Saturday, February 14, 2026
Home Blog Page 50

24 ग्रामों में लगेंगे अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर श्योपुर जिले में बिजली व्यवस्था हो रही सुदृढ़


श्योपुर, 18 मई 2025

श्योपुर जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आरडीएसएस योजना (Revamped Distribution Sector Scheme) के अंतर्गत व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में जिले में अधोसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर हो रही है।

विधुत महाप्रबंधक आर.के. सक्सेना ने जानकारी दी कि योजना के द्वितीय चरण में जिले के 24 ग्रामों में अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इन ग्रामों में कुंहाजापुर, पहडाली, कलारना, जानपुरा, मयापुर, नयागांव, मऊ, चकरामपुरा, खिरखिरी, गोहटा, बरगवा, सिलपुरी, सामरसा, जवासा, सेसईपुरा, सूसवाडा, भूरवाडा, श्यामपुर, रामबाड़ी, लाथ, ढोढपुर, दोर्द, धीरोली तथा श्योपुर शहर के किला क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा जिले के अन्य इलाकों – जैसे उतनवाड़, मकरावदा, राड़ेप, दांतरदा, तिल्लीपुर, चरोद, गुरनावदा, गसवानी, अगरा, चंद्रपुरा, गोठरा, गोरस, वीरपुर, आवदा, तलावड़ा, मालीपुरा तथा पाली रोड – में स्थित पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।

 सक्सेना ने बताया कि द्वितीय चरण में 101 स्थानों पर वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही सायपुरा, जाखदा जागीर, श्रीपुरा, बुढेरा, रानीपुरा, मेवाड़ा, रायपुरा, बरोली, करिरिया, बावड़ी मंदिर जावदेश्वर, आमल्दा, ढीमचौतरा, ओछापुरा और ककरधा में नवीन विद्युत सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

प्रथम चरण की प्रगति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि हिरनीखेड़ा, पच्चीपुरा और खैरघटा में विद्युत सब स्टेशन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि मेखड़ी और सलापुरा में कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार चकासन, कनापुर, बड़ौदा, गढ़ी और जाटखेड़ा में अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं, तथा सोईकला, आवदा, रतोदन और विजयपुर में उनकी क्षमता बढ़ाई गई है।

योजना के प्रथम चरण के तहत 1500 केवीएआर के कैपेसिटर बैंक के 36 प्रस्तावित कार्यों में से 8 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, मिश्रित फीडरों को अलग करने के लिए 33 केवी लाइनों का वायफरकेशन एवं इंटरकनेक्शन किया जा रहा है। अब तक 206.45 किलोमीटर 11 केवी लाइन की कंडक्टर क्षमता में वृद्धि की जा चुकी है, जबकि कुल 646.25 किलोमीटर लाइन को अपग्रेड किया जाना है। प्रथम चरण के अंतर्गत 76 अतिरिक्त वितरण ट्रांसफार्मरों में से 52 स्थानों पर कार्य पूर्ण हो चुका है।

जिले में चल रहे इन कार्यों से विद्युत आपूर्ति में सुधार के साथ ही ट्रिपिंग की समस्या भी कम होगी तथा ग्रामीण एवं शहरी उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय और स्थायी बिजली सुविधा उपलब्ध होगी।

“पाकिस्तान पर जीत की गूंज: नगर में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा, देशभक्ति से सराबोर हुआ माहौल

 

श्योपुर दिनांक  17/5/25

पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में भारतीय वीर सैनिकों के अद्भुत शौर्य, पराक्रम और बलिदान की गौरवगाथा को याद करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकार मंच के तत्वावधान में नगर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा से पूर्व श्रीराम धर्मशाला में भूतपूर्व सैनिकों को शाल और श्रीफल देकर मंच की ओर से  सम्मान अर्पित किया गया।

तत्पश्चात श्रीराम धर्मशाला से आरंभ हुई तिरंगा यात्रा ने गांधी चौक, मेंन बाजार, टोड़ी गणेश मंदिर मार्ग, पुल दरवाजा रोड होते हुए पटेल चौक तक पूरे जोश और उल्लास के साथ नगरवासियों का ध्यान खींचा। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगे के सम्मान में यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया।

पटेल चौक से होते हुए जय स्तंभ पर यात्रा का भव्य समापन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में राष्ट्रभक्तों ने भाग लेकर देशप्रेम का परिचय दिया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण ने नगरवासियों और तिरंगा यात्रा में सम्मिलित सभी नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्रीय एकता और सेना के गौरव को समर्पित ऐतिहासिक क्षण बताया। और हजारो राष्ट्रभक्तों का दिल गहराई से आभार व्यक्त किया 

“देशभक्ति की इस गूंज ने नगर को कर दिया गर्वित!”

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 48 पंचायत सचिवों पर जुर्माना, 10 तहसीलदार और दो अन्य अधिकारी भी दंडित समयसीमा में आवेदन निराकरण नहीं करने पर हुई कड़ी कार्यवाही

 

श्योपुर, 16 मई 2025

जिले में लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के तहत निर्धारित समय सीमा में आवेदनों का निराकरण न करने पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 48 पंचायत सचिवों पर कुल 27,250 रूपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही 10 तहसीलदारों एवं दो अन्य अधिकारियों पर भी कुल 29,000 रूपये की शास्ती अधिरोपित की गई है।

लोक सेवा प्रबंधक योगेश पुरोहित ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर यह कार्यवाही की गई है। पंचायत सचिवों पर धारा 7(1)(ख) के तहत शास्ती अधिरोपित की गई है।

इन पंचायतों पर हुई कार्यवाही

श्योपुर जनपद पंचायत के 25, विजयपुर के 14 और कराहल जनपद पंचायत के 09 सचिवों पर जुर्माना लगाया गया है।

प्रमुख पंचायतें एवं जुर्माना राशि:

ग्राम पंचायत हासिलपुर (श्योपुर) – ₹1750

ग्राम पंचायत हीरापुर (कराहल) – ₹1000

गोहर, रिझेठा, गुरनावदा, सेमल्दा, सोठवा, कराहल – ₹750-750

अजापुरा, बागल्दा, बर्धाबुजुर्ग, बासोंद, विजरपुर, ढोढर, जमुदी, नितनवास आदि – ₹500-500

निर्देश दिए गए हैं कि शास्ती की राशि 7 दिवस के भीतर जमा की जाए, अन्यथा वेतन से वसूली की जाएगी।

तहसीलदारों और अन्य अधिकारियों पर भी कार्यवाही 

लोकसेवा आवेदनों के समय पर निराकरण में लापरवाही बरतने के कारण:

तहसीलदार विजयपुर, प्रभारी रिकॉर्ड रूम व नकल शाखा कलेक्टर कार्यालय, नायब तहसीलदार रघुनाथपुर और गसवानी पर ₹5000-5000 तहसीलदार कराहल पर ₹1000  तहसीलदार श्योपुर, वीरपुर व अन्य नायब तहसीलदारों पर ₹500-500 का जुर्माना लगाया गया है।

यह कार्यवाही शासन की सेवा प्रदाय की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त संदेश मानी जा रही है।

बालश्रम पर सख्त प्रावधान: उल्लंघन पर दो साल तक की सजा व 50 हजार रुपये जुर्माना


श्योपुर, 15 मई 2025

जिले में बालश्रम की रोकथाम हेतु सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। श्रम निरीक्षक श्रीमती लक्की शिवहरे ने जानकारी दी है कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से कार्य कराना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। साथ ही, 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों को खतरनाक श्रेणी के कार्यों में नियोजित करना दण्डनीय अपराध है।

बालक और किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 के अनुसार:

14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी संस्थान, फर्म या कारखाने में कार्य पर रखना कानूनन अपराध है।

14 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को तंबाकू उत्पाद, होटल-ढाबे, ज्वलनशील पदार्थ, विस्फोटक सामग्री, घरेलू कार्यों एवं संकटपूर्ण प्रक्रियाओं जैसे खतरनाक कार्यों में नियोजन पूर्णतः वर्जित है।

दंडात्मक प्रावधान:

  • उल्लंघन पर: न्यूनतम 20,000 रुपये से लेकर अधिकतम 50,000 रुपये तक का जुर्माना,

  • तथा 6 माह से 2 वर्ष तक की कारावास या दोनों हो सकते हैं।

श्रीमती शिवहरे ने बताया कि बाल श्रम की सूचना 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, निकटतम पुलिस थाना अथवा जिला श्रम कार्यालय, श्योपुर में दी जा सकती है।
साथ ही उन्होंने संस्थान मालिकों से अपील की कि वे:

14 वर्ष से कम उम्र के किसी भी बालक को नियोजित न करें,

14 से 18 वर्ष तक के किशोरों को नियोजित करने से पूर्व श्रम निरीक्षक से अनुमति प्राप्त करें।

सभी संस्थान जो एक माह या उससे अधिक समय से संचालित हो रहे हैं, उन्हें श्रम कार्यालय से दुकान/संस्थान का पंजीयन कराना अनिवार्य है।

यह कदम बच्चों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे बालश्रम रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।

हवाई हमले एवं आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षा उपायों पर सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण


श्योपुर, 15 मई 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में सिविल डिफेंस अंतर्गत चयनित वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण होमगार्ड परिसर श्योपुर में जारी है। इसी कड़ी में कराहल जनपद क्षेत्र के 80 वॉलंटियर्स को नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्रीमती सुमन बिसोरिया ने वॉलंटियर्स को हवाई हमले की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिकों को हमले के समय बीम, पिलर या आरसीसी की मजबूत छतों के नीचे शरण लेनी चाहिए। रात के समय ब्लैक आउट और दिन में सायरन की चेतावनी के अनुसार सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। साथ ही, हमले की स्थिति में वाहन का उपयोग न करने और पैदल ही सुरक्षित स्थान पर पहुँचने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण के दौरान वॉलंटियर्स को अग्नि, बाढ़, भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने, नागरिकों को बचाने, राहत पहुंचाने और प्राथमिक उपचार प्रदान करने संबंधी जानकारियाँ दी गईं। एसडीआरएफ टीम, प्लाटून कमांडर  प्रमोद डंडोतिया,  राहुल शर्मा एवं डॉ. दिनेश गोयल ने भी विशेष सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।

यह प्रशिक्षण न केवल आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे वॉलंटियर्स की क्षमता और तत्परता भी सुदृढ़ होती है।

जानकारी के अनुसार, कल 16 मई को विजयपुर क्षेत्र के वॉलंटियर्स को भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया जारी, 31 मई तक करें पंजीयन श्योपुर, 15 मई 2025

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) श्योपुर में शैक्षणिक सत्र 2025 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। आईटीआई में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2025 तक ऑनलाइन पंजीयन एवं च्वॉइस फिलिंग कर सकते हैं। यह प्रक्रिया https://mpiticounseling.co.in/ पोर्टल के माध्यम से कंप्यूटर, एंड्रॉयड मोबाइल या ऑनलाइन सहायता केंद्रों के जरिए की जा सकती है।

आईटीआई श्योपुर के प्राचार्य  आशीष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजीयन के बाद संस्थानों एवं व्यवसायों के क्रम का चयन 10 मई से 31 मई तक किया जा सकता है। इसके पश्चात 5 जून को कॉमन रैंक जारी की जाएगी, जिसे अभ्यर्थी अपने लॉगइन पर देख सकेंगे।

यदि कॉमन रैंक या किसी जानकारी में त्रुटि हो, तो उसे 6 जून से 8 जून तक सुधारने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन क्रमांक और अंक सूची के आधार पर mpiticounseling2025@gmail.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी हेतु इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश प्रभारी  अतुल चतुर्वेदी से उनके मोबाइल नंबर 7047515000 पर संपर्क कर सकते हैं।

आईटीआई श्योपुर में संचालित ट्रेड

आईटीआई श्योपुर में वर्तमान में निम्नलिखित 5 व्यवसायिक पाठ्यक्रम (ट्रेड) संचालित किए जा रहे हैं:

  1. कोपा (कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट)

  2. इलेक्ट्रीशियन

  3. फिटर

  4. मैकेनिक डीजल

  5. स्टेनोग्राफर (हिंदी)

आईटीआई में प्रवेश की यह प्रक्रिया कौशल विकास की दिशा में युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है, जिससे वे तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।

33 दिव्यांगजनो के बनाये गए मेडिकल सर्टिफिकेट श्योपुर, 15 मई 2025

33 दिव्यांगजनो के बनाये गए मेडिकल सर्टिफिकेट
श्योपुर, 15 मई 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को मेडिकल बोर्ड से प्रमाण-पत्र बनवाने की सुविधा अब उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय से लगभग 150 किलोमीटर दूर विजयपुर जनपद पंचायत सभागार में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 33 दिव्यांगजनों के मेडिकल सर्टिफिकेट बनाए गए

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 41 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। मेडिकल बोर्ड की टीम द्वारा परीक्षण उपरांत 33 हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

शिविर के दौरान डॉ. विष्णु गर्ग, डॉ. लालित शर्मा, डॉ. राजेश शाक्य, डॉ. गायत्री मित्तल, कंप्यूटर ऑपरेटर नाजिम खान तथा डीडीआरसी प्रशासनिक अधिकारी  सतीश सिंह,  राजभान पटेल एवं  अशोक यादव उपस्थित रहे।

कलेक्टर वर्मा ने जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल आने की आवश्यकता को समाप्त करने हेतु ऐसे शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, यूडीआईडी कार्ड, पेंशन एवं अन्य लाभों के लिए आवश्यक दस्तावेज अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह पहल दिव्यांगजनों के लिए सुलभता और सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

आपातकालीन स्थितियों से निपटने स्वास्थ्य संस्थाओं में मॉकड्रिल का आयोजन

श्योपुर, 14 मई 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में आज श्योपुर जिले के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता एवं संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करना था।

जिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर चिकित्सा अधिकारियों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, वार्डबॉय एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को आपदा प्रबंधन की दृष्टि से आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशानिर्देश प्रदान किए गए।

मॉकड्रिल के दौरान आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं, ऑक्सीजन सप्लाई, पीएसए प्लांट, एमएलओ प्लांट, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर इत्यादि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। मरीजों की गंभीरता के आधार पर उन्हें रेड, येलो, ग्रीन और ब्लैक कैटेगरी में वर्गीकृत करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिकवार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभ्यास में नर्सिंग अधिकारियों को प्राथमिकता के अनुसार मरीजों की पहचान करने एवं त्वरित उपचार शुरू करने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त सभी प्रकार की आवश्यक दवाओं के स्टॉक की जाँच फार्मासिस्ट एवं चिकित्सा अधिकारियों द्वारा की गई।

मॉकड्रिल के अंतर्गत बीपी इंस्ट्रूमेंट, पल्स ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, फायर एक्सटिंग्विशर, अम्बूबैग जैसे चिकित्सा उपकरणों का भी परीक्षण किया गया।

इस मॉकड्रिल से जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं की आपदा के दौरान सेवाएं प्रदान करने की तत्परता एवं क्षमता की महत्वपूर्ण समीक्षा की गई, जिससे भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।

श्योपुर: राजस्व अभिलेखों का होगा डिजिटलीकरण, प्रारंभ में 10 जिलों में होगी शुरुआत वीसी के माध्यम से दिए गए निर्देश, अमृत सरोवर भी होंगे दर्ज

श्योपुर, 14 मई 2025।
राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रमुख सचिव राजस्व श्री विवेक पोरवाल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि जिलों में खसरा, जमाबंदी, नामांतरण, रिनंबरिंग, निस्तार पत्रक, राजस्व न्यायालयों के प्रकरण जैसे अभिलेखों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित और व्यवस्थित किया जाएगा।

इस महत्त्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत प्रदेश के 10 जिलों से की जाएगी। पहले चरण की सफलता के बाद इसे सभी जिलों में लागू किया जाएगा ताकि राजस्व एवं भू-अभिलेखों की पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित की जा सके।

वीसी के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत निर्मित जल संरचनाओं और पूर्व में बनाए गए अमृत सरोवरों को भी राजस्व अभिलेखों में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, “फार्मर रजिस्ट्री” और “स्वामित्व योजना” के अंतर्गत चल रहे कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

वीसी के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, एसडीएम कराहल  मनोज गढ़वाल, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, एसएलआर  मुन्ना सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

यह पहल न केवल प्रशासनिक कार्यों को डिजिटल बनाने की दिशा में सार्थक कदम है, बल्कि इससे आमजन को भी लाभ मिलेगा और भूमि संबंधित प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी

14 मई से शुरू होगा सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स का प्रशिक्षण

श्योपुर, 13 मई 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा द्वारा शासन से प्राप्त निर्देशों के तहत सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई है। यह प्रशिक्षण 14 मई से श्योपुर के होमगार्ड कार्यालय, पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा प्रबंधन, आपातकालीन स्थितियों में सहायता और नागरिक सुरक्षा से संबंधित तैयारियों को मजबूत करना है।

🔹 प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथियाँ एवं विवरण:

  • 14 मई 2025

    • जनपद पंचायत श्योपुर के 80 वॉलेंटियर्स

    • नगरपालिका श्योपुर के 20 वॉलेंटियर्स

    • नगर परिषद बड़ौदा के 20 वॉलेंटियर्स

  • 15 मई 2025

    • जनपद पंचायत कराहल क्षेत्र के 100 वॉलेंटियर्स

  • 16 मई 2025

    • जनपद पंचायत विजयपुर के 80 वॉलेंटियर्स

    • नगर परिषद विजयपुर के 20 वॉलेंटियर्स

प्रशिक्षण समय:

प्रातः 10:15 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक

प्रशिक्षण के माध्यम से वॉलेंटियर्स को आपदा के समय राहत, बचाव एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी