चंबल में रेत माफिया के हौसले बुलंद! वन अमले पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर छुड़ाई जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली

0
2
Spread the love

 

ढेंगदा बायपास पर वन विभाग की टीम को बनाया निशाना, गेम रेंजर सहित तीन वनकर्मी घायल; तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी 

श्योपुर, 21 नवंबर 2026

राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने के दौरान शुरू हुआ घटनाक्रम ढेंगदा बायपास तिराहे तक पहुंच गया, जहां मोटरसाइकिलों से आए लोगों ने वन अमले पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गेम रेंजर सबलगढ़ सहित दो वनरक्षक घायल हो गए। आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए वन विभाग द्वारा जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को कथित तौर पर बलपूर्वक छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गए।

वन विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस मामले में पुलिस और वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शेष दो आरोपियों की तलाश और छुड़ाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की बरामदगी के लिए संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।

प्रतिबंधित क्षेत्र में रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिलीं

वनमंडलाधिकारी वन मंडल मुरैना द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के स्वतः संज्ञान प्रकरण क्रमांक 02/2026 में जारी दिशा-निर्देशों के पालन में 19 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में वन अमले और एसएएफ बल द्वारा गश्त की जा रही थी।

इसी दौरान चंबल नदी की रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आती दिखाई दीं। वनकर्मियों ने हाथ से इशारा कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालकों ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भगाना शुरू कर दिया। आरोप है कि चालकों ने रास्ते में ही ट्रॉलियों के डाले खोलकर रेत सड़क पर फैला दी, ताकि मार्ग अवरुद्ध कर पीछा कर रहे वन अमले को रोका जा सके।

इसके बावजूद वन विभाग की टीम ने सरकारी वाहनों से पीछा जारी रखा। इस कार्रवाई में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली गई, जबकि दूसरी मौके से भाग निकली।

ढेंगदा बायपास पर घेरकर किया हमला, वनकर्मी घायल

जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को वनरक्षक रामलखन गुर्जर चलाकर राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के अधीक्षक कार्यालय, श्योपुर परिसर में जमा कराने ले जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे ढेंगदा बायपास तिराहे पर 2-3 मोटरसाइकिलों से कुछ लोग वहां पहुंच गए।

वन विभाग के अनुसार, इन लोगों ने वन अमले पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में गेम रेंजर सबलगढ़ और दो वनरक्षकों को चोटें आईं। मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया गया तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर एमबीएलएचएडब्ल्यू48854ई14564 बताया गया है।

आरोप है कि हमलावरों ने सरकारी काम में बाधा डालते हुए वन विभाग की जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को बलपूर्वक छुड़ा लिया और फरार हो गए।

पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ वन अपराध और पुलिस मामला दर्ज

वन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मामले में वीरेन्द्र रावत निवासी किन्नपुरा, लवकुश रावत निवासी मोरेका, महेश रावत निवासी अर्रोदरी, रूपसिंह राजौरिया निवासी श्योपुर और राजेन्द्र रावत निवासी श्योपुर के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

घटना के संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 9691/04 दिनांक 19 नवंबर 2026 दर्ज किया गया। वहीं श्योपुर कोतवाली थाने में भी नामजद आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर क्रमांक 0405, दिनांक 19 नवंबर 2026 को पंजीबद्ध की गई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश में संयुक्त कार्रवाई

वन विभाग के मुताबिक, इस प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके अलावा फरार आरोपियों में से एक को 20 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

 

वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम अब हमले में शामिल शेष आरोपियों की तलाश के साथ-साथ वन अमले से बलपूर्वक छुड़ाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को दोबारा जब्त करने में जुटी है।

 

राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए की जा रही कार्रवाई के दौरान वन अमले पर हुआ यह हमला सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने का गंभीर मामला है। अब देखना होगा कि संयुक्त कार्रवाई में शेष आरोपी कब तक पकड़े जाते हैं और छुड़ाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली कब बरामद होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here