Tuesday, March 31, 2026
Home Blog Page 32

सांसद निधि से 4 गांवों को मिले पेयजल टैंकर

श्योपुर, 26 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा श्योपुर-मुरैना संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर की अनुशंसा पर सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत 4 ग्रामों के लिए पेयजल टैंकर हेतु प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

सांसद निधि से विजयपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बगदरी, सुठारा एवं बलावनी तथा विकासखण्ड श्योपुर के ग्राम पंचायत आमल्दा में पेयजल हेतु 5500 लीटर क्षमता वाले 1-1 जीआई वाटर टैंकर प्रदाय करने के लिए कुल 6 लाख 53 हजार 696 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

प्रत्येक टैंकर पर 1 लाख 63 हजार 424 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी एमपी स्टेट एग्रो एण्ड डवलपमेंट कार्पोरेशन, जिला श्योपुर को सौंपी गई है।

नगर पालिका पर विपक्ष का सीधा वार – कायाकल्प योजना में भ्रष्टाचार के आरोप

240 करोड़ की रोड पर सवाल, कॉलोनाइजरों को फायदा पहुंचाने का खेल?

फैक्ट-फाइल : कायाकल्प रोड विवाद

  • योजना प्रावधा: कायाकल्प योजना में अधिकतम 20 फीट (6 मीटर) चौड़ी सड़क की अनुमति।

  • विवादित निर्माण: नगर पालिका 50 फीट चौड़ी सीसी रोड बना रही है।

  • लागत: लगभग ₹240 करोड़।

  • आरोप: कॉलोनाइजरों को फायदा पहुँचाने और जमीन की कीमत बढ़ाने का प्रयास।

  • आपत्तियाँ:

    • लोकायुक्त ने नोटिस जारी कर प्रतिवेदन मांगा।

    • जिला परिवहन अधिकारी ने मार्ग जोड़ने पर दुर्घटना की आशंका जताई।

  • विपक्ष की मांग: रोड पर रोक लगाकर भवन परिसर में दुकानें व पार्किंग बनाई जाए।

  • चेतावनी: नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ धरना-प्रदर्शन की तैयारी।

240 करोड़ की रोड पर सवाल, कॉलोनाइजरों को फायदा पहुंचाने का खेल?

श्योपुर, 25 सितंबर 2025
विपक्षी पार्षदों और कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। श्रीराम धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक बाबू जण्डेल, जिला अध्यक्ष मांगीलाल फौजी, पूर्व नपाध्यक्ष दौलतराम गुप्ता, मो.चीनी कुर्रेशी,मो.शब्बीर नागोरी  एवम् नेता प्रतिपक्ष पार्षद सलाउद्दीन खिलजी, सुमेर सिंह,महावीर बाल्मीकि, महावीर सुमन सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

50 फीट चौड़ी रोड पर बवाल

नेताओं ने आरोप लगाया कि कायाकल्प योजना के तहत नवीन नगर पालिका भवन के सामने 50 फीट चौड़ी सीसी रोड बनाई जा रही है, जबकि योजना में अधिकतम 20 फीट (6 मीटर) तक रोड स्वीकृत है। यह निर्माण कार्य शासन की अनुमति से परे और भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है।

कॉलोनाइजरों को लाभ पहुंचाने का आरोप

नेताओं ने कहा कि इस रोड से आमजन को कोई लाभ नहीं होगा, बल्कि कॉलोनाइजरों की कॉलोनियों की कीमतें बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्य कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष पर निजी हित साधने का आरोप लगाते हुए विपक्षी पार्षदों ने कहा कि शासन के पैसों का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है।

लोकायुक्त की जांच के बाद भी जारी निर्माण

बताया गया कि कायाकल्प रोड के टेंडर में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर लोकायुक्त ने नोटिस जारी कर प्रतिवेदन मांगा था, इसके बावजूद नगर पालिका ने गुपचुप तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है 

परिवहन विभाग ने भी जताई आपत्ति

जिला परिवहन अधिकारी द्वारा पहले ही आपत्ति जताते हुए कलेक्टर को पत्र लिखा गया था कि परिवहन कार्यालय तक पहुंच मार्ग पहले से ही विभाग का है। नए मार्ग को कॉलोनाइजरों की कॉलोनियों से जोड़ना दुर्घटना की आशंका बढ़ाएगा।

कायाकल्प’ का मकसद ही बदल दिया

विपक्ष का कहना है कि कायाकल्प योजना का मूल उद्देश्य पुरानी सड़कों की मरम्मत, मजबूतीकरण और शहरी आधारभूत संरचना में सुधार है। योजना में 50 फीट चौड़ी नई सड़क का कोई प्रावधान नहीं है। बावजूद इसके नियमों को ताक पर रखकर करोड़ों की रोड बनाई जा रही है।

धरने की चेतावनी

नेताओं ने कहा कि अगर निर्माण कार्य पर रोक नहीं लगाई गई तो नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

राडेप और मलपुरा में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित नुक्कड़ नाटक और शपथ के ज़रिये ग्रामीणों को किया जागरूक

श्योपुर, 24 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर श्योपुर जिले में चल रहे नशामुक्ति अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राडेप और मलपुरा ग्राम में नशा मुक्ति पर आधारित नाटक का मंचन किया गया, जिसमें शराब, तंबाकू और अन्य नशे के दुष्परिणाम प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. गायत्री मित्तल ने ग्रामीणों को नशा त्यागने की शपथ दिलाई और अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
उप संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती शशिकिरण इक्का ने बताया कि डॉ. मित्तल के नेतृत्व में नुक्कड़ नाटक टीम ने नशे के विभिन्न प्रकारों को पात्रों के माध्यम से रोचक और प्रेरणादायक ढंग से प्रस्तुत किया। ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि नशा समाज के लिए घातक है और इसे केवल सामूहिक सहयोग से ही दूर किया जा सकता है।

इस अवसर पर नशा छोड़ चुके लोगों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि किस तरह नशे ने उनके जीवन को प्रभावित किया और नशा छोड़ने के बाद किस तरह सकारात्मक बदलाव आए।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार  नरेंद्र जैन भी मौजूद रहे।

मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की आसान पहुँच टेली-मानस पहल से अब हर किसी को 24×7 निःशुल्क परामर्श

श्योपुर, 24 सितंबर 2025
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर देशभर में बड़ी पहल की गई है। सरकार ने टेली-मानस (Tele-MANAS) सेवा शुरू की है, जिसके तहत अब आम नागरिक 24×7 निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और सहयोग प्राप्त कर सकेंगे।

लोग टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-91-4416 पर कॉल कर प्रशिक्षित काउंसलरों और विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे जुड़ सकते हैं। यह सेवा तनाव, अवसाद, चिंता, नशा मुक्ति जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को समय पर इलाज और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयास से शुरू हुई यह पहल दूरदराज़ के इलाकों तक भी मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का बड़ा कदम मानी जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि टेली-मानस से मानसिक रोगों को लेकर लोगों में झिझक कम होगी और ज़रूरतमंद आसानी से इलाज से जुड़ पाएंगे।

👉 हेल्पलाइन नंबर: 14416 / 1800-91-4416
👉 सेवा समय: चौबीसों घंटे, निःशुल्क

दो हितग्राहियों की हुई ई-केवायसी, मिलेगा खाद्यान का लाभ

दो हितग्राहियों की हुई ई-केवायसी, मिलेगा खाद्यान का लाभ

श्योपुर, 23 सितंबर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की जनसुनवाई के दौरान खाद्यान से वंचित दो हितग्राहियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया गया। मौके पर ही दोनों की ई-केवायसी कराई गई, जिससे अब उन्हें पात्रतानुसार खाद्यान का लाभ मिलेगा।

बड़ौदा के वार्ड क्रमांक 08 निवासी दिव्यांग बालिका अफसाना को ई-केवायसी न होने से खाद्यान नहीं मिल रहा था। कलेक्टर ने फूड विभाग के अधिकारियों को तत्काल ई-केवायसी कराने के निर्देश दिए। इसी तरह, ग्राम बर्धाखुर्द निवासी रघुवीर आदिवासी की भी समस्या का निराकरण करते हुए ई-केवायसी की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।

सियाराम को मिला आवास का लाभ

ग्राम कालूखेडली निवासी सियाराम बैरवा के आवास संबंधी आवेदन का भी मौके पर निराकरण किया गया। परियोजना अधिकारी सारिका पाटीदार ने बताया कि उनका नाम आवास 2.0 सर्वे पोर्टल पर जोड़ दिया गया है। शीघ्र ही उन्हें आवास का लाभ मिलेगा।

अनुपस्थित 08 अधिकारियों को नोटिस

जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने वाले 08 अधिकारियों को एक-एक वेतनवृद्धि रोकने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। इनमें प्राचार्य महाविद्यालय श्योपुर, जिला शिक्षा अधिकारी, एजीएम एमपीआरडीसी, ईई डब्ल्यूआरडी, ईई पीडब्ल्यूडी, एसडीओ हाउसिंग बोर्ड, सचिव कृषि उपज मंडी, सिविल सर्जन एवं जीएम पीएमजीएसवाय शामिल हैं।

188 आवेदन हुए प्राप्त

जनसुनवाई के दौरान कुल 188 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, तहसीलदार मनीषा मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर सख्त निर्देश

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 01 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एलबेण्डाजोल दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए। 26 सितंबर को होने वाले मॉपअप राउंड में छूटे हुए बच्चों को भी दवा दी जाए।
महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आदिम जाति कल्याण विभाग को इसके सतत फॉलोअप के निर्देश दिए गए।

कृषि विज्ञान केन्द्र बड़ौदा में वैज्ञानिक परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित

श्योपुर, 22 सितंबर 2025
कृषि विज्ञान केन्द्र बड़ौदा, श्योपुर की 38वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन हाइब्रिड मॉड में किया गया। बैठक की अध्यक्षता राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति के प्रतिनिधि डॉ. वाय.पी. सिंह, निदेशक विस्तार सेवाएं ने की, जबकि डॉ. अखिलेश सिंह, वैज्ञानिक निदेशक विस्तार सेवाएं, ग्वालियर विशेष अतिथि रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. चन्द्रमान सिंह जाटव ने स्वागत भाषण एवं उद्बोधन के साथ किया। इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. कायम सिंह ने विगत छह माह (खरीफ 2025) के कार्यों तथा आगामी छह माह (रबी 2025-26) की कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया।

बैठक में कृषि विज्ञान केन्द्र मुरैना से डॉ. जे.सी. गुप्ता, शिवपुरी से डॉ. मुकेश भार्गव, श्योपुर से उपसंचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य, उद्यान विभाग से एस.एस. प्रजापति, पशुपालन विभाग से डॉ. सुभाष दोहरे, मत्स्य विभाग से कमल प्रताप, बीज निगम से सोहन शर्मा तथा प्रगतिशील कृषक भरत सिंह जाट, जयदीप सिंह तोमर और एफपीओ प्रतिनिधि सोनू शर्मा आदि उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों एवं विशेषज्ञों ने अपने-अपने सुझाव रखे।

  • उपसंचालक कृषि मुनेश शाक्य ने नरवाई जलाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों को प्रशिक्षण के माध्यम से जागरूक करने पर जोर दिया।

  • उद्यान विभाग के एस.एस. प्रजापति ने उद्यानिकी फसलों के क्षेत्रफल की वृद्धि हेतु किसानों को प्रेरित करने का सुझाव दिया।

  • पशुपालन विभाग के डॉ. सुभाष दोहरे ने पशु क्रेडिट कार्ड और डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनू योजना के प्रचार-प्रसार पर बल दिया।

  • निदेशक विस्तार सेवाएं, वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश सिंह ने कार्ययोजना में स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता से शामिल करने की बात कही।

अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों का आभार डॉ. सी.बी.एस. जाटव ने व्यक्त किया।

युवा संगम का आयोजन 26 सितंबर को विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध होंगे रोजगार के अवसर

श्योपुर, 22 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग तथा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम का आयोजन किया जा रहा है।

यह आयोजन 26 सितंबर को शासकीय पीजी कॉलेज श्योपुर में प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठित उद्योगों एवं कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो युवाओं को नौकरी, इंटर्नशिप एवं कौशल विकास संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

इस युवा संगम में 5वीं पास से लेकर स्नातक तक तथा किसी भी ट्रेड के आईटीआई धारक युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को व्यावसायिक एवं औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यक जानकारी और संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने करियर की मजबूत नींव रख सकें।

प्रशासन ने जिले के सभी युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में युवा संगम में भागीदारी करें।

मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल पोर्टल का शुभारंभ

डिजिटल न्याय की दिशा में बड़ा कदम, पीड़ितों को शीघ्र और पारदर्शी राहत मिलेगी

नई दिल्ली  श्योपुर, 21 सितंबर 2025
माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकांत (न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय एवं कार्यकारी अध्यक्ष, NALSA) ने ऑनलाइन डैशबोर्ड फॉर क्लेमेन्ट रीइम्बर्समेंट एंड डिपॉजिट सिस्टम तथा मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल (एम.ए.सी.टी.) पोर्टल का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी, न्यायमूर्ति आलोक अराधे (न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय) एवं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा भी उपस्थित रहे। वहीं न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन, विवेक रूसिया एवं आनंद पाठक (सभी न्यायाधीश, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय) ने भी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

एम.ए.सी.टी. पोर्टल मोटर दुर्घटना दावा अधिकरणों से जुड़े मामलों में ई-फाइलिंग, ऑनलाइन प्रगति ट्रैकिंग एवं मुआवजा वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा। इसका उद्देश्य पीड़ितों और उनके परिजनों को शीघ्र एवं सरल न्याय उपलब्ध कराना है।

सुप्रीम कोर्ट का आदेश और नया डैशबोर्ड

यह पहल सर्वोच्च न्यायालय के दिनांक 22 अप्रैल 2025 को पारित आदेश के अनुपालन में की गई है। आदेश सुओ मोटू रिट याचिका (सिविल) सं. 7/2024 (In Re: Compensation Amounts Deposited With Motor Accident Claims Tribunals and Labour Courts) से संबंधित है। इसके तहत एक विशेष डैशबोर्ड तैयार किया जा रहा है जिस पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम, 1923 अंतर्गत स्वीकृत मुआवजे की राशि और संबंधित विवरण नियमित रूप से अपलोड होंगे। यह व्यवस्था दावेदारों, अधिवक्ताओं, बीमा कंपनियों और अधिकरणों सभी के लिए उपयोगी होगी।

न्याय तक पहुंच संवैधानिक दायित्व ही नहीं, मानवीय कर्तव्य – न्यायमूर्ति सूर्यकांत

शुभारंभ अवसर पर न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि न्याय तक पहुंच केवल संवैधानिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य भी है। एम.ए.सी.टी. पोर्टल और नया डैशबोर्ड मिलकर दुर्घटना पीड़ितों को समयबद्ध और पारदर्शी राहत उपलब्ध कराएंगे।

इस उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण मध्यप्रदेश के सभी जिलों और तहसीलों की अदालतों में न्यायाधीशों द्वारा देखा गया। श्योपुर जिले के समस्त न्यायाधीशगण भी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल रहे।

भ्रामक डाटा फीड करने पर डाटा मैनेजर का एक माह का वेतन काटने के निर्देश

डीएचओ सहित 12 अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस

श्योपुर, 20 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं की फीडिंग एवं रिपोर्टिंग में लापरवाही बरतने पर सख्त रुख अपनाया।

बैठक में सेवा पखवाड़ा अंतर्गत आयोजित रक्तदान महाअभियान में भ्रामक डाटा दर्ज करने पर जिला चिकित्सालय के डाटा मैनेजर प्रमोद वर्मा का एक माह का वेतन काटने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये। इसी मामले में डॉ. गजेन्द्र सिंह धाकड़ को भी दो वेतनवृद्धि रोके जाने के निर्देश दिये गये।

जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सहायता योजना में भुगतान होने के बावजूद पोर्टल पर जानकारी दर्ज न करने पर कराहल के कम्प्यूटर ऑपरेटर अनिल वर्मा की दो वेतनवृद्धि रोकने और बीएएम प्रमोद गुप्ता का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये गये। विजयपुर में 87.2 प्रतिशत फीडिंग होने पर बीएम रामप्रकाश अग्रवाल को भी सात दिन का वेतन काटने का नोटिस दिया गया।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में रिपोर्ट लंबित रहने पर सिविल सर्जन, नोडल अधिकारी डॉ. जेएन सक्सैना एवं डॉ. सीमा शाक्य की दो वेतनवृद्धि रोकने और बीपीएम विजयपुर दिलीप डण्डोतिया का सात दिन का वेतन काटने के आदेश दिये गये।

हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की जानकारी संतोषजनक न होने पर बीसीएम कराहल नवीन यादव की दो वेतनवृद्धि रोकी गई, वहीं बीपीएम कराहल वैशाली गोयल का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये गये। संपूर्ण टीकाकरण कार्यक्रम की जानकारी पोर्टल पर दर्ज न होने पर टीकाकरण अधिकारी डॉ. मुकेश मीणा की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिये गये।

इसके अलावा, विभिन्न योजनाओं में 100 प्रतिशत डेटा एंट्री न कराये जाने पर डीपीएम डॉ. हेमंत रावत का सात दिन का वेतन काटने संबंधी नोटिस भी जारी किया गया।

गर्भवती महिलाओं के लिए नियमित शिविर लगाने के निर्देश

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रतिमाह 9 और 25 तारीख को शिविर नियमित रूप से लगाये जायें। गर्भवती महिलाओं की जांच कर हाईरिस्क मामलों की पहचान की जाए और जिनमें हीमोग्लोबिन की कमी है, उन्हें एफसीएम इंजेक्शन दिया जाए। यह इंजेक्शन 21 दिन में हीमोग्लोबिन को तीन अंक तक बढ़ाता है।

स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 10,123 महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।

पराली की मुहिम तेज, कलेक्टर ने किसान को सौंपी बेलर की चाबी

3 लाख 65 हजार के बेलर पर 50 फीसदी सब्सिडी, सुपर सीडर पर भी 40 प्रतिशत अनुदान

श्योपुर, 19 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कहा कि किसान पराली प्रबंधन में उपयोगी कृषि उपकरण खरीदने के लिए जागरूक हो रहे हैं, जिसके चलते जिले में सुपर सीडर और अन्य कृषि यंत्रों की खरीदी में तेजी आई है। बड़ी कंपनियां भी अब श्योपुर में बेलर और सुपर सीडर को प्रमोट कर रही हैं। किसानों के सहयोग से जिला प्रशासन की पराली न जलाने की मुहिम को बल मिला है।

वे शुक्रवार को जॉनडीयर कंपनी द्वारा मोतीकुंज में आयोजित किसानों की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जॉनडीयर के एरिया मैनेजर श्रीकांत भुवन, जोनल मैनेजर प्रमोद रिकी, आशीष मोटर्स के संचालक, पेलेट्स एवं ब्रिकेट्स उद्योग से जितेंद्र मंगल और शिवम मूगिया सहित प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

92 हजार हेक्टेयर में धान की खेती

कलेक्टर वर्मा ने बताया कि जिले में 92 हजार से अधिक रकबे में धान की खेती होती है। किसान नई-नई तकनीकें अपना रहे हैं और जिला प्रशासन द्वारा गत दो माह से चलाई जा रही पराली न जलाने की मुहिम को किसानों का साथ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पराली की आग से जमीन की उर्वरा शक्ति कमजोर होती जा रही है, जिससे हर वर्ष यूरिया और अन्य खाद की आवश्यकता बढ़ रही है। किसान अब पराली प्रबंधन की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

बेलर से अतिरिक्त आमदनी

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि बेलर के माध्यम से पराली बेचकर किसान 200 रुपये प्रति क्विंटल तक अतिरिक्त आमदनी भी प्राप्त कर सकते हैं। श्योपुर में सात प्लांट संचालित हैं, जो पराली से पेलेट्स और ब्रिकेट्स बना रहे हैं।

किसान को सौंपी बेलर की चाबी

इस मौके पर कलेक्टर वर्मा ने जावदेश्वर निवासी गगनदीप सिंह को बेलर की चाबी सौंपी। शासन की ओर से 3 लाख 65 हजार रुपये की कीमत वाले बेलर पर 50 फीसदी सब्सिडी और 2 लाख 77 हजार रुपये लागत वाले सुपर सीडर पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर वर्मा ने गत बुधवार को जॉनडीयर और टैफे जैसी बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पराली प्रबंधन में उपयोगी कृषि यंत्रों के प्रमोशन के निर्देश दिए थे।