहा गया।

ब्रिज कॉर्पोरेशन को निर्देशित किया गया कि मेडिकल कॉलेज पुल का कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए, साथ ही वर्षा ऋतु से पहले नदी क्षेत्र में बन रहे 5 स्पॉन का निर्माण कार्य भी समय से कर लिया जाए। उन्होंने मानपुर और नागदा रोड पुलों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अधूरी सड़कें और आंगनबाड़ी भवन निर्माण पर जोर

कलेक्टर वर्मा ने बताया कि श्योपुर-मूंडला-हिरनीखेड़ा मार्ग की 27 किलोमीटर सड़क पूर्ण हो चुकी है, जबकि शेष 1.8 किलोमीटर का निर्माण जून के अंत तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने निर्देश दिए कि एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना के तहत भवन विहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भवन निर्माण प्रस्ताव शासन को शीघ्र भेजे जाएँ।

बैठक में पीएमजीएसवाय अधिकारियों ने जानकारी दी कि पीएम जनमन योजना के तहत 60 नई सड़कों के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं, जिनकी स्वीकृति के बाद जल्द कार्य प्रारंभ होगा।

सुबकरा में 60 बीघा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया गया


श्योपुर, 06 जून 2025

जिले के कराहल विकासखंड अंतर्गत ग्राम सुबकरा में वर्षों से चल रहे अतिक्रमण पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए लगभग 12.69 हेक्टेयर (करीब 60 बीघा) शासकीय भूमि को मुक्त कराया है। यह कार्यवाही कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तहसीलदार बड़ौदा श्रीमती मनीषा मिश्रा के नेतृत्व में की गई।

तहसीलदार श्रीमती मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंचायत सुबकरा के ग्रामीणों द्वारा पूर्व में कलेक्टर कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा गया था, जिसमें बताया गया था कि कुछ लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर राजस्व अमले की उपस्थिति में अतिक्रमण को हटाया गया।

हटाई गई भूमि को फिलहाल पंचायत सचिव, सुबकरा के सुपुर्द कर दिया गया है, ताकि दोबारा अवैध कब्जा न हो सके।

रिनोवेट हुई रायपुरा की बावड़ी, पूजन कर मनाया गया बावड़ी उत्सव प्राचीन जल संरचनाओं को सहेजने की भावना के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम


श्योपुर, 5 जून 2025

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्त्रोतों के संरक्षण और जीर्णोद्धार को जनभागीदारी से उत्सव का रूप देते हुए विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा के अवसर पर पूरे प्रदेश में बावड़ी उत्सव का आयोजन किया गया। इसी क्रम में ग्राम रायपुरा की रिनोवेट की गई प्राचीन बावड़ी पर विधिवत पूजन कर समारोहपूर्वक बावड़ी उत्सव मनाया गया।

यह आयोजन जन अभियान परिषद एवं जिला प्रशासन श्योपुर के तत्वावधान में, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत कन्यापूजन से हुई, तत्पश्चात बावड़ी के गर्भगृह स्थित कुएं का विधिवत पूजन किया गया। इस दौरान दीप जलाकर रोशनी की गई और अतिथियों का स्वागत साफा पहनाकर व माल्यार्पण के साथ किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष शंशाक भूषण, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जाट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दलवीर सिंह, नगर मंडल महामंत्री कौशल शर्मा, सरपंच रामलेखा, सरपंच प्रतिनिधि रामअवतार, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, जनपद सीईओ एसएस भटनागर, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक नेहा सिंह सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भाजपा जिला अध्यक्ष शंशाक भूषण ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्राचीन बावड़ियों और जल संरचनाओं का पुनर्जीवन कर उन्हें फिर से उपयोगी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “जल है तो जीवन है” को सार्थक करते हुए समुदाय को इन संरचनाओं के संरक्षण में भागीदारी निभानी चाहिए।

पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जाट ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए वर्षा जल संचयन और पौधरोपण को जरूरी बताया। वहीं, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट ने कहा कि “बावड़ी उत्सव” जैसे आयोजनों का उद्देश्य जनता को जल संरक्षण से जोड़ना है और जल स्त्रोतों की पूजा हमारी संस्कृति का हिस्सा रही है।

कार्यक्रम का संचालन सीईओ एसएस भटनागर ने किया और आभार प्रदर्शन सरपंच प्रतिनिधि रामअवतार ने किया।

निखरा रायपुरा की बावड़ी का स्वरूप

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रायपुरा की ऐतिहासिक बावड़ी को साफ-सफाई व मरम्मत कर एक बार फिर उपयोगी और आकर्षक बनाया गया है। यह बावड़ी सन 1734 में गोड राजा इंदर सिंह के दीवान शिवनाथ जी कायस्थ गोड द्वारा बनवाई गई थी। शिलालेखों के अनुसार, उन्होंने इस गांव को अपने नाम पर शिवनाथपुर बसाया था, जो वर्तमान में रायपुरा के नाम से जाना जाता है।

श्योपुर जिले में कई ऐसी बावड़ियां मौजूद हैं, जिनका निर्माण 6वीं से 18वीं सदी के बीच हुआ। इनमें अधिकतर बावड़ियां नंदा शैली में बनी हैं, जिसमें आवागमन का एक ही मार्ग होता है। अब इन्हें फिर से सजाया-संवारा जा रहा है ताकि भावी पीढ़ी को जल संरक्षण की विरासत दी जा सके।

योग दिवस 21 को, अभ्यास जारी 1 जून से जारी है योगाभ्यास कार्यक्रम, 5 जून को पर्यावरण दिवस पर किया गया पौधरोपण


श्योपुर, 5 जून 2025

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के सफल आयोजन की तैयारियों के तहत श्योपुर जिले में 1 जून से प्रतिदिन योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार आयुष विभाग के नेतृत्व में यह आयोजन सतत रूप से चल रहा है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. जीपी वर्मा ने जानकारी दी कि आयुष विभाग, शिक्षा विभाग एवं योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 7:00 बजे तक योगाभ्यास सत्र आयोजित हो रहे हैं। ये कार्यक्रम श्री हजारेश्वर मंदिर प्रांगण, बस स्टैंड पाली रोड, एवं शासकीय पीजी कॉलेज परिसर में चल रहे हैं।

डॉ. वर्मा ने शहरवासियों से अपील की कि वे निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर योग की विभिन्न क्रियाओं एवं आसनों का प्रशिक्षण प्राप्त करें और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष आयोजन

आज 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री हजारेश्वर मंदिर परिसर में योग अभ्यास के बाद आवंला के पौधे रोपे गए। इसी कड़ी में समस्त आयुष संस्थाओं में भी औषधीय पौधों का रोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से संबंधित ‘Bhuvan Yoga App’ (बाय-ब्रेक एप) डाउनलोड करवाया गया, ताकि वे डिजिटल रूप से भी योग अभ्यास में सहभागिता निभा सकें।

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में पौधरोपण: करंज, नीम, शीशम के पौधे रोपे वनमंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान का आयोजन


श्योपुर, 5 जून 2025

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान की शुरुआत गुरुवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय श्योपुर में की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय सांसद शिवमंगल सिंह तोमर द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अभियान के अंतर्गत करंज, नीम, शीशम जैसे बहुउपयोगी और पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए।

यह महाअभियान सामान्य वन मंडल श्योपुर के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारीगण और विद्यालय परिवार ने भाग लिया।

इस मौके पर सहरिया विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त  सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, पूर्व विधायक  दुर्गालाल विजय, भाजपा जिलाध्यक्ष  शंशाक भूषण सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पार्षद एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीमती वर्षा रघुवंशी मजूमदार, डीएफओ  केएस रंधा, एसडीओ  संजीव कुमार, रेंजर  अजय कुमार वाजपेयी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं पीएमश्री विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

सांसद  शिवमंगल सिंह तोमर ने इस अवसर पर कहा कि “इस वर्ष वन विभाग द्वारा बड़े स्तर पर फलदार व औषधीय पौधों का रोपण किया जाएगा। पर्यावरण की रक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने घर में भी कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।”

डीएफओ  केएस रंधा ने बताया कि इस वर्ष सामान्य वन मंडल द्वारा 10 लाख से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इनमें आंवला, हर्रा, बेहड़ा, अर्जुन, महुआ, सागौन, शीशम सहित औषधीय व इमारती पौधे शामिल हैं। साथ ही कई स्थानों पर बांस के पौधे भी लगाए जाएंगे।

वृक्षमित्र जयराम मीणा का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान जिले में वृक्षारोपण के प्रति समर्पित सेवा के लिए वृक्षमित्र जयराम मीणा को सांसद  शिवमंगल सिंह तोमर एवं अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि मीणा को राज्य स्तरीय “अमृता देवी विश्नोई पर्यावरण पुरस्कार” से भी नवाजा जा चुका है।

खाद-बीज की गुणवत्ता जांच को लेकर कृषि विभाग ने लिये सेंपल


श्योपुर, 04 जून 2025

जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा खाद और बीज की दुकानों से सेंपल लेकर जांच की कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई। यह मुद्दा 2 दिन से सोसल मिडिया पर किसानो द्वारा गरमाया हुआ था और आज सेम्पल लिए गए 

प्रशासन किसानो के हित में निश्पच कार्यवाही करेगा या फिर फैले कही दब कर रह जाएगी  

कुल 7 सेंपल लिये गये
उप संचालक कृषि  जी.के. पचौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आज 05 बीज एवं 02 उर्वरकों के सेंपल लिये गये। ये सेंपल श्योपुर शहर की विभिन्न कृषि दुकानों से एकत्र किए गए हैं।

किन दुकानों से लिये गये सेंपल
सेम्पल जिन विक्रय केन्द्रों से लिए गए, उनमें मैसर्स जीवन फर्टीलाइजर्स, श्री राम खाद भंडार, विश्नोई खाद बीज भंडार और श्री श्याम कृषि सेवा केन्द्र (सभी बड़ौदा रोड, श्योपुर स्थित) शामिल हैं।

परीक्षण हेतु भेजे गये सेंपल
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शरद रघुवंशी एवं कृषि विस्तार अधिकारी नान सिंह किराडे द्वारा इन दुकानों से सेम्पल लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। सेम्पल के विश्लेषण परिणाम प्राप्त होने के बाद गुणवत्ता संबंधी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

किसानों के हित में सख्ती
कृषि विभाग ने साफ किया है कि किसानों को गुणवत्ताहीन बीज या खाद बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए यह कदम किसानों के हित में उठाया गया है।

सरकार की सतर्कता
प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि किसान हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जाएगी।

ईदुज्जुहा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित – डीएम बोले, सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं पर्व

श्योपुर, 04 जून 2025
ईदुज्जुहा पर्व को लेकर जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने कहा कि आगामी 7 जून को ईदुज्जुहा का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने सभी समुदायों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या वीडियो से परहेज करने की अपील की।

बैठक में कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईद के अवसर पर ईदगाह और अन्य नमाज स्थलों पर साफ-सफाई, पानी के टैंकर, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने 6 जून को दाउदी बोहरा समाज की ईद के लिए भी बोहरा बाजार मस्जिद के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

ईदगाह पर विशेष इंतजाम, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि ईदगाह एवं अन्य नमाज स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि ईदगाह पर अलग से वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है और सभी नमाजियों से आग्रह किया गया कि वे अपने वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें, ताकि यातायात व्यवस्था बनी रहे।

नमाज के समय घोषित

शहर काजी अतीक उल्ला कुरैशी ने बताया कि 7 जून को ईदुज्जुहा की नमाज ईदगाह पर सुबह 8:30 बजे अदा की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न मस्जिदों में नमाज के समय इस प्रकार रहेंगे:

  • जामा मस्जिद – सुबह 7:15 बजे

  • खान सैय्यद किला मस्जिद – सुबह 7:15 बजे

  • मस्जिद ईमामबाड़ा – सुबह 7:30 बजे

  • मस्जिद कुमेदान – सुबह 7:45 बजे

  • बस स्टैंड इस्लामपुरा मस्जिद – सुबह 7:30 बजे

  • सलापुरा मस्जिद – सुबह 7:15 बजे

  • नारनौल किला मस्जिद – सुबह 8:45 बजे

उपस्थित रहे गणमान्यजन
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, पूर्व विधायक  बृजराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य  कैलाश नारायण गुप्ता, अंजुमन सदर शब्बीर नागौरी, वक्फ बोर्ड जिला अध्यक्ष काजी असद उल्ला कुरैशी, बजरंग दल जिला संयोजक  कुलदीप सिंह सिसोदिया,  जयदीप तोमर सहित अन्य सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

शांति और सद्भावना का संदेश

बैठक का मुख्य उद्देश्य यह था कि आगामी त्योहार सभी धर्मों के लोगों द्वारा मिल-जुलकर शांति एवं सद्भावना के साथ मनाया जाए। सभी पक्षों ने प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने भी कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।