20 से 28 फरवरी तक चलेगा एग्जाम, श्योपुर में 31,652 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
श्योपुर दिनांक: 15 फरवरी 2026
श्योपुर। शिक्षण सत्र 2025-26 में कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षा इस बार बोर्ड पैटर्न पर आयोजित होगी। परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगी। प्रदेश भर में 12,920 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 25 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।
राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि शासकीय, अशासकीय विद्यालयों और मदरसों के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस वर्ष 1,10,615 शासकीय एवं निजी स्कूलों और मदरसों के करीब 24.90 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे। 522 निजी विद्यालयों के 20,736 विद्यार्थियों के लिए एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार भाषा विषय के अलग प्रश्नपत्र तैयार किए गए हैं, जबकि अन्य विषयों के प्रश्नपत्र राज्य की निर्धारित पाठ्यपुस्तकों पर आधारित हैं।
आईटी पोर्टल से होगी पूरी मॉनिटरिंग
परीक्षा संचालन के लिए विशेष आईटी पोर्टल विकसित किया गया है। इसी पोर्टल से विद्यार्थियों का सत्यापन, परीक्षा केंद्र निर्धारण, केंद्राध्यक्ष मैपिंग, रोल नंबर व प्रवेश पत्र जारी करने से लेकर उपस्थिति, मूल्यांकन और अंकसूची जारी करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित होगी।
हर पात्र विद्यार्थी को मिलेगा मौका
निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र विद्यार्थी परीक्षा से वंचित न रहे। यदि कोई छात्र परीक्षा तिथि तक पंजीकृत नहीं हो पाया है, तो उसे भी परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाएगा। उसकी तकनीकी जानकारी परीक्षा उपरांत दर्ज की जाएगी।
श्योपुर में 144 परीक्षा केंद्र, दोपहर 2 बजे से परीक्षा
श्योपुर जिले में 144 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डीपीसी भूपेन्द्र शर्मा के अनुसार जिले में कुल 31,652 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसमें कक्षा 5वीं के 16,923 और कक्षा 8वीं के 14,729 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रदेश स्तर पर सख्त निगरानी और डिजिटल मॉनिटरिंग के साथ इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया है।
#BoardExam2026 #Class5Exam #Class8Exam #MPEducation #SheopurNews #CrimeNationalNews
