Saturday, February 14, 2026
Home Blog Page 68

निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बेची तो होगी कार्यवाही शराब दुकानों पर रेट लिस्ट लगाने के निर्देश

श्योपुर, 27 जनवरी 2025
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर शराब का विक्रय करने वाली मदिरा दुकानों के लाईसेंस निंलबित अथवा निरस्त करने की कार्यवाही करने के निर्देश जारी किये गये है। इसके साथ ही सभी शराब दुकानों पर रेट लिस्ट लगाये जाने के लिए भी निर्देशित किया गया है
कलेक्टर द्वारा जारी किये गये निर्देशो के अनुसार मदिरा का विक्रय निर्धारित अधिकतम विक्रय मूल्य से अधिक दर पर किये जाने एवं दुकानो पर शराब के दाम की सूची प्रदर्शित नही किये जाने संबंधी सूचनाओं पर सभी लाईसेंसधारी मदिरा दुकान संचालको को निर्देशित किया गया है कि वे लाईसेंस शर्तो का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा लाईसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण की कार्यवाही की जायेगी। निर्देशो के अनुसार शराब दुकानों से मदिरा का विक्रय निर्धारित विक्रय मूल्य से कम एवं अधिकतम विक्रय मूल्य से अधिक मूल्य पर नही किया जा सकता है। इसी प्रकार मदिरा दुकानों पर मदिरा की विक्रय दरो का प्रदर्शन किया जाना है

इस संबंध में निर्देश जारी किये गये है कि सभी शराब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करेंगे तथा निर्धारित मूल्य पर शराब का विक्रय करेंगे। इसका उल्लघंन पाये जाने पर धारा 31 के तहत लाईसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्यवाही की जायेगी।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने किया गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में झंडा वंदन मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया, परेड की सलामी ली

श्योपुर, 26 जनवरी 2025
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री तथा श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने गणतंत्र दिवस-26 जनवरी 2025 के अवसर पर जिला मुख्यालय श्योपुर स्थित वीर सावरकर स्टेडियम परिसर पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया किया। इस अवसर पर राष्ट्रगान हुआ एवं शांति के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोडे़। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के साथ परेड का निरीक्षण किया तथा परेड की सलामी ली।

जिला स्तरीय मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का वाचन किया। इसके बाद संयुक्त परेड ने तीन बार हर्ष फायर किये। साथ ही राष्ट्रगान की ध्वनि प्रदर्शित की एवं राष्ट्रपति जी के जय के नारे लगाए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के साथ परेड कमांण्डर रक्षित निरीक्षक अखिलेश शर्मा, टूआईसी एसआई सुबेदार अनिल बाथम, एसएएफ के दल नायक पूरण सिंह, जिला पुलिस बल (पुरूष) की दल नायक सुश्री रीना राजावत, जिला पुलिस बल (महिला) की दल नायक सुश्री अर्चना धाकड, नगर सेना के प्लाटून कमांडर राहुल शर्मा, कूनो वन मंडल के दल नायक महावीर प्रसाद, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर के एनसीसी दल नायक अंकित सिंह दौहरे, जवाहर नवोदय विद्यालय एनसीसी बालक दल नायक विकास जाटव, जवाहर नवोदय विद्यालय एनसीसी बालिका दल नायिका सुश्री भूमि बरोदिया, शौर्यादल नायिका सुश्री रचना पटेलिया, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय श्योपुर के शिवाजी स्काउट दल नायक सूरज कुशवाह, शासकीय श्री हजारेश्वर उमावि श्योपुर के रेडक्रॉस दल नायिका सुश्री रजनी बैरवा, पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय दल नायक श्री त्रिवेद सिकरवार, अशासकीय सेंट पायस स्कूल श्योपुर दल नायिका सुश्री दिया राजपूत एवं बैंड दल नायक श्री अंकित जाटव से परिचय प्राप्त किया।
मुख्य समारोह में स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, नगरपालिका श्योपुर, लोक स्वास्थ्य यात्रिंकी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला पंचायत, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, सिंचाई विभाग, एनआरएलएम, पशुपालन विभाग, कौशल उन्नयन आईटीआई द्वारा स्वर्णिम भारत विकास की झलक एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रदर्शित करते हुए आकर्षक झांकिया प्रस्तुत की गई।


वीर सावरकर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय, अशासकीय सेंट पायस स्कूल, सीएम राईज विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट उमावि श्योपुर एवं अशासकीय मॉर्डन कॉन्वेट स्कूल श्योपुर के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्तिपूर्ण गीतों पर मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती दी गई।
गणंतत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला द्वारा इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित लोकतंत्र सेनानी रामप्रसाद पारेता, श्रीमती कृष्णा वर्मा सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्री उदयभान सिंह चौहान, स्व. श्री रामजानकी दास मित्तल, स्व. श्री केदारनाथ वैश्य, स्व. श्री चिरोंजीलाल गोयल (नाना), स्व श्री बली मोहम्मद कुरैशी, स्व. श्री मांगीलाल चौहान, स्व. श्री प्रकाशभानू चौहान, स्व. श्री बद्रीप्रसाद स्वर्णकार, स्व. श्री रामगोपाल नागौरी, स्व. श्री भोलानाथ भार्गव, एवं स्व. श्री रहमतुल्ला गौरी के परिजनो को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला द्वारा परेड के सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए एसएएफ एवं द्वितीय स्थान के लिए जिला पुलिस बल (महिला) के दल को शील्ड एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय श्योपुर के एनसीसी दल एवं जवाहर नवोदय विद्यालय एनसीसी बालिका दल को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान के लिए, जवाहर नवोदय विद्यालय एनसीसी बालक दल को द्वितीय स्थान के लिए तथा शौर्यादल को तृतीय स्थान के लिए शील्ड एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान किये गये।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान पर रहे अशासकीय मॉर्डन कॉन्वेट स्कूल श्योपुर, द्वितीय स्थान पर रहें शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्योपुर एवं तृतीय स्थान पर रहें अशासकीय सेंट पायस स्कूल श्योपुर को भी शील्ड एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान किये गये। विभागों द्वारा प्रस्तुत झांकियों में प्रथम स्थान के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, द्वितीय स्थान के लिए जिला पंचायत तथा तृतीय स्थान के लिए एनआरएलएम की झांकी को शील्ड एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान किये गये।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहें उपस्थित
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के दौरान सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा)  तुरसनपाल बरैया, सहरिया विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा) एवं पूर्व विधायक श्री सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, विधायक श्योपुर बाबू जण्डेल, विधायक विजयपुर मुकेश मल्होत्रा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, जनपद अध्यक्ष श्योपुर श्रीमती रीना मीणा, पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, भाजपा जिला अध्यक्ष शंशाक भूषण, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष  सुरेन्द्र जाट, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्यगण  कैलाश नारायण गुप्ता एवं अशोक गर्ग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  नीरज जाट, भाजपा जिला महामंत्री  गिरधारी बैरवा, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष पूरण आर्य, श्रीमती उमा शर्मा, श्रीमती नेहा कुलश्रेष्ठ, सिराज दाउदी, श्रीमती कल्पना राठौर, श्रीमती रमा वैष्णव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, पत्रकार, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बडी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
गणतंत्र दिवस समारोह में अधिकारी रहे उपस्थित
इसके अलावा गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में प्रभारी प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश मा.  श्री लीलाधर सोंलकी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी  परवेज आलम, डीएफओं सामान्य करण सिंह रंधा, सीईओ जिला पंचायत  अतेन्द्र सिंह गुर्जर, एडिशनल एसपी  सतेन्द्र सिंह तोमर, एसडीएम  मनोज गढवाल, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन,  वायएस तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन सहायक जनसंपर्क अधिकारी सुश्री अवंतिका श्रीवास्तव एवं व्याख्याता  सुशील दुबे द्वारा किया गया।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री ने किया बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्योपुर में विद्यार्थियों को साथ मध्यान्ह भोजन किया तथा कन्या विद्यालय की छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उन्हें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी एवं ग्रुप फोटो सेशन किया गया।
हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस
जिला मुख्यालय के साथ-साथ गणतंत्र दिवस जिलेभर में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया, विभिन्न शासकीय कार्यालयों पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा झंडा वंदन किया गया। जिला सत्र न्यायालय में प्रभारी प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश मा. लीलाधर सोलंकी द्वारा, कलेक्टर कार्यालय एवं निवास पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा, जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी द्वारा, गांधी पार्क श्योपुर पर स्थानीय विधायक बाबू जण्डेल द्वारा, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन द्वारा पुलिस लाईन श्योपुर में, नगरपालिका श्योपुर में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग द्वारा, अनुभाग कार्यालय विजयपुर पर एसडीएम अभिषेक त्रिवेदी द्वारा, एसडीएम कार्यालय कराहल में एसडीएम बीएस श्रीवास्तव द्वारा, उत्कृष्ट विद्यालय कराहल में आयोजित सामुहिक कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती अंजु महेन्द्र जादौन द्वारा, नगर परिषद बडौदा में अध्यक्ष श्रीमती भरोसी बाई सुमन द्वारा, नगर परिषद विजयपुर एवं गांधी चौक पर अध्यक्ष कमलेश कुशवाह द्वारा, जनपद श्योपुर में अध्यक्ष श्रीमती रीना मीणा द्वारा, प्रहलादपुरा प्रागंण विजयपुर में जनपद अध्यक्ष बदन सिंह रावत द्वारा झंडा वंदन किया गया। इसके अलावा विभिन्न शासकीय कार्यालयों, संस्थाओं, विद्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया।

नवीन वायपास पर कब्जे की नीयत से की गई मार्किग को हटाया एफआईआर भी कराई जायेगी

श्योपुर, 25 जनवरी 2025
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा निर्माणाधीन नवीन वायपास पर कब्जा करने की नीयत से पत्थरो के माध्यम से की गई मार्किग को हटवाने की कार्यवाही की गई है, साथ ही इस मामले में एफआईआर कराये जाने के निर्देश भी दिये गये है।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि उनके संज्ञान में आया था कि कुछ बाहरी लोगों द्वारा नवीन बायपास रोड पर रिक्त पडी भूमि पर कब्जे की नीयत से पत्थरो से मार्किग कर ली गई थी। यह मामला संज्ञान में आने पर एसडीएम मनोज गढवाल को मौके पर भेजा गया, जिनके द्वारा बताया गया कि भूमि राजस्व की न होकर वन विभाग की है। सामान्य वन विभाग के डीएफओ केएस रंधा भी मौके पर पहुंचे तथा वन भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने की नीयत से रखे गये पत्थरों को हटाने की कार्यवाही की गई है।
एसडीएम मनोज गढवाल ने बताया कि कब्जा करने वाले ढेगदा के न होकर अन्यत्र स्थान के है, जिनके बारे में अभी पता नही चला है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने इस मामले में कहा है कि अवैध रूप से कब्जा करने वालो के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

गणतंत्र दिवस आज, समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण वीर सावरकर स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला फहरायेगे राष्ट्रीय ध्वज

श्योपुर, 25 जनवरी 2025
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह वीर सावरकर स्टेडियम में आयोजित होगा। समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। समारोह में मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला प्रातः 09 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा आज अधिकारियों के साथ स्टेडियम में विभिन्न व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का जायजा लिया गया। 
कलेक्टर  किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि मुख्य समारोह में प्रातः 09 बजे मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान उपरांत मध्यप्रदेश गान होगा। प्रातः 9.10 बजे मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला द्वारा परेड का निरीक्षण किया जायेगा। प्रातः 9.20 बजे से मा. मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन होगा। इसके उपरांत मुख्य अतिथि शुक्ला द्वारा शांति के प्रतीक गुब्बारे आसमान में छोडे जायेगे। प्रातः 9.40 बजे सशस्त्र पुलिस बल, पुलिस बल, होमगार्ड, फॉरेस्ट, एनसीसी आदि के दलो द्वारा मार्चपास्ट किया जायेगा तथा मुख्य अतिथि परेड की सलामी लेगे तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों एवं भूतपूर्व सैनिको का सम्मान होगा। प्रातः 10 बजे से विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया जायेगा। इसके उपरांत प्रातः 10.30 बजे से 11.10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती होगी। पुरस्कार वितरण के साथ समारोह का समापन संपन्न होगा।
कन्या विद्यालय में होगा मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम
गणंतत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला समारोह के उपरांत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्योपुर में आयोजित मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल होगे तथा स्कूली बच्चों के साथ भोजन करेंगे।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर, एसडीएम  मनोज गढवाल, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन, तहसीलदार अर्जुन सिंह भदौरिया, सीएमओ राधेरमण यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला फहरायेगे राष्ट्रीय ध्वज परेड की फाइनल रिहर्सल आयोजित, एसपी ने किया अवलोकन

श्योपुर, 24 जनवरी 2025
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह वीर सावरकर स्टेडियम में आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला प्रातः 09 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, अपर कलेक्टर अतेन्द्र सिंह गुर्जर की उपस्थिति में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की फायनल रिहर्सल की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर राष्ट्रीय ध्वज फहराने, परेड की सलामी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि की रिहर्सल की गई तथा मुख्य समारोह की तैयारियों एवं विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि मुख्य समारोह में प्रातः 09 बजे मुख्य अतिथि नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला राष्ट्रीय ध्वज फहरायेगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सलामी एवं राष्ट्रधुन होगी तथा मध्यप्रदेश गान होगा। तत्पश्चात मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन होगा। तत्पश्चात् गणतंत्र दिवस परेड एवं मार्च पास्ट का आयोजन होगा। समारोह में विभिन्न विभागों की चलित झांकियों का प्रदर्शन भी होगा। कार्यक्रम के अंत में पुरस्कारों का वितरण होगा। इस अवसर पर एडिशनल एसपी सतेन्द्र सिंह तोमर, एसडीएम मनोज गढवाल, सीएमओ नगरपालिका  राधेरमण यादव, तहसीलदार अर्जुन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

रोडवेज बस पर पथराव तो चालक ने अपनी जान बचाने के लिए मोटर साइकिल चालक को चलती बस में 2 किलोमीटर तक लटका के रखा

श्योपुर बांरा स्टेट हाइवे अजापूरा पर अजीब घटना।


बस में सीट नहीं देने कि बात पर हुआ विवाद तो आक्रोश जनता ने बस पर किया पथराव।

महिला परिजन का आरोप है कि महिला को कन्डेक्टर ने रस्ते में उतारा था।
महिला परिजन ने अजापूरा गांव पर बस रोकने के लिए मोटर साइकिल को रोड पर किया खड़ा तो बस चालक ड्राइवर ने मोटर साइकिल को टक्कर मारकर ओर मोटर साइकिल चालक को चलती बस में 2 किलोमीटर तक कांच के लटकाकर ले गया था।

बड़ौदा पुलिस ने रोडवेज बस ड्राइवर और मोटर साइकिल वाले को हिरासत में ले लिया है ओर बस कन्डेक्टर मौके से फरार हो गया है ओर पुलिस पूरे मामले कि जांच कर रही है।

पीएम जनमन अंतर्गत दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित

श्योपुर, 21 जनवरी 2025
प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत पर संबंधित जिलो के कलेक्टर्स का एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन दिल्ली में संपन्न हुआ। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, जनजातीय कार्य मंत्रालय के सचिव विभु नायर, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव अनिल मलिक, ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश कुमार, देश भर के विभिन्न जिलों के कलेक्टर और अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारी उपस्थित थे।
सम्मेलन का उद्देश्य प्रतिभागियों के बीच सीखने और पारस्परिक सीखने के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) समुदायों को व्यापक सुविधाएं प्रदान करने और उन्हें संतृप्त करने में अंतराल की पहचान करना है। सम्मेलन में देशभर की 75 जनजातीय समूहों के अधोसंरचनात्मक विकास, बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका के दृष्टिगत रखकर पीएम जनमन अंतर्गत किये जा रहे कार्यो पर विभिन्न सत्र आयोजित किये गये। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण  लालजीराम मीणा द्वारा उक्त सम्मेलन में सहभागिता की गई।

स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर चलकर युवा करें राष्ट्रकल्याण- भूषण पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय व्याख्यान माला का आयोजन

श्योपुर, 19 जनवरी 2025
शहर के पाली रोड स्थित पीजी कॉलेज श्योपुर में रविवार को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्योपुर के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जयंती पखवाड़े के क्रम में आयोजित व्याख्यानमाला को मुख्य अतिथि भाजपा के नवागत जिला अध्यक्ष श्री शंशाक भूषण ने संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को पूरे मनोयोग से कार्य करने की आवश्यकता है, जिस प्रकार स्वामी विवेकानंद जी ने संकल्पवान व्यक्तित्व के बल पर पूरे विश्व में भारत की धर्म ध्वजा लहराई ऐसे ही युवाओं को भी उनके पदचिन्हों पर चलकर राष्ट्र कल्याण की भावना से आगे बढ़ना चाहिए। इन विचारों से ही आज का युवा वर्ग अपने जीवन को आध्यात्मिक, सामाजिक, धार्मिकता के आधार पर अपने आने वाले भविष्य को सुरक्षित कर सकेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। व्याख्यानमाला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के नवागत जिलाध्यक्ष श्री शशांक भूषण मौजूद रहे तो वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी आदित्य सिंह चौहान ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में गायत्री परिवार के संयोजक  चौथमल शर्मा, हार्टफुलनेस मास्टर ट्रेनर  रामप्रसाद पारेता, ब्रह्माकुमारी बहन सुश्री राजकुमारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष श्री मोनू सोनी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष  संजय मंगल,  सुधाकर पचौरी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए  आदित्य चौहान ने कहा कि आज भारत में जोड़ने वाली प्रवृत्ति का विकास करना चाहिए। चौहान ने इस दौरान भारत जोड़ो गीत के साथ युवाओं में जोश भरने का काम किया। इसके साथ ही कार्यक्रम में रामप्रसाद पारेता, संजय मंगल आदि ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में स्वागत भाषण जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह द्वारा दिया गया वहीं कार्यक्रम का संचालन  गिर्राज शर्मा एवं आभार परामर्शदाता  विप्लव शर्मा ने प्रकट किया। इस दौरान कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नीतू सिंह गौतम, श्रीमती शाहीन परवीन, मेंटर  विवेक सिंह,  सुमिंदर कौर, नवांकुर प्रतिनिधि  भास्कर टकसाली,  राजेश मीणा,  दिनेश मीणा,  कल्याण मारू,  लक्ष्मण सिंह जादौन,  राजबहादुर मारू,  महावीर जाट सहित बडी संख्या में मुख्यमंत्री सामुायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के विद्यार्थी एवं नवांकुर और प्रस्फुटन समितियों के सदस्य मौजूद रहे।

तीन नए आपराधिक कानून वर्तमान समय की आवश्यकता और चुनौतियों के अनुरूप -मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 

भारतीय न्याय प्रणाली को औपनिवेशिक मानसिकता से निकालकर अधिक लोकतांत्रिक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है उनका क्रियान्वयन
देश में लागू होने के साथ ही जुलाई 2024 से प्रदेश में क्रियान्वित हैं नए कानून
पाँच आयामी रणनीति से लागू हो रहे हैं कानून
जनजागरण, प्रशिक्षण, तकनीकी उन्नयन, भौतिक संसाधन उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता
केन्द्र सरकार ने की भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार की सराहना
श्योपुर, 19 जनवरी 2025
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिबद्धता के परिणाम स्वरूप देश में तीन नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन जा रहा है। वर्तमान समय की आवश्यकता और चुनौतियों को ध्यान में रखकर बनाए गए यह कानून, भारतीय न्याय प्रणाली को औपनिवेशिक मानसिकता से निकालकर अधिक लोकतांत्रिक बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। राज्य सरकार इन कानूनों को प्रदेश में शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। देश में जुलाई 2024 से नए कानूनों का क्रियान्वयन आरंभ हुआ। यह कानून, क्रियान्वयन के साथ ही प्रदेश में प्रभावी हों, इस उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा आवश्यक गतिविधियों का संचालन पहले से ही आरंभ कर दिया गया था। जन-जन को नए कानूनों की जानकारी देने और थाना स्तर तक उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए पांच आयामी रणनीति पर कार्य किया गया। जन-जागरूकता, प्रशिक्षण, व्यवस्था और तकनीकी उन्नयन, उपकरण और भौतिक संसाधन, नवीन पदों का सृजन और राज्य स्तर से नियम और अधिसूचनाएं जारी करने के लिए समय-सीमा निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से उनकी प्रगति सुनिश्चित की गई। केन्द्र सरकार ने तीनों नए आपराधिक कानूनों, क्रमशरू भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार की सराहना की है।
नए कानूनों में साइबर अपराध, डाटा चोरी और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे अपराधों के लिए हैं प्रभावी प्रावधान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नए कानूनों में साइबर अपराध, डाटा चोरी और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे नए युग के अपराधों को परिभाषित करते हुए उनके लिए कठोर सजा का प्रावधान किया गया है। यह कानून, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले मामलों की त्वरित सुनवाई और सख्त दंड सुनिश्चित करते हैं, इनमें बलात्कार जैसे अपराधों के लिए समयबद्ध जांच और सुनवाई के प्रावधान जोड़े गए हैं। नए कानूनों के माध्यम से डिजिटल तकनीक और प्रक्रियाओं के सरलीकरण के जरिए मामलों को तेजी से निपटाने का भी प्रयास किया गया है। वास्तविकता है कि पुराने कानून जटिल थे और जनता के लिए समझने में भी कठिन थे, परिणामस्वरुप न्याय प्रक्रिया लंबी हो जाती थी और पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिल पाता था। पीड़ित को तत्काल न्याय और दोषियों को दंड, अपराधियों में कानून का भय व्याप्त करने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर बनाने में सहायक होगा। इससे प्रदेश में निवेश, उद्योग और विकास गतिविधियों के विस्तार में भी सुविधा होगी।
पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों के वार्षिक कोर्स कैलेंडर में शामिल किया गया है नए कानूनों पर प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जन-सामान्य को राहत पहुंचाना, नए कानून लागू करने का मुख्य उद्देश्य है। अतः जन-सामान्य में कानून के प्रति जागरूकता के लिए पोस्टर प्रदर्शनी, ग्रुप डिस्कशन और लघु फिल्मों के माध्यम से विशेष अभियान चलाया गया। इसके साथ ही पुलिस, अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। अब तक 87 हजार से अधिक को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। प्रदेश की सभी पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों के वार्षिक कोर्स कैलेंडर में भी प्रशिक्षण को सम्मिलित किया गया है।
ई-एफ.आई.आर की सुविधा आमजन के लिए वरदान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जुलाई से दिसंबर 2024 के अंत तक एक लाख 40 हजार 235 प्रथम सूचना पंजीबद्ध की गई, 4110 प्रथम सूचना शून्य पर दर्ज हुई और 6577 ई-एफ.आई.आर. दर्ज हुई। नए कानूनों में की गई ई-एफ.आई.आर की सुविधा वर्तमान तकनीकी युग में आमजन के लिए वरदान है। व्यक्ति घर बैठे ही अपनी शिकायत पुलिस को लिखा सकते हैं। ई-सम्मन की व्यवस्था देश में लागू करने में मध्यप्रदेश अग्रणी रहा है। प्रदेश में यह व्यवस्था गत चार वर्ष से जारी है। कार्यकुशलता बढ़ने के साथ ही पुलिस कर्मियों के समय की भी बचत हो रही है। जुलाई 2024 से दिसम्बर 2024 के बीच कुल प्राप्त 5 लाख 73 हजार 776 सम्मन में से 3 लाख 40 हजार सम्मन की तामिली ऑनलाईन वॉट्स ऐप तथा ई-रक्षक के माध्यम से की गई। प्रदेश में क्रियान्वित एम.पी ई-रक्षक ऐप अपराधियों की जानकारी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने, वाहन सर्च और ऑनलाईन सम्मन तामीली में सहायक है।
भोपाल में हुआ ई-साक्ष्य ऐप विकसित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि ई-साक्ष्य ऐप का निर्माण भोपाल स्थित सेंट्रल एकेडमी फॉर पुलिस ट्रेनिंग में ही हुआ और उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस में इसका पायलट प्रोजेक्ट चलाया गया। अब यह पूरे भारत में एन.आई.सी. के, ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से लागू हो रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल में बन रहे नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी कैंपस के माध्यम से विधि विज्ञान और फोरेंसिक में प्रशिक्षित विद्यार्थियों का नवीन कानूनों के क्रियान्वयन में उपयोग करने में मदद मिलेगी।
नए कानून जनता की भागीदारी और उनके अधिकारों को देते हैं प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि नए कानूनों के प्रभावी रूप से क्रियान्वयन के लिए सम्पूर्ण व्यवस्था को तकनीकी रूप से उन्नत करने और अद्यतन उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य जारी है। पुलिस बल को टेबलेट उपलब्ध कराए जा रह हैं। थानों सहित संपूर्ण पुलिस इकाइयों की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के अद्यतन तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी जेलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा और क्यूबिकल उपलब्ध कराए गए हैं। ई-प्रिज़न डाटा, ई-प्रोसिक्यूशन, सात विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं, पाँच डीएनए प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षित विधि विज्ञान वैज्ञानिकों व अन्य तकनीकी सहायकों के माध्यम से नवीन आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य जारी है। नए कानून जनता की भागीदारी और उनके अधिकारों को प्राथमिकता देते हैं। इनमें अपराधी के सुधार और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया गया है।

समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन हेतु पंजीयन 20 जनवरी से 31 मार्च तक एम.पी. किसान एप के माध्यम से मोबाइल से घर बैठे कर सकेंगे पंजीयन

श्योपुर, 19 जनवरी 2025
रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये किसान पंजीयन प्रक्रिया का निर्धारण कर दिया गया है। किसान 20 जनवरी से 31 मार्च तक पंजीयन करा सकते हैं। किसान पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाया गया है। किसान स्वयं के मोबाईल से एम.पी. किसान एप के माध्यम से घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। इससे किसानों को पंजीयन केन्द्रों में लाईन लगाकर पंजीयन कराने की समस्या से मुक्ति मिलेगी। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिये गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2425 रुपये घोषित किया गया है। यह गत वर्ष से 150 रुपये अधिक है।
पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था श्योपुर जिले की 33 सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर रहेगी इसके साथ ही एम.पी. किसान एप के माध्यम से भी निशुल्क पंजीयन किया जा सकता है।
पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर की गई है। प्रति पंजीयन के लिये 50 रूपये से अधिक शुल्क नही लिया जायेगा। किसान पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज़ एवं किसान के आधार कार्ड एवं अन्य फोटो पहचान पत्रों का समुचित परीक्षण कर उनका रिकार्ड रखा जाना अनिवार्य होगा।
सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन सहकारी संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर उपलब्ध होगी। इस श्रेणी के शत-प्रतिशत किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा। पूर्व वर्षों की किसी अपात्र संस्था में केन्द्र प्रभारी एवं ऑपरेटर को किसी अन्य संस्था में पंजीयन के लिए नहीं रखा जायेगा।
किसान द्वारा समर्थन मूल्य पर विक्रय उपज का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किसान के आधार लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। किसान के आधार लिंक बैंक खाते में भुगतान करने में किसी कारण से समस्या उत्पन्न होने पर किसान द्वारा पंजीयन में उपलब्ध कराये गए बैंक खाते में भुगतान किया जा सकेगा। किसान पंजीयन के समय किसान को बैंक खाता नंबर और आईएफएससी कोड की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। अक्रियाशील बैंक खाते, संयुक्त बैंक खाते एवं फिनो, एयरटेल, पेटीएम, बैंक खाते पंजीयन में मान्य नहीं होंगे। पंजीयन व्यवस्था में बेहतर सेवा प्राप्त करने के लिए यह जरूरी होगा कि किसान अपने आधार नंबर से बैंक खाता और मोबाईल नंबर को लिंक कराकर उसे अपडेट रखें।