नगर परिषद विजयपुर को मिलेगी नई फायर ब्रिगेड, शव वाहन क्रय की प्रक्रिया भी होगी शुरू शासकीय भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश

0
65
Spread the love

श्योपुर, 07 अप्रैल 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सोमवार को समय-सीमा की बैठक के दौरान नगर परिषद विजयपुर के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने विजयपुर एसडीएम एवं प्रभारी सीएमओ अभिषेक मिश्रा को निर्देशित किया कि नगर परिषद के लिए नवीन फायर ब्रिगेड की व्यवस्था हेतु प्रस्ताव नगरीय प्रशासन विभाग को शीघ्र भेजा जाए। साथ ही, नियमानुसार शव वाहन की खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में वर्मा ने ग्रीष्मकाल के दौरान संभावित आगजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल में आग लगने की स्थिति में तत्काल सूचना दी जाए तथा एसडीएम एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचकर अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

उन्होंने पंचायती क्षेत्रों में भी फायर टेंकर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर को निर्देशित किया गया कि कराहल एवं वीरपुर तहसील मुख्यालयों पर पंचायतो के माध्यम से फायर टेंकर तैनात किए जाएं।

कलेक्टर वर्मा ने जिले के सभी शासकीय भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को जिले की औद्योगिक इकाइयों में भी यह प्रणाली अनिवार्य रूप से लगाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिए कहा गया।

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं टीएल मार्क से संबंधित आवेदनों की विस्तार से समीक्षा की गई। वर्मा ने सभी अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, वायएस तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here