Tuesday, March 31, 2026
Home Blog Page 49

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 जुलाई को विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए अंतरित करेंगे राशि श्योपुर में सांदीपनी सीएम राइज स्कूल में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम

श्योपुर, 03 जुलाई 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 4 जुलाई को प्रातः 11 बजे भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर से प्रदेशभर के मेधावी विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से लैपटॉप के लिए प्रोत्साहन राशि अंतरित करेंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत इस वर्ष मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये की राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी, जिससे वे लैपटॉप क्रय कर सकें।

प्रदेशभर में कुल 94,234 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है, जिसके लिए सरकार द्वारा ₹235 करोड़ 58 लाख 50 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

इस अवसर पर श्योपुर जिले में सांदीपनी सीएम राइज स्कूल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक व विद्यार्थी शामिल रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भोपाल से किया जाएगा, जिसे श्योपुर सहित पूरे प्रदेश में देखा जा सकेगा।

यह योजना प्रदेश के विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाकर उनकी उच्च शिक्षा व करियर में मददगार सिद्ध हो रही है।

श्योपुर में मेडिकल कॉलेज जल्द होगा शुरू – विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने किया नागदा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण

श्योपुर, 03 जुलाई 2025
मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष  नरेन्द्र सिंह तोमर ने श्योपुर जिले के नागदा स्थित नव निर्मित मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते हुए कहा कि इसी सत्र से कॉलेज शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एनएमसी (नेशनल मेडिकल कमीशन) से मान्यता प्राप्त करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है तथा फैकल्टी की नियुक्ति का कार्य भी जारी है।

निरीक्षण के दौरान तोमर ने कॉलेज के अकादमिक, मेडिकल एवं प्रशासनिक भवनों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को एनएमसी की गाइडलाइन के अनुरूप मेडिकल उपकरण, फर्नीचर व अन्य जरूरी सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर श्योपुर के कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, कॉलेज डीन डॉ अनिल अग्रवाल, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय एवं  बृजराज सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष  शशांक भूषण, महावीर सिंह सिसौदिया, कैलाश नारायण गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र जाट एवं  अशोक गर्ग, नगरपालिका प्रतिनिधि सुजीत गर्ग, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष  ओम राठौर, नगर मंडल अध्यक्ष  संजय मंगल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोनू सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।

एनएमसी निरीक्षण पूरा, जल्द मिल सकती है मान्यता
कॉलेज की नोडल अधिकारी डॉ अंजना निरंजन ने जानकारी दी कि हाल ही में एनएमसी टीम द्वारा वर्चुअल निरीक्षण किया गया है और मान्यता प्रक्रिया प्रगति पर है। बैठक में मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की पर्याप्त उपलब्धता और बुनियादी ढांचे की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

258 करोड़ की लागत से तैयार हुआ कॉलेज
नागदा में 15 हेक्टेयर क्षेत्र में 258 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने एप्रोच रोड का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में कोई बाधा न आए।

अगले कदम पर निगाहें
कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन दोनों ही एनएमसी मान्यता और सत्र प्रारंभ करने के लिए सतत कार्य कर रहे हैं। यदि सब कुछ नियोजित ढंग से आगे बढ़ा, तो श्योपुर जल्द ही मेडिकल शिक्षा के मानचित्र पर अपना स्थान सुनिश्चित कर लेगा।

रासायनिक हथियार निषेध संगठन की एशिया क्षेत्रीय बैठक नई दिल्ली में संपन्न: एशियाई देशों के बीच सहयोग को नई गति

नई दिल्ली, 03 जुलाई 2025
भारत की राजधानी दिल्ली में 1 से 3 जुलाई 2025 तक रासायनिक हथियार निषेध संगठन (OPCW) की एशिया क्षेत्रीय बैठक का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। वाणिज्य भवन में आयोजित इस तीन दिवसीय बैठक की मेजबानी भारत के नेशनल अथॉरिटी केमिकल वेपन्स कन्वेंशन (NACWC) द्वारा की गई। यह 23वीं क्षेत्रीय बैठक थी, जिसमें एशिया के 24 सदस्य देशों के 38 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक का उद्देश्य रासायनिक हथियार सम्मेलन (CWC) के कार्यान्वयन से जुड़े अनुभव, सर्वोत्तम प्रथाएं और चुनौतियां साझा करना था, साथ ही क्षेत्रीय और द्विपक्षीय सहयोग को भी बढ़ावा देना रहा। इस सम्मेलन में OPCW, संयुक्त राष्ट्र क्षेत्रीय निरस्त्रीकरण केंद्र (UNRCPD), भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और कैबिनेट सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मुख्य चर्चा बिंदु:

  • राष्ट्रीय विधायी ढांचे को सुदृढ़ करने की रणनीतियाँ

  • रासायनिक सुरक्षा एवं सुरक्षा प्रबंधन

  • रासायनिक उद्योग की भूमिका

  • कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का रासायनिक हथियारों की निगरानी में संभावित उपयोग

  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1540 के अनुपालन में समन्वय

  • OPCW के मेंटरशिप/पार्टनरशिप कार्यक्रम की आगामी योजनाएँ

भारत, जो CWC का एक मूल हस्ताक्षरकर्ता देश है, ने हाल ही में केन्या की राष्ट्रीय प्राधिकरण को सफलतापूर्वक OPCW मेंटरशिप कार्यक्रम के अंतर्गत मार्गदर्शन देकर वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका को मजबूत किया है।

इसके अतिरिक्त, भारत के भारतीय रासायनिक परिषद (ICC) को रासायनिक सुरक्षा, अनुपालन और उद्योग-व्यापी सुरक्षा प्रथाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए OPCW-द हेग पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया गया। यह पहली बार है जब किसी रासायनिक उद्योग निकाय को यह वैश्विक प्रतिष्ठा मिली है।

सम्मेलन का निष्कर्ष
इस बैठक के माध्यम से एशियाई देशों के बीच संवाद और सहयोग की एक नई शुरुआत हुई है। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से रासायनिक हथियारों के पूर्ण उन्मूलन और CWC के प्रभावी कार्यान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

ओपीसीडब्ल्यू द्वारा आयोजित इस प्रकार की क्षेत्रीय बैठकें न केवल तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देती हैं, बल्कि शांति, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के साझा लक्ष्यों को भी सुदृढ़ करती हैं।

कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त



श्योपुर  02 जुलाई 2025

मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्वक और सौहार्द्र के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिले में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की है। यह नियुक्तियाँ कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु की गई हैं।

जारी आदेशानुसार अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी  अतेन्द्र सिंह गुर्जर संपूर्ण कानून व्यवस्था के प्रभारी रहेंगे।
एसडीएम श्योपुर  बी.एस. श्रीवास्तव को श्योपुर अनुभाग का प्रभारी बनाया गया है, जिन्हें आवश्यकता अनुसार अधीनस्थ अधिकारियों की ड्यूटी लगाने का अधिकार दिया गया है।

एसडीएम विजयपुर  अभिषेक मिश्रा विजयपुर अनुभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे, वहीं एसडीएम कराहल  मनोज गढ़वाल 6 जुलाई को गणेश मंदिर श्योपुर से निकलने वाले ताजिए के दौरान दोपहर 2 बजे से अंत तक उपस्थित रहेंगे।

डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन को बड़ौदा शहरी क्षेत्र की संपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा श्योपुर शहर क्षेत्र की प्रभारी रहेंगी और 3 जुलाई को अलम निशान जुलूस, 5 जुलाई की रात्रि तथा 6 जुलाई को सुबात चौराहा क्षेत्र में ताजिए के समय मौजूद रहेंगी।

तहसीलदार विजयपुर  टी.एस. लकड़ा विजयपुर शहरी क्षेत्र की निगरानी करेंगे और तहसीलदार  नरेश रायपुरिया को वीरपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रभारी तहसीलदार सुश्री रोशनी शेख कराहल क्षेत्र की प्रभारी रहेंगी तथा अधीनस्थ अधिकारियों को ड्यूटी सौंपने का अधिकार उनके पास रहेगा।

नायब तहसीलदार  शैलेन्द्र देव सिंह सेगर मानपुर क्षेत्र की व्यवस्था देखेंगे।
इसी क्रम में राजस्व निरीक्षक  श्रीपाल अपोरिया को श्योपुर के पुरानी कचहरी क्षेत्र में 3, 5 और 6 जुलाई को निकलने वाले जुलूसों के दौरान ड्यूटी दी गई है।

राजस्व निरीक्षक  उदयभान सिंह करबला क्षेत्र में अपनी सेवाएँ देंगे, जबकि राजस्व निरीक्षक  दिव्यराज धाकड़ को पाण्डोला क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

जिला प्रशासन की यह सक्रियता यह सुनिश्चित करेगी कि मोहर्रम पर्व शांति, सम्मान एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न हो।

शिवपुरी एवं श्योपुर को मिला नया डाक संभाग संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की औपचारिक घोषणा

भोपाल/शिवपुरी दिनांक 2/7/25
भारतीय डाक विभाग ने मध्यप्रदेश डाक परिमंडल के अंतर्गत एक नए “शिवपुरी डाक संभाग” के गठन की घोषणा की है। यह ऐतिहासिक निर्णय केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य म. सिंधिया द्वारा लिया गया, जो लंबे समय से शिवपुरी और श्योपुर जिले की जनता की प्रमुख मांग रही है।

नवगठित डाक संभाग में गुना डाक संभाग के अंतर्गत आने वाला शिवपुरी जिला और मुरैना डाक संभाग के अंतर्गत आने वाला श्योपुर जिला शामिल किए गए हैं। इस नए डाक संभाग के तहत 01 प्रधान डाकघर, 26 उप डाकघर एवं 340 शाखा डाकघर संचालित किए जाएंगे।

डाक सेवाओं में होगी क्रांतिकारी सुधार
डाक विभाग के अनुसार, इस नए डाक संभाग के गठन से न केवल डाक सेवाओं के संचालन में दक्षता बढ़ेगी, बल्कि निगरानी व्यवस्था भी और अधिक प्रभावशाली होगी। इससे नागरिकों को बेहतर और सुलभ सेवाएं प्राप्त होंगी, जिनमें विशेष रूप से डाकघर बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवाएं शामिल हैं।

ग्रामीण और व्यापारिक क्षेत्र को मिलेगा लाभ
शिवपुरी डाक संभाग की स्थापना से क्षेत्रीय व्यापार, ई-कॉमर्स, और वित्तीय समावेशन को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को अब डाक से जुड़ी सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि ये सेवाएं अब उनके ही संभाग में उपलब्ध होंगी

जनता की मांग हुई पूरी
इस निर्णय को लेकर स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों ने  सिंधिया का आभार व्यक्त किया है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग की पूर्ति से डाक विभाग की सेवा वितरण प्रणाली को मजबूती मिलेगी और सुधार की नई दिशा तय होगी।

जनसुनवाई में डीपी सुधार, सहायता राशि और आवास स्वीकृति के निर्देश


श्योपुर, 01 जुलाई 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याओं का तत्परता से निराकरण किया गया। जनसुनवाई में कुल 89 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित निर्णय लिए गए।

जनसुनवाई में एसडीएम  बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे

स्यावडी गांव में डीपी सुधारने के निर्देश

ग्राम स्यावडी, विकासखंड कराहल से आए ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में डीपी खराब पड़ी है, जिससे बिजली आपूर्ति ठप है और पानी की मोटर भी बंद है। इस पर कलेक्टर वर्मा ने विद्युत विभाग को तत्काल डीपी बदलने तथा पीएचई विभाग को मोटर सुधारने के निर्देश दिए।

दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनवाने के निर्देश

कागजी टोडी निवासी सद्दाम की बेटी जुनेरा के दिव्यांग प्रमाण-पत्र के लिए स्वास्थ्य विभाग को शीघ्र आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

नहर में डूबने से मृत्यु पर सहायता प्रकरण तैयार करने के निर्देश

हीरापुर निवासी रामनिवास आदिवासी की पत्नी स्व. श्रीमती सबीना बाई की चंबल नहर में डूबने से मृत्यु हो गई थी। मामले पर आरबीसी 6(4) के तहत सहायता राशि प्रदान किए जाने हेतु परीक्षण कर नायब तहसीलदार, मानपुर को प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए गए।

पीएम आवास योजना के तहत दो हितग्राहियों को आवास स्वीकृत

आवास की मांग कर रही श्रीमती पूजा पत्नी  धारा सिंह एवं मलखान मीणा के आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए पीएम आवास योजना के अंतर्गत दोनों को आवास स्वीकृत किए गए। उन्हें सूचित किया गया कि जल्द ही योजना की प्रथम किस्त बैंक खाते में जारी की जाएगी।

जनसुनवाई में लिए गए इन निर्णयों से ग्रामीणों को राहत मिली है और प्रशासन की तत्परता के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

व्हीलचेयर खरीदी में नियमों का हुआ पालन, विभाग ने जारी की वस्तुस्थिति

वास्तविकता तो यही है की जेम पोर्टल से हर सरकारी बिभाग दुगने से अधिक दामों में करते है खरीदी सरकारी राशी का हो रहा बंदर बाँट में दुरूपयोग

लोकसभा निर्वाचन 2024 में जैम पोर्टल से क्रय की गईं 45 व्हीलचेयर

श्योपुर, 30 जून 2025
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, श्योपुर द्वारा लोकसभा निर्वाचन वर्ष 2024 के दौरान खरीदी गई व्हीलचेयर को लेकर उठे सवालों के बाद विभाग द्वारा वस्तुस्थिति जारी की गई है।

उप संचालक श्रीमती शशिकिरण इक्का ने जानकारी दी कि विधानसभा निर्वाचन वर्ष 2023 में ग्राम पंचायतों द्वारा व्हीलचेयर क्रय की गई थीं, और इन व्हीलचेयरों के लिए सामाजिक न्याय विभाग द्वारा किसी भी फर्म को कोई भुगतान नहीं किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा निर्वाचन वर्ष 2024 में विभाग द्वारा 45 व्हीलचेयर जैम पोर्टल के माध्यम से खरीदी गईं। इस पूरी प्रक्रिया में विहित नियमों का पालन किया गया। बिड प्रक्रिया के बाद न्यूनतम दर वाली फर्म को ही क्रय आदेश दिया गया। उल्लेखनीय है कि ये व्हीलचेयर एलिम्को की निर्धारित दर से भी कम कीमत पर खरीदी गईं, जिससे सरकारी धन की बचत सुनिश्चित हुई।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र, श्योपुर में संविदा नियुक्त विशेष शिक्षक श्री अशोक यादव को 6 अक्टूबर 2023 से एक वर्ष के लिए नियुक्त किया गया था। लेकिन 25 जून 2025 को शासन की नीति अनुरूप कार्य संनिष्ठ न पाए जाने पर उनकी सेवा समाप्त कर दी गई है और सेवा वृद्धि नहीं की गई।

विभाग द्वारा यह जानकारी पारदर्शिता और भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से सार्वजनिक की गई है। लेकिन आम जन इससे संतुस्ट नहीं हुए और आम चर्चा का बिषय बनी हुई है 

 जेम पोर्टल पर सबसे अधिक कीमत में सामान मिलता है और शासन की और से हर बिभाग में  इस जेम पोर्टल से हर सामान को बाजारू कीमत से दो गुने रेटों पर क्रय किया जाता रहा है और मिलकर करते है बंदर बाँट यहाँ भी सफाई डी सस्ते होने की किन्तु उसका रेट और फोटो सेयर नहीं किया यह पारदर्शिता नहीं है जनता को एक भ्रम में रख कर सस्ता दिखाना मात्र है 

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पहुंचे 3,833 पर्यटक 1 जुलाई से 30 सितंबर तक बंद रहेगा पार्क, 1 अक्टूबर से होगा पुनः शुभारंभ

श्योपुर, 30 जून 2025
पर्यटन वर्ष 2024-25 (1 अक्टूबर 2024 से 30 जून 2025) का आज समापन हो गया। इसी के साथ कूनो राष्ट्रीय उद्यान में भी पर्यटकों की आवाजाही आगामी 1 जुलाई से 30 सितंबर तक पूरी तरह बंद रहेगी। यह निर्णय मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार लिया गया है, जिसके तहत प्रदेश के सभी राष्ट्रीय उद्यान मानसून काल के दौरान पर्यटकों के लिए बंद रहते हैं।

कूनो डीएफओ आर. थिरूकुराल ने बताया कि इस पर्यटन सीजन के दौरान कुल 3,833 पर्यटक कूनो नेशनल पार्क पहुंचे, जिनमें 3,812 भारतीय और 21 विदेशी पर्यटक शामिल रहे। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है, जो कूनो की बढ़ती लोकप्रियता का संकेत है।

उन्होंने बताया कि अब चीतों को खुले जंगलों में छोड़ा जा रहा है, जिससे कूनो का वन्यजीवन और अधिक रोमांचक एवं आकर्षक बन गया है। साथ ही पर्यटकों की सुविधाओं का विस्तार, गाइडों को उन्नत प्रशिक्षण, तथा स्थानीय स्तर पर प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों ने भी कूनो की लोकप्रियता में वृद्धि की है।

वन विभाग द्वारा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए पर्यटन को प्रोत्साहित करने के प्रयास सराहनीय हैं। इन सब कारणों से आगामी पर्यटन सत्र 2025-26 में पर्यटकों की संख्या में और भी अधिक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

 पुनः प्रवेश की तिथि:
1 अक्टूबर 2025 से कूनो नेशनल पार्क फिर से पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।

सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाएं मोहर्रम: कलेक्टर अर्पित वर्मा

शांति समिति की बैठक आयोजित, सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित: पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन

श्योपुर, 30 जून 2025
जिले में मुस्लिम समुदाय के मातमी पर्व मोहर्रम को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियेदारों, अखाड़ा प्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाजों के प्रमुखों की उपस्थिति रही।

बैठक में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, एडिशनल एसपी  प्रवीण भूरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, पूर्व विधायक  दुर्गालाल विजय, भाजपा जिला अध्यक्ष  शशांक भूषण, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, शहरकाजी  अतीक उल्ला कुरैशी, गणेश संस्थान अध्यक्ष  रामस्वरूप गर्ग, एसडीएम  बीएस श्रीवास्तव, एसडीओपी  राजीव कुमार गुप्ता, वक्फ कमेटी अध्यक्ष  असद उल्ला कुरैशी, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर भाईचारे एवं शांति का वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि ताजिया मार्गों पर समुचित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बिजली एवं नेटवर्क के तारों की सुरक्षा, ट्रांसफार्मर कवरिंग आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंतिम ताजिया सांय 5.30 बजे गणेश गली से होकर गुजरेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसडीएम, एसडीओपी, सीएमओ एवं अन्य विभाग प्रमुख ताजिया मार्ग का निरीक्षण करें और समस्याओं का समय पर निराकरण करें। बोहरा समुदाय के जुलूस मार्ग की भी विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि कत्ल की रात, मोहर्रम के दिन और ताजियों के गश्त के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने ताजियेदारों से 10-10 स्वयंसेवकों की सूची देने को कहा और बताया कि विसर्जन के समय भी पुलिस बल तैनात रहेगा।
बोहरा समुदाय द्वारा 5 जुलाई को निकाले जाने वाले जुलूस की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। यह जुलूस सुबात कचहरी चौराहा से बोहरा मस्जिद तक जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि ताजिया मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे भी नगरपालिका द्वारा लगाए जाएंगे।

शहरकाजी श्री अतीक उल्ला कुरैशी ने बैठक में बताया कि
 3 जुलाई को अलम निशान का जुलूस,
 5 जुलाई की रात को ताजियों की गश्त
 और 6 जुलाई को मोहर्रम का मुख्य आयोजन होगा।

बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि सभी समुदाय मिलकर पर्व को सद्भाव, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएंगे।

श्योपुर जिले में पंचायत उप निर्वाचन की अधिसूचना 1 जुलाई को

22 जुलाई को होगा मतदान
सरपंच के 5 और पंच के 143 पदों पर होगा उपचुनाव

श्योपुर 30 जून 2025
जिले की रिक्त पंचायत सीटों को भरने के लिए उप निर्वाचन की प्रक्रिया अब तेजी पकड़ रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  अर्पित वर्मा के निर्देशन में पंचायत उपचुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचना 1 जुलाई 2025 को जारी की जाएगी, जिसमें सरपंच के 5 तथा पंच के 143 पदों पर निर्वाचन कराया जाएगा।

👉 महत्वपूर्ण तिथियाँ:

  • 1 जुलाई: अधिसूचना जारी एवं नामांकन की शुरुआत (प्रातः 10:30 बजे से)

  • 8 जुलाई: नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि (अपराह्न 3 बजे तक)

  • 9 जुलाई: नामांकन पत्रों की जांच

  • 11 जुलाई: नाम वापसी की अंतिम तिथि व चुनाव चिन्ह का आवंटन (अपराह्न 3 बजे के बाद)

  • 22 जुलाई: मतदान (प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक)

  • 26 जुलाई: सरपंच पद हेतु मतगणना, सारणीकरण व परिणाम घोषित (प्रातः 10:30 बजे से विकासखण्ड मुख्यालयों पर)

पंच पदों की मतगणना मतदान केन्द्र पर मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी।


कहाँ-कहाँ होंगे चुनाव?

सरपंच पद हेतु रिक्त ग्राम पंचायतें:

  • पिपरानी

  • जाखदा

  • सिलपुरी

  • मोरावन (विकासखण्ड कराहल)

  • दलारना कला (विकासखण्ड श्योपुर)

पंच पद हेतु रिक्तियाँ:

  • श्योपुर विकासखण्ड की 15 पंचायतों में – 36 पद

  • कराहल विकासखण्ड की 18 पंचायतों में – 80 पद

  • विजयपुर विकासखण्ड की 11 पंचायतों में – 27 पद

इन सभी पदों पर निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया संबंधित तहसीलदारों को रिटर्निंग ऑफिसर तथा नायब तहसीलदारों को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त कर पूरी पारदर्शिता से कराई जाएगी।

मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र को और सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

स्थानीय प्रशासन ने पात्र नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।