श्योपुर दिनांक: 16 फरवरी 2026
श्योपुर। जिले के तीनों सांदीपनि स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 28 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से 8 नए हॉस्टल बनाए जाएंगे। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि हॉस्टल निर्माण हेतु शीघ्र भूमि का चयन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए, ताकि भूमि आवंटन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए यह निर्माण कार्य प्राथमिकता से कराया जाएगा। हॉस्टल निर्माण के लिए पीआईयू को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।
100 और 50 सीटर हॉस्टल होंगे तैयार
बैठक में बताया गया कि 100 सीटर हॉस्टल के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये तथा 50 सीटर हॉस्टल के लिए करीब 2.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सांदीपनि स्कूल श्योपुर और विजयपुर में 100-100 सीटर के दो-दो, कुल 4 हॉस्टल बनेंगे।
कराहल विकासखंड के सांदीपनि स्कूल पहेला में 100 सीटर के दो और 50 सीटर के दो हॉस्टल निर्मित किए जाएंगे।
जनगणना 2027 की तैयारी शुरू
बैठक में जनगणना 2027 को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। पहला चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण का होगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में संपन्न कराया जाएगा। तहसीलवार और निकायवार चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। सभी नियुक्त अधिकारियों का प्रशिक्षण 19 और 20 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा।
योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करें। इसके आधार पर आगामी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। लोक सेवा गारंटी से जुड़े प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
‘संकल्प से समाधान’ अभियान में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि क्लस्टर स्तर के शिविर शुरू हो चुके हैं। अधिकारी विभागीय आवेदनों का त्वरित निराकरण कर उन्हें पोर्टल पर अपलोड करें। अभियान के तहत आमजन 21 विभागों की 106 सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। नागरिक स्वयं भी ऑनलाइन पंजीयन कर सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
जिले में शिक्षा, जनगणना और जनसेवा से जुड़े इन फैसलों को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
#SheopurNews #SandipaniSchool #HostelConstruction #MPDevelopment #EducationInfrastructure #CrimeNationalNews
