Thursday, October 1, 2026
Home Blog Page 58

बंजारा डैम पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, डोल ग्यारस पर देव विमानों संग पहुंचे कलेक्टर

 

श्योपुर, 03 सितंबर 2025

डोल ग्यारस के पावन पर्व पर श्योपुर शहर में धार्मिक आस्था और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। जलझूलनी एकादशी के शुभ अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों से निकले लगभग 50 देव विमानों ने नगरवासियों को भक्ति में सराबोर कर दिया। डोल ग्यारस की यह अनुपम शोभायात्रा टोडी गणेश मंदिर से प्रारंभ होकर बंजारा डैम पहुंची, जहां सीप नदी में भगवान का जलविहार कराया गया।

इस विशाल धार्मिक आयोजन में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा स्वयं शामिल हुए। उन्होंने बंजारा डैम पर पहुंचकर देव विमानों की पूजा-अर्चना की और भक्तों के साथ आरती में भाग लेकर आयोजनों की गरिमा को और भी बढ़ाया।

व्यवस्थाओं में प्रशासन रहा मुस्तैद

पर्व के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां भी सराहनीय रहीं।  वर्मा ने एक दिन पूर्व ही अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए थे। डोल मेले की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दायित्व सौंपे गए थे।

लोक आस्था और संस्कृति का पर्व

डोल ग्यारस श्योपुर की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन चुका है। इस पर्व पर हजारों श्रद्धालु शामिल हुए, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उल्लास देखने को मिला। देव विमानों के साथ चलती भजन मंडलियों, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

श्रद्धालुओं ने बंजारा डैम पर भगवान के जलविहार के दर्शन किए और आरती में भाग लेकर पुण्य अर्जित किया। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाएं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

🕉️ डोल ग्यारस सिर्फ एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि श्योपुर की जीवंत सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर किया मोबाइल मेडिकल क्लिनिक सेवा का शुभारंभ


श्योपुर, 01 सितंबर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आज आदिवासी विकासखण्ड मुख्यालय कराहल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर से परिवार एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल क्लिनिक सेवा का फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कराहल बीएमओ डॉ. सौरभ कुशवाहा, स्थानीय स्वास्थ्य कर्मी, संस्था का स्टाफ और मोबाइल क्लिनिक टीम मौजूद रही। कलेक्टर ने मोबाइल मेडिकल क्लिनिक सेवा की टीम से चर्चा कर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

परिवार संस्था के रिकेश करोचे ने बताया कि इस सेवा के माध्यम से वीरपुर-ओछापुरा क्षेत्र के 51 दूरस्थ एवं जरूरतमंद आदिवासी गाँवों में निःशुल्क प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और दवा वितरण की सुविधा ग्रामीणों को उनके गाँव में ही उपलब्ध कराई जाएगी। मोबाइल क्लिनिक प्रतिदिन 4 से 5 गाँवों में पहुँचेगा तथा टीम द्वारा मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाइयाँ व परामर्श दिया जाएगा। गंभीर रोगियों को श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, भोपाल, दिल्ली एम्स जैसे सरकारी अस्पतालों में रेफर किया जाएगा और संस्था द्वारा उनके उपचार की व्यवस्था भी कराई जाएगी।

इस मोबाइल क्लिनिक सेवा में एमबीबीएस चिकित्सक सहित अन्य स्वास्थ्य अमला संस्था की ओर से नियुक्त किया गया है। संस्था द्वारा कराहल और श्योपुर ब्लॉक में पूर्व से ही 2 मोबाइल क्लिनिक संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से अब तक 124 गाँवों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राष्ट्रीय खेल दिवस का समापन समारोह आयोजित 82 खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित


श्योपुर, 31 अगस्त 2025
अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में संचालित तीन दिवसीय खेल गतिविधियों का समापन करते हुए कहा कि खेल हमारे संस्कार, शिक्षा एवं प्रतिभा को निखारते हैं। यह हमें समर्पण, कठिन परिश्रम एवं अनुशासन का पाठ सिखाते हैं। खेल संकीर्ण विचारधारा को दूर करते हैं और हमारे जीवन में इनका बड़ा महत्व है।

पीएमश्री कॉलेज के इंडोर हॉल में आयोजित समापन समारोह के दौरान राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले श्योपुर के 82 खिलाड़ियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम गगन सिंह मीणा, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, एसडीओपी राजीव गुप्ता, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी अरूण सिंह चौहान सहित खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय ने अपने संबोधन में कहा कि मेजर ध्यानचंद हॉकी के खिलाड़ी थे, जिन्होंने ओलंपिक खेलों में भारत को तीन बार स्वर्ण पदक दिलवाया। इसके अलावा उन्होंने कई अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में भारत का परचम लहराया। उनके जन्मदिवस को पूरे देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया ने कहा कि शासन द्वारा खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में श्योपुर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि हासिल की है।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट ने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि भावनात्मक रूप से भी व्यक्तित्व का निर्माण होता है। श्योपुर के खिलाड़ी खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर एसडीएम गगन सिंह मीणा एवं एसडीओपी राजीव गुप्ता ने भी खिलाड़ियों को संबोधित कर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत में खेल अधिकारी अरूण सिंह चौहान ने बताया कि मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 29 से 31 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस अंतर्गत तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा फिट इंडिया की शपथ ली गई। कार्यक्रम का संचालन राहुल राजपूत ने किया तथा आभार खेल अधिकारी अरूण सिंह चौहान ने व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए।

राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तथा खेलो इंडिया सहित राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता, राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता सहित अन्य खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले एवं सहभागिता करने वाले खिलाड़ियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कोर्डिनेटर आशीष दुबे, बिन्दु शर्मा, शिवकुमार तोमर, खेल प्रशिक्षक डेलन सिंह तुमराची, नेहरू युवा केन्द्र से शिवकुमार दौहरे, शिक्षा विभाग से कौशल त्रिपाठी, वीरेन्द्र सोलंकी, सचिव जिला खो-खो संघ पंकज शर्मा, सचिव जिला फुटबॉल संघ विक्रम परिहार, सचिव जिला हॉकी संघ सचिन वशिष्ठ आदि उपस्थित थे।

रेडक्रॉस द्वारा आयोजित शिविर में 31 यूनिट रक्त का कलेक्शन रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, यह जिंदगी बचाता है


अस्पताल में जल्द स्थापित होगी ब्लड कंपोनेंट मशीन

श्योपुर, 31 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं अध्यक्ष रेडक्रॉस सोसायटी श्योपुर अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल में रेडक्रॉस द्वारा आयोजित शिविर में 31 यूनिट रक्त का संग्रहण हुआ। रेडक्रॉस श्योपुर के तत्वाधान में पुष्पाश्री फाउंडेशन एवं स्व. मुकेश गुप्ता स्मृति सेवा न्यास के सहयोग से आयोजित शिविर के दौरान रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम गगन सिंह मीणा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, यह जिंदगी बचाने के काम आता है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में 5 हजार यूनिट रक्त की एक साल में आपूर्ति की जा रही है, जो रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से ही संभव हो पा रहा है।

पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से श्योपुर में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा लोग स्वप्रेरणा से नियमित रूप से रक्तदान कर रहे हैं।

सिविल सर्जन डॉ. आरबी गोयल ने बताया कि श्योपुर अस्पताल में जल्द ही ब्लड कंपोनेंट मशीन की स्थापना होने वाली है, इसके लिए प्रक्रिया चल रही है तथा वरिष्ठ कार्यालयों से इंजीनियरों की टीम द्वारा निरीक्षण भी कर लिया गया है।

जिला चिकित्सालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया, कैलाशनारायण गुप्ता, रामलखन नापाखेडली, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जाट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, रेडक्रॉस सचिव दिनेश दुबोलिया, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ओम राठौर, गिर्राज सर्राफ, महावीर गुप्ता, रमेश गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. दिलीप सिकरवार आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष संजय मंगल द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में रेडक्रॉस के सचिव दिनेश दुबोलिया ने स्वागत भाषण दिया।

ब्लड कैम्प में रक्तदान करने वालों में प्रमुख रूप से महावीर सिंह सिसौदिया, रामलखन नापाखेडली, डॉ. आरबी गोयल, दिनेश साहू, अब्दुल कादिर, राजू पारेता, महावीर गुप्ता, अनुष्का शर्मा, डॉ. रोहित गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, धंनजय शर्मा, अकबर पठान, मनोज खण्डेलवाल, संजय गुप्ता, रोशन गर्ग, गिर्राज सर्राफ, अविनाश पाठक, रामबाबू गर्ग, धर्मेन्द्र शर्मा, लेखराज नागर, राकेश नागर, प्रमोद तिवारी, आशूतोष पारेता, हेमेन्द्र पारेता, दिनेश दुबोलिया, हेमंत कुमार शर्मा, आशीष गुप्ता, रमेश गुप्ता, अनिकेत गुप्ता, पुलिस आरक्षक सुरेन्द्र जाट, शैलेन्द्र सिकरवार शामिल रहे।

चौरसिया मेडिकल स्टोर का लाइसेंस 7 दिन के लिए निलंबित रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई


रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

श्योपुर, 30 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जय स्तंभ स्थित चौरासिया मेडिकल स्टोर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिकरवार के निर्देशन में औषधि निरीक्षक मनीष कुशवाह ने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस 7 दिवस के लिए निलंबित कर दुकान बंद कराने की कार्यवाही की।


मामला क्या है?

औषधि निरीक्षक ने बताया कि मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान दवाओं के क्रय-विक्रय रिकार्ड नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए।
➡️ स्टोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
➡️ संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की गई।


कानूनी आधार

मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्रवाई औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के प्रावधानों के तहत की गई है।

 अब चौरासिया मेडिकल स्टोर का लाइसेंस 7 दिनों तक निलंबित रहेगा और इस अवधि में दुकान बंद रहेगी।

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली तो होगी सख्त कार्यवाही


धार्मिक, जातिगत और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर रहेगा प्रतिबंध, आदेश का पालन करना होगा अनिवार्य

श्योपुर, 30 अगस्त 2025
जिले में आगामी त्यौहारों के दौरान सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शांति समिति की बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुरूप भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।

 आदेश की अहम बातें :

  • फेसबुक, वॉट्सएप, ट्विटर (X), इंस्टाग्राम आदि पर धार्मिक, सामाजिक, जातिगत भावनाएं भड़काने वाली पोस्ट, कमेंट, लाइक और शेयर पूर्णतः प्रतिबंधित।

  • ग्रुप एडमिन पर जिम्मेदारी होगी कि ऐसे संदेश रोके जाएं।

  • अफवाह फैलाने, तथ्य तोड़-मरोड़कर उन्माद फैलाने वाले संदेशों को कोई व्यक्ति प्रसारित नहीं करेगा।

  • गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किसी समुदाय, संगठन या व्यक्ति को इकट्ठा करने का आह्वान करने वाले संदेश भी प्रतिबंधित रहेंगे।

 कानूनी कार्रवाई :

  • आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66क और

  • भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।


यह प्रतिबंधात्मक आदेश 2 अक्टूबर 2025 तक प्रभावी रहेगा।

🙏 कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि सभी लोग त्यौहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा सोशल मीडिया पर जिम्मेदारीपूर्ण आचरण करें।

श्योपुर में डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर रोक, कलेक्टर ने जारी किए प्रतिबंधात्मक आदेश

श्योपुर, 30 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिलेभर में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत पारित किया गया है।

कलेक्टर ने बताया कि गणेश उत्सव, पर्युषण पर्व, तेजाजी मेला, डोल ग्यारस, ईद मिलाद उन नबी, नवरात्रा पर्व और विजयादशमी दशहरा जैसे बड़े त्यौहारों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियंत्रित उपयोग से शांति भंग होने और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसलिए यह रोक लगाना आवश्यक है।

आदेश की प्रमुख बातें :

  • जिले में डीजे, साउंड बॉक्स और तीव्र ध्वनि उत्पन्न करने वाले सभी यंत्रों के प्रयोग पर रोक रहेगी।

  • आदेश का उल्लंघन करने वालों पर म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 15 (1)(2) एवं 16 के तहत कार्रवाई होगी।

  • साथ ही भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत भी दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।

  • यह प्रतिबंधात्मक आदेश 2 अक्टूबर 2025 तक प्रभावशील रहेगा।

कलेक्टर वर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि सभी लोग शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें और त्यौहारों को सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएं।

आवास योजना की कम प्रगति पर ब्लॉक समन्वयकों को नोटिस

7 दिन का मानदेय राजसात करने की कार्यवाही प्रस्तावित

श्योपुर, 29 अगस्त 2025
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री रूपेश उपाध्याय ने सख्त रुख अपनाते हुए ब्लॉक समन्वयकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नोटिस श्योपुर ब्लॉक समन्वयक श्रीमती रामेश्वरी मालवीय, कराहल ब्लॉक समन्वयक जगदीश सिंह कुशवाह और विजयपुर ब्लॉक समन्वयक श्री विनोद धाकड़ को जारी किए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कम प्रगति और मॉनिटरिंग की कमी के चलते इनका 7 दिन का मानदेय वेतन राजसात करने की कार्यवाही की जाएगी।

जिले की स्थिति

  • जनपद पंचायत श्योपुर : स्वीकृत 4,702 आवासों में से 4,635 को प्रथम किस्त जारी, 67 लंबित। पूर्ण आवास 50.19%, अपूर्ण 2,342।

  • कराहल विकासखंड : 12,127 आवास स्वीकृत, 11,871 को प्रथम किस्त जारी, 256 लंबित। केवल 37.16% आवास पूर्ण, 7,621 अपूर्ण।

  • विजयपुर विकासखंड : 7,420 आवास स्वीकृत, 7,202 को प्रथम किस्त जारी, 218 लंबित। पूर्ण आवास 39.38%, अपूर्ण 4,498।

सख्त चेतावनी

सीईओ जिला पंचायत ने निर्देश दिए हैं कि तीनों ब्लॉक समन्वयक तीन दिवस के भीतर प्रगति रिपोर्ट सहित जवाब पेश करें, अन्यथा एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए माह अगस्त का 7 दिन का मानदेय वेतन जब्त कर लिया जाएगा।

रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त

पंचायत एवं नगरीय निकायों की मतदाता सूची पुनरीक्षण हेतु आदेश जारी

श्योपुर, 29 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित वर्मा ने त्रिस्तरीय पंचायतों एवं नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है।

जारी आदेश के अनुसार –

  • जनपद पंचायत श्योपुर, कराहल एवं विजयपुर के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे।

  • संपूर्ण जिले के लिए अपर कलेक्टर को अपीलीय अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नगरीय निकायों के लिए व्यवस्था इस प्रकार रहेगी –

  • नगरपालिका परिषद श्योपुर : रजिस्ट्रीकरण अधिकारी – अनुविभागीय अधिकारी श्योपुर, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी – तहसीलदार श्योपुर।

  • नगरपरिषद विजयपुर : रजिस्ट्रीकरण अधिकारी – तहसीलदार विजयपुर, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी – नायब तहसीलदार विजयपुर।

  • नगरपरिषद बडौदा : रजिस्ट्रीकरण अधिकारी – तहसीलदार बडौदा, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी – नायब तहसीलदार बडौदा।

साथ ही अपीलीय अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।

  • नगरपालिका परिषद श्योपुर के लिए अपर कलेक्टर,

  • नगरपरिषद विजयपुर के लिए अनुविभागीय अधिकारी विजयपुर,

  • तथा नगरपरिषद बडौदा के लिए अनुविभागीय अधिकारी श्योपुर अपीलीय अधिकारी रहेंगे।

इन नियुक्तियों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को समयसीमा में और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया गया है।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर होगा विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन

मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त पर ली जाएगी फिट इंडिया की शपथ

श्योपुर, 28 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त को आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिलेभर में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन होगा। इस अवसर पर सुबह 7 बजे ढ़ेंगदा खेल परिसर में मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर फिट इंडिया की शपथ दिलाई जाएगी।

खेल अधिकारी अरुण सिंह चौहान ने जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार 29 से 31 अगस्त तक जिले में खेल दिवस के उपलक्ष्य में विविध खेल प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित होंगे।

29 अगस्त

  • सुबह 8 बजे से ढ़ेंगदा खेल परिसर में 50 मीटर दौड़, चम्मच रेस, मैराथन, रिले दौड़, 300 मीटर स्पीडवॉक और 1 किमी पैदल चाल प्रतियोगिता।

  • शाम 5 बजे पीएमश्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान में हॉकी एवं फुटबॉल प्रतियोगिताएं।

30 अगस्त

  • दोपहर 12 बजे सीएम राइज विद्यालय श्योपुर में शतरंज प्रतियोगिता।

  • शाम 5 बजे देहात थाना खेल मैदान एवं पीएमश्री महाविद्यालय इंडोर हॉल में खो-खो, कबड्डी, रस्सीकूद व टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं।

  • वीर सावरकर स्टेडियम में दोपहर 12 बजे क्रिकेट मैच।

31 अगस्त

  • दोपहर 12 बजे पीएमश्री महाविद्यालय खेल मैदान में पिट्ठू खेल।

  • शाम 5 बजे इंडोर हॉल में रस्साकसी प्रतियोगिता।

  • समापन अवसर पर जिले के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा।


👉 यह आयोजन जिले में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और युवाओं को स्वस्थ एवं फिट जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।