Wednesday, September 30, 2026
Home Blog Page 34

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के पालन प्रतिवेदन की सख्त समीक्षा

श्योपुर, 21 जनवरी 2026
मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन अनुराग जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के पालन प्रतिवेदन की विस्तृत समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। बैठक में राज्य शासन द्वारा तय प्राथमिकताओं एवं पूर्व में दिए गए निर्देशों के जिलेवार अनुपालन की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान कानून एवं व्यवस्था, सुशासन से जुड़ी गतिविधियाँ, राजस्व विभाग के कार्य, कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा नगरीय विकास से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य कर आमजन तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद, डिप्टी कलेक्टर विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग तय समयसीमा में परिणाम सुनिश्चित करें।

जिला जेल श्योपुर में आध्यात्मिक चेतना का संचार, जैन साध्वियों ने बंदियों को दिया आत्मोन्नति का संदेश

श्योपुर, 19 जनवरी 2026
जिला जेल श्योपुर में बंदियों के आध्यात्मिक उत्थान और मानसिक परिवर्तन के उद्देश्य से एक विशेष प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रमण संघीय जैन सिद्धांताचार्य, मधुर गायिका तपस्वीरवा प्रतिभा श्रीजी म.सा., दीक्षिता श्रीजी म.सा., प्रेरणा श्रीजी म.सा. एवं प्रेक्षा श्रीजी म.सा. ने जेल में निरुद्ध बंदियों को आत्मचिंतन और सद्मार्ग की प्रेरणा दी।

प्रवचन के दौरान जैन साध्वियों ने सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य जैसे जैन धर्म के मूल सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बंदियों से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन अपनाने का आह्वान किया। साध्वियों ने कहा कि आत्मसंयम और सद्विचार के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है।

विशेष उल्लेखनीय है कि प्रेक्षा श्रीजी म.सा. की जन्मभूमि श्योपुर है। उन्होंने 16 वर्ष की आयु में संन्यास जीवन स्वीकार किया था और दीक्षा के 18 वर्ष बाद प्रथम बार अपनी जन्मभूमि श्योपुर आगमन हुआ, जिसे लेकर कार्यक्रम में विशेष भावनात्मक वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने प्रवचन को गंभीरता से सुना और आध्यात्मिक विचारों से प्रेरित हुए। कार्यक्रम में जेलर प्रभात कुमार सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

जेल प्रशासन ने इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रमों को बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

संकल्प से समाधान में कोई हितग्राही न छूटे, शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करें: संभागायुक्त

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने 17 स्थानों पर बनेंगे बायो रिसोर्स सेंटर

संभागायुक्त ने योजनाओं की गहन समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

श्योपुर, 18 जनवरी 2026
चंबल संभागायुक्त सुरेश कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत शासन की मंशानुरूप सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, ताकि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। वे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्योपुर गगन सिंह मीणा, एसडीएम कराहल बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन एवं विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त सुरेश कुमार ने बताया कि 12 जनवरी से 31 मार्च तक चल रहे संकल्प से समाधान अभियान के प्रथम चरण में शिविरों के माध्यम से सभी 106 योजनाओं के आवेदन पात्रतानुसार प्राप्त कर पोर्टल पर दर्ज किए जाएं। इसके लिए डोर-टू-डोर अभियान भी चलाया जाए। संबंधित विभाग आवेदनों का त्वरित निराकरण कर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में क्लस्टर स्तर तथा तृतीय चरण में विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में हितग्राहियों को लाभ वितरण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। क्लस्टर स्तर के शिविरों के साथ नेत्र परीक्षण शिविर लगाकर नि:शुल्क चश्मा वितरण, मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना तथा ब्रेस्ट कैंसर रोगियों का चिन्हांकन भी किया जाएगा। विकासखंड स्तरीय शिविरों में मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही 8 मार्च तक सभी विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, 17 बायो रिसोर्स सेंटर होंगे स्थापित

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त सुरेश कुमार ने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले में 25 प्राकृतिक खेती क्लस्टर बनाकर 3125 किसानों का चयन किया गया है। तकनीकी मार्गदर्शन के लिए 50 कृषि सखी एनआरएलएम के माध्यम से चयनित की गई हैं।

प्राकृतिक खेती को मजबूती देने के लिए जिले में 17 स्थानों पर बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए इच्छुक किसानों, एफपीओ एवं गौशालाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें से अब तक 6 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रत्येक रिसोर्स सेंटर को 1 लाख रुपये का अनुदान कृषि विभाग द्वारा दिया जाएगा। ये केंद्र गोबर खाद, जीवामृत, बीजामृत जैसे जैविक उत्पाद किसानों को उपलब्ध कराएंगे।

उद्यानिकी, स्वास्थ्य और अन्य विभागों की समीक्षा

उद्यानिकी विभाग ने बताया कि सब्जी उत्पादन के लिए 3 क्लस्टर बनाए गए हैं। पीएमएफएमई योजना में 76 इकाइयों के लक्ष्य के विरुद्ध 65 प्रकरण बैंकों को भेजे गए, जिनमें से 32 प्रकरण स्वीकृत होकर वितरित किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों एवं 70 प्लस वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों की नियमित निगरानी कर आवश्यकता पड़ने पर एनआरसी में भर्ती कर स्वास्थ्य व पोषण लाभ दिया जाए। बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने के लिए न्यूट्री बास्केट जैसे नवाचार अपनाने के निर्देश भी दिए गए।

अटल प्रोग्रेस-वे के लिए अभी से तैयारी के निर्देश

राजस्व अधिकारियों की बैठक में संभागायुक्त सुरेश कुमार ने अटल प्रोग्रेस-वे के एलायनमेंट के आधार पर प्रारंभिक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में भूमि का आंकलन सुनिश्चित करें।

उन्होंने संकल्प से समाधान अभियान के तहत अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही वन अधिकार अधिनियम के तहत दिए गए पट्टों पर बैंकों के माध्यम से केसीसी जारी कराने को कहा। बैठक में बताया गया कि 3069 पट्टाधारियों में से 1256 को केसीसी से जोड़ा जा चुका है, शेष की प्रक्रिया जारी है।

जिले में 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जानकारी दी कि जिले में प्राकृतिक खेती, सब्जी उत्पादन एवं मसाला क्षेत्र विस्तार अंतर्गत मिर्ची क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। उर्वरक वितरण की सुविधा के लिए ई-विकास प्रणाली शुरू कर दी गई है। अंधत्व निवारण के तहत 6 स्वास्थ्य संस्थाओं में नेत्र परीक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं। संकल्प से समाधान अभियान में अब तक 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनका निराकरण तेजी से किया जा रहा है।

उच्च न्यायालय से याचिका खारिज होते ही कार्रवाई तेज: पुलिस लाइन के सामने से हटाईं 26 अवैध गुमटियां, एनएच नाला निर्माण का रास्ता साफ

श्योपुर 18 जनवरी 2026

माननीय उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर से याचिका निरस्त होने के उपरांत नगर पालिका ने जिला प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुरानी पुलिस लाइन के सामने एनएच नाला निर्माण कार्य में बाधक बनी 26 अवैध गुमटियों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया, जिससे बहुप्रतीक्षित नाला निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में की गई। मौके पर सीएमओ राधेरमण यादव की मौजूदगी में नगर पालिका अमले एवं पुलिस बल के सहयोग से जेसीबी मशीन द्वारा अतिक्रमण हटाया गया। 

जिसमे कई दुकानदार को खासा नुकसान देखने को मिला गुमटियां पूरी तरह से नस्त कर दी गई तोड़ कर मलवे, कबाड़े में तब्दील हो गई वही बुल्डोजर ने एक बेजुबान की भी जान jcb का पहिया चढाकर काले कुत्ते की जान लेली शरीर फट गया आंते बाहर आगई कई दुकान दार बीच सड़क पर अपना दर्द बिलखते हुए सुनाते रहे 

विडियो देखे 

नगर पालिका प्रशासन द्वारा पहले ही दुकानदारों को गुमटियां हटाने के लिए समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर, तथा न्यायालय से कोई राहत न मिलने के बाद, प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।

नगर पालिका के अनुसार, अतिक्रमण हटने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग नाले के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और शहर की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवैध अतिक्रमण पर आगे भी बिना भेदभाव के सख्त कार्रवाई     कार्रवाई जारी रहेगी।, ताकि विकास कार्य बिना बाधा पूरे किए जा सकें और आम नागरिकों को सुविधाएं मिल सकें।

18 जनवरी को जिले की 15 पंचायतों में लगेंगे संकल्प से समाधान शिविर

हितग्राहियों को एक ही मंच पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

श्योपुर, 17 जनवरी 2026
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित संकल्प से समाधान अभियान के तहत जिले में प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। 12 जनवरी से 31 मार्च तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य भारत सरकार एवं राज्य शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सीधे पहुंचाना है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन तथा सीईओ जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद के निर्देशन में श्योपुर जिले की सभी 236 ग्राम पंचायतों में पंचायत स्तरीय शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।

इसी क्रम में 18 जनवरी को जिले की 15 ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।
श्योपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत ददूनी, बनवाड़ा, हलगावड़ा बुजुर्ग, फिलोजपुरा, बासोंद, आमल्दा एवं ढोढर में शिविर आयोजित होंगे।
कराहल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ढेगदा में शिविर लगेगा।
विजयपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत देहरी, मैदावली, दांतेटी, धोरीबावड़ी, बैनीपुरा, लक्ष्मणपुरा एवं दिमरछा में भी इसी दिन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

ये शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होंगे। शिविरों के सफल संचालन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ग्राम स्तरीय दल में पटवारी, पंचायत सचिव, जीआरएस, आरएईओ, आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहित मैदानी अमला सक्रिय रूप से तैनात रहेगा।

प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ प्राप्त करें।

ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत श्योपुर में विकासखंड स्तरीय सम्मेलन सम्पन्न

स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह में गूंजे राष्ट्र निर्माण के विचार

श्योपुर, 17 जनवरी 2026
स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह के अवसर पर ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत विकासखंड श्योपुर में भव्य विकासखंड स्तरीय सम्मेलन एवं व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा पीएमश्री अग्रणी महाविद्यालय श्योपुर में किया गया।

यह आयोजन कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन तथा सीईओ जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। मंच पर प्राचार्य डॉ. ओपी शर्मा, सीईओ जनपद एस.एस. भटनागर, सहायक संचालक महिला बाल विकास रिशु सुमन एवं जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह ने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा 12 जनवरी से 26 जनवरी तक जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर ग्राम उत्सव और ग्रामोदय अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से विकास को गति देना है।

सीईओ जनपद एस.एस. भटनागर ने ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र एवं वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास रिशु सुमन ने लाड़ली बहना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के लाभों से उपस्थित जनों को अवगत कराया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. ओपी शर्मा ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद का जीवन असीम सकारात्मक ऊर्जा से भरा था। वे आज भी युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। यदि युवा उनके आदर्शों को आत्मसात करें तो समाज और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।”

कार्यक्रम में कॉलेज प्राध्यापक, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समिति सदस्य, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता, एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन विप्लव शर्मा द्वारा किया गया।

कलेक्टर से मिला सरपंच प्रतिनिधि मंडल, ग्राम विकास कार्यों पर हुई अहम चर्चा

श्योपुर, 15 जनवरी 2026
विकासखण्ड विजयपुर अंतर्गत ग्राम पंचायतों के सरपंच प्रतिनिधि मंडल ने आज कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में भेंट कर ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न विकास विषयों पर चर्चा की। इस दौरान जनपद अध्यक्ष विजयपुर बदन सिंह रावत सहित अनेक ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने वीबी-जी राम जी योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 15 फरवरी तक योजना के पोर्टल की लॉगइन प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी, जिसके बाद अनुमत कार्यों को कराया जा सकेगा। उन्होंने सरपंचों से अपेक्षा की कि योजना के अंतर्गत केवल जनहितैषी, उपयोगी एवं अनुमत कार्यों का ही चयन किया जाए तथा प्रशासकीय व तकनीकी स्वीकृति के पश्चात ही मस्टर जारी कर कार्य प्रारंभ किए जाएं।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और समुदाय के लिए दीर्घकालिक लाभ देने वाले कार्यों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में शांतिधाम (मुक्तिधाम) का निर्माण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। जो शांतिधाम जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, उनकी मरम्मत कराई जाए।

उन्होंने जानकारी दी कि 15वें वित्त आयोग की राशि से शांतिधाम की मरम्मत, बाउंड्रीवाल, एप्रोच रोड जैसे कार्य कराए जा सकते हैं। साथ ही मुक्तिधाम में पेयजल, वृक्षारोपण, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान सरपंच प्रतिनिधि मंडल ने टर्राकलां में रेलवे लाइन अंडरपास निर्माण के लिए कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर ग्राम विकास को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ और सरपंचों ने प्रशासन के साथ मिलकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया।

सूक्ष्म सिंचाई परियोजना पर प्रशासन सख्त, 15 दिन में 10 गांवों तक पहुंचेगा पानी


किसानों के साथ बैठक में कलेक्टर ने तय किया टाइमलाइन, डीपीआर अनुसार होगा पूरा क्रियान्वयन

श्योपुर, 15 जनवरी 2026
चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को लेकर प्रशासन ने अब निर्णायक रुख अपना लिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में कमांड क्षेत्र के किसानों और विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्पष्ट किया गया कि परियोजना का क्रियान्वयन डीपीआर के अनुरूप शत-प्रतिशत कराया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने क्रियान्वयन एजेंसी को निर्देश दिए कि अगले 15 दिवस में कम से कम 10 ग्रामों के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाकर दिखाया जाए। इसके लिए मौके पर पानी चलाकर प्रदर्शन किया जाएगा। 15 दिवस बाद पुनः बैठक आयोजित कर फील्ड स्तर पर पानी पहुंचने की वास्तविक समीक्षा की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री चैतन्य चौहान, उप संचालक कृषि जीके पचौरिया, परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी डब्ल्यूपीआईएल के प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह, अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

12 हजार हेक्टेयर सिंचाई लक्ष्य पर फोकस

कलेक्टर ने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का उद्देश्य 12 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाएगा। कमांड क्षेत्र के किसानों की सभी समस्याओं का समाधान कर हर खेत तक पानी पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि परियोजना को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। 15 दिवस में 10 ग्रामों में पानी पहुंचने के बाद स्वयं फील्ड निरीक्षण किया जाएगा और किसानों से फीडबैक लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इजरायली तकनीक से बनी है परियोजना

डब्ल्यूपीआईएल कंपनी द्वारा निर्मित यह सूक्ष्म सिंचाई परियोजना इजरायली तकनीक पर आधारित है। खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए प्रेशर और दबाव तकनीक से पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसमें स्प्रिंकलर सिस्टम के माध्यम से सिंचाई का प्रावधान है।

परियोजना अंतर्गत हिरनीखेड़ा में इंटेक वेल और पंप हाउस, जबकि लून्ड में बूस्टर पंप स्थापित किया गया है। कंपनी को 5 वर्षों तक परियोजना के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। कुल 782.43 किलोमीटर ग्रेविटी लाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि मैन लाइन का कार्य अलग से किया गया है।

जल वितरण के लिए 413 बॉक्स प्रस्तावित हैं, जिनमें से 404 बॉक्स स्थापित किए जा चुके हैं। प्रत्येक 30 हेक्टेयर क्षेत्र पर एक बॉक्स लगाया गया है, जिससे 4 से 5 आउटलेट दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जीएम-1 और जीएम-2 की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है, जबकि जीएम-3 की ट्रायल टेस्टिंग जारी है।

प्रशासन का साफ संदेश:
अब केवल कागजी प्रगति नहीं चलेगी, खेतों तक पानी पहुंचे—यही सूक्ष्म सिंचाई परियोजना की सफलता का असली पैमाना होगा।

पाइपलाइन कार्य से उखड़ी सड़कों का तुरंत रिस्टोरेशन करें डीएम के सख्त निर्देश, वार्डों में जाकर मौके पर सुलझें समस्याएं

श्योपुर, 15 जनवरी 2026
जलावर्धन योजना के तहत शहर में पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी जा रही सड़कों और सीसी रोड की बदहाल स्थिति को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश अर्बन डवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खुदाई के बाद सड़कों का रिस्टोरेशन तत्काल और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि अधिकारी वार्डों का नियमित भ्रमण करें और स्थानीय नागरिकों व पार्षदों द्वारा बताई गई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया, सुजीत गर्ग, नगरपालिका सीएमओ राधेरमण यादव, नगर पालिका श्योपुर के पार्षदगण एवं एमपीयूडीसी के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के लिए कटर के माध्यम से ही सीसी सड़क की खुदाई की जाए, जिससे सड़क का अन्य हिस्सा अनावश्यक रूप से क्षतिग्रस्त न हो। पाइपलाइन डालने के बाद तत्काल टेस्टिंग कराकर सड़क का रिस्टोरेशन किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षदों द्वारा जैसे ही किसी समस्या की जानकारी दी जाए, उसी समय तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शहर के विभिन्न वार्डों में लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

बैठक में एमपीयूडीसी के अधिकारियों ने जानकारी दी कि जलावर्धन योजना के अंतर्गत 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शहरी क्षेत्र में शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर अमल करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन का संदेश स्पष्ट
विकास कार्यों के नाम पर नागरिकों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ कार्य पूर्ण करना अनिवार्य है।

शहर में अज्ञात चोर गिरोह द्वारा एटीएम मशीन से कैश चोरी की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा

 

शहर में अज्ञात चोर गिरोह द्वारा एटीएम मशीन से कैश चोरी की शिकायतो के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक श्योपुर  सुधीर अग्रवाल के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक श्योपुर  प्रवीण भूरिया, एसडीओपी श्योपुर श्री राजीव गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा ए.टी.एम. कैश चोरी की बारदात का खुलासा

श्योपुर दिनांक 14 जनवरी 2026

दिनांक 13.01.2026 को सुबह के समय थाना प्रभारी कोतवाली श्योपुर निरीक्षक सत्यमसिंह गुर्जर को सूचना मिली कि बायपास रोड पर स्थित बैंक ऑफ इण्डिया के एटीएम पर एक संदिग्ध व्यक्ति एटीएम मशीन से कैश चुराने की ताक में घूम रहा है। जिस पर थाना प्रभारी द्वारा कोतवाली श्योपुर पर पदस्थ सउनि बृजराजसिंह यादव को मय फोर्स तत्काल मौके पर रवाना किया मौके पर पहुंचकर देखा तो एक संदिग्ध व्यक्ति एटीएम मशीन में कैश निकलने के स्थान पर काला टेप लगाकर ग्राहको के निकले हुए पैसे को चुराने का प्रयास कर रहा था। जैसे ही पुलिस पहुची तो उक्त व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा तब मौके पर पुलिस ने आमजन की सहायता से उक्त व्यक्ति को पकडा व नाम पता पूछा तो अपना नाम इमरान पुत्र इब्राहिम मुसलमान उम्र 23 साल निवासी अनन्तपुरा कोटा राजस्थान का होना बताया। तब आरोपी को पकड कर थाने लाया गया एवं अपराध क्र. 14/26 धारा 62,305 (ई), 332 (सी) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। ज्ञात हो कि आरोपी पर पूर्व में भी एटीएम मशीन काटकर पैसा निकालने का भी अपराध पंजीबद्ध है जिस प्रकरण में आरोपी दो माह पहले ही जेल से जमानत पर छूटा है 

सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली श्योपुर निरीक्षक सत्यमसिंह गुर्जर, व उनकी टीम सउनि बृजराजसिंह यादव, सउनि संजयसिंह यादव, प्र. आर.412 अंसार खांन, आर.285 बृजमोहन यादव, आर. 616 रविन्द्र त्यगी, आर.313 दीपक लाहोटी, आर.342 बनेश मल्लाह, आर.456 देवेन्द्र गुर्जर, आर.500 कमल गुर्जर, आर.631 करतार गुर्जर की विशेष सराहनीय भूमिका रही।