शासकीय राशि के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई, सरपंच-सचिवों से 6.38 लाख की वसूली के आदेश

0
6
Spread the love

गढ़ी, बुढेरा और बैनीपुरा पंचायतों में नियमविरुद्ध भुगतान उजागर

श्योपुर  10 फरवरी 2026
पंचायती राज व्यवस्था में वित्तीय अनुशासन को लेकर जिला पंचायत स्तर पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने मध्यप्रदेश पंचायतराज अधिनियम 1993 की धारा 89(1) के तहत शासकीय राशि के दुरुपयोग और नियमविरुद्ध भुगतान के मामलों में तीन ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों से कुल 6 लाख 38 हजार 928 रुपये की वसूली के आदेश जारी किए हैं।

यह कार्रवाई सीपी ग्राम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद की गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रकरण दर्ज कर संबंधितों को सुनवाई का अवसर दिया गया, जिसके बाद वसूली के आदेश पारित किए गए।

ग्राम पंचायत गढ़ी: डमी फोटो से हाजिरी, 4.30 लाख का गबन

ग्राम पंचायत गढ़ी में तलैया निर्माण कार्यों के मस्टर रोल में लेबर की जगह डमी फोटो खींचकर उपस्थिति दर्ज करने और नियमविरुद्ध भुगतान का मामला सामने आया। जांच में कुल 4 लाख 30 हजार 650 रुपये के दुरुपयोग की पुष्टि हुई।
इसमें कुराखोई, बारेलिया और सोखना क्षेत्र के तलैया निर्माण कार्यों से जुड़े मस्टर रोल शामिल हैं। इस प्रकरण में सरपंच जयप्रकाश पचोरी, जीआरएस और प्रभारी सचिव मेघनाथ रावत से समान भाग में राशि वसूलने के आदेश दिए गए हैं।

ग्राम पंचायत बुढेरा: 62,640 रुपये की वसूली

ग्राम पंचायत बुढेरा में तलैया निर्माण कार्य (कल्लू गुर्जर के खेत के पास) में मस्टर रोल पर 62 हजार 640 रुपये का नियमविरुद्ध भुगतान पाया गया। इस मामले में सरपंच शकुंतला धाकड़, सचिव रामप्रकाश धाकड़ और जीआरएस देवेंद्र शर्मा से समान भाग में वसूली के आदेश जारी किए गए हैं।

ग्राम पंचायत बैनीपुरा: 1.45 लाख का दुरुपयोग

ग्राम पंचायत बैनीपुरा में विशाल के खेत के पास तलैया निर्माण कार्य के दौरान मस्टर रोल में डमी फोटो के जरिए फर्जी हाजिरी दर्ज कर 1 लाख 45 हजार 638 रुपये का भुगतान किया गया। जांच में दुरुपयोग सिद्ध होने पर सरपंच दिनेश धाकड़ और सचिव बद्री जाटव से समान भाग में राशि वसूलने के निर्देश दिए गए हैं।

सीईओ का स्पष्ट संदेश

सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद ने स्पष्ट किया कि शासकीय राशि के दुरुपयोग पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

#SheopurNews #PanchayatCorruption #GovernmentFundMisuse #MPPanchayat #ActionAgainstCorruption #CrimeNationalNews

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here