Wednesday, February 11, 2026
Home Blog Page 4

श्योपुर में 77वां गणतंत्र दिवस ऐतिहासिक, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने किया ध्वजारोहण

 

sheopur-republic-day-2026-collector-arpit-verma

श्योपुर | 26 जनवरी 2026
77वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह श्योपुर जिला मुख्यालय स्थित वीर सावरकर स्टेडियम में भव्य, गरिमामय और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, राष्ट्रगान हुआ और शांति व एकता के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

                      वीडियो देखें 

इसके पश्चात कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल एवं अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय के साथ संयुक्त परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। जिला स्तरीय समारोह में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया।

संयुक्त परेड द्वारा तीन बार हर्ष फायर किए गए, राष्ट्रगान की गूंज के साथ राष्ट्रपति के जयघोष लगाए गए, जिससे पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया।

परेड कमांडरों से लिया परिचय

मुख्य अतिथि ने परेड कमांडर सूबेदार भागवत प्रसाद पाण्डेय, टू-आई-सी सूबेदार अनिल बाथम, एसएएफ दल नायक पूरण सिंह चौहान, जिला पुलिस बल (पुरुष) दल नायक एएसआई धर्मेन्द्र मीणा, जिला पुलिस बल (महिला) दल नायक रीना राजावत, नगर सेना प्लाटून कमांडर प्रमोद डण्डोतिया, एनसीसी सीनियर डिवीजन अंडर ऑफिसर लवकुश गुर्जर सहित विभिन्न स्कूलों, एनसीसी, स्काउट-गाइड और बैंड दलों के नायकों से परिचय प्राप्त किया।

झांकियों ने लूटी वाहवाही

स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, जिला पंचायत, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, एनआरएलएम, शहरी विकास एवं आवास, पीडब्ल्यूडी, कूनो वन मंडल एवं मत्स्य पालन विभाग द्वारा कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखा जोश

पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, सेंट पायस स्कूल, सांदीपनि विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट उमावि, फ्यूचर स्टार कॉन्वेंट स्कूल, आदर्श आवासीय विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर ढेगदा एवं अल्फा हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

स्वतंत्रता सेनानी व पूर्व सैनिक सम्मानित

लोकतंत्र सेनानी रामप्रसाद पारेता सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही भूतपूर्व सैनिकों एवं अधिकारियों को भी कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया।

परेड एवं प्रतियोगिताओं के परिणाम

सीनियर वर्ग परेड
प्रथम – जिला पुलिस बल (महिला)
द्वितीय – नगर सेना (होमगार्ड)
तृतीय – जिला सशस्त्र बल (एसएएफ)

जूनियर वर्ग परेड
प्रथम – पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय एनसीसी बालिका दल
द्वितीय – पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय श्योपुर
तृतीय – शासकीय उत्कृष्ट उमावि श्योपुर

सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रथम – शासकीय उत्कृष्ट उमावि श्योपुर
द्वितीय – फ्यूचर स्टार कॉन्वेंट स्कूल
तृतीय – पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय

झांकी प्रतियोगिता
प्रथम – महिला एवं बाल विकास विभाग
द्वितीय – जिला पंचायत
तृतीय – लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग

जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में सहरिया विकास प्राधिकरण अध्यक्ष तुरसनपाल बरैया, उपाध्यक्ष सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी, विधायक बाबू जण्डेल, विधायक मुकेश मल्होत्रा, नगरपालिका अध्यक्ष रेणु सुजीत गर्ग, भाजपा जिला अध्यक्ष शंशाक भूषण, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मांगीलाल फौजी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय रामबाड़ी में विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन किया और पौधरोपण भी किया।

जिलेभर में हर्षोल्लास

जिला मुख्यालय सहित पूरे श्योपुर जिले में शासकीय कार्यालयों, न्यायालयों, पंचायतों, नगर परिषदों और विद्यालयों में ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

<script type=”application/ld+json”>
{
“@context”: “https://schema.org”,
“@type”: “NewsArticle”,
“headline”: “श्योपुर में 77वां गणतंत्र दिवस, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने किया ध्वजारोहण”,
“datePublished”: “2026-01-26”,
“author”: {
“@type”: “Organization”,
“name”: “Crime National News”
}
}
</script>

दिसंबर की चोरी अब भी अनसुलझी, कोतवाली पुलिस पर उठे गंभीर सवाल

श्योपुर23 जनवरी 26
दिसंबर 2025 में हुई लाखों की चोरी का खुलासा अब तक नहीं हो पाने से श्योपुर कोतवाली थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पटवारी कॉलोनी के सामने रहने वाले फरियादी निशान सिंह के सूने मकान से चोर ने सोने-चांदी के जेवरात एवं नगद 80 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया था, लेकिन घटना के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस चोर को पकड़ने में नाकाम रही है।

                 वीडियो देखें 

पीड़ित निशान सिंह ने बताया कि चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी। फुटेज में चोर साफ दिखाई दे रहा था, जिसकी पहचान फरियादी, आसपास के पड़ोसियों एवं कॉलोनीवासियों ने कर ली थी। इतना ही नहीं, फरियादी स्वयं पुलिस को आरोपी के घर तक लेकर गया, जहां सीसीटीवी में दिख रहा वही व्यक्ति मौजूद था।

आरोप है कि पुलिस ने मौके पर आरोपी से बातचीत की, उसका वीडियो भी बनाया, लेकिन उसे गिरफ्तार करने के बजाय छोड़ दिया। फरियादी का कहना है कि जब चोर सामने खड़ा था, पहचान भी हो चुकी थी और पूछताछ भी की गई, तो फिर उसे पकड़ा क्यों नहीं गया—यह सबसे बड़ा सवाल है।

पीड़ित निशान सिंह का आरोप है कि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती और आरोपी से मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। इसी को लेकर फरियादी ने पुलिस अधीक्षक एवं चंबल आईजी को आवेदन देकर दो पुलिस आरक्षक दिलीप शर्मा और अजरुद्दीन खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में दोनों पुलिसकर्मियों पर चोर से मिलीभगत, गाली-गलौज और दबाव बनाकर शिकायत न करने देने के आरोप लगाए गए हैं।

फरियादी ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात वह अपने परिवार के साथ ग्वालियर के डबरा गया हुआ था। घर सूना देख चोर ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगद 80 हजार रुपये चोरी कर लिए। चोरी की सूचना देने और प्रगति जानने के लिए जब भी संबंधित पुलिसकर्मियों को फोन किया गया, तो कथित तौर पर गाली-गलौज कर बात की गई।

पीड़ित का कहना है कि कोतवाली थाना पुलिस का प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में है। एक माह पूर्व एक चोर को पकड़ने के बाद भी उसे मौके से ही छोड़ दिया गया, जिससे आमजन में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है। अब पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और जल्द से जल्द चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया जाए।

मठेपुरा मामले में प्रशासन का साफ संदेश, सर्वे नंबर 27/8 पर कोई कार्रवाई नहीं

श्योपुर 23 जनवरी 2026
ग्राम मठेपुरा से संबंधित एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए भ्रम की सभी आशंकाओं पर पूर्ण विराम लगा दिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तहसीलदार श्योपुर मनीषा मिश्रा ने तथ्यात्मक वस्तुस्थिति जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि ग्राम मठेपुरा के भूमि सर्वे क्रमांक 27/8 से किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।

तहसीलदार मनीषा मिश्रा ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर द्वारा प्रकरण क्रमांक WP/12187/2024 में पारित आदेश दिनांक 25-10-2024 के निर्देशों के पालन में न्यायालय कलेक्टर जिला श्योपुर के प्रकरण क्रमांक 0006/बी-121/2025-26, आदेश दिनांक 15-12-2025 के अनुसार विधिसम्मत कार्रवाई की गई। इसके तहत न्यायालय तहसीलदार श्योपुर के प्रकरण क्रमांक 0055/अ-68/2025-26 में विधिवत सुनवाई के बाद दिनांक 01-01-2026 को बेदखली आदेश पारित किया गया।

बेदखली आदेश के पालन में दिनांक 03-01-2026 को ग्राम मठेपुरा के भूमि सर्वे क्रमांक 27/1, 27/2, 27/3, 27/7 एवं 27/12 से अतिक्रमण हटाया गया। जबकि भूमि सर्वे क्रमांक 27/8 के संबंध में स्थिति पूरी तरह भिन्न और स्पष्ट है।

तहसीलदार ने बताया कि राज्य वक्फ न्यायाधिकरण भोपाल में प्रकरण क्रमांक ए-03/2020, वक्फ कमेटी मजार मिट्ठेशाह ग्राम मठेपुरा द्वारा अध्यक्ष आरिफ बेग बनाम मध्यप्रदेश शासन एवं अन्य प्रकरण लंबित है। इस मामले में माननीय वक्फ न्यायाधिकरण द्वारा दिनांक 24-06-2022 को भूमि सर्वे क्रमांक 27/8 पर निषेधाज्ञा पारित की गई है।

निषेधाज्ञा के आदेश के पालन में भूमि सर्वे क्रमांक 27/8 पर किसी भी प्रकार की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई है। जिला प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि पूरी कार्रवाई न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप, पारदर्शी और विधिसम्मत रूप से की गई है।

गणतंत्र दिवस की तैयारियों को प्रशासन ने दिया अंतिम रूप, कलेक्टर फहराएंगे तिरंगा

श्योपुर, 22 जनवरी 2026
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह वीर सावरकर स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल एवं अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने आज स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, मंच की साज-सज्जा, साउंड सिस्टम एवं ग्राउंड की समग्र सजावट का बारीकी से जायजा लिया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया, एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन एवं विजय शाक्य, एसडीओपी राजीव गुप्ता, तहसीलदार मनीषा मिश्रा सहित नगरपालिका, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक एवं अपर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय, अनुशासित एवं भव्य रूप में संपन्न हो सके।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के पालन प्रतिवेदन की सख्त समीक्षा

श्योपुर, 21 जनवरी 2026
मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन अनुराग जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के पालन प्रतिवेदन की विस्तृत समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। बैठक में राज्य शासन द्वारा तय प्राथमिकताओं एवं पूर्व में दिए गए निर्देशों के जिलेवार अनुपालन की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान कानून एवं व्यवस्था, सुशासन से जुड़ी गतिविधियाँ, राजस्व विभाग के कार्य, कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा नगरीय विकास से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य कर आमजन तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद, डिप्टी कलेक्टर विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग तय समयसीमा में परिणाम सुनिश्चित करें।

जिला जेल श्योपुर में आध्यात्मिक चेतना का संचार, जैन साध्वियों ने बंदियों को दिया आत्मोन्नति का संदेश

श्योपुर, 19 जनवरी 2026
जिला जेल श्योपुर में बंदियों के आध्यात्मिक उत्थान और मानसिक परिवर्तन के उद्देश्य से एक विशेष प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रमण संघीय जैन सिद्धांताचार्य, मधुर गायिका तपस्वीरवा प्रतिभा श्रीजी म.सा., दीक्षिता श्रीजी म.सा., प्रेरणा श्रीजी म.सा. एवं प्रेक्षा श्रीजी म.सा. ने जेल में निरुद्ध बंदियों को आत्मचिंतन और सद्मार्ग की प्रेरणा दी।

प्रवचन के दौरान जैन साध्वियों ने सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य जैसे जैन धर्म के मूल सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बंदियों से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन अपनाने का आह्वान किया। साध्वियों ने कहा कि आत्मसंयम और सद्विचार के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है।

विशेष उल्लेखनीय है कि प्रेक्षा श्रीजी म.सा. की जन्मभूमि श्योपुर है। उन्होंने 16 वर्ष की आयु में संन्यास जीवन स्वीकार किया था और दीक्षा के 18 वर्ष बाद प्रथम बार अपनी जन्मभूमि श्योपुर आगमन हुआ, जिसे लेकर कार्यक्रम में विशेष भावनात्मक वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने प्रवचन को गंभीरता से सुना और आध्यात्मिक विचारों से प्रेरित हुए। कार्यक्रम में जेलर प्रभात कुमार सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

जेल प्रशासन ने इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रमों को बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

संकल्प से समाधान में कोई हितग्राही न छूटे, शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करें: संभागायुक्त

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने 17 स्थानों पर बनेंगे बायो रिसोर्स सेंटर

संभागायुक्त ने योजनाओं की गहन समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

श्योपुर, 18 जनवरी 2026
चंबल संभागायुक्त सुरेश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत शासन की मंशानुरूप सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, ताकि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। वे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्योपुर गगन सिंह मीणा, एसडीएम कराहल बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन एवं विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त सुरेश कुमार ने बताया कि 12 जनवरी से 31 मार्च तक चल रहे संकल्प से समाधान अभियान के प्रथम चरण में शिविरों के माध्यम से सभी 106 योजनाओं के आवेदन पात्रतानुसार प्राप्त कर पोर्टल पर दर्ज किए जाएं। इसके लिए डोर-टू-डोर अभियान भी चलाया जाए। संबंधित विभाग आवेदनों का त्वरित निराकरण कर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में क्लस्टर स्तर तथा तृतीय चरण में विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में हितग्राहियों को लाभ वितरण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। क्लस्टर स्तर के शिविरों के साथ नेत्र परीक्षण शिविर लगाकर नि:शुल्क चश्मा वितरण, मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना तथा ब्रेस्ट कैंसर रोगियों का चिन्हांकन भी किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय शिविरों में मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही 8 मार्च तक सभी विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, 17 बायो रिसोर्स सेंटर होंगे स्थापित

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त सुरेश कुमार ने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले में 25 प्राकृतिक खेती क्लस्टर बनाकर 3125 किसानों का चयन किया गया है। तकनीकी मार्गदर्शन के लिए 50 कृषि सखी एनआरएलएम के माध्यम से चयनित की गई हैं।

प्राकृतिक खेती को मजबूती देने के लिए जिले में 17 स्थानों पर बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए इच्छुक किसानों, एफपीओ एवं गौशालाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें से अब तक 6 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रत्येक रिसोर्स सेंटर को 1 लाख रुपये का अनुदान कृषि विभाग द्वारा दिया जाएगा। ये केंद्र गोबर खाद, जीवामृत, बीजामृत जैसे जैविक उत्पाद किसानों को उपलब्ध कराएंगे।

उद्यानिकी, स्वास्थ्य और अन्य विभागों की समीक्षा

उद्यानिकी विभाग ने बताया कि सब्जी उत्पादन के लिए 3 क्लस्टर बनाए गए हैं। पीएमएफएमई योजना में 76 इकाइयों के लक्ष्य के विरुद्ध 65 प्रकरण बैंकों को भेजे गए, जिनमें से 32 प्रकरण स्वीकृत होकर वितरित किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों एवं 70 प्लस वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों की नियमित निगरानी कर आवश्यकता पड़ने पर एनआरसी में भर्ती कर स्वास्थ्य व पोषण लाभ दिया जाए। बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने के लिए न्यूट्री बास्केट जैसे नवाचार अपनाने के निर्देश भी दिए गए।

अटल प्रोग्रेस-वे के लिए अभी से तैयारी के निर्देश

राजस्व अधिकारियों की बैठक में संभागायुक्त सुरेश कुमार ने अटल प्रोग्रेस-वे के एलायनमेंट के आधार पर प्रारंभिक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में भूमि का आंकलन सुनिश्चित करें।

उन्होंने संकल्प से समाधान अभियान के तहत अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही वन अधिकार अधिनियम के तहत दिए गए पट्टों पर बैंकों के माध्यम से केसीसी जारी कराने को कहा। बैठक में बताया गया कि 3069 पट्टाधारियों में से 1256 को केसीसी से जोड़ा जा चुका है, शेष की प्रक्रिया जारी है।

जिले में 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जानकारी दी कि जिले में प्राकृतिक खेती, सब्जी उत्पादन एवं मसाला क्षेत्र विस्तार अंतर्गत मिर्ची क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। उर्वरक वितरण की सुविधा के लिए ई-विकास प्रणाली शुरू कर दी गई है। अंधत्व निवारण के तहत 6 स्वास्थ्य संस्थाओं में नेत्र परीक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं। संकल्प से समाधान अभियान में अब तक 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनका निराकरण तेजी से किया जा रहा है।

उच्च न्यायालय से याचिका खारिज होते ही कार्रवाई तेज: पुलिस लाइन के सामने से हटाईं 26 अवैध गुमटियां, एनएच नाला निर्माण का रास्ता साफ

श्योपुर 18 जनवरी 2026

माननीय उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर से याचिका निरस्त होने के उपरांत नगर पालिका ने जिला प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुरानी पुलिस लाइन के सामने एनएच नाला निर्माण कार्य में बाधक बनी 26 अवैध गुमटियों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया, जिससे बहुप्रतीक्षित नाला निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में की गई। मौके पर सीएमओ राधेरमण यादव की मौजूदगी में नगर पालिका अमले एवं पुलिस बल के सहयोग से जेसीबी मशीन द्वारा अतिक्रमण हटाया गया। 

जिसमे कई दुकानदार को खासा नुकसान देखने को मिला गुमटियां पूरी तरह से नस्त कर दी गई तोड़ कर मलवे, कबाड़े में तब्दील हो गई वही बुल्डोजर ने एक बेजुबान की भी जान jcb का पहिया चढाकर काले कुत्ते की जान लेली शरीर फट गया आंते बाहर आगई कई दुकान दार बीच सड़क पर अपना दर्द बिलखते हुए सुनाते रहे 

विडियो देखे 

नगर पालिका प्रशासन द्वारा पहले ही दुकानदारों को गुमटियां हटाने के लिए समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर, तथा न्यायालय से कोई राहत न मिलने के बाद, प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया

नगर पालिका के अनुसार, अतिक्रमण हटने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग नाले के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और शहर की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवैध अतिक्रमण पर आगे भी बिना भेदभाव के सख्त कार्रवाई     कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि विकास कार्य बिना बाधा पूरे किए जा सकें और आम नागरिकों को सुविधाएं मिल सकें

18 जनवरी को जिले की 15 पंचायतों में लगेंगे संकल्प से समाधान शिविर

हितग्राहियों को एक ही मंच पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

श्योपुर, 17 जनवरी 2026
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित संकल्प से समाधान अभियान के तहत जिले में प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। 12 जनवरी से 31 मार्च तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य भारत सरकार एवं राज्य शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सीधे पहुंचाना है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन तथा सीईओ जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद के निर्देशन में श्योपुर जिले की सभी 236 ग्राम पंचायतों में पंचायत स्तरीय शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।

इसी क्रम में 18 जनवरी को जिले की 15 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।
श्योपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत ददूनी, बनवाड़ा, हलगावड़ा बुजुर्ग, फिलोजपुरा, बासोंद, आमल्दा एवं ढोढर में शिविर आयोजित होंगे।
कराहल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ढेगदा में शिविर लगेगा।
विजयपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत देहरी, मैदावली, दांतेटी, धोरीबावड़ी, बैनीपुरा, लक्ष्मणपुरा एवं दिमरछा में भी इसी दिन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

ये शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होंगे। शिविरों के सफल संचालन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ग्राम स्तरीय दल में पटवारी, पंचायत सचिव, जीआरएस, आरएईओ, आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहित मैदानी अमला सक्रिय रूप से तैनात रहेगा।

प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ प्राप्त करें।

ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत श्योपुर में विकासखंड स्तरीय सम्मेलन सम्पन्न

स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह में गूंजे राष्ट्र निर्माण के विचार

श्योपुर, 17 जनवरी 2026
स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह के अवसर पर ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत विकासखंड श्योपुर में भव्य विकासखंड स्तरीय सम्मेलन एवं व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा पीएमश्री अग्रणी महाविद्यालय श्योपुर में किया गया।

यह आयोजन कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन तथा सीईओ जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मंच पर प्राचार्य डॉ. ओपी शर्मा, सीईओ जनपद एस.एस. भटनागर, सहायक संचालक महिला बाल विकास रिशु सुमन एवं जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह ने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा 12 जनवरी से 26 जनवरी तक जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर ग्राम उत्सव और ग्रामोदय अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से विकास को गति देना है।

सीईओ जनपद एस.एस. भटनागर ने ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र एवं वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास रिशु सुमन ने लाड़ली बहना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के लाभों से उपस्थित जनों को अवगत कराया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. ओपी शर्मा ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद का जीवन असीम सकारात्मक ऊर्जा से भरा था। वे आज भी युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। यदि युवा उनके आदर्शों को आत्मसात करें तो समाज और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।”

कार्यक्रम में कॉलेज प्राध्यापक, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समिति सदस्य, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता, एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन विप्लव शर्मा द्वारा किया गया।