Tuesday, March 31, 2026
Home Blog Page 33

श्योपुर में मेडिकल स्टोर्स पर होगी कड़ी निगरानी, अवैध दवाओं की बिक्री पर लगेगी रोक

सभी मेडिकल स्टोर्स की होगी जांच, अवैध दवाओं और शराब पर होगी कड़ी कार्यवाही

श्योपुर, 18 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि श्योपुर जिले में संचालित सभी मेडिकल स्टोर्स की व्यापक जांच की जाए। जांच में दवाओं के स्टॉक के साथ यह भी देखा जाएगा कि कहीं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री तो नहीं हो रही है। इसके लिए एसडीएम स्तर पर कार्रवाई होगी और ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि मेडिकल स्टोर्स की सूची अपर कलेक्टर को उपलब्ध कराई जाए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नशामुक्ति अभियान की बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बिना लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर्स पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोडीन, एलपरजोम, क्लोनाजेपम, एविल जैसी दवाएं केवल डॉक्टर की पर्ची पर ही बेची जा सकती हैं। ऐसे मेडिकल स्टोर्स जो इन दवाओं का अवैध विक्रय करते पाए जाएंगे, उन्हें सील करने की कार्रवाई होगी।

उन्होंने आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि अवैध शराब के प्रकरणों में भी कठोर कार्रवाई की जाए और निरंतर सर्चिंग अभियान चलाकर बिक्री रोकी जाए। इसी तरह एनडीपीसी एक्ट के तहत भी प्रभावी कार्यवाही के आदेश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक  सुधीर कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर  रूपेश उपाध्याय, एसडीएम  गगन सिंह मीणा, सीएमएचओ डॉ. दिलीप सिकरवार, सामाजिक न्याय उप संचालक श्रीमती शशिकिरण इक्का, शिक्षा विभाग के सहायक संचालक  यश जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग को ग्राम स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाने और शिक्षा विभाग को स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर सभी निजी अस्पतालों व प्राइवेट प्रैक्टिशनरों को यह सुनिश्चित करने की हिदायत दें कि सीरिंज का सही तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके।

धार्मिक नगरी श्योपुर नशे की गिरफ्त में कराह रही है… और अब जनता सड़कों पर उतरकर खुला अल्टीमेटम दे रही है।

श्योपुर दिनांक 17/9/25
श्योपुर में नशे के खिलाफ आज जबरदस्त हल्ला बोल देखने को मिला। शहरवासियों से लेकर ग्रामीण आंचल खेड़ा के लोग तक लामबंद हुए और एक विशाल रैली निकाली।

 

  यह रैली पाली रोड, बड़ौदा रोड, पुल दरवाजा, टोडी बाजार और मुख्य बाजार होती हुई सुभाष चौक और पुलिस कोतवाली पहुंची। यहां जनता ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एडिशनल एसपी को सौंपा।

ज्ञापन सौंपने के बाद पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन उसे सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया गया। इसी बात को लेकर नेताओं और धरातली कार्यकर्ताओं के बीच गुटबाजी सामने आई और माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया।

इस दौरान गिर्राज भदौरिया ने साफ कहा—‘10 दिन में पुलिस कार्रवाई करे, वरना शहर में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।’

भीड़ का संदेश भी बिल्कुल साफ रहा—अब या तो नशा रुकेगा, वरना श्योपुर की सड़कों पर और बड़ा जनसैलाब उतरेगा।

धार्मिक नगरी श्योपुर से नशे के खिलाफ यह बिगुल अब आंदोलन की चेतावनी में बदल चुका है।”

श्योपुर में अपराधियों पर प्रशासनिक कार्रवाई – दो आरोपी जिलाबदर, एक हाजरी के लिए पाबंद

श्योपुर, 17 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त दो आरोपियों पर जिलाबदर की कार्रवाई की गई है।

👉 जिलाबदर आरोपी

  • लक्ष्मण पुत्र कन्हैयालाल मीणा, निवासी ग्राम आवनी थाना मानपुर – जिस पर 08 अपराध दर्ज हैं।

  • मनोज उर्फ मन्नू पुत्र बृजेश जागिड, निवासी वार्ड क्रमांक 01 बडौदा थाना बडौदा – जिस पर 06 अपराध दर्ज हैं।

दोनों आरोपियों को श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी एवं ग्वालियर जिलों की सीमाओं से 3 माह के लिए निष्कासित किया गया है।

👉 हाजरी के लिए पाबंद आरोपी
इसी क्रम में मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3(1)(क) एवं 3(1)(ग) के तहत आपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी

  • सियाराम पुत्र खेतूराम मीणा, निवासी काचरमूली थाना मानपुर – जिस पर 04 अपराध दर्ज हैं,
    को आदेश जारी कर अगले 3 माह तक सप्ताह में दो बार थाना मानपुर में हाजरी देने के लिए पाबंद किया गया है।

➡️ प्रशासन की यह कार्रवाई लोक व्यवस्था एवं जनहित में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है।

🩸 जिला चिकित्सालय श्योपुर में रक्तदान शिविर आयोजित, 33 यूनिट रक्त एकत्रित

श्योपुर, 17 सितंबर 2025
प्रदेशव्यापी रक्तदान महाअभियान के तहत आज जिला चिकित्सालय श्योपुर में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा ने फीता काटकर किया। इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शिविर में कुल 33 यूनिट रक्तदान किया गया। जिला अस्पताल सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को ब्लड बैंक एवं जिला चिकित्सालय द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, एसडीएम  गगन सिंह मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष  सुरेन्द्र जाट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  नीरज जाट, रेडक्रॉस सचिव  दिनेश दुबोलिया, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष  मोनू सोनी, सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिकरवार ने बताया कि रक्तदान अभियान के तहत आगामी दिनों में विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों पर भी शिविर आयोजित किए जाएंगे—

  • 18 सितंबर : पीएचसी ढोढर

  • 19 सितंबर : पीएचसी दांतरदा

  • 20 सितंबर : पीएचसी प्रेमसर

  • 22 सितंबर : पीएचसी मानपुर

  • 23 सितंबर : पीएचसी मकडावदा

  • 24 सितंबर : पीएचसी रघुनाथपुर

  • 25 सितंबर : पीएचसी वीरपुर

  • 26 सितंबर : पीएचसी सहसराम

  • 27 सितंबर : सीएचसी अगरा

  • 29 सितंबर : सीएचसी कराहल

  • 30 सितंबर : सीएचसी बडौदा

  • 01 अक्टूबर : सीएचसी विजयपुर

👉 जिलेभर में यह अभियान रक्त की उपलब्धता बढ़ाने और मरीजों की जान बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

श्योपुर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब – नशे के खिलाफ गूंजा हल्ला बोल

धार्मिक नगरी श्योपुर नशे की गिरफ्त में” –

धार्मिक नगरी में गूंजा “हल्ला बोल” – सड़क पर उतरे आमजन, नेता और संगठन

श्योपुर, 17 सितंबर 2025
आज श्योपुर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर वर्ग, हर समाज, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और सामाजिक संगठन एक सुर में थे—“नशे का धंधा बंद करो” की गूंज पूरे नगर में सुनाई दी।

हजारों लोग पाली रोड, बड़ौदा रोड, पुल दरवाजा, टोडी बाजार और मुख्य बाजार से होते हुए सुभाष चौक और पुलिस कोतवाली तक पैदल मार्च करते पहुंचे। हाथों में बैनर-पोस्टर और होंठों पर गूंजते नारे—यह नजारा साफ बता रहा था कि जनता अब खामोश नहीं रहेगी।

कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एडिशनल एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि—

श्योपुर, जो धार्मिक नगरी और शांति का प्रतीक कहलाती है, आज नशे की गिरफ्त में कराह रही है।
गांजा, चरस और कच्ची शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है।
➡ युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर धकेली जा रही है, अपराध बढ़ रहे हैं और कई युवा जान तक गंवा चुके हैं।

लोगों ने मांग की कि जिले में तत्काल नशा मुक्ति केंद्र स्थापित हो, नशा व्यापारियों की संपत्ति कुर्क की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

भीड़ में शामिल लोगों का कहना था—“अब या तो नशे का कारोबार रुकेगा, या जनता और बड़ा आंदोलन करेगी।”

जनसुनवाई में बुजुर्गों को राहत, बीपीएल में नाम जुड़ा तो पेंशन का रास्ता खुला

श्योपुर, 16 सितंबर 2025
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने 190 आवेदनों की सुनवाई कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कई आवेदकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी दिलाया गया।

 बीपीएल में नाम जुड़ा, पेंशन भी मिलेगी
ग्राम ढोढर निवासी बुजुर्ग सुगन जाटव का नाम बीपीएल सूची में जोड़ने की प्रक्रिया की गई। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग को निर्देश दिया गया कि नाम जुड़ते ही तत्काल वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की जाए।

कल्याण आदिवासी को पेंशन का लाभ
ग्राम कैलोर निवासी बुजुर्ग कल्याण आदिवासी का आवेदन देखते ही अपर कलेक्टर ने मौके पर ही पेंशन स्वीकृत करा दी। अब उन्हें ₹600 मासिक पेंशन का लाभ मिलेगा

मकान से कब्जा हटाने के निर्देश
ग्राम आवनी निवासी कैडा बाई ने मकान पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर नायब तहसीलदार मानपुर टीएस लकड़ा को मौके पर जाकर जांच कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए।

दो हितग्राहियों को मिलेगा आवास का लाभ
ग्राम नागरगावड़ा की प्रकाशी बाई मीणा और ग्राम नदीगांव की सरोज रावत को पीएम आवास योजना के तहत शामिल कर लिया गया है। आवास सर्वे 2.0 में नाम जुड़ने के बाद उन्हें जल्द ही योजना का लाभ मिलेगा।

📌 जनसुनवाई में एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे

20 साल से किराया चुकाने वाले दुकानदारों पर उजड़ने का खतरा, प्रशासन का अल्टीमेटम

श्योपुर, 16 सितंबर 2025
नगर पालिका ने पुलिस लाइन के सामने जिला पंचायत बंगले के बगल से होकर बनने NH 552 के  नाले को लेकर वहां बनी गुमटियों को हटाने का अल्टीमेटम जारी कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि गुमटियां नाले के निर्माण में बाधा बन रही हैं, इसलिए इन्हें हटाना जरूरी है।

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जिन दुकानदारों ने 25 जून 2002 से बाकायदा नगर पालिका के एग्रीमेंट पर किराए की दुकानें लीं, हर माह ₹100 से लेकर ₹1100 तक का किराया भरा, जो जुलाई 2025 तक नियमित जमा है, उन दुकानदारों को अब अचानक उजाड़ने की नौबत क्यों आई?

करीब 25 से 30 दुकानदार, जो पिछले 20 सालों से अपनी गुमटी या दुकान में बैठकर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रहे हैं, अब बेरोजगारी और उजड़ने की कगार पर हैं। दुकानदारों का कहना है –
“नगर पालिका ने हमें दुकान किराए पर दी, किराया लिया, रसीद दी। अब जब हमें यहां से हटाया जाएगा तो हमारे बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा? हम कहां जाएंगे?”

प्रशासन की सख्ती के बीच दुकानदारों की बेबसी साफ झलक रही है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब नगर पालिका ने खुद किराया लिया और दुकानों का एग्रीमेंट किया, तो अब हटाने की कार्रवाई से इन परिवारों की जिम्मेदारी कौन लेगा?

इधर, सीएमओ राधा रमण यादव ने सभी दुकानदारों को मीटिंग के लिए बुलाया है। अब देखना होगा कि इस बैठक से कोई ठोस समाधान निकलता है या फिर बुधवार से दर्जनों परिवार दर-दर भटकने को मजबूर हो जाएंगे।

👉 प्रशासन का अल्टीमेटम और दुकानदारों की बेबसी—यह टकराव अब शहर में बड़ी बहस का मुद्दा बन गया है।

किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने हेतु अधिकारियों की नियुक्ति,खरीफ सीजन में 44 हजार 89 मैट्रिक टन खाद का वितरण

श्योपुर, 15 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने किसानों को खाद वितरण सुगम और पारदर्शी तरीके से कराने के उद्देश्य से खाद वितरण केन्द्रों पर जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति की है।

जारी आदेश के अनुसार –

  • कृषि उपज मंडी बड़ौदा – एसडीएम श्योपुर  गगन सिंह मीणा

  • विपणन सहकारी संस्था कराहल – एसडीएम कराहल  बीएस श्रीवास्तव

  • विजयपुर – एसडीएम विजयपुर  अभिषेक मिश्रा

  • किसान राइस मिल श्योपुर – तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा

  • विपणन सहकारी संस्था वीरपुर – तहसीलदार वीरपुर  नरेश रायपुरिया

ये अधिकारी स्वयं की निगरानी में किसानों को खाद वितरण का कार्य कराएंगे।


खरीफ सीजन में 44 हजार 89 मैट्रिक टन खाद का वितरण

श्योपुर, 15 सितंबर 2025।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में इस वर्ष खरीफ सीजन में किसानों को बड़ी मात्रा में खाद का वितरण किया गया है।

उप संचालक कृषि  जी.के. पचौरिया ने बताया कि 01 अप्रैल से 14 सितंबर 2025 तक –

  • 22,124 मैट्रिक टन यूरिया

  • 9,008 मैट्रिक टन डीएपी

  • 6,334 मैट्रिक टन एसएसपी

  • 78 मैट्रिक टन एमओपी

  • 6,545 मैट्रिक टन एनपीके

का वितरण किसानों को किया गया। इस प्रकार अब तक कुल 44,089 मैट्रिक टन खाद वितरित की गई है।

वर्तमान में जिले में कुल 11,245 मैट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है, जिसमें –

  • 3,378 मैट्रिक टन यूरिया

  • 1,152 मैट्रिक टन डीएपी

  • 2,333 मैट्रिक टन एसएसपी

  • 62 मैट्रिक टन एमओपी

  • 4,320 मैट्रिक टन एनपीके

शामिल है।

कृषि उत्पादों की आयात-निर्यात नीति किसान हितेषी हो, जंगली पशुओं से फसल नुकसान की पूर्ति शासन करें – नरेंद्र सिंह चौधरी

श्योपुर

भारतीय किसान संघ द्वारा आज ज्ञापन दिवस के अवसर पर शहर में बाइक रैली निकालकर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इसके साथ ही संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत महाप्रबंधक से मिलकर बिजली आपूर्ति की समस्या पर चर्चा की तथा कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग से मुलाकात कर नहर की मरम्मत तत्काल कराने की मांग की।

जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि –

  • कृषि उत्पादों की आयात-निर्यात नीति किसान हितेषी हो।

  • जंगली पशुओं से फसल नुकसान की पूर्ति शासन द्वारा की जाए

  • फसल बीमा योजना में पूर्ण पारदर्शिता लाई जाए।

  • कृषि मंडियों में आधुनिक मानक परीक्षण एवं डॉकेज टेस्टिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

  • रवि फसलों की बुवाई हेतु पर्याप्त खाद समय पर मिले

  • अतिवृष्टि से नष्ट फसलों का शीघ्र मुआवजा दिया जाए।

  • तार फेंसिंग पर अनुदान दिया जाए।

  • मोजरी डैम, चेतीखेड़ा व अन्य 35 गांव की नहरें पूर्ण कराई जाएं एवं टूटी नहरों की तत्काल मरम्मत हो।

  • किसानों को निर्धारित समय तक पूरे वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति मिले।

  • खेत सड़क योजना लागू की जाए।

  • बैंकों से लोन व केसीसी ऑनलाइन प्रक्रिया से मिल सके।

  • किसानों को भी मुद्रा लोन की तर्ज पर कृषि लोन उपलब्ध कराया जाए।

इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे जिनमें मूलचंद मीणा, बारियाम सिंह, पूरण गुर्जर, मोरपाल बेरवा, हरविंदर, रामरतन शिवहरे, इंजी. रामसिंह जाट, गुरप्रीत सिंह, परविंदर, द्वारका शिवहरे, भीमसिंह जाट, मुकेश मीणा, सियाराम गुर्जर, मुकेश पालीवाल, लाखन सिंह, सतपाल, नाथू मीणा, कपिल धाकड़, हरिमोहन मीणा सहित अनेक किसान सम्मिलित हुए।

हिंदी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित, विजेताओं को मिला सम्मान


श्योपुर, 14 सितम्बर
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित मेरा युवा भारत जिला श्योपुर के तत्वावधान में कराहल विकासखंड स्थित शासकीय उत्कृष्ट बालक सीनियर अनुसूचित जाति छात्रावास में हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय हाईस्कूल पनार के प्राचार्य श्री हरेंद्र नागर रहे। समारोह के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नीरज जाटव ने प्रथम, हर्षित जाटव ने द्वितीय और छोटू जाटव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय चकरामपुरक के प्रधानाध्यापक  सतेंद्र शर्मा, छात्रावास अधीक्षक  हीरालाल जाटव और इंद्र विकास युवा मंडल के अध्यक्ष  इंद्र कुमार श्रीवास भी उपस्थित रहे।