Thursday, February 12, 2026
Home Blog Page 91

किसानों के लिए चंबल नहर में तत्काल पानी छोड़ा जाए अन्यथा किसान करेंगें उग्र आंदोलन – राधेश्याम मीणा मूंडला

 

दिनांक – 18/07/24

चंबल नहर में पानी छोड़े जाने के लिए किसानों ने ज्ञापन दिया 

 श्योपुर की चंबल नहर में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर किसानों ने गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मीणा मूंडला के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट, श्योपुर पर प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ एवं डिप्टी कलेक्टर वाई एस तोमर को ज्ञापन दिया । इस मौके पर कलेक्टर ने किसानों के प्रतिनिधि मंडल के साथ जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से मीटिंग करके चंबल नहर में पानी छोड़े जाने का आश्वासन दिया एवं जिले में व्याप्त बिजली समस्या के निदान के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए । किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंडला ने जानकारी देते हुए बताया कि श्योपुर जिला कृषि प्रधान जिला है, कृषि जिले में मुख्य आय का स्रोत है, व्यापारिक गतिविधियां भी कृषि आधारित है । इस वर्ष श्योपुर जिले में रिकॉर्ड रकबे में धान की फ़सल 60 से 70 हजार हेक्टेयर में होने का अनुमान है । जिसके कारण बिजली सप्लाई पर अत्यधिक लोड है, जिले के अधिकतर फीडर ओवरलोडेड है जिसके कारण बिजली की आपूर्ति सुचार रूप से नहीं होने से किसानों को धान की फसल करने में कठिनाई उत्पन्न होगी । राजस्थान के कोटा में चंबल नदी पर स्थित कोटा बैराज जो कि अपनी क्षमता का 100% उपरी इलाकों में अच्छी बरसात कारण भर चुका है तथा पानी की निरंतर आवक के कारण ओवरफ्लो पानी को चंबल नदी में छोड़ा जा रहा है । श्योपुर जिले में किसानों को धान की फसल लगाने एवं सिंचाई हेतु पानी की आवश्यकता है तथा चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना की टेस्टिंग के लिए भी चंबल नहर में पानी छोड़े जाने की आवश्यकता है । किसानों के हित को दृष्टिगत रखते हुए चंबल दाहिनी नहर में तीन हजार से साढे तीन हजार क्यूसेक पानी छुड़वाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए । ताकि किसान सुचारू रूप से धान की फसल को लगाने एवं सिंचाई करने का कार्य कर सके व‌ जिले में उत्पन्न बिजली समस्या का समाधान हो सके ।‌ अन्यथा की स्थिति में क्षेत्र का किसान वर्ग क्रमिक रूप से हड़ताल, धरना – प्रदर्शन व चक्का जाम करने को बाध्य होगा। जिसका समस्त उत्तरदायित्व शासन एवं प्रशासन का होगा

इस अवसर पर नाथूलाल सोईं, रामेश्वर आसीदा, हरिमोहन गोहेड़ा, रामराज पच्चीपुरा, बालमुकुंद धनखेड़ा, हनुमान मूंडला, राकेश बगवाड़ा, गोरी शंकर हिरनीखेड़ा, लोकेन्द्र, कमलेश आसीदा, देवकी ढोटी, धनराज जारेला, महेश ढोटी, निरंजन ढोटी आदि किसान उपस्थित हुए 

नलजल योजनाओं के संधारण हेतु पंचायतो को उपलब्ध कराई जायेगी राशि कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित

मूंझरी समूह जल प्रदाय योजना में आवदा बांध से होगी वाटर सप्लाई
श्योपुर, 18 -7-2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हैंडओवर की गई नलजल योजनाएं एवं अन्य नलजल योजनाओं के संधारण हेतु पंचायतो को जिला पंचायत के माध्यम से मेंटीनेंस राशि उपलब्ध कराई जायेगी। ऐसी योजनाएं जिनमें मेंटीनेंस की आवश्यकता है, संबंधित पंचायतो के सचिव स्टीमेंट जनपद पंचायत के माध्यम से प्रस्तुत कर सकते है। इसके साथ ही उन्होने पीएचई अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रगतिरत योजनाओं का कार्य समय सीमा में पूर्ण किया जायें तथा रोड रीस्टोरेशन का कार्य गुणवत्ता के साथ कराया जायें।
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने निर्देश दिये कि पंचायतो के नलजल योजनाओं का हैंडओवर करने से पहले टेस्टिंग कर यह सुनिश्चित कर ले कि लक्षित परिवारो तक नल से जल पहुंच रहा है, पाइपलाइन में यदि लीकेज आदि हो तो उसका संधारण तत्काल कराया जाये। जलकर की राशि जमा करने, नलो में टोटिया लगाने एवं पानी की जरूरत नही होने पर उन्हें बंद करने के संबंध में ग्रामीणों को आईएसए गतिविधियो के माध्यम से जागरूक किया जाये तथा जिन नलो में टोटिया क्षतिग्रस्त हो गई है, उनको संबंधित निर्माण एजेंसियो के माध्यम से बदला जाये।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड ने कहा कि श्योपुर जिले के सभी गांवो को कवर करने के लिए मूंझरी एवं चंबल समूह जल प्रदाय योजना संचालित है, इस योजना के तहत सतही जलस्त्रोतो से वाटर की सप्लाई की जायेगी। उन्होने विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा ध्यान आकृष्ट कराये जाने पर पीएचई अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवश्यकता के अनुसार बसाहटो, मजरो टोलो में हैंडपम्प लगाये जाये तथा सिंगल फेस मोटर डाली जाये।
बैठक में कार्यपालन यंत्री  शुभम अग्रवाल द्वारा जानकारी दी गई कि जल जीवन मिशन के तहत 325 योजनाएं स्वीकृत है, जिनमें से 128 पूर्ण कर 81 योजनाएं पंचायतो को हैंडओवर कर दी गई है, शेष 197 योजनाओं का कार्य प्रगतिरत है। अगले त्रेमास सितंबर तक 128 योजनाओं को पूर्ण कर लिया जायेगा। इसके अगले त्रेमास में 20 तथा आगामी त्रेमास में 49 योजनाओं को पूर्ण किया जायेगा।
मूंझरी समूह जल प्रदाय योजना में आवदा बांध से होगी वाटर सप्लाई
जल निगम में जनरल मैनेजर श्री अंनत कुमार ने बैठक में बताया कि 171.24 करोड लागत की मूंझरी समूह जल प्रदाय योजना में 122 ग्रामों में वाटर की सप्लाई होगी। इस योजना के तहत अब आवदा बांध से पानी लिया जायेगा, जिसके क्रम में आवदा में 22.46 एमएलडी क्षमता का इंटेकवैल बनाया जायेगा। योजना के तहत ग्राम बुखारी में लगभग 17 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र लगेगा। उन्होने बताया कि आवदा बांध से गर्मियों में वाटर सप्लाई की निरंतरता के लिए चंबल कैनाल से पानी लिया जायेगा। इसके लिए 16 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जायेगी, यह पानी मध्यप्रदेश एवं राजस्थान के बीच सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता हेतु किये गये करार के अतिरिक्त होगा। इस योजना का संचालन एवं संधारण आगामी 10 वर्ष तक संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा किया जायेगा। इसके साथ ही उन्होने बताया कि चंबल समूह जल प्रदाय योजना के तहत बरेठा में इंटेकवैल बनाया जायेगा और वीरपुर के पास ग्राम श्यारदा में जलशोधन संयंत्र लगेगा। इस योजना के तहत 387 गांवो को पानी की सप्लाई होगी। उन्होने बताया कि दोनो योजनाओ में प्रारंभिक स्तर पर कार्य शुरू हो गये है।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में श्योपुर विधायक  बाबू जण्डेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, सीईओ जिला पंचायत  अतेन्द्र सिंह गुर्जर, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री एवं विजयपुर विधायक के प्रतिनिधि  जगदीश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि  जयदीप तोमर, कार्यपालन यंत्री पीएचई  शुभम अग्रवाल, जल निगम ग्वालियर के जनरल मैनेजर  अंनत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

रैन बसेरे में सुविधाएं बढाये जाने के निर्देश बगैर एनओसी के निर्माणाधीन कार्यो पर कार्यवाही की जायें

कलेक्टर की अध्यक्षता में शहरी विकास अभिकरण की बैठक आयोजित
श्योपुर, 18  2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने शहरी विकास अभिकरण अंतर्गत आयोजित बैठक में निर्देश दिये कि श्योपुर बस स्टैण्ड पर संचालित रैन बसेरे में ओर अधिक यात्री सुविधाओं को बढाया जायें तथा रैन बसेरे की बेड क्षमता को 15 से बढाकर 25 किया जायें। इसके साथ ही उन्होने बगैर एनओसी जारी भवनो के निर्माण कार्यो पर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये।
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने सीएमओ  मटसेनिया को निर्देश दिये कि बगैर नगरपालिका की एनओसी के निर्माणाधीन भवन निर्माण पर वैधानिक कार्यवाही की जायें तथा संबंधित भवन मालिको को नोटिस जारी किये जायें तथा उन्हें हिदायत दी जाये कि एनओसी प्राप्त करने के बाद ही निर्माण कार्य करायें। इसके साथ ही अमले के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाये कि एनओसी प्राप्त करने के बाद ही भवन आदि के निर्माण कार्य संचालित हो।
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने बैठक में निर्देश दिये कि सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत कार्यो को समयावधि में पूर्ण किया जायें। एसडीआरएफ योजना में स्वीकृत नाले के अप्रारंभ कार्य को पूरा कराया जायें। इसके साथ ही उन्होने स्वच्छता सर्वेक्षण अंतर्गत निर्धारित पैरामीटर्स अनुसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी दिये। उन्होने जलावर्धन योजना के तहत पाईपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सडको के रिस्टोरेशन का कार्य समय सीमा में कराने के निर्देश दिये, साथ ही कहा कि पाइपलाइन डेमेंज होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत कराई जाये।
बैठक में सीएमओ सतीश मटसेनिया ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण अंतर्गत लिक्विड बेस्ट मैनेजमेंट अंतर्गत 29.88 करोड की डीपीआर बनाकर संचालनालय को भेजी गई है।

बैठक में शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन, सीएमओ श्योपुर  सतीश मटसेनिया, बडौदा  ओमप्रकाश आर्य, उपयंत्री  पवन गर्ग सहित जलावर्धन योजना से जुडे अधिकारी उपस्थित थे।

बिजली कंपनी कार्मिकों को सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के परिसर में किसी भी समय चेकिंग का कानूनी अधिकार

श्योपुर, 17 -7- 2024
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सभी श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने परिसर में स्थापित मीटर की रीडिंग, जॉच, विजिलेंस चेकिंग तथा अन्य बिजली संबंधी कार्य के लिए बिजली कंपनी के अधिकृत कार्मिक अथवा आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को प्रवेश करने से न रोके ।
विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं म.प्र. विद्युत प्रदाय संहिता 2013 में दिये गये प्रावधानों के तहत मीटर की रीडिंग, जॉच, विजिलेंस चेकिंग तथा अन्य बिजली संबंधी कार्य के लिए कंपनी को सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के परिसर में सूचना देकर प्रवेश करने के कानूनी अधिकार हैं। अपितु केवल घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं के मामले में घरेलू स्थल अथवा परिसर का निरीक्षण, परीक्षण या जांच, सूर्यास्त और सूर्याेदय के मध्यकाल के दौरान अधिवासी वयस्क पुरुष की उपस्थिति में आवश्यक है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि ऐसे उपभोक्ता जिनके मीटर परिसर के अंदर स्थापित हैं अथवा अनधिकृत विद्युत उपयोग की जांच, उपकरणों में अनधिकृत वृद्धि एवं फेर-बदल, विद्युत की चोरी तथा दुरूपयोग, विद्युत विचलन, मीटर एवं लाइनों से छेड़छाड़ जैसे संदेहास्पद मामलों में विद्युत उपभोक्ता बिजली कंपनी के अधिकृत कार्मिक अथवा आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों को मीटर रीडिंग, जॉच, विजिलेंस चेकिंग तथा अन्य बिजली संबंधी कार्यों को करने लिए अपने परिसर में प्रवेश करने दें। उपभोक्ता कार्मिकों से फोटो युक्त परिचय पत्र देखने की मांग कर सकते हैं।
कंपनी उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिद्युत आपूर्ति करने तथा उपभोक्ता सेवाएं प्रदान करने के लिए संकल्पित है। उपभोक्ता इस हेतु बिजली कंपनी के कार्मिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना करें आवेदन आदिवसी वर्ग के युवाओं को मिलेंगे 1 से 50 लाख तक ऋण व टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना में एक लाख तक मिलेगा ऋण

श्योपुर, 16 -7-2024
मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम भोपाल द्वारा भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवा हितग्राहियों से स्वरोजगार स्थापित करने हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये है। योजना में आदिवासी वर्ग के युवाओं को 1 से 50 लाख रूपये तक का ऋण उपलब्ध होगा। इस संबंध में आवेदन समस्त पोर्टल पर ऑनलाइन किये जा सकते है तथा अधिक जानकारी के लिए कलेक्टर कार्यालय स्थित आदिवासी वित्त विकास निगम के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
आदिवासी वित्त विकास निगम के शाखा प्रबंधक एवं सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण श्री एमपी पिपरैया ने बताया कि उक्त योजना के तहत वर्ष 2024-25 के लिए जिले को 11 प्रकरणों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना के तहत लाभ लेने के लिए मप्र के मूल निवासी अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवा जिनकी आयु 18 से 45 वर्ष है तथा कक्षा 8वी परीक्षा उर्त्तीण हो, पात्र होगें। परिवार की वार्षिक आय सीमा 12 लाख रूपये से अधिक नही होना चाहिए। इस योजना के तहत उद्योग स्थापित करने के लिए 50 लाख रूपये तक तथा सेवा क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए 25 लाख रूपये तक का ऋण मिलेगा। इच्छुक आवेदक www.samast.mponline.gov.in पर आवेदन कर सकते है।

टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना में एक लाख तक मिलेगा ऋण

मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम भोपाल द्वारा टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों से स्वरोजगार स्थापित करने हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये है। योजना में आदिवासी वर्ग के सदस्यों को 10 हजार से 01 लाख रूपये तक का ऋण उपलब्ध होगा। इस संबंध में आवेदन समस्त पोर्टल पर ऑनलाइन किये जा सकते है तथा अधिक जानकारी के लिए कलेक्टर कार्यालय स्थित आदिवासी वित्त विकास निगम के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
आदिवासी वित्त विकास निगम के शाखा प्रबंधक एवं सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण श्री एमपी पिपरैया ने बताया कि उक्त योजना के तहत वर्ष 2024-25 के लिए जिले को 105 प्रकरणों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। योजना के तहत लाभ लेने के लिए मप्र के मूल निवासी अनुसूचित जनजाति वर्ग के ऐसे सदस्य जिनकी आयु 18 से 55 वर्ष है। योजना के तहत स्वरोजगार के लिए 10 हजार से लेकर 01 लाख रूपये तक के ऋण प्राप्त कर सकते है। इच्छुक आवेदक www.samast.mponline.gov.in पर आवेदन कर सकते है।

कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल आवास स्वीकृत, दिव्यांग को मिली ट्राईसिकल कलेक्टर की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित

श्योपुर, 16 -7-2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड के निर्देश पर जनसुनवाई के दौरान पीएम जनमन योजना के तहत सहरिया महिला हितग्राही का आवास तत्काल स्वीकृत करने की कार्यवाही की गई, इसके अलावा एक दिव्यांग को ट्राईसिकल भी प्रदान की गई।  जनसुनवाई के दौरान 211 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4 आवेदन 24 घंटे की अवधि में निराकरण के लिए चिन्हित करते हुए तत्काल निराकरण के लिए अधिकारियों को व्हाट्सएप पर भेजे गये।
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड द्वारा जनसुनवाई के दौरान श्रीमती मीना पत्नि  राजाराम आदिवासी निवासी ककरधा के आवास की मांग संबंधी आवेदन पर पीएम जनमन योजना के तहत तत्काल आवास स्वीकृत करने एवं प्रथम किस्त की राशि 50 हजार रूपये जारी करने के निर्देश दिये गये, जिस क्रम में आवास प्रभारी जिला पंचायत श्रीमती सारिका पाटीदार द्वारा आवास पोर्टल के माध्यम से आवास की स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होने बताया कि एक सप्ताह के भीतर प्रथम किस्त की राशि बैंक खाते में प्राप्त हो जायेगी। उल्लेखनीय है कि पीएम जनमन योजना के तहत सहरिया हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए 2 लाख रूपये की राशि प्रदाय किये जाने का प्रावधान है।
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड द्वारा जनसुनवाई के दौरान दिये गये निर्देशो के क्रम में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांग  राजेन्द्र माहौर निवासी माखनाखेडली को ट्राईसिकल प्रदान की गई।
पंचायत सचिव के विरूद्ध जांच के निर्देश
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड द्वारा कराहल विकासखण्ड की जनपद सदस्य श्रीमती ममता जारोलिया के आवेदन पर ग्राम पंचायत पनवाडा के पंचायत सचिव की जांच करने तथा दोषी पाये जाने पर कार्यवाही के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये। जनपद सदस्य श्रीमती जारोलिया द्वारा जनसुनवाई में अवगत कराया गया कि उक्त पंचायत सचिव पंचायत क्षेत्र में नही आते है तथा पंचायत भवन पर ताला लगा रहता है, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ नही मिल रहा है।
24 घंटे में सीमांकन करने के निर्देश
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड द्वारा श्यामपुर निवासी श्री देवी प्रसाद गौड के आवेदन पर तहसीलदार वीरपुर को 24 घंटे के भीतर भूमि का सीमांकन करने के निर्देश दिये गये। आवेदक  देवी प्रसाद गौड ने बताया कि उसके स्वामित्व की भूमि सर्वे क्र. 1278 रकबा 0.760 हेक्टयर पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया है। इस पर तहसीलदार वीरपुर को निर्देश दिये गये कि तत्काल सीमांकन कर कब्जा दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायें। इसी प्रकार  नारायण मीणा निवासी कोटा राजस्थान के आवेदन पर उसकी प्रेमसर (श्योपुर मप्र) स्थित भूमि का सीमांकन करने एवं कब्जा दिलाने की कार्यवाही करने के निर्देश नायब तहसीलदार प्रेमसर को दिये गये।
बुुजुर्ग को मिला सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड के निर्देश पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जनसुनवाई के दौरान ही बुजुर्ग को सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत करते हुए योजना का लाभ प्रदान किया गया। जनसुनवाई में आये ग्राम सोईकला निवासी  गजानन्द पांचाल द्वारा वृद्धावस्था पेंशन दिये जाने की मांग के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए बुजुर्ग  पांचाल की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई तथा अवगत कराया गया कि अगले माह से पेंशन की राशि 600 रूपये बैंक खाते में माध्यम से मिलना शुरू हो जायेगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी मौजूद रहें।

विजयपुर में हुई जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजित

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में विजयपुर में जनसुनवाई कार्यक्रम संपन्न हुआ। जनपद पंचायत कार्यालय विजयपुर के सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनो के निराकरण की समय सीमा तय करते हुए निराकरण किये जाने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर एसडीएम  बीएस श्रीवास्तव, सीईओ जनपद अभिषेक त्रिवेदी, नायब तहसीलदार  नरेन्द्र जैन सहित विभिन्न विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

राजस्व महाअभियान-2″ राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए प्रदेश में चलेगा 45 दिन का विशेष अभियान: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

राजस्व अभिलेखों की त्रुटियों को किया जाएगा दुरुस्त
संभाग आयुक्त और जिला कलेक्टर करें सतत् निरीक्षण
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जाएगा पुरस्कृत
डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण एक अगस्त से 15 सितम्बर तक चलेगा
मुख्यमंत्री ने दिये मैदानी अफसरों को निर्देश
श्योपुर, 15 -7- 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राजस्व महा अभियान प्रथम चरण (जनवरी- मार्च 2024) की सफलता को देखते हुए राज्य शासन द्वारा राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और राजस्व अभिलेख त्रुटियों को ठीक करने के लिए राजस्व महाअभियान-2, 18 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा। अभियान के दौरान सभी संभाग आयुक्त और कलेक्टर अपने क्षेत्रों का निरंतर निरीक्षण करेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्व अधिकारियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य राजस्व न्यायालय में समय सीमा पर लंबित प्रकरणों का निराकरण, नए राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पर दर्ज कराना, नक्शे पर तरमीम, पीएम किसान योजना सभी पात्र किसानों को लाभ देना, समग्र का आधार ई-केवाईसी और खसरे की समग्र/ आधार से लिंकिंग एवं फार्मर रजिस्ट्री का क्रियान्वन है। डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण एक अगस्त से 15 सितम्बर तक होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर राजस्व महाअभियान के संचालन संबंधित जानकारी ली। बैठक में राजस्व मंत्री  करण सिंह वर्मा, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय  संजय कुमार शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सभी संभागायुक्त एवं जिला कलेक्टर्स बैठक में वर्चुअली शामिल हुए।

पटवारी ई-डायरी बनायें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पटवारी डायरी डिजिटल की जाए। मेन्युअल डायरी प्रथा समाप्त की जाए। पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ के लंबित प्रकरणों में ई-केवाईसी करें। अच्छा वातावरण निर्मित करें। गौ-शालाओं की क्षमता अनुसार गौ-वंश रखें, वे सड़कों पर न दिखें। राज्य सरकार द्वारा गौ-शालाओं को दिया जाने वाले अनुदान को दोगुना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध रेत उत्खनन पर कार्यवाही हो।

पटवारी रहें मुख्यालय पर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पटवारी मुख्यालय पर रहें, दक्षता के साथ कलेक्टर कार्यवाही करें। अभियान की हर दिन समीक्षा की जाए, साफ-सुथरा कार्य हो, अच्छा कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। गलती होने पर माफ नहीं किया जाएगा। कमिश्नर अपना 45 दिन का दौरा कार्यक्रम बनाएं, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी। अभियान में नक्शा दुरुस्तीकरण का कार्य अच्छा हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रमुख सचिव को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना का लाभ दिए जाना सुनिश्चित किया जाए, परंतु इस बात का ध्यान रखा जाए कि इसका दुरुपयोग न हो। नदियों में रेत का अवैध उत्खनन सख्ती से रोका जाए। बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार का पूरा प्रबंधन किया जाए।

प्रदेश में 15 जनवरी से 31 मार्च तक चलाए गए राजस्व महाअभियान-01 में 30 लाख से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस महाअभियान में सभी जिलों में अच्छा काम हुआ। महाअभियान में राजस्व प्रकरणों के निराकरण प्रतिशत के हिसाब से पांढुर्ना प्रथम, बुरहानपुर, द्वितीय, खण्डवा तृतीय स्थान पर है जबकि हरदा दसवें स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल, सिंगरौली, मुरैना, उमरिया द्वितीय चरण में अच्छा कार्य करें, कोई शिकायत नहीं आए। विवादित प्रकरणों पर ठोस कार्यवाही की जाए। समग्र का आधार से सत्यापन करना जरूरी है।

राजस्व महाअभियान-01 की उपब्धियां

राजस्व महाअभियान-01 के दौरान प्रदेश में नामांतरण मद में कुल 3 लाख 23 हजार 016 प्रकरणों का निराकरण, बंटवारा 40 हजार 414 प्ररकण का निपटारा, सीमांकन मद 43 हजार 189 प्रकरणों का निपटारा, अभिलेख दुरुस्ती मद 27 हजार 373 प्रकारणों का निपटारा, नकशा तरमीम मद में 26 लाख 14 हजार 263 प्रकरणों सहित कुल 30 लाख 48 हजार 255 प्रकरणों का निपटारा किया गया है। जिलेवार स्थिति इस तरह है:- पांढुर्णा कुल लंबित 268545 प्रकरणों में से 1लाख 13 हजार 396 निराकृत हुए, बुरहानपुर में 2 लाख 55 हजार 487 लंबित प्रकरण 9 हजार 93 निराकृत, खण्डवा 5 लाख 30 हजार 42 लंबित, निराकृत एक लाख 68 हजार 549 हुए, झाबुआ 4 लाख 48 हजार 985 लंबित एक लाख 46 हजार 405 निराकृत, विदिशा 9 लाख एक हजार 928 लंबित 2 लाख 49 हजार 194 निराकृत, सीहोर 10 लाख 61 हजार 473 लंबित 3 लाख दस हजार 651 निराकृत, रायसेन 8 लाख 7 हजार 423 निराकृत, निवाड़ी 3 लाख 51 हजार, लंबित 77 हजार 806 निराकृत, शिवपुरी 14 लाख 38 हजार 239 लंबित 3 लाख 26 हजार 957 निराकृत, हरदा 4 लाख 9 हजार 446 प्रकरण लंबित 81 हजार 327 निराकृत प्रकरण शामिल हैं।

वीसी के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड, अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी, एसडीएम श्योपुर  मनोज गढवाल, कराहल  उदयवीर सिंह सिकरवार, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन,  वायएस तोमर सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं भू-अभिलेख के अधिकारी उपस्थित थे

जिला एवं सत्र न्यायालय में ई-सेवा केन्द्र का शुभारंभ पक्षकारो को मिलेगी ऑनलाइन सुविधा

श्योपुर, 15 -7- 2024
माननीय उच्च न्यायालय मप्र जबलपुर के निर्देशन में प्रधान जिला न्यायाधीश श्री राकेश कुमार गुप्त द्वारा जिला एवं सत्र न्यायालय में आज फीता काटकर ई-सेवा केन्द्र का शुभारंभ किया गया।


प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश कुमार गुप्त ने ई-सेवा केन्द्र का शुभारंभ करते हुए कहा कि इससे पक्षकारो को ऑनलाइन सुविधाएं प्राप्त होगी। इसके माध्यम से केस की स्थिति जान सकेंगे, साथ ही आदेश और निर्णयो की कॉपी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा प्रमाणित प्रतिलिपियां भी प्राप्त की जा सकेगी। ई-फाइलिंग की सुविधा उपलब्ध होगी तथा ऑनलाइन कोर्ट फीस भी ई-सेवा केन्द्र के माध्यम से जमा की जा सकेगी। जेल में बंद बंदियो से परिजनो की मुलाकात के लिए ई-मुलाकात की सुविधा भी प्राप्त होगी।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश कुमार गुप्त द्वारा फीता काटकर तथा शिला पट्टिका का अनावरण कर ई-सेवा केन्द्र का शुभारंभ किया गया तथा सभी अतिथियों द्वारा ई-सेवा केन्द्र का अवलोकन किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड, जिला रजिस्टार  मनदीप कौर सेहमी, पुलिस अधीक्षक  अभिषेक आंनद, जेएमएफसी सुश्री रिचा भट्ट, बार एसोसिऐशन के अध्यक्ष  ललित मुदगल सहित अन्य अभिभाषकगण उपस्थित थे।

संकल्प ले, मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी-सांसद श्री तोमर पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के शुभारंभ अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण

सांसद देगे 10 लाख, नपा अध्यक्ष ने कहा प्रतिमा लगाने में करेंगे सहयोग
श्योपुर, 14 -7- 2024
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री  अमित शाह के मुख्य अतिथ्य एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता मंे अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय इंदौर के प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के सभी 55 जिलो में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज की शुरूआत की गई। इस अवसर पर शासकीय पीजी कॉलेज (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस) श्योपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उक्त राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बडी एलईडी के माध्यम से किया गया। इसके साथ ही जिले के विभिन्न कॉलेजो में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण संपन्न हुआ तथा इस कार्यक्रम से महाविद्यालयीन शिक्षक एवं विद्यार्थी तथा अन्य नागरिक जुडे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद  शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि विद्यार्थी संकल्प के साथ पढाई करें, उसी दिशा में डटकर मेहनत करें, एक दिन सफलता जरूर मिलती है। उन्होने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में रोजगारोन्मुखी शैक्षणिक गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिसे मध्यप्रदेश ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में आत्मसात करते हुए लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में आज हर जिले में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज की शुरूआत की जा रही है। इन कॉलेजो के माध्यम से रोजगारमूलक कोर्स शुरू किये जाकर विद्यार्थियों को स्कील डवलपमंट बेस्ड शिक्षा उपलब्ध कराई जायेगी। विद्यार्थियों को आने-जाने के लिए बस सेवा भी शुरू की जा रही है। इस अवसर पर उन्होने जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों की मांग पर कॉलेज के विकास कार्य एवं छात्रो की बुनियादी सुविधाओं के लिए 10 लाख रूपये सांसद निधि से दिये जाने की घोषणा भी की।
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग ने अपने उद्बोधन में कहा कि पीएम एक्सीलेंस कॉलेज आधुनिक शिक्षा के साथ ही भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान पर आधारित उत्कृष्ट शिक्षा केन्द्र के रूप में विकसित होगे। इस अवसर पर उन्होने कहा कि कॉलेज परिसर में युवाओ के प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानन्द जी की प्रतिमा लगाने के कार्य में नगरपालिका की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया जायेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष  मनोज सर्राफ ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कॉलेज में किये गये विकास कार्यो के संबंध में जानकारी देते हुए आगे की रणनीति के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्य डॉ विपिन बिहारी शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के रूप में अपग्रेड होने पर श्योपुर महाविद्यालय में तीन नवीन संकाय संस्कृत, बायो टेक्नोलॉजी एवं कम्प्युटर सांइस शुरू होगी। आगामी समय में बीएड कोर्स भी चालू किया जायेगा। विद्यार्थियों को एआई एवं एविएशन के कोर्स संचालित होगे। उन्होने बताया कि आज से श्योपुर से दांतरदा के लिए स्कूल बस सेवा शुरू की जा रही है। जिसमें विद्यार्थियों से 30 रूपये मासिक नाम मात्र का शुल्क लिया जायेगा।

एक पेड मॉ के नाम अभियान अंतर्गत पौधरोपण
पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के शुभारंभ अवसर पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर सहित सभी अतिथियों द्वारा एक पेड मॉ के नाम अभियान अंतर्गत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में 10 पौधे लगाये गये। इसके उपरांत अतिथियों द्वारा कॉलेज के स्थापित हिन्दी ग्रंथ अकादमी तथा भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ का शुभारंभ भी किया गया।
स्कूल बस का शुभारंभ
पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के शुभारंभ अवसर पर सांसद  तोमर एवं अन्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के लिए स्कूल बस सेवा का शुभारंभ भी किया गया तथा बस को दांतरदा के लिए रवाना किया गया। उल्लेखनीय है कि पीएम एक्सीलेंस कॉलेज अंतर्गत श्योपुर महाविद्यालय द्वारा श्योपुर से दांतरदा रूट तक विद्यार्थियो के लिए बस सेवा शुरू की गई है, जो प्रतिदिन इस रूट के ग्रामों में निवासरत विद्यार्थियों को प्रतिदिन कॉलेज लेकर आयेगे तथा वापस अपने स्थान तक छोडेगी।

जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड, पूर्व विधायक  बृजराज सिंह चौहान,  दुर्गालाल विजय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  नीरज जाट, नगरपालिका उपाध्यक्ष  संजय महाना, भाजपा जिला महामंत्री  शंशाक भूषण, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती सरोज तोमर, जनभागीदारी समिति के सदस्य  दिनेश दुबोलिया,  पूरण आर्य,  कौशल शर्मा,  श्याम सिंह भूरवाडा, विकास बंसल आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर पूजन अर्चन एवं दीप प्रज्जवलन कर राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके साथ ही अतिथियों द्वारा स्थानीय स्तर पर औपचारिक रूप से फीता काटकर पीएम एक्सीलेंस कॉलेज का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के अंत में सांसद श्री तोमर को जन भागीदारी समिति की ओर से स्मृति चिन्ह भी भेट किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भागवत कथा में हुए शामिल , कैबीनेट मंत्री रावत के यहां श्रीमद भागवत कथा का हो रहा आयोजन में सी एम बोले मध्य प्रदेश में जहां जहां भगवान राम व श्रीकृष्ण के चरण पड़े उस भूमि पर तीर्थ स्थापित होंगे

 

श्योपुर 13 -7- 2024

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज श्योपुर जिले के विजयपुर विकासखण्ड मुख्यालय पहुंचे तथा कैबीनेट मंत्री  रामनिवास रावत के यहां गत 7 जुलाई से जारी श्रीमद भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ में शामिल हुए। कथा श्रवण से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा कथा व्यास विश्व विख्यात भागवत भास्कर श्रद्धेय  कृष्ण चन्द्र शास्त्री (ठाकुर जी) महाराज का माल्यार्पण कर स्वागत किया एवं महाराज श्री से आर्शीवाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कैबीनेट मंत्री  रामनिवास रावत के यहां जारी भागवत कथा के आयोजन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान कैबीनेट मंत्री  रावत द्वारा उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। साथ ही भगवान  कृष्ण की तस्वीर भेंट की गई। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, लगभग आधा घंटा कथा पांडाल में उपस्थित रहकर श्रद्धेय श्री कृष्ण चन्द्र शास्त्री जी महाराज के मुखारबिंद से जारी कथा का श्रवण किया गया।
उल्लेखनीय है कि कैबीनेट मंत्री  रामनिवास रावत द्वारा सुनवई रोड स्थित श्री गणेश महाविद्यालय परिसर में संगीतमय श्रीमद भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। गत 7 जुलाई को शोभा यात्रा (कलश यात्रा) के साथ शुरू हुई भागवत कथा के अंतिम दिन आज 13 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कथा श्रवण के लिए पहुंचे। श्रीमद भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का समापन 14 जुलाई को पूर्णाहुति एवं प्रसाद भण्डारा के साथ होगा।
इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री  हितानन्द शर्मा, संसाद  शिवमंगल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने विजयपुर तहसील में आयोजित भागवत कथा में आज स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री  रामनिवास रावत की मांग पर 15 ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को स्वीकृति प्रदान की । उसी के साथ दो लघु सिंचाई परियोजना को भी स्वीकृत किया है ।

मुख्यमंत्री ने कहा की मध्य प्रदेश में जहां जहां भगवान राम व श्रीकृष्ण के चरण पड़े उस भूमि पर तीर्थ स्थापित होंगे ।
यह बात उन्होने श्योपुर जिले के विजयपुर तहसील में भागवत कथा के समय सम्बोधित करते कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सनातन धर्म को मानने वाले लोग हैं । हमारी सरकार धर्म के अनुसार ही सारे काम करती हैं। हम तो धर्म के मार्ग पर ही चलेंगे।
रामकृष्ण की इस पावन भूमि पर हम उनके सभी पद चिन्हों पर तीर्थ बनाएंगे । कृष्ण जी जहां जहां गये हैं और जहां-जहां मर्यादा भगवान पुरुषोत्तम श्रीराम की पावन भूमि चित्रकूट में भी समस्त धाम बनाए जाएंगे तथा रामपथ गमन के समस्त स्थान को तीर्थ के रूप में स्थापित करेंगे ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कृष्ण ने अपने जीवन में जन्म के पूर्व से लेकर अपने जीवन तक जो आदर्श स्थापित किये है , वह हमारे लिए मार्गदर्शक है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की गोपाल नाम भी उनका गोपालन से पड़ा है और आज हम सब भी गोपाल ही हैं। मध्य प्रदेश की 8:30 करोड जनता गोपाल ही है, क्योंकि हम सब गायें पालते हैं। उसका संरक्षण करते हैं, हमारी सरकार ने निश्चय किया है कि कांजी हाउस जैसी व्यवस्था को खत्म करेंगे और हर जिले में बड़ी गौशालाएं बनाएंगे। गौमाता में 33 करोड़ देवी- देवता बसते हैं और उनके संरक्षण, उनके आशीर्वाद के लिए हम उनको बेहतर व्यवस्थाएं देंगे।

प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी विश्व में भी सनातन को स्थापित कर रहे हैं और विदेश से आने वाले विशिष्ट अतिथि और राजनायक तथा अतिथियों को गीता भेंट करते हैं। अंत में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भगवत कथा के समापन अवसर पर मंगल आरती भी की गई।

इसके पूर्व केबिनेट मंत्री रामनिवास रावत द्वारा अंतरष्ट्रीय कथा व्यास महाराज जी श्री कृष्ण चन्द शास्त्री जी के चरणो में नमन करते हुए स्वागत भाषण दिया तथा मंत्री बनाये जाने के लिए आभार व्यक्त किया गया

15 सड़को की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा टर्रा खुर्द से भूत कच्छा, चिमलवानी से पटपडा, सहसराम से सिंगोई, गोहर रोड से गुंजनपुरा, गोहटा-कठोन से बाथेर रोड, बिनेगा से नेहरखेड़ा, महुआ मार से प्रभुपुरा, बरौली से रीझेटा, गोहटा से खुर्दबरा, दुवावली से जमुदी, गोहटा से अनिदा सहित 15 सड़क मार्गो के ननिर्माण की मंजूरी दी गई।

दो सिचाई परियोजनाओं को भी मंजूरी

डॉ मोहन यादव द्वारा केबिनेट मंत्री  रावत की मांग पर दो सिचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिसके तहत डोकर का बांध एवं लोड़ी का बांध निर्माण कराए जाने की घोषणा की गई।