श्योपुर, 25 अगस्त 2025 श्योपुर जिले के लिए ऐतिहासिक दिन साबित हुआ, जब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संयुक्त रूप से मेडिकल कॉलेज शुभारंभ कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए कॉलेज का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नड्डा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को श्योपुर मेडिकल कॉलेज के लिए 100 सीट का लेटर ऑफ परमिशन (एल.ओ.पी.) सौंपा।
इस मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से श्योपुर सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्राप्त होगी।
श्योपुर, 25 अगस्त 2025 पुलिस ने महाराणा प्रताप नगर क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी व एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं चोरी का माल खरीदने वाला एक ज्वेलरी दुकानदार भी सह-आरोपी बनाया गया है।
घटना का विवरण
30 जुलाई 2025 को फरियादी संतोष सिंह तोमर ने अपने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी हो जाने की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। इस पर अपराध क्रमांक 176/2025 धारा 331(4), 305ए बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, एएसपी प्रवीण भूरिया व एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता की मॉनिटरिंग तथा टीआई कोतवाली सतीश सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई।
आरोपी और बरामदगी
पूछताछ में आरोपी दीपू उर्फ दीपेन्द्र जाट ने स्वीकार किया कि उसने अपने पड़ोसी संतोष तोमर के घर से चोरी की और माल अपने साथी अजय जाट को बेचने दिया। दोनों ने मिलकर श्योपुर की चूड़ी मार्केट स्थित लक्ष्मण सोनी की दुकान पर जेवर बेचकर नगदी आपस में बांट ली।
पुलिस ने आरोपियों से बरामद किया –
01 सोने की चैन
01 सोने का सीतारानी हार
02 सोने की जेंट्स अंगूठी
01 सोने की लेडीज अंगूठी
02 मंगलसूत्र (सोने के)
01 सोने का ‘ऊँ’ लोकेट
01 जोड़ी सोने का टॉप्स
01 जोड़ी सोने का सुई-दागा
04 चूड़ी (रोल्ड गोल्ड)
02 जोड़ी चांदी की पायल
10 चांदी के सिक्के
₹6,000 नगद
चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत ₹50,000)
कुल बरामद मशरूका – करीब ₹6.5 लाख।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश सिंह चौहान, उपनिरीक्षक कमलेन्द्र सिंह, प्रदीप तोमर, शीतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक रविशंकर शर्मा, आरक्षक दिलीप शर्मा, रविन्द्र त्यागी एवं बृजमोहन यादव की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अब सह-आरोपी दुकानदार लक्ष्मण सोनी और शेष चोरी गए माल की तलाश में जुटी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 25 अगस्त को जबलपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाले कई ऐतिहासिक निर्णयों और जनहितैषी पहलों का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे |
इस अवसर पर श्योपुर और सिंगरौली में नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के प्रारंभ की घोषणा की जाएगी। साथ ही धार, बैतूल, पन्ना और कटनी जिलों में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने हेतु अनुबंधों पर हस्ताक्षर होंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को 8 लाख वय वंदना कार्ड प्रदान किए जाएंगे। मातृ-शिशु सुरक्षा योजनाओं को और सुदृढ़ करने के लिए मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड का वितरण होगा। प्रदेश में तकनीकी सशक्तिकरण का नया अध्याय जोड़ते हुए स्मार्ट चैटबॉट (आयुष्मान एवं सखी) का शुभारंभ किया जाएगा, जो आमजन को स्वास्थ्य परामर्श एवं जानकारी उपलब्ध कराएगा।
मुख्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी उपस्थित रहेंगे|
निषादराज भवन में होगा श्योपुर का स्थानीय कार्यक्रम
श्योपुर जिले में नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज के प्रारंभ की घोषणा का स्थानीय कार्यक्रम 25 अगस्त को दोपहर 2.30 बजे स्थानीय कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज परिसर नागदा में होगा | इस अवसर पर जबलपुर से होने वाले मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नागदा में 258 करोड़ रुपये की लागत से 15 हेक्टेयर क्षेत्र में आधुनिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया है।
श्योपुर जिले में 24 अगस्त को 35.88 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दिन श्योपुर में 9 मि.मी., बड़ौदा में 28 मि.मी., कराहल में 5.40 मि.मी., विजयपुर में 78 मि.मी. तथा वीरपुर में 59 मि.मी. वर्षा हुई।
इस वर्ष 1 जून से अब तक जिले में कुल 1285.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि तक 983.54 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। जिले की औसतन सामान्य वर्षा 822 मिलीमीटर है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की संयुक्त टीम ने वीरपुर क्षेत्र के ग्राम दिमरछा से गर्भवती महिला सहित 17 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
प्लाटून कमांडर प्रमोद डण्डोतिया ने बताया कि कूनो और चंबल नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्राम दिमरछा चारों ओर से पानी से घिर गया था। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि गांव में एक गर्भवती महिला श्रीमती कृष्णा को प्रसव हेतु तत्काल बाहर ले जाना आवश्यक है। सूचना मिलते ही पाँच सदस्यीय रेस्क्यू दल श्री डण्डोतिया के नेतृत्व में मौके पर पहुंचा।
टीम ने जोखिम उठाते हुए गर्भवती महिला को उनके परिजनों सहित सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही गांव में फंसे कुल 17 लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर और भी रेस्क्यू अभियान चलाए जाएंगे।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित श्योपुर, 23 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी ग्रेडिंग में ए-ग्रेड प्राप्त करने का लक्ष्य सुनिश्चित करें।
अपर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्योपुर जिले की रैंकिंग को टॉप-10 में लाने के लिए अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित निराकरण करना होगा। शिकायत दर्ज होते ही एल-1 स्तर पर तुरंत जवाब भरें और आगे की कार्यवाही समयसीमा में पूरी करें।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम गगन सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित श्योपुर, 23 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित सूचकांक अनुसार पोर्टल पर जानकारी सतत रूप से अपलोड करें।
अपर कलेक्टर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग टेक होम राशन का वितरण नियमित रूप से जारी रखे। वहीं स्वास्थ्य विभाग क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता बढ़ाते हुए रोगियों को नियमित रूप से डॉट्स की दवाएं उपलब्ध कराए। साथ ही शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाकर गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाए।
बैठक में प्रभारी जिला योजना अधिकारी गिर्राज शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिंह सिकरवार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्योपुर एस.एस. भटनागर, जनपद पंचायत कराहल के सीईओ राकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर कलेक्टर उपाध्याय ने बताया कि नीति आयोग द्वारा निर्धारित 39 सूचकांकों के आधार पर आकांक्षी विकासखण्ड की प्रगति का आकलन किया जा रहा है। इसमें स्वास्थ्य से संबंधित 14, शिक्षा से 11, कृषि एवं सहयोगी विभागों से 5, बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर से 5 तथा सोशल डेवलपमेंट से संबंधित 4 सूचकांक शामिल हैं। इनमें पोषण से लेकर स्वच्छता तक के पैरामीटर जोड़े गए हैं।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शौचालय का निर्माण आवश्यकतानुसार सुनिश्चित किया जाए और बने हुए शौचालय पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें।
श्योपुर,22/8/25 जिला मुख्यालय पर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। हालात यह हैं कि बैंक से लोन लेने में जितनी मशक्कत नहीं करनी पड़ती, उससे कहीं ज्यादा दौड़-धूप मकान का नया बिजली कनेक्शन लेने में करनी पड़ रही है।
बच्चों के भरोसे रीडिंग विभाग के ठेकेदार द्वारा छोटे-छोटे बच्चों को मीटर रीडिंग की मशीन थमा दी गई है। नासमझी में ये बच्चे मनमर्जी से रीडिंग दर्ज कर देते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत से कई गुना अधिक बिल थमा दिया जाता है।
पीएम आवास योजना के हितग्राही भी परेशान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान तो पी एम मोदी की मेहरबानी से मिल चुके हैं, लेकिन उनमें बिजली कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को महीनों तक बाबुओ से मिलने के चलते विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई मामलों में फाइल आगे बढ़ने में लंबा समय लग रहा है। एइ और जे इ की अन देखि या मिली जुली कहानी है
गलत बिलिंग से बढ़ रही चोरी गलत बिलिंग और समय पर समाधान न मिलने से उपभोक्ता विभाग से नाराज हैं। यही नहीं, कई वार्डों में लोग मजबूरन चोरी से बिजली इस्तेमाल करने लगे हैं। वार्ड क्रमांक 11 में चोरी की घटनाएं अधिक देखने को मिल रही हैं। वही कोई उपभोक्ता की चोरी पकड़ी गई तो अधिकारी सेटलमेंट भी करते सुने दे रहा है तो क्या चोरी मिली भगत का ही नतीजा है
प्रशासन से मांग उपभोक्ताओं ने समाचार पत्र के माध्यम से जिला प्रशासन और कलेक्टर से मांग की है कि नए कनेक्शन के लिए आवेदनकर्ताओं को निर्धारित कागजी औपचारिकताओं के बाद C ग्रुप उपभोक्ता मानकर तत्काल कनेक्शन दिया जाए। साथ ही, बिलों में की जा रही गलतियों का समय पर सुधार हो, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े।
श्योपुर, 22 अगस्त सीईओ जिला पंचायत रूपेश उपाध्याय ने शुक्रवार को विजयपुर क्षेत्र के गसवानी और नहरखेड़ा ग्रामों का दौरा कर प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत चल रहे आवास निर्माण की प्रगति देखी।
उन्होंने ग्राम गसवानी में अधूरे पड़े आंगनबाड़ी भवन निर्माण को लेकर सरपंच और सचिव पर नाराज़गी जताई और तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। वहीं नहरखेड़ा में आवास निर्माण की धीमी गति पर पंचायत सचिव और जीआरएस को भी नोटिस देने को कहा।
सीईओ उपाध्याय ने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए कहा कि सभी स्वीकृत आवास 15 सितंबर तक हर हाल में पूरे कर लिये जाएं।
परियोजना अधिकारी सारिका पाटीदार ने बताया कि गसवानी में 174 हितग्राहियों को प्रथम किस्त, 134 को द्वितीय और 28 को तृतीय किस्त दी जा चुकी है। इसी प्रकार नहरखेड़ा में 42 हितग्राहियों को प्रथम किस्त, 40 को द्वितीय, 27 को तृतीय और 6 को चतुर्थ किस्त जारी की गई है। यहां अब तक केवल 6 आवास ही पूरे हो सके हैं।
श्योपुर, 22 अगस्त कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने 26 अगस्त को लगने वाले प्रसिद्ध छिमछिमा हनुमान मंदिर मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
अवलोकन के दौरान एसडीएम विजयपुर अभिषेक मिश्रा, एसडीओपी राघवेन्द्र सिंह तोमर, तहसीलदार श्रीमती अमिता सिंह तोमर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर कलेक्टर ने बताया कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे, ऐसे में सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने दुकानों की व्यवस्था, मार्गों की स्थिति, पानी व प्रकाश जैसी सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।