Tuesday, February 10, 2026
Home Blog Page 3

10 फरवरी से हायर सेकेंडरी, 13 से हाईस्कूल बोर्ड परीक्षाएं शुरू

11,379 परीक्षार्थी 35 परीक्षा केंद्रों पर देंगे परीक्षा, प्रशासन अलर्ट मोड पर

श्योपुर, 02 फरवरी 2026
माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश, भोपाल के अंतर्गत वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं जिले में 10 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। हायर सेकेंडरी (12वीं) की परीक्षाएं 10 फरवरी से प्रारंभ होंगी, जबकि हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षाएं 13 फरवरी से आयोजित की जाएंगी।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में बोर्ड परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिले में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 11 हजार 379 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

12वीं में 4678 और 10वीं में 6701 छात्र शामिल

जिला शिक्षा अधिकारी एमएल गर्ग ने बताया कि 10 फरवरी से प्रारंभ हो रही हायर सेकेंडरी परीक्षा में 4 हजार 678 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं 13 फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल परीक्षा में 6 हजार 701 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 33 नियमित विद्यार्थियों एवं 2 स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

सुबह 9 से 12 बजे तक परीक्षा, 8:30 तक पहुंचना अनिवार्य

सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी। विद्यार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम आधा घंटा पहले, यानी सुबह 8:30 बजे तक अपने परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं।

हर केंद्र पर केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष के साथ कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर निगरानी पैनल गठित किए गए हैं। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे।

जिले के 35 परीक्षा केंद्र निर्धारित

जिले में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें श्योपुर, विजयपुर, कराहल और वीरपुर विकासखंडों के विभिन्न हायर सेकेंडरी, हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल शामिल हैं। स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल श्योपुर और शासकीय हायर सेकेंडरी (सांदीपनि) मॉडल स्कूल विजयपुर को केंद्र बनाया गया है।

प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें।


#MPBoardExam2026 #SheopurNews #BoardExamUpdate #Class10Exam #Class12Exam #CrimeNationalNews #EducationNews #MPNews #BoardPariksha

समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए 7 फरवरी से पंजीयन शुरू

एमपी किसान एप से घर बैठे फ्री पंजीयन, श्योपुर जिले में 33 केंद्र निर्धारित

श्योपुर, 02 फरवरी 2026
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया 7 फरवरी से प्रारंभ होगी, जो 7 मार्च 2026 तक चलेगी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में श्योपुर जिले में कुल 33 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

किसानों को पंजीयन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। जिले की सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं में बनाए गए पंजीयन केंद्रों के साथ-साथ एमपी किसान एप के माध्यम से किसान अपने मोबाइल फोन से घर बैठे निशुल्क पंजीयन कर सकते हैं।

33 पंजीयन केंद्रों पर होगी व्यवस्था

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा निर्धारित पंजीयन केंद्रों में आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित आवदा, विपणन सेवा सहकारी संस्था कराहल, वृहत्ताकार सहकारी संस्था बड़ौदा, सेवा सहकारी संस्था बोरदादेव, नयागांव तेखण्ड, राडेप, लुहाड, फिलोजपुरा, तलावड़ा, नयागांव ढोढपुर, उतनवाड़, ओछापुरा, रघुनाथपुर, विपणन सेवा सहकारी समिति वीरपुर, वृहत्ताकार सहकारी संस्था विजयपुर, विपणन सहकारी समिति विजयपुर, सेवा सहकारी समिति सहसराम, वृहत्ताकार सहकारी संस्था श्योपुर, जलालपुरा, नागदा, सोई कलां, नागरगांवड़ा, आसीदा, बिजरपुर, ननावद, गोहेड़ा, दांतरदा कलां, मानपुर, सोठवा, जावदेश्वर, तलावदा, गुरुनावदा एवं पाण्डोला शामिल हैं।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा में पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त किया जा सके।

उज्जवला योजना 3.0 के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन का मौका, पात्र परिवार करें तुरंत आवेदन

गैस कनेक्शन विहीन कमजोर वर्गों को राहत, जनजातीय परिवारों को प्राथमिकता

श्योपुर, 01 फरवरी 2026
गैस कनेक्शन से वंचित कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं।

योजना का लाभ ‘‘प्रथम आओ, प्रथम पाओ’’ के आधार पर दिया जाएगा। विशेष रूप से जनजातीय वर्ग के परिवारों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। ऐसे परिवार जो आयकरदाता नहीं हैं और किसी भी प्रकार की शासकीय सेवा में नहीं हैं, वे इस योजना के लिए पात्र माने जाएंगे।

इन दस्तावेजों के साथ करें आवेदन

योजना के अंतर्गत आवेदन करने के लिए हितग्राहियों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। आवेदन की प्रक्रिया संबंधित क्षेत्र की गैस एजेंसी के माध्यम से की जा रही है।

फूड विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 3.0 के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया लगातार संचालित है। पात्र परिवार अपने नजदीकी गैस एजेंसी से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं और योजना का लाभ उठा सकते हैं।

उज्जवला योजना 3.0 गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

श्रमिकों की हर शिकायत पर तुरंत एक्शन, श्रम कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय

मजदूरी, सेवा समाप्ति, ओवरटाइम से लेकर सामाजिक सुरक्षा तक मिल रहा त्वरित समाधान

श्योपुर, 01 फरवरी 2026
प्रदेश के श्रमिकों और कर्मचारियों की श्रम संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए श्रम विभाग द्वारा राज्य स्तरीय श्रम कंट्रोल रूम का सतत संचालन किया जा रहा है। श्रमिक अपनी शिकायतें टोल-फ्री नंबर 1800 233 8888 पर दर्ज कराकर सीधे समाधान की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

श्रम कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायतों में प्रमुख रूप से न्यूनतम वेतन अधिनियम के तहत मजदूरी भुगतान, सेवा समाप्ति एवं निलंबन, सेवा शर्तों से जुड़े विवाद, कार्य समय, साप्ताहिक अवकाश और ओवरटाइम से संबंधित मामले शामिल हैं। इसके अलावा महिला श्रमिकों, असंगठित क्षेत्र एवं संविदा श्रमिकों की समस्याओं पर भी त्वरित सुनवाई की जा रही है।

कल्याण मंडलों और योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का भी समाधान

श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित श्रम कल्याण मंडल, भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, असंगठित कर्मकार कल्याण मंडल सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी जानकारी और शिकायतों का भी कंट्रोल रूम के माध्यम से निराकरण किया जा रहा है।

उप श्रमायुक्त आशीष पालीवाल ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा प्रत्येक शिकायत का परीक्षण कर संबंधित श्रम कानूनों के तहत समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। शासन की मंशा है कि श्रमिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक त्वरित, पारदर्शी और सुलभ मंच उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने श्रमिकों से अपील की है कि वे अपनी श्रम संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य स्तरीय श्रम कंट्रोल रूम का अधिक से अधिक उपयोग करें और शिकायत दर्ज करते समय पूरी व सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

श्योपुर की तस्वीर ही नहीं, तकदीर भी बदली – नरेन्द्र सिंह तोमर

मेडिकल कॉलेज श्योपुर के लिए बड़ी सौगात, 37 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

श्योपुर  30 जनवरी 2026

मेडिकल कॉलेज लिंक रोड के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि शासन की योजनाओं और तेज विकास के चलते श्योपुर की तस्वीर ही नहीं, तकदीर भी बदली है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिले के लिए ऐतिहासिक सौगात है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तोमर ने 37 करोड़ 40 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि उनके संसदीय कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज को मंजूरी दिलाई गई और निर्माण की नींव रखी गई, जिससे जिले के लोगों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने कहा कि नरेन्द्र सिंह तोमर श्योपुर जिले के विकास के शिल्पी हैं। मेडिकल कॉलेज से हर वर्ष 100 नए डॉक्टर निकलेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और सड़क निर्माण से जिले के विकास को गति मिली है। ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत सरकार घर-घर योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।


37 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान 19.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 3.86 किलोमीटर लंबे बर्धाबुजुर्ग रेलवे स्टेशन से मेडिकल कॉलेज तक बने सड़क मार्ग का लोकार्पण किया गया।
इसके साथ ही 17.63 करोड़ रुपये की लागत से सीप नदी पर बने पुल तथा पीएम जनमन योजना अंतर्गत 60-60 लाख रुपये की लागत से ग्राम बागल्दा, कलारना, रानीपुरा, निमोदामठ, छापर और जाखोदा में बने मल्टीपरपज सेंटर भवनों का भी लोकार्पण किया गया।

कराहल में पीएम जन औषधि केन्द्र का शुभारंभ

ग्रामीण अंचल में बदला जीवन स्तर, बुनियादी सुविधाएं पहुंचा रही सरकार – नरेन्द्र सिंह तोमर

श्योपुर  30 जनवरी 2026

कराहल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्रामीण अंचल में भी अब लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है। सरकार रोटी, कपड़ा और मकान के साथ-साथ बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

तोमर ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पतालों की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी है। शासन की छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से आदिवासी अंचल कराहल के मेधावी छात्र आज डेली कॉलेज इंदौर सहित बड़े शिक्षण संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी डिग्रियों के लिए शासन फीस की प्रतिपूर्ति कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध होंगी। आदिवासी अंचल कराहल में जन औषधि केन्द्र का शुभारंभ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। देशभर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल से संचालित जन औषधि केन्द्रों पर 800 से अधिक प्रकार की दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध हैं।

तोमर ने कहा कि वे अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही कराहल से जुड़े रहे हैं। सहरिया स्पेशल प्रोजेक्ट के तहत 19 हजार से अधिक हितग्राहियों को आवास सहायता दी गई थी, वहीं अब पीएम जनमन योजना के तहत दो लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, महावीर सिंह सिसौदिया, सुरेन्द्र जाट, अशोक गर्ग, रेडक्रॉस चेयरमैन अमित सूद, उपाध्यक्ष जुगल बंसल, सचिव दिनेश दुबोलिया, वीके सक्सैना, मंडल अध्यक्ष हरनाथ देवरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रभारी कलेक्टर सौम्या आनंद, एसडीएम बीएस श्रीवास्तव, तहसीलदार रोशनी शेख, सीएमएचओ दिलीप सिकरवार, बीएमओ सौरभ सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 5 कूलर और 5 व्हीलचेयर भेंट की गईं।


फीता काटकर जन औषधि केन्द्र का उद्घाटन

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में रेडक्रॉस द्वारा स्थापित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।

महाराष्ट्र की राजनीति को बड़ा झटका, डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान हादसे में निधन


बारामती में लैंडिंग से पहले क्रैश, पांच लोगों की मौत; फडणवीस सरकार पर सियासी असर तय

मुंबई/बारामती, 29 जनवरी 2026
महाराष्ट्र की राजनीति में बुधवार को उस वक्त भूचाल आ गया, जब रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का एक विमान हादसे में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उनका चार्टर्ड विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत की सूचना है।

                                      वीडियो देखे 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव दल पहुंचा, लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका। शवों की पहचान निजी सामानों के आधार पर की गई। लैंडिंग से पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आने की भी बात कही जा रही है, जिसमें विमान के असंतुलित होने के दृश्य दिखाई देने का दावा किया गया है।

जुलाई 2023 की बग़ावत से सत्ता तक का सफर

अजित पवार ने जुलाई 2023 में अपने चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में बग़ावत कर सियासी हलकों को चौंका दिया था। दो जुलाई 2023 को वे पार्टी के आठ अन्य विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल हुए और उपमुख्यमंत्री बने। इससे पहले वे महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे थे।

बीजेपी खेमे में जाने के अपने फैसले को सही ठहराते हुए अजित पवार ने तब कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है और महाराष्ट्र के विकास के लिए सरकार के साथ जाना जरूरी है। उनके इस कदम को शरद पवार के लिए बड़ा राजनीतिक और भावनात्मक झटका माना गया था।

फडणवीस और सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए बड़ा झटका

अजित पवार का अचानक यूं जाना देवेंद्र फडणवीस और सत्तारूढ़ महायुति सरकार के लिए गंभीर सियासी झटका माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सरकार के भीतर समीकरण बदल सकते हैं और विपक्ष इस मुद्दे को आक्रामक तरीके से उठा सकता है।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

रिपोर्ट्स के अनुसार, अजित पवार की अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव कोटवाड़ी से निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कई समर्थक भावुक नजर आए और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की बात कही जा रही है। प्रशासन और विमानन एजेंसियों की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है

30 जनवरी को कराहल को मिलेगी बड़ी सौगात, विधानसभा अध्यक्ष करेंगे जन औषधि केन्द्र का शुभारंभ


मेडिकल कॉलेज रोड सहित कई विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण

श्योपुर, 29 जनवरी 2026
जिले के कराहल क्षेत्र को 30 जनवरी शुक्रवार को बड़ी विकास सौगात मिलने जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर प्रातः 11 बजे कराहल में रेडक्रॉस सोसायटी के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे मेडिकल कॉलेज रोड का लोकार्पण भी करेंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम श्योपुर-पाली रोड स्थित रायपुरा में आयोजित होगा, जहां विधानसभा अध्यक्ष द्वारा एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण विकास कार्य जनता को समर्पित किए जाएंगे। इनमें पीएम जनमन योजना के अंतर्गत निर्मित मल्टी परपज सेंटर के नवीन भवन का लोकार्पण भी शामिल है।

सीप नदी पुल और कनेक्टिविटी रोड का भी उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान महाराणा प्रताप चौराहा चुंगीनाका से गुप्तेश्वर होते हुए आवदा-अजापुरा मार्ग को जोड़ने वाले कनेक्टिविटी रोड पर सीप नदी पर बने पुल का भी लोकार्पण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण इलाकों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद शिवमंगल सिंह तोमर की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

प्रशासन ने की तैयारियां तेज

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कराहल में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र के शुभारंभ को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमएचओ दिलीप सिकरवार को दिए हैं। साथ ही मेडिकल कॉलेज रोड एवं मल्टी परपज सेंटर भवन के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।

30 जनवरी को होने वाला यह आयोजन जिले के स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्योपुर में प्रभातफेरी, 11 बजे शहीदों को दो मिनट का मौन

श्योपुर, 29 जनवरी 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि एवं शहीद दिवस के अवसर पर 30 जनवरी को श्योपुर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नगरपालिका श्योपुर के तत्वावधान में सुबह 7.30 बजे गांधी पार्क से प्रभातफेरी निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः गांधी पार्क पर समाप्त होगी।

प्रभातफेरी के समापन पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मध्य निषेध दिवस को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया जाएगा। नगरपालिका के नोडल अधिकारी आदित्य चौहान ने बताया कि कार्यक्रम में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

शहीद दिवस पर 11 बजे बजेगा सायरन, पूरा शहर थमेगा दो मिनट

शहीद दिवस के तारतम्य में 30 जनवरी को प्रातः 11 बजे नगर पालिका भवन से सायरन बजाकर दो मिनट का मौन धारण कराया जाएगा। इस दौरान शहर के नागरिक अपने-अपने कार्यस्थलों पर खड़े होकर देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

कलेक्ट्रेट सहित शासकीय कार्यालयों में मौन

भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों की स्मृति में कलेक्ट्रेट कार्यालय श्योपुर में भी प्रातः 11 बजे दो मिनट का मौन रखा जाएगा। मौन प्रारंभ और समाप्ति की सूचना सायरन के माध्यम से दी जाएगी। इसके साथ ही जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में भी एक साथ मौन धारण किया जाएगा।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने कार्यस्थलों पर ही खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता और अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करें।

जनसुनवाई में राहत और न्याय की पहल, सर्पदंश से मौत पर 4 लाख की मदद, पत्नी ने मांगा संपत्ति में हक

श्योपुर  27 जनवरी 2026
जिला प्रशासन श्योपुर द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित मामलों में निराकरण की कार्यवाही की।

जनसुनवाई के दौरान कुल 118 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों में आवेदकों को तत्काल राहत एवं आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्पदंश से मृत्यु पर मिलेगी 4 लाख की आर्थिक सहायता

जनसुनवाई के दौरान ग्राम इंद्रपुरा निवासी प्रेमबाई आदिवासी को अपर कलेक्टर द्वारा अवगत कराया गया कि उनके पुत्र स्वर्गीय अशोक आदिवासी की 6 सितंबर 2025 को सर्पदंश से हुई मृत्यु के प्रकरण में तहसीलदार बड़ौदा द्वारा आरबीसी के तहत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर दी गई है।

यह सहायता राशि बैंक खाते के माध्यम से शीघ्र ही प्राप्त होगी। महिला आवेदक ने सर्पदंश से हुई मृत्यु के मामले में आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, जिस पर प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए राहत प्रदान की गई।


पति की मृत्यु के बाद पत्नी ने मांगा संपत्ति में अधिकार

जनसुनवाई में वार्ड नंबर 18, भोई मोहल्ला श्योपुर निवासी लक्ष्मी बाई, पति स्वर्गीय सत्यनारायण शिवहरे ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पति की मृत्यु के बाद बंजारा डैम, हसनपुर हवेली में स्थित भूदान की 12 बीघा भूमि तथा भोई मोहल्ला स्थित मकान पर रिश्तेदारों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने महिला एवं बाल विकास विभाग एवं नगरपालिका अधिकारियों को विधि सम्मत कार्यवाही कर महिला को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।


प्रशासन का स्पष्ट संदेश – हर पीड़ित को मिलेगा न्याय

जनसुनवाई के माध्यम से जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना और पीड़ितों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।


श्योपुर जनसुनवाई, Sheopur Jansunwai News, Snake Bite Death Compensation MP, Arpit Verma Sheopur, Rupesh Upadhyay News, Sheopur Collector News, Crime National News