Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 29

पुलिस लाइन रोड पर 6720 वर्गफीट शासकीय भूमि मुक्त अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कलेक्टर के निर्देश पर सख्त कार्रवाई

श्योपुर, 09 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में शासकीय भूमियों के संरक्षण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लाइन रोड पर लगभग 6720 वर्गफीट वेशकीमती शासकीय भूमि को अवैध कॉलोनाइजर से मुक्त कराया गया। राजस्व अमले द्वारा किए गए सीमांकन में पाया गया कि अवैध कॉलोनाइजर द्वारा शासकीय भूमि को शामिल कर कॉलोनी काटते हुए प्लाटिंग कर दी गई थी तथा प्लाटों का विक्रय भी किया जा चुका था।

सीमांकन उपरांत एसडीएम  गगन सिंह मीणा एवं तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया। भूमि को अपने कब्जे में लेते हुए चारों ओर तार फेंसिंग कराई गई तथा शासकीय भूमि का सूचना बोर्ड भी लगाया गया।

कलेक्टर वर्मा द्वारा आमजन को अवैध कॉलोनाइजरों से बचाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम बगवाज के पुलिस लाइन रोड पर सर्वे क्रमांक 562/2/8/2 रकबा 2.090 हेक्टेयर में काटी गई कॉलोनी के समीप स्थित शासकीय भूमि का सीमांकन किया गया। सीमांकन में शासकीय सर्वे नंबर 562/2/4 की 6720 वर्गफीट भूमि कॉलोनी में शामिल पाई गई, जिसे मुक्त कराया गया।

मठेपुरा में भी शासकीय भूमि मुक्त
ग्राम मठेपुरा में दो अवैध कॉलोनियों के समीप सीमांकन के दौरान 3600 वर्गफीट एवं 900 वर्गफीट शासकीय भूमि अतिक्रमण में पाई गई। शासकीय सर्वे नंबर में दर्ज मंदिर एवं तलाई की भूमि को कॉलोनी में शामिल कर प्लाटिंग की गई थी, जिसे हटाकर भूमि मुक्त कराई गई।

जैदा में एक बीघा शासकीय भूमि पर कब्जा हटाया
ग्राम जैदा के सर्वे क्रमांक 78 में काटी गई अवैध कॉलोनी के सीमांकन में लगभग एक बीघा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया गया। मंदिर के नाम से दर्ज शासकीय भूमि पर बनाई गई सीसी सड़क को जेसीबी से हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध कॉलोनियों में प्लाट क्रय न करें, अन्यथा उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

पंचायतराज योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित कराहल को महिला हितैषी पंचायत के रूप में विकसित करने के निर्देश

श्योपुर, 08 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद द्वारा पंचायतराज अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं सहित आरजीएसए एवं पेसा एक्ट की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक के दौरान पंचायत प्रकोष्ठ अधिकारी राजेश शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आरजीएसए, पेसा एक्ट जिला समन्वयक रामगोपाल सहित समस्त बीपीओ, बीसी, ऑपरेटर एवं पेसा मोबिलाइजर उपस्थित रहे।

बैठक में महिला हितैषी ग्राम पंचायत कराहल को महिला हितैषी पंचायत के रूप में विकसित करने हेतु ग्राम सभा से पूर्व महिला सभाओं के आयोजन तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े बिंदुओं को ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए।

पंचायत प्रकोष्ठ अंतर्गत टैक्स कलेक्शन एवं जल स्वच्छता कर की समीक्षा करते हुए जनपद विजयपुर की 18 एवं श्योपुर की 8 ग्राम पंचायतों को ऑनबोर्ड कर टैक्स संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित विद्युत बिलों की राशि जमा कराने एवं पंचायतों में अनुपयोगी विद्युत कनेक्शनों को डिस्कनेक्ट कराने की कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए गए।

आरजीएसए की समीक्षा के दौरान पंचायत अवार्ड पोर्टल पर प्रगति सुनिश्चित करने, वृंदावन गांव में क्लस्टर स्तरीय पीएलसी केंद्र विकसित करने तथा पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक्सपोजर विजिट जिले से बाहर कराने के निर्देश दिए गए।

पेसा एक्ट की समीक्षा के दौरान अनुपस्थित पेसा मोबिलाइजरों का मानदेय बिना अनुमति के आहरण न करने के निर्देश दिए गए। जनपद कराहल की विभिन्न ग्राम पंचायतों की नवीन 21 ग्राम सभाओं के गठन से संबंधित बैंक खातों के आवेदन दो दिवस में बैंक में जमा कराने एवं आर्टिकल 275(1) के प्रस्ताव दो दिवस में तैयार करने के निर्देश पेसा मोबिलाइजरों को दिए गए।

इसके अतिरिक्त समस्त तालाबों की जानकारी का परीक्षण कराने तथा पेसा एक्ट अंतर्गत संचालित पेसा समितियों के माध्यम से आदिवासी जनजातीय समुदाय को सामाजिक मुद्दों, बाल विवाह, नशामुक्ति सहित अन्य विषयों पर जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

अगरा में दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर आयोजित 44 दिव्यांगों का पंजीयन, 28 प्रमाण पत्र हेतु चिन्हित


श्योपुर, 08 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार उप तहसील भवन अगरा में दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कुल 44 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 28 दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत प्रमाण पत्र बनाए जाने के लिए चिन्हित किया गया।

शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विष्णु गर्ग, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित शर्मा, सहायक नेत्र रोग विशेषज्ञ राजकुमार सहित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के कर्मचारी सतीश सिंह, अनिल यादव एवं अशोक यादव उपस्थित रहे। इसके अलावा सरपंच मुकेश राठौर, सचिव शंभू गोयल तथा जनपद पंचायत विजयपुर के डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश शाक्य भी मौजूद रहे।

दिव्यांग परीक्षण शिविर हेतु रोस्टर निर्धारित

विजयपुर क्षेत्र में दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा द्वारा दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए रोस्टर अनुसार शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक माह के द्वितीय गुरुवार को विजयपुर क्षेत्र में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

श्योपुर जिला मुख्यालय से विजयपुर की दूरी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि जिला चिकित्सालय की टीम निर्धारित तिथियों पर संबंधित स्थानों पर पहुंचकर दिव्यांगजनों का परीक्षण करेगी एवं प्रमाण पत्र जारी करेगी, जिससे दिव्यांगजनों को श्योपुर जिला अस्पताल आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

निर्धारित रोस्टर के अनुसार आगामी शिविर 12 फरवरी 2026 को अगरा में, 12 मार्च को गसवानी हाईस्कूल में, 09 अप्रैल को जनपद पंचायत कार्यालय विजयपुर में, 14 मई को पंचायत भवन वीरपुर में तथा 11 जून को हायर सेकेंडरी स्कूल रघुनाथपुर में आयोजित किए जाएंगे।

पाले से फसलों की सुरक्षा को लेकर कृषि विभाग की अहम सलाह

श्योपुर  08 जनवरी 2026

जनवरी माह में शीतलहर के चलते रबी फसलों पर पाले का खतरा बढ़ गया है। पाला पड़ने से पौधों की पत्तियां व फूल झुलसकर गिर सकते हैं। विशेष रूप से चना, मटर, धनिया, आलू, दलहनी–तिलहनी फसलें अधिक प्रभावित होती हैं।

❄️ पाले से बचाव के प्रभावी उपाय

🔹 रात में खेत की मेड़ों पर 6–8 स्थानों पर कचरा/खरपतवार जलाकर धुआं करें
🔹 पाले की संभावना पर हल्की सिंचाई अवश्य करें
🔹 सुबह जल्दी रस्सी से फसल को हिलाएं, पत्तियों पर जमी ओस गिर जाएगी
🔹 सल्फर डस्ट 8–10 किग्रा/एकड़ का भुरकाव करें
🔹 या 200 लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करें:
  ▪️ घुलनशील सल्फर – 200 ग्राम
  ▪️ ग्लूकोज पाउडर – 500 ग्राम
  ▪️ थायो यूरिया – 500 ग्राम
  ▪️ पोटाश (0:0:50) – 200 ग्राम
🔹 साइकोसिल 400 ग्राम/एकड़ का छिड़काव भी लाभकारी

🌧️ मावठा गिरने की स्थिति में

चना फसल में फूल झड़ने से बचाव हेतु एनएए 4.5 एमएल प्रति पंप का छिड़काव करें।

👉 किसान भाई कीट-व्याधि नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान दें।
👉 अधिक जानकारी के लिए वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क करें।

बड़ौदा व श्योपुर में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन सख्त 19 स्थानों पर नोटिस जारी, 21 जनवरी तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश

19 स्थानों पर नोटिस जारी, 21 जनवरी तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश

श्योपुर, 07 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा बड़ौदा एवं श्योपुर के शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से कॉलोनियों के निर्माण के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए 19 स्थानों पर नोटिस जारी किए गए हैं। जारी नोटिसों के अनुसार संबंधित भूमि स्वामियों एवं कॉलोनाइजरों को अपना पक्ष रखने के लिए 21 जनवरी 2026 तक जवाब प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। निर्धारित तिथि तक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में उल्लेख है कि बड़ौदा क्षेत्र में तथा श्योपुर शहरी क्षेत्र में विभिन्न सर्वे नंबरों की भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। इन स्थलों पर कच्ची गिट्टी-मोरम की सड़कें बनाकर छोटे-छोटे भूखंडों में भूमि का विक्रय किया जा रहा है, जो नियमानुसार अवैध है।

नोटिस के अनुसार बड़ौदा क्षेत्र में तथा श्योपुर शहरी क्षेत्र में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा अलग-अलग सर्वे नंबरों की भूमि पर अवैध कॉलोनियों का निर्माण कर भूखंडों का विक्रय किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सभी मामलों में नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा है कि जिले में अवैध कॉलोनाइजेशन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। शहरी विकास एवं राजस्व नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वे बिना वैध अनुमति एवं पंजीयन वाली कॉलोनियों में भूखंड क्रय न करें, अन्यथा भविष्य में कानूनी एवं प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

प्रशासन द्वारा निर्धारित तिथि तक जवाब प्राप्त होने के बाद प्रकरणों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

द्वारिका–सोमनाथ तीर्थ यात्रा शिवपुरी स्टेशन के लिए सुबह 10 बजे रवाना होंगी बसें


श्योपुर व विजयपुर में निर्धारित स्थलों पर रहेंगी उपलब्ध

श्योपुर, 07 जनवरी 2026
धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्योपुर जिले से 200 तीर्थ यात्री 11 से 17 जनवरी 2026 तक द्वारिका–सोमनाथ की तीर्थ यात्रा पर जाएंगे।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तीर्थ यात्रियों को शिवपुरी रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने के लिए 5 बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यह बसें 11 जनवरी को प्रातः 10 बजे निर्धारित स्थलों से रवाना होंगी।
श्योपुर एवं बड़ौदा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बस श्री रामतलाई हनुमान मंदिर, श्योपुर पर उपलब्ध रहेगी, जबकि विजयपुर क्षेत्र के यात्रियों के लिए बस तहसील कार्यालय विजयपुर से प्रातः 10 बजे रवाना होगी। कराहल के यात्री बस स्टैंड कराहल से बस में सवार होंगे।

डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिवपुरी स्टेशन तक सुगम परिवहन व्यवस्था की गई है। श्री रामतलाई हनुमान मंदिर श्योपुर से श्योपुर के 150 तथा बड़ौदा के 11 यात्री रवाना होंगे। कराहल क्षेत्र के 13 यात्री बस स्टैंड कराहल से तथा विजयपुर क्षेत्र के 26 यात्री तहसील कार्यालय विजयपुर से बस द्वारा शिवपुरी के लिए प्रस्थान करेंगे।

तीर्थ यात्रियों के साथ अनुरक्षक के रूप में तहसीलदार श्रीमती अमिता सिंह तोमर के नेतृत्व में 4 सदस्यीय दल भी रहेगा।
डिप्टी कलेक्टर ने बताया कि तीर्थ यात्रा से वापसी पर भी यात्रियों को शिवपुरी स्टेशन से श्योपुर जिले तक लाने के लिए बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने यात्रा पर जाने वाले सभी तीर्थ यात्रियों से अपील की है कि वे अपने साथ पर्याप्त गर्म ऊनी वस्त्र, शॉल, कंबल एवं आवश्यक दवाइयां अवश्य साथ लेकर चलें, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर कलेक्टर पहुंचे गुरुद्वारा

गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका, लंगर में हुए शामिल

श्योपुर, 07 जनवरी 2026
सिख धर्म के 10वें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा श्योपुर स्थित श्री गुरु नानक देव जी गुरुद्वारा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर दर्शन किए तथा गुरुवाणी में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।

प्रकाश पर्व के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया तथा रेडक्रॉस उपाध्यक्ष जुगल बंसल भी उपस्थित रहे। गुरुद्वारे में सिख धर्म के 10वें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी का 359वां जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया।

गौरतलब है कि गुरु गोविंद सिंह जी का जन्म 22 दिसंबर 1666 को बिहार के पटना साहिब में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1699 में बैसाखी के पावन दिन खालसा पंथ की स्थापना कर समाज को साहस, सेवा और समर्पण का संदेश दिया।

बुधवार को गुरुद्वारा परिसर में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा श्रद्धालु के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर सिख समाज के धर्मगुरु श्री सोहन सिंह जी एवं अन्य सेवादारों द्वारा पीला अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सिख परंपरा के अनुसार गुरुग्रंथ साहिब के दर्शन किए तथा लंगर में सम्मिलित होकर सेवा भाव का अनुभव किया।

प्रकाश पर्व के आयोजन से गुरुद्वारा परिसर श्रद्धा, भक्ति और भाईचारे के वातावरण से सराबोर रहा।

तीनों ब्लॉक मुख्यालयों पर बनेंगे आनंद भवन ,सांस्कृतिक भवन हेतु आवंटित भूमि का सीमांकन शीघ्र कराने के निर्देश


सीएम हेल्पलाइन व जनसुनवाई के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करें — सीईओ

श्योपुर, 07 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद ने श्योपुर, विजयपुर एवं कराहल ब्लॉक मुख्यालयों पर आनंद भवन निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन कर आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तीनों एसडीएम को आनंद विभाग से समन्वय कर उपयुक्त स्थलों का चयन करने को कहा।

बैठक में टिकटोली में 5 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सांस्कृतिक भवन हेतु आवंटित भूमि का सीमांकन शीघ्र पूर्ण कर भूमि को नोडल एजेंसी जनजाति कार्य विभाग को सुपुर्द करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए गए।

विभिन्न भवनों के लिए भूमि आवंटन पर जोर

सीईओ ने बताया कि एनआरएलएम अंतर्गत श्योपुर व विजयपुर में 78-78 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आजीविका भवनों हेतु भूमि चिन्हांकन पूर्ण हो चुका है, अतः आवंटन की कार्यवाही शीघ्र की जाए।
इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग अंतर्गत 96 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बागवानी एवं खाद प्रसंस्करण ज्ञान प्रसार केंद्र के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हांकन के निर्देश दिए गए।
सांदीपनि स्कूल श्योपुर में प्रस्तावित बालक एवं बालिका छात्रावास हेतु भूमि आवंटन की प्रक्रिया शिक्षा विभाग को प्रचलित करने को कहा गया।

सीएम हेल्पलाइन व टीएल मार्क प्रकरणों की समीक्षा

सीईओ ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन व जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में सकारात्मक निराकरण किया जाए, कोई भी शिकायत नॉन-अटेंडेंट न रहे तथा एल-3 स्तर पर भी प्रकरण अटेंड हों।
टीएल मार्क प्रकरणों के लिए अगले सप्ताह तक लक्ष्य निर्धारित किए गए—
एसडीएम श्योपुर (04), डूडा (05), एसडीएम विजयपुर (05), जिला पंचायत (10), महिला एवं बाल विकास (05), जनजातीय कार्य (02), पीएमजीएसवाय (02), ई-गवर्नेंस (02) व माइनिंग (03)।
लोक सेवा अंतर्गत समयावधि से बाहर सेवाओं पर संबंधित पदाभिहित अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।

ई-ऑफिस व आयुष्मान कार्ड पर निर्देश

ई-ऑफिस संचालित न करने वाले 9 विभागों को कर्मचारियों का ई-दक्ष केंद्र में ई-फाइलिंग प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के शेष 12,337 लंबित आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए गए।

14 से 28 जनवरी तक आनंद उत्सव

सीईओ ने बताया कि शासन निर्देशानुसार 14 से 28 जनवरी तक आनंद उत्सव का आयोजन होगा। पंचायत, विकासखंड व जिला स्तर पर खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। तीन-तीन पंचायतों के क्लस्टर बनाकर पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे। एसडीएम एवं जनपद सीईओ को आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन,  विजय शाक्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीएम विजयपुर अभिषेक मिश्रा, तहसीलदार कराहल सुश्री रोशनी शेख सहित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

जनसुनवाई में त्वरित निराकरण, काशीराम को मिलेगा संबल योजना का लाभ


136 आवेदनों का मौके पर समाधान, अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस

श्योपुर, 06 जनवरी 2026
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद द्वारा आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, पोषण आहार एवं खाद्यान्न पात्रता पर्ची से संबंधित मामलों का मौके पर ही समाधान करते हुए आवेदकों को लाभ की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कुल 136 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में एसडीएम  गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

काशीराम को मिलेगा संबल योजना का लाभ
जनसुनवाई के दौरान बड़ौदा रोड, श्योपुर निवासी  काशीराम बैरवा के आवेदन का निराकरण करते हुए सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत दो लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का ईपीओ जारी हो चुका है, जो शीघ्र ही बैंक खाते में प्राप्त होगी। बैरवा ने अपनी पत्नी स्व. श्रीमती ममता बाई की सामान्य मृत्यु पर संबल योजना अंतर्गत सहायता राशि दिए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था।

नायब तहसीलदार को आदेश का अमल कराने के निर्देश
रघुनाथपुर निवासी संदीप शर्मा के आवेदन पर सीईओ जिला पंचायत ने नायब तहसीलदार रघुनाथपुर को दूरभाष पर निर्देश दिए कि पारित आदेश का राजस्व अभिलेखों में तत्काल अमल कराया जाए। आवेदक ने बताया कि 3300 वर्गफीट भूमि क्रय एवं नामांतरण के उपरांत लिपिकीय त्रुटि के कारण उसका नाम राजस्व रिकॉर्ड से विलोपित हो गया था। नायब तहसीलदार द्वारा नाम दर्ज करने का आदेश पारित होने के बावजूद पटवारी द्वारा दुरुस्ती नहीं की गई थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई से अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस
जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने पर 8 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें डीएमओ  सतेन्द्र सिंह, एनएच से  ज्ञानवर्धन मिश्रा, एमपीआरडीसी प्रबंधक  सुनील पुआरे, हाउसिंग बोर्ड से  एमडी अवस्थी, मंडी सेक्रेटरी  राजेश साकेत, प्रभारी जिला पंजीयक  दुष्यंत दीक्षित, प्राचार्य महाविद्यालय  ओ.पी. शर्मा, सीएमएचओ डॉ. दिलीप सिकरवार एवं डीपीएम एनआरएलएम  एस.के. मुदगल शामिल हैं।

अवैध कॉलोनियों में शासकीय भूमि शामिल तो नहीं, होगी सघन जांच


पांच कॉलोनियों के पास शासकीय भूमि का सीमांकन, 15 दिन में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश

श्योपुर, 06 जनवरी 2026
जिले में अवैध कॉलोनियों पर सख्ती बढ़ाते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश दिए हैं कि अवैध कॉलोनियों की प्लाटिंग एवं रास्तों में शासकीय भूमि के अनाधिकृत उपयोग की गहन जांच की जाए। यदि जांच में शासकीय भूमि का उपयोग पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों एवं कॉलोनाइजरों के विरुद्ध धारा 248 के तहत बेदखली व जुर्माने की कार्रवाई कर भूमि को मुक्त कराया जाएगा।

कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि तीन दिवस के भीतर अभियान मोड में ऐसे सभी स्थलों को चिन्हित किया जाए, जहां शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर प्लाटिंग की गई है। चिन्हित क्षेत्रों में संयुक्त दल गठित कर राजस्व अभिलेखों के आधार पर सटीक सीमांकन कराया जाएगा। सीमांकन के उपरांत शासकीय भूमि की तत्काल सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए तार फेसिंग, सीमांकन खंभे व चेतावनी चिन्ह लगाए जाएंगे। समस्त कार्यवाहियां 15 दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पांच कॉलोनियों के पास शासकीय भूमि का सीमांकन, दल गठित
कलेक्टर के निर्देशों के पालन में तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा द्वारा मठेपुरा, जैदा, हसनपुर हवेली एवं बगवाज क्षेत्र की पांच अवैध कॉलोनियों के समीप स्थित शासकीय भूमि के सीमांकन हेतु दल गठित किए गए हैं। तहसीलदार ने प्रतिवेदन में बताया कि इन स्थानों पर कॉलोनियों में शासकीय भूमि के उपयोग की संभावना को देखते हुए सीमांकन आवश्यक है। गठित दल तीन दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।

उन्होंने जानकारी दी कि—

  • ग्राम हसनपुर हवेली में महेशचंद गर्ग द्वारा काटी गई कॉलोनी के पास स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 67 एवं 66/2,

  • ग्राम बगवाज में अंजली गुप्ता के नाम से काटी गई कॉलोनी के पास स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 562,

  • ग्राम जैदा में अशोक कुमार सर्राफ द्वारा काटी गई कॉलोनी के पास स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 78 एवं 90, तथा

  • मठेपुरा में रामलखन मीणा एवं महेन्द्र के नाम से काटी गई कॉलोनियों के पास स्थित शासकीय सर्वे क्रमांक 17/2, 23/1, 24/12 का सीमांकन कराया जाएगा।

आमजन से अपील—अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें
कलेक्टर  वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि जिन कॉलोनियों में शासकीय भूमि को शामिल कर अवैध रूप से प्लाटिंग की गई है, वहां प्लॉट न खरीदें। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि भू-खण्ड की वैधता संबंधी जानकारी व परामर्श हेतु कलेक्ट्रेट में कॉलोनी सेल का गठन किया गया है। नागरिक डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन से संपर्क कर यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं कि किस कॉलोनी में भू-खण्ड खरीदना वैध है।