Sunday, July 5, 2026
Home Blog Page 105

नाबालिग से छेडछाड करने वाले आरोपी को सश्रम कारावास एवं जुर्माने की सजा

श्योपुर, 12 सितंबर 2024
माननीय सत्र न्यायालय श्योपुर द्वारा नाबालिग से छेडछाड के आरोपी दिलदार पुत्र अब्दुल सत्तार निवासी नवलपुरा थाना इंदरगढ बूंदी राजस्थान हाल निवासी मेवाती मोहल्ला श्योपुर को विभिन्न धाराओं के तहत सश्रम कारावास एवं जुर्माने की सजा से दंडित किया गया है। शासन की ओर से प्रकरण में पैरवी जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री आरके बरैया द्वारा की गई।
घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि फरियादिया निवासी श्योपुर ने अपनी मां के साथ थाना आकर रिपोर्ट लिखवाई कि 11 जनवरी 2023 की शाम करीबन 05 बजे दुकान पर दाल लेने गयी थी तभी वहां दिलदार मोटरसाईकिल लेकर आया और उससे बोला चलो घूमकर आते है तो वह उसकी मोटरसाईकिल पर बैठ गई। दिलदार उसे लेकर शिवपुरी रोड पर लेकर गया आगे जाकर रोड़ किनारे दिलदार ने मोटरसाईकिल रोक दी और उसने बुरी नीयत से उसके साथ छेडछाड कर दी। घटना के पश्चात दिलदार उसे वापस छोड़ गया। जब उसका भाई उसे ढूढ़ता हुआ आया तो वह उसके साथ अपने घर चली गई। घटना से संबंधित बात उसने अपनी मॉ को बताई। फरियादिया की उक्त रिपोर्ट पर से थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 29/2023 धारा 354क, 1(आई) 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पीड़िता के कथनों के आधार पर धारा 376(3), 363 भादवि 3/4 पॉक्सो एक्ट का ईजाफा किया गया। विवेचना उपरान्त अभियोग पत्र माननीय विशेष न्यायालय पाक्सो एक्ट में प्रस्तुत किया गया।
विचारण के दौरान न्यायालय द्वारा आरोपी दिलदार पुत्र अब्दुल सत्तार उम्र 30 साल निवासी नवलपुरा अभयपुरा थाना इन्दरगढ, बुंदी राजस्थान हाल निवासी मेवाती मोहल्ला श्योपुर को धारा 363 भा0द0सं0 में 05 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 10,000 रूपये का जुर्माना तथा धारा 7/8 पाक्सो एक्ट में 04 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 20,000 रूपये के जुर्माना से दण्डित किया गया है।

अलर्ट मोड पर प्रशासन, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश सूंडी गांव से 8 ग्रामीणों का रेस्क्यू

श्योपुर, 12 सितंबर 2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने श्योपुर जिले में अतिवर्षा के अलर्ट को दृष्टिगत रखते हुए बाढ एवं राहत कार्यो से जुडे अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिये है। गत बुधवार को श्योपुर जिले में 82.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है तथा अगले 24 घंटे में मौसम विभाग की एडवाईजरी अनुसार सभी एसडीएम, तहसीलदारो एवं नायब तहसीलदारो को निर्देश दिये है कि रेवेन्यू अमले एवं अन्य स्त्रोतो के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी रखी जाये तथा विपरित परिस्थितियों में तत्काल कार्यवाही की जाये। उन्होने कहा कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की सूचना पर तत्काल बाढ नियंत्रण कक्ष को अवगत कराया जाये एवं सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किये जायें। बाढ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे चालू है, जिसके माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा नदियों के जलस्तर पर भी निगाह रखी जा रही है। उन्होने नागरिको से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति नदी के किनारे या जल भराव के क्षेत्र में न जाये, किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति एवं सहायता के लिए जिला स्तरीय बाढ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07530-222631 एवं 07530-221459 पर सूचना दी जा सकती है।
सूंडी गांव से 8 ग्रामीणों का रेस्क्यू
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड द्वारा दिये गये निर्देशो के क्रम में सूंडी गांव से 8 ग्रामीण एसडीआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू किये गये है। मौके पर पहुंचे एसडीएम श्री मनोज गढवाल ने बताया कि पार्वती नदी के टापू पर बसे संूडी गांव से 8 ग्रामीण रेस्क्यू किये गये है तथा गांव में एहतियातन सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किये गये है। अमले द्वारा निगरानी रखी जा रही है। उन्होने बताया कि सीप नदी के किनारे की बस्तियो में मौसम विभाग के आगामी अलर्ट अनुसार सर्तकता बरती जा रही है, फिलहाल जल भराव की स्थिति नही है। सीएमओ श्री सतीश मटसेनिया ने बताया कि नगरपालिका का अमला सीप नदी के किनारे स्थित बस्तियों पर नजर रखे हुए है, वर्तमान में जल भराव की कही से सूचना नही है। तहसीलदार  अर्जुन सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि ग्राम हलगावडा में जल भराव की सूचना पर राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर जल निकासी के प्रबंध किये गये है। बडौदा तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा ने बताया कि बडौदा में गत बुधवार की रात्रि को बारिश के कारण जल भराव वाले स्थानो पर नगर परिषद के अमले के माध्यम से जल निकासी के प्रबंध किये गये है। उन्होने बताया कि सामुदायिक अस्पताल बडौदा में वार्ड नंबर 15 बडौदा निवासी महिला को बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती थी, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी, मृतक की डेड बाडी वाहन से उसके घर पहुंचा दी गई है।
रपटो एवं पुलियाओं पर पानी होने की स्थिति में वाहन न निकाले
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड द्वारा बाढ राहत एवं बचाव कार्यो के संबंध में जारी निर्देशो के क्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्री आरएस चिकवा द्वारा वाहन चालको एवं मालिको के लिए एडवाईजरी जारी की गई है कि वर्षा ऋतु के समय नदी, नालो, पुलियाओं एवं रपटो में पानी ओवरफ्लो तथा खतरे के निशान पर होने की स्थिति में वाहनो को न निकाले। इसके साथ ही वाहनो में ओवर लोडिंग न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जायें। किसी भी प्रकार की घटना, दुर्घटना तथा मार्ग में खतरा होने पर जिला स्तरीय बाढ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर सूचना दी जायें।

जिला स्तरीय बाढ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07530-222631 एवं 07530-221459 पर सूचना दी जा सकती है।

अतिवर्षा और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अधिकारी-कर्मचारी अवकाश पर नहीं जाए – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

लोगों की जीवन रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें
मुख्यमंत्री ने दिए अतिवर्षा और बाढ़ से मृत्यु पर 4-4 लाख रूपए की सहायता देने के निर्देश
फसलों के नुकसान और पशुहानि का आंकलन कर यथाशीघ्र राहत राशि की जाए वितरित
जीर्ण-शीर्ण मकानों को चिहिन्त कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए
शुद्ध पेयजल, दवाओं और खाद्य सामग्री की पर्याप्त प्रबंधन सुनिश्चित करें
राहत शिविरों के संचालन में सामाजिक संस्थाओं का लिया जाए सहयोग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए बुलाई आपात बैठक
आगामी 2 दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान
श्योपुर, 12 /9/ 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में 30 सितम्बर तक वर्षा की संभावना है। अतिवर्षा और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अधिकारी-कर्मचारी छुट्टी पर नहीं जाएं। अतिवर्षा के बावजूद भी जनजीवन सामान्य रहे, इसके लिए समय रहते आवश्यक सावधानियां बरतते हुए बचाव के कार्य किए जाएं। लोगों के जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जनहानि के लिए संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार माना जाएगा। अतिवर्षा और बाढ़ से प्रभावित लोगों को सुरक्षा व सुविधा प्रदान करने के लिए राहत शिविर लगाएं और इसमें सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी सहयोग लिया जाएं। बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का आँकलन और पशु हानि की जानकारी भी यथाशीघ्र लेना आरंभ किया जाए। राहत राशि के वितरण में विलंब न हो, बाढ़ और अतिवृष्टि से पीड़ितों को राहत के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है। राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल, दवाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में अति वर्षा से निर्मित स्थिति और बचाव के लिए समत्व भवन में ली गई आपात बैठक में उक्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलों की स्थिति की समीक्षा की। वी.सी. में समस्त संभागीय आयुक्त, आईजी, कमिश्नर आफ पुलिस, जिला कलेक्टर, एसपी जुडें।
निचली बस्तियों में रहने वालों को समय रहते सतर्क किया जाए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि वर्षा का चक्र बदलने के कारण सितंबर माह में जितनी वर्ष होनी चाहिए उससे अधिक हो रही है। निचली बस्तियों में रहने वालों को समय रहते सतर्क किया जाए और आवश्यकता अनुसार उन्हें राहत शिविरों में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन रपटों और पुलों पर पानी है, वहाँ तत्काल आवश्यक सावधानी व सतर्कता बढ़ाई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अति वर्षा के प्रभाव से हुई जनहानि और पशु हानि की स्थिति में राहत उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी कलेक्टरों को जनहानि की स्थिति में चार-चार लाख रुपए की सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा कर कलेक्टरों को तत्काल राशि परिजन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बाढ़ में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने की तत्काल व्यवस्था की जाए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जहां पर भी बाढ़ के पानी में लोग फंसे हैं उन्हें हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने की तत्काल व्यवस्था की जाए। पुराने जीर्ण-शीर्ण भवनों को चिन्हित कर सुरक्षात्मक व्यवस्था की जाए और आवश्यकता होने पर निवासियों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए। समत्व भवन में हुई बैठक में मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना सहित, प्रमुख सचिव, जल संसाधन, गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण विभाग, नगरीय विकास एवं आवास, राजस्व, लोक स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा उपस्थित थे।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में सक्रिय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गुना, दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, राजगढ़, टीकमगढ़ के कलेक्टर से जिले में अति वर्षा और बाढ़ संबंधी जानकारी प्राप्त की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अवगत कराया गया कि दतिया जिले के भांडेर के निकट पोहुच नदी में 18 लोग फंसे हैं, डबरा में भी लोगों के पानी में फंसे होने की सूचना है। मुरैना में पेड़ के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मृत्यु और तीन लोगों के घायल होने का समाचार है। बैठक में बताया गया कि बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए झांसी, बरेली और गोरखपुर से हेलीकॉप्टरों को रवाना किया जा रहा है। टीकमगढ़ में बचाव व राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम बुला ली गई है। ग्वालियर चंबल क्षेत्र में एसडीआरएफ की टीम बोट व अन्य बचाव सामग्री के साथ सक्रिय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में आगामी दिनों में वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए बाढ़ की पूर्व सूचना और प्रचार-प्रसार की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने आवश्यक वस्तुओं के पर्याप्त भंडारण के निर्देश दिए।
अब तक प्रदेश में औसत से 14 प्रतिशत अधिक हुई वर्षा
बैठक में बताया कि प्रदेश में 11 सितम्बर तक 991.9 मिली मीटर वर्षा हो चुकी है यह औसत से 14 प्रतिशत अधिक है। प्रदेश के 12 जिलों राजगढ़, खरगोन, भोपाल, सिवनी, मंडला, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, बड़वानी, शिवपुरी, सिंगरौली, नीमच, अलीराजपुर, ग्वालियर और गुना में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। आगामी 2 दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। इसके बाद वर्षा में कमी की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा भिंड, दतिया, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर कला, आगर-मालवा, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और राजगढ़ में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वर्तमान में प्रदेश के 54 में से 31 बांधों के गेट खुले हैं। विभिन्न जिलों में राहत शिविर संचालित हैं।
भीड़ भरे आयोजनों में इलेक्ट्रिक सेफ्टी सहित सावधानी बनाए रखने के लिए दिए निर्देश
बैठक में नदियों, बांधों और जलाशयों के जल स्तर पर लगातार नजर रखने, बचाव के लिए आवश्यक सामग्री, राहत शिविरों की उचित व्यवस्था, जिन शालाओं के भवन जीर्ण-शीर्ण हैं, उन्हें चिन्हित करते हुए बच्चों की पढ़ाई की वैकल्पिक व्यवस्था करने, गणेश पंडालों तथा अन्य सामाजिक, धार्मिक और भीड़ भरे आयोजनों में इलेक्ट्रिक सेफ्टी सुनिश्चित करने, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, पर्याप्त दवाओं की आपूर्ति बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। आगामी दिनों में भी वर्षा की संभावना को देखते हुए अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन स्थलों पर प्रकाश, नाव, गोताखोरों, चिकित्सा दल, साफ-सफाई, बचाव दल की व्यवस्था करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के लिए भी जिले के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया।
वीसी के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड, पुलिस अधीक्षक  वीरेन्द्र जैन, अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी, एडिशनल एसपी  सतेन्द्र सिंह तोमर, डिप्टी कलेक्टर  वायएस तोमर, आरआई पुलिस  अखिलेश शर्मा, सीएमओ  सतीश मटसेनिया, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन  आरएन शर्मा, होमगार्ड के प्लांटून कंमाडर  राहुल शर्मा आदि उपस्थित थे।

उडीसा से वापस आये छात्रो ने कलेक्टर से की भेंट

श्योपुर, 11 सितंबर 2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड से जवाहर नवोदय विद्यालय मालकानगिरी उडीसा से वापस आये छात्रों ने अपने अभिभावको के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर भेंट की। यह छात्र माइग्रेशन प्रोग्राम के तहत नवोदय विद्यालय श्योपुर से उड़ीसा के मालकानगिरी नवोदय विद्यालय में पढ़ने के लिए गए थे। अब ये छात्र अकादमिक सत्र श्योपुर में ही पूर्ण करेगे।
मालकानगिरी पढने गये श्योपुर के बच्चों को वहां समस्या होने पर कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने केन्द्रीय विद्यालय संगठन नई दिल्ली के अधिकारियों से चर्चा के दौरान प्रस्ताव रखा था कि इस सत्र के लिए बच्चों को श्योपुर विद्यालय में पढ़ने दिया जाए जिस पर केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा सहमति प्रदान की गई थी, इसी क्रम में बच्चें आज जवाहर नवोदय विद्यालय श्योपुर में वापस आ गये है। श्योपुर आने पर छात्रो द्वारा प्रिंसिपल एवं अभिभावको के साथ कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड से भेंट की गई। इस अवसर पर प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय श्योपुर  केके कटियार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य  अशोक गर्ग भी मौजूद रहें।

वन विभाग के खिलाड़ियों की खेल सुविधा विस्तार के लिये आवश्यक कदम उठाये जायेंगे – वन मंत्री रावत

जीवन में स्वस्थ रहने के लिये खेल बहुत आवश्यक है
27वीं राज्य स्तरीय वन खेलकूद प्रतियोगिता-2024 के समापन समारोह में शामिल हुए
श्योपुर, 09 सितंबर 2024
वन मंत्री  रामनिवास रावत ने कहा कि वन विभाग के खिलाड़ियों की खेल सुविधा में विस्तार के लिये आवश्यक कदम उठाये जायेंगे। जीवन में स्वस्थ रहने के लिये खेल बहुत आवश्यक है। वन विभाग के अमले को स्मार्ट रहना बहुत जरूरी है, जिससे कि वह वनों की सुरक्षा अच्छे से कर सकें। खेल भावना से प्रेरित होकर कार्य करने से कार्य-क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे हम वनों के संरक्षण और पर्यावरण को बनाये रखने के लिये अपनी भूमिका का निर्वाह अच्छे से कर पायें। वन मंत्री श्री रावत आज तात्या टोपे स्टेडियम भोपाल में आयोजित 27वीं राज्य स्तरीय वन खेलकूद प्रतियोगिता-2024 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
वन मंत्री  रावत ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जो प्रतिभागी प्रतियोगिता में सफल नहीं हो पाये हैं, उन्हें भी मैं उनके प्रयास के लिये धन्यवाद देता हूँ और आगे वे भी अपनी लगन को बनाये रखें। उन्हें भविष्य में जरूर सफलता प्राप्त होगी। वन मंत्री  रावत ने कहा कि वन विभाग के फील्ड के अमलों को सप्ताह में एक बार खेल प्रतियोगिएँ आयोजित की जानी चाहिये। मंत्री श्री रावत ने समापन कार्यक्रम में राज्य स्तरीय वन खेल प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को शील्ड एवं मैडल प्रदान कर पुरस्कृत किया। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों से कहा कि आगे भी भविष्य में वन विभाग की प्रतियोगिता में नियमित रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि मैं राज्य स्तरीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में उपस्थित होकर अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। उन्होंने कहा कि रायपुर, छत्तीसगढ़ में 27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करें।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख  असीम श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण देकर सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया और मुख्य अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में अखिल भारतीय वन सेवा, राज्य स्तरीय वन सेवा और वन विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये मध्यप्रदेश टीम का चयन करने के लिये 7 सितम्बर से 9 सितम्बर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन खेलों में वन विभाग प्रदेश के विभिन्न वृत्त, वन मण्डल एवं मुख्यालय के खिलाड़ियों द्वारा हिस्सा लिया गया। वन बल प्रमुख ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतियोगियों द्वारा किये गये प्रदर्शन एवं पिछली अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता के मापदण्डों के आधार पर इस वर्ष की राज्य स्तरीय टीम का चयन एक सप्ताह में किया जायेगा। वन बल प्रमुख ने बताया कि 27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये चयनित खिलाड़ियों का भोपाल में प्रशिक्षण शिविर लगाया जायेगा, जिससे प्रतियोगी अपने प्रदर्शन के स्तर में सुधार ला सकें।
वन बल प्रमुख  श्रीवास्तव ने बताया कि 27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता 16 से 20 अक्टूबर, 2024 को रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रही है। छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा इस प्रतियोगिता का तीसरी बार आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कुल 264 इवेन्ट्स रखे गये हैं।
उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष 26वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश दल द्वारा विभिन्न स्पर्धाओं में 34 स्वर्ण, 32 रजत एवं 24 काँस्य पदक, कुल 90 पदक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया था। वन विभाग में खेल प्रतियोगिताओं की शुरूआत वर्ष 1992 से हुई है। भारत सरकार द्वारा अखिल भारतीय खेलकूद प्रतियोगिता प्रारंभ करने की घोषणा की गई थी।

श्रद्धालुओ के आकाशीय बिजली गिरने से घायल होने की खबर हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे वन मंत्री रावत

श्योपुर, 07 सितंबर 2024
विजयपुर क्षेत्र के छिमछिमा हनुमान जी मंदिर पर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओ के आकाशीय बिजली गिरने से घायल होने की खबर पर वन मंत्री  रामनिवास रावत ने सामुदायिक अस्पताल विजयपुर पहुंचकर कुशलक्षेम जाना तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उचित उपचार के निर्देश दिये गये।
तहसीलदार  सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि छिमछिमा मेले के दौरान मंदिर पर दर्शन के लिए आ रहे 5 श्रद्धालु आकाशीय बिजली गिरने से आंशिक रूप घायल हो गये थे। इस सूचना पर तत्काल ही एसडीएम एवं तहसीलदार के वाहनो से पांचो श्रद्धालुओ को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विजयपुर भेजा गया। उक्त पांचो श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती है तथा उपचार चल रहा है तथा स्वास्थ्य में सुधार है।
कलेक्टर ने दिये समुचित उपचार के निर्देश
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने सीएमएचओ डॉ जेएस राजपूत को निर्देश दिये है कि छिमछिमा मेले में मंदिर पर दर्शन के लिए आने के दौरान आकाशीय बिजली से घायल हुए श्रद्धालुओं के लिए उपचार की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। उन्होने निर्देश दिये कि सामुदायिक अस्पताल विजयपुर में भर्ती श्रद्धालुओं को समुचित चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई जायें।

कलेक्टर की पहल रंग लाई, जल्द सभी छात्र उड़ीसा से वापस श्योपुर लौटेंगे ,श्योपुर नवोदय में ही करेंगे सत्र पूर्ण

 

माइग्रेशन प्रोग्राम के तहत नवोदय विद्यालय श्योपुर से उड़ीसा के मलकानगिरी नवोदय विद्यालय में पड़ने के लिए गए छात्र वापस श्योपुर लौटेंगे तथा ये अकादमिक सत्र श्योपुर में ही पूर्ण करेगे, कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने केन्द्रीय विधालय संगठन नई दिल्ली के अधिकारियों से चर्चा के दौरान प्रस्ताव रखा था कि इस सत्र के लिए बच्चों को श्योपुर विद्यालय में पढ़ने दिया जाए जिस पर केंद्रीय विद्यालय संगठन ने सहमति प्रदान कर दी है अब यह बच्चें श्योपुर में ही पढेंगे बच्चों को मलकानगिरी नवोदय विद्यालय से श्योपुर लाये जाने की प्रकिर्या की जा रही है 

 आप को बतादें की उडीसा  में रैगिंग के शिकार छात्रो के परिजनो की मांग पर जिला कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने नवोदय विद्यालय नई दिल्ली को एक प्रस्ताव बनाकर भेजा जिसे स्वीकार कर लिया गया है, जिसमें उल्लेख किया गया कि श्योपुर के 16 छात्रो का माइग्रेशन कैंसल कर श्योपुर में ही कन्टीन्यू किया जायेगा। इस मामले में कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने बताया कि उड़ीसा के मलखानगिरी में नवोदय विद्यालय में श्योपुर के छात्रो के साथ रैगिंग की घटना को लेकर नवोदय विद्यालय समिति नई दिल्ली के आयुक्त  विनायक गर्ग एवं मलखानगिरी के डीएम  आशीष पाटी से चर्चा की गई थी,

जिसके बाद सभी छात्रो को वापस बुलाने की व्यवस्था कर दी गई है, इसके साथ ही सभी छात्रो को वापस लाकर माइग्रेशन को आगे बढ़ाया जायेगा। इस सम्बंध में एक प्रस्ताव जिला प्रशासन द्वारा भेजा गया था जिसमें पूरे मामले की वास्तुस्थिति से अवगत कराया गया था एवं परिजनो की मांग पर आधारित प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया है

पैदल यात्रा कर दर्शन के लिए पहुंचे मंत्री रामनिवास रावत

श्योपुर, 07 सितंबर 2024
वन एवं पर्यावरण मंत्री  रामनिवास रावत अपने विजयपुर स्थित निवास से पैदल यात्रा कर क्षेत्र के प्रसिद्ध छिमछिमा हनुमान मंदिर पर दर्शन के लिए पहुंचे तथा पीत वस्त्र में हनुमान जी की पूजा अर्चना कर आर्शीवाद प्राप्त किया। ऐतिहासिक छिमछिमा हनुमान मंदिर पर आयोजित वार्षिक मेले के दौरान मंत्री श्री रावत ने अपने निवास से लगभग 10 किलोमीटर तक पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचकर दर्शन लाभ प्राप्त करते हुए पूजा अर्चना की गई।
इस अवसर पर उन्होने कहा कि आज विजयपुर के ऐतिहासिक छिमछिमा हनुमान जी मेले में भाग्यशाली रहा कि पैदल यात्रा कर प्रभु के दर्शन का सौभाग्य मिला। हनुमान जी के चरणों में समर्पित होकर, क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। उन्होने कहा कि हनुमान जी की महिमा से हर संकट दूर हो, और उनके आशीर्वाद से सभी के जीवन में मंगलमय प्रकाश का संचार हो। इस अवसर पर मेला एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य सहित अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित थे।
वन मंत्री  मेले में पहुंचे और  जल सेवा की 
वन एवं पर्यावरण मंत्री  रामनिवास रावत ने विजयपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक छिमछिमा हनुमान मंदिर मेला के दौरान नगर परिषद विजयपुर की ओर से श्रद्धालुओ के लिए पेयजल व्यवस्था हेतु लगाई गई प्याऊ पर खडे होकर जल सेवा की गई तथा श्रद्धालुओं को जलसेवा करते हुए पानी पिलाया गया।

दायरा पंजी में कांटछांट करने पर नकल नवीस निलंबित

श्योपुर, 06 /9/ 2024
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड द्वारा दायरा पंजी में कांटछांट एवं अतिरिक्त रूप से प्रकरण दर्ज करने के चलते नकल नवीस कलेक्ट्रेट  रामजीलाल शर्मा सहायक ग्रेड-3 को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्यवाही की गई है।
जारी आदेश के अनुसार न्यायालय तहसीलदार तहसील श्योपुर की दायरा पंजी वर्ष 1994-95 जिला अभिलेखागार से  रामजीलाल शर्मा सहायक ग्रेड-3 नकल नवीस कलेक्ट्रेट श्योपुर को दिनांक 22 मई 2024 को नकल शाखा में भेजी गई थी।  शर्मा द्वारा दायरा पंजी दिनांक 2 सितंबर 2024 तक जिला अभिलेखागार में वापिस नहीं भेजी गई। दायरा पंजी अनाधिकृत रूप से अपने पास रखने तथा दायरा पंजी में काट-छाट एवं अतिरिक्त रूप से प्रकरण दर्ज करने, शासकीय दस्तावेज में छेड़-छाड़ करने के प्रथम दृष्टया दोषी प्रतीत होने के चलते निलंबन की कार्यवाही की गई है। निलंबन काल में मुख्यालय तहसील कार्यालय वीरपुर निर्धारित किया गया है।

14 को मनाया जायेगा डोल ग्यारस, 16 को ईद मिलाद उन नबी त्यौहारो के मद्देनजर सभी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेगे, शांति समिति की बैठक आयोजित

श्योपुर, 06/9/2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड की अध्यक्षता में गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस, तेजा दशमी, अंनत चतुदर्शी पर गणेश प्रतिमाओ के विसर्जन तथा ईद मिलाद उन नबी त्यौहारों को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्व सम्मति से शांति समिति के सभी सदस्यों द्वारा निर्णय लिया गया कि भगवान गणेश जी की स्थापना के लिए लगाये जाने वाले पाण्डालो में ध्वनि विस्तारक यंत्रो का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानको के अनुरूप किया जायेगा तथा गाईडलाइन के अनुसार रात्रि 10 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रो का उपयोग किया जायेगा। इसके साथ ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन पंडित घाट पर गणेश कुण्ड में प्रतिवर्ष की भांति किया जायेगा।

कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि 7 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न मंदिरो स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जायेगी तथा अंनत चतुदर्शी तक गणेश पाण्डालो में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होगे। इस दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। उन्होने कहा कि नगरपालिका के माध्यम से सीसीटीवी कैमरे भी लगाये जाये। इसी प्रकार 12 सितंबर को रात्रि के समय तेजा जी की बिंदोरी वाले स्थान तथा 13 सिंतबर को तेजा जी मेले के दौरान हजारेश्वर मेला मैदान, गिर्राज घाट तथा सलापुरा पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सुविधाएं सुनिश्चित की जायें।
डोल ग्यारस का पर्व 14 सिंतबर को रहेगा तथा लगभग 45 विमान निकलेगे, इस दौरान जुलूस मार्ग पर सभी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किये जायें। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड ने निर्देश दिये कि इसके पूर्व सभी विमान समितियों के प्रतिनिधियों की पृथक से बैठक आयोजित की जायें, बंजारा डैम जल विहार स्थल पर 6 व्यक्ति की अनमुति रहेगी, जिन्हें पास जारी किये जाये। बंजारा डैम पर सुरक्षा की दृष्टि से एसडीआरएफ टीम तैनात रहेंगी।
15 सितंबर को दाउदी बोहरा समाज तथा 16 सिंतबर को मुस्लिम समाज द्वारा ईद मिलाद उन नबी के अवसर पर जुलूस का आयोजन किया जायेगा। इसी प्रकार 17 सितंबर को अंनत चतुदर्शी के दौरान गणेश प्रतिमाओ के विसर्जन के लिए विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाएं संबंधित अधिकारी सुनिश्चित कर लें। उन्होने कहा कि डोल ग्यारस पर्व पर विभिन्न मंदिरो से निकलने वाले विमानो एवं ईद मिलाद उन नबी के जुलूस के मार्गो में साफ-सफाई की उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। किला गेट, छार बाग, ब्राम्हण पाडा, टोडी गणेश बाजार, मैन चौराहा एवं बंजारा डैम पर साफ-सफाई एवं प्रकाश की उचित व्यवस्था की जायें। उन्होने कहा कि त्यौहारो के मद्देनजर खुली हुई नालियों पर जाल लगवाये जायें तथा चल समारोह के दौरान पशुओं की आवाजाही पर नियंत्रण रखा जायें। बंजारा डैम पर साफ-सफाई की व्यवस्थाएं की जायें तथा सडक पर गड्डो को भरने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक  वीरेन्द्र जैन ने कहा कि डोल ग्यारस एवं तेजा जी की बिंदोरी, ईद मिलाद उन नबी के जुलूस तथा गणेश प्रतिमाओ के विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किये जायेगे। उन्होने कहा कि डोल ग्यारस पर निकलने वाले प्रत्येक विमान के साथ दो पुलिसकर्मी रहेंगे। विमानो से संबंधित मंदिरो के स्वयं सेवकों की सूची प्रदान की जायेगी, जिन्हें पास दिये जायेगे। जल झूलनी एकादश के दिन बंजारा डैम पर होमगार्ड की टीम भी तैनात रहेगी। उन्होने टीआई को निर्देश दिये कि डोल ग्यारस पर निकलने वाले अखाडो के संचालको की अलग से थाना स्तर पर बैठक बुलाई जाये। इस अवसर पर शांति समिति के सदस्यों द्वारा भी उपयोगी सुझाव दिये गये।

कलेक्टेªट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक  वीरेन्द्र जैन, अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सतेन्द्र सिंह तोमर, एसडीएम  मनोज गढवाल, डिप्टी कलेक्टर  वायएस तोमर एवं  बीएस श्रीवास्तव, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य  कैलाश नारायण गुप्ता, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष  दौलतराम गुप्ता, शहरकाजी  अतीक उल्ला कुरैशी,  दिनेश दुबोलिया,  शौकत उल्ला खान, पुजारियान समिति के अध्यक्ष  अशोक शर्मा, धर्मस्व उत्सव समिति अध्यक्ष  सोहनदास त्यागी, रामतलाई हनुमान मंदिर के प्रतिनिधि बृजेश दीक्षित,  श्यामबाबू शुक्ला, बोहरा समाज के प्रतिनिधि  हकीमुद्दीन दाउदी,  कैलाश पाराशर,  अखिलेश भदौरिया,  मोहम्मद चीनी कुरैशी,  हाफिज आदिल कुरैशी,  जमील अहमद,  जय सिंह जादौन,  कृष्णकांत उपाध्याय,  बुन्दु खां,  मोहम्मद फैजुल्ला अंसारी,  राजेन्द्र शर्मा,  सुरेशचंद जैन एडवोकेट, पार्षद  सुमेर सिंह, पार्षद प्रतिनिधि  महावीर सुमन,  प्रफुल्ल मित्तल, टीआई  योगेश जादौन सहित बिजली, पीडब्ल्यूडी, होमगार्ड, जल संसाधन आदि विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।