मॉ-संवाद मंच, सेहत की राखी और मॉ की चिट्ठी जैसी नवाचार गतिविधियाँ होंगी आयोजित
श्योपुर, 06 अगस्त 2025
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लेकर श्योपुर जिले में इस वर्ष रक्षाबंधन पर एक अनोखी पहल की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में “रक्षा का बंधन – सेहत और स्नेह का संगम” थीम पर विशेष जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों, महिलाओं, बच्चों एवं माताओं में एनीमिया की रोकथाम और उपचार के प्रति समुदाय को जागरूक करना है। स्वास्थ्य एवं संस्कृति के समन्वय के इस अभिनव प्रयास में मॉ-संवाद मंच, सेहत की राखी, मॉ की चिट्ठी जैसी प्रेरणादायक गतिविधियाँ सम्मिलित की गई हैं।
मुख्य गतिविधियाँ इस प्रकार होंगी:
🔸 मातृ चौपाल एवं सीखो आयरन सीरप देना कार्यक्रम – 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों की माताओं को आयरन सीरप के महत्व की जानकारी दी जाएगी। लाइव डेमो के माध्यम से सही तरीके से सीरप पिलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
🔸 मॉ-संवाद मंच – 3 से 5 वर्ष के बच्चों की माताओं को आंगनबाड़ी भेजने, पोषण, आयरन सप्लीमेंट और एनीमिया की रोकथाम संबंधी जानकारी दी जाएगी।
🔸 अनुपूरण थाली व स्वस्थ थाली प्रदर्शन – संतुलित आहार व आयरन युक्त खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
🔸 मॉ की चिट्ठी कार्यक्रम – माताएं अपने बच्चों के नाम पत्र लिखेंगी, जिसमें वे उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को लेकर अपने विचार व भावनाएं साझा करेंगी। इन चिट्ठियों को सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा।
🔸 सेहत की राखी – आयरन के संग – राखियों के साथ जागरूकता स्लोगन, कार्ड्स व टैग लगाए जाएंगे। इन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त जागरूकता रैली, गीत, नारे लेखन, शपथ कार्यक्रम, सेल्फी अभियान आदि भी आयोजित होंगे। इन सभी गतिविधियों को ब्लॉक स्तर पर बीएमओ के निर्देशन में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, समुदाय प्रेरक, सीएचओ, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से क्रियान्वित किया जाएगा।
यह अभियान स्वास्थ्य के साथ भावनाओं को जोड़ते हुए रक्षाबंधन जैसे सांस्कृतिक पर्व को एक नए आयाम देने का प्रयास है।
