श्योपुर, 06 अगस्त 2025
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनज़र जिला जेल श्योपुर में बंदियों से मिलने हेतु खुली मुलाकात के निर्देश जारी किए गए हैं। जेल अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने जानकारी दी कि 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक बंदियों से मिलने की अनुमति रहेगी।
इस विशेष अवसर पर केवल बंदियों की महिला परिजन एवं 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों को ही जेल परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रत्येक महिला को बंदी से मिलने के लिए अधिकतम 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
मुलाकात करने वाली महिलाओं को किसी एक वैध पहचान पत्र—जैसे आधार कार्ड, राशनकार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड—के साथ आना अनिवार्य है।
जेल प्रशासन ने बताया कि पूजा की थाल जिसमें हल्दी, कुमकुम, चावल आदि सामग्री होगी, जेल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। बहनें साधारण राखी लेकर आ सकेंगी।
सुरक्षा नियमों के तहत मिठाई, गजक या सोनपपड़ी जैसी मिठाई 250 ग्राम तक ही ले जाने की अनुमति दी गई है।
जेल अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि बंदियों से मुलाकात के लिए महिलाएं जेल के बाहर एकत्र होंगी और सामूहिक रूप से मुलाकात कराई जाएगी। किसी भी बंदी को बार-बार मुलाकात के लिए नहीं बुलाया जाएगा।
जेल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि तलाशी के दौरान सहयोग करें और किसी भी प्रकार का विवाद जेल कर्मियों से न करें।
