14 मार्च को वर्ष की पहली लोक अदालत, राजीनामा योग्य मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर
श्योपुर, 27 फरवरी 2026
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की प्रथम नेशनल लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला अभिभाषक संघ श्योपुर के सभागार में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्योपुर कपिल मेहता ने की।
बैठक में अधिवक्तागण और जिला मुख्यालय पर पदस्थ समस्त न्यायाधीशों के साथ आगामी लोक अदालत में समझौता योग्य लंबित सिविल व आपराधिक प्रकरणों तथा प्रीलिटिगेशन मामलों के अधिकतम निराकरण पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रधान जिला न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट), वैवाहिक व पारिवारिक विवाद तथा बीमा कंपनी से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए मार्गदर्शन दिया।
जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष जिला अभिभाषक संघ श्योपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने पूर्व की भांति लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण में अधिवक्ताओं के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। नेशनल लोक अदालत के प्रभारी अधिकारी/विशेष न्यायाधीश सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी लोक अदालत की सफलता के लिए अपने सुझाव रखे।
कार्यक्रम का संचालन शरद जैन ने किया तथा आभार वरिष्ठ अधिवक्ता ओ.पी. खन्ना ने व्यक्त किया। बैठक में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय संजय गोयल, अन्य न्यायाधीशगण, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
संदेश स्पष्ट—14 मार्च को लोक अदालत के जरिए त्वरित, सस्ता और सौहार्दपूर्ण न्याय; अधिकतम मामलों का निपटारा लक्ष्य।
