Friday, May 15, 2026
Home Blog Page 26

द्वारिका–सोमनाथ यात्रा हेतु 200 तीर्थ यात्रियों का चयन लाटरी प्रक्रिया से पारदर्शी चयन, सूची जारी

श्योपुर, 02 जनवरी 2026
धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत द्वारिका–सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए जिले के 200 हितग्राहियों का चयन कम्प्यूटरीकृत लाटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। यह प्रक्रिया एनआईसी कक्ष श्योपुर में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी रूप से संपन्न हुई।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार हितग्राहियों का चयन पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत प्रणाली से किया गया। लाटरी प्रक्रिया के दौरान अपर कलेक्टर  रूपेश उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष  महावीर मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

द्वारिका–सोमनाथ यात्रा के लिए कुल 850 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से आयु सीमा से कम होने के कारण 71 आवेदन अपात्र पाए गए। शेष 779 पात्र आवेदकों में से लाटरी द्वारा 200 हितग्राहियों का चयन किया गया, जबकि 20 हितग्राहियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।

चयनित यात्रियों की सूची कलेक्टरेट कार्यालय एवं सभी तहसील कार्यालयों के सूचना पटल पर चस्पा कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले को इस तीर्थ यात्रा के लिए 200 यात्रियों का कोटा प्राप्त हुआ है। यह यात्रा 11 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।

नए साल में छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत 20 से कम कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों में अनावश्यक निरीक्षण पर रोक

श्योपुर, 01 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नववर्ष पर प्रदेश के छोटे दुकानदारों और उद्यमियों को बड़ी सौगात दी है। मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग द्वारा मध्यप्रदेश दुकान एवं स्थापना अधिनियम, 1958 में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है, जिसके तहत अब 20 से कम कर्मचारियों वाले दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में श्रम निरीक्षण केवल राज्य सरकार की पूर्व अनुमति से ही किया जा सकेगा।

इस संशोधन का उद्देश्य ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देना तथा छोटे व्यापारियों पर अनावश्यक अनुपालन और निरीक्षण का बोझ कम करना है। इससे प्रदेश में अनावश्यक निरीक्षणों पर प्रभावी रोक लगेगी और व्यापारियों को राहत मिलेगी।

श्रम विभाग के अपर सचिव बसंत कुर्रे ने बताया कि इस निर्णय से छोटे दुकानदारों एवं उद्यमियों को बेवजह की परेशानियों से निजात मिलेगी। साथ ही स्व-अनुपालन को बढ़ावा मिलेगा और व्यापार व रोजगार सृजन के लिए अनुकूल वातावरण बनेगा। इससे समय, संसाधन और लागत की भी बचत होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार व्यापारियों के प्रति संवेदनशील नीति अपना रही है। यह निर्णय दर्शाता है कि सरकार निरीक्षण और दंड के बजाय विश्वास और सहयोग के माध्यम से व्यापार को प्रोत्साहित करना चाहती है।

श्रम विभाग ने सभी दुकानदारों, व्यापार संघों और उद्यमियों से अपील की है कि वे श्रम कानूनों का स्वेच्छा से पालन करते हुए इस सकारात्मक सुधार का लाभ उठाएं और अपने व्यवसाय का विस्तार करें।

एक पूर्ण गुरु के माध्यम से ही आत्मा-परमात्मा का मिलन संभव – साध्वी मेरुदेवा भारती जी

श्योपुर 31/12/25

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 25 से 31 दिसंबर 2025 तक पुलिस स्टेशन ग्राउंड (कथा स्थल), बड़ोदा, जिला श्योपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के सप्तम दिवस पर भागवताचार्या महामनस्विनी साध्वी मेरुदेवा भारती जी ने भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मणी जी के विवाह प्रसंग का आध्यात्मिक सार भक्तों के समक्ष प्रस्तुत किया।

साध्वी जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण साक्षात परमात्मा हैं और रुक्मणी जी जीवात्मा का प्रतीक हैं, जो परमात्मा की प्राप्ति करना चाहती है। उनका मिलन तभी संभव हो पाया, जब एक पंडित उनके और भगवान श्रीकृष्ण के बीच माध्यम बने। इसी प्रकार जीवात्मा का लक्ष्य भी परमात्मा की प्राप्ति है, लेकिन यह तभी संभव होता है जब वह एक पूर्ण गुरु की शरण प्राप्त करती है।

उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों ने स्पष्ट किया है कि आत्मा और परमात्मा का मिलन केवल पूर्ण गुरु के मा

ध्यम से ही संभव है। पूर्ण गुरु वही है, जो इस मानव तन के भीतर ही ईश्वर का साक्षात्कार करा दे। गुरु गीता का उल्लेख करते हुए साध्वी जी ने बताया कि भगवान शिव ने पार्वती को गुरु की विभिन्न श्रेणियों का वर्णन किया है, जिनमें अंततः परम गुरु ही जीवात्मा को मुक्ति का मार्ग दिखाता है।

साध्वी मेरुदेवा भारती जी ने कहा कि कुछ गुरु केवल मंत्र, शिक्षा या उपदेश देते हैं, परंतु जब तक जीवात्मा पूर्ण गुरु की शरण नहीं लेती, तब तक उसका वास्तविक कल्याण नहीं हो पाता। पूर्ण गुरु की कृपा से ही ईश्वर के आलौकिक रूप का दर्शन, उनके प्रकाश का अनुभव, ईश्वरीय संगीत का श्रवण तथा शाश्वत अमृत की अनुभूति संभव होती है।

उन्होंने संत वाणी के माध्यम से कहा कि पूर्ण गुरु की कृपा से अंधा भी देख सकता है, गूंगा बोल सकता है और लंगड़ा भी काशी पहुंच सकता है, क्योंकि काशी कोई स्थान नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अवस्था है, जो पूर्ण गुरु द्वारा ही प्राप्त होती है।

साध्वी जी ने कहा कि गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी की कृपा से आज अनेकों जीवात्माएं सहज रूप से ब्रह्मज्ञान प्राप्त कर अपने भीतर ईश्वर का दर्शन कर पा रही हैं और सच्चे आनंद की अनुभूति कर रही हैं। यही भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी जी के विवाह प्रसंग का आध्यात्मिक संदेश है।

कथा का समापन हवन एवं भंडारे के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

निवेश, पीएमश्री पर्यटन और हेलीकॉप्टर सेवा से नई ऊंचाइयों पर मध्यप्रदेश टूरिज्म


वर्ष 2025 बना नवाचार, रिकॉर्ड निवेश और पर्यटन विस्तार का स्वर्णिम अध्याय

भोपाल 31दिसम्बर 2025 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में हो रहे सतत प्रयासों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने वर्ष 2025 में पर्यटन, संस्कृति और निवेश के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग के मार्गदर्शन तथा मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की सक्रिय भूमिका से वर्ष 2025 प्रदेश के पर्यटन इतिहास में मील का पत्थर सिद्ध हुआ है।

वेबसाइट www.flyola.in / https://www.air.irctc.co.in/ पर ऑफर, शेड्यूल और किराया, टिकट बुकिंग।

वर्ष 2025 में प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा और पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा जैसी अभिनव पहलें शुरू की गईं। इन सेवाओं से इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, खजुराहो, रीवा, सिंगरौली सहित प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। इससे न केवल पर्यटकों की आवाजाही आसान हुई, बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए।

ग्रामीण पर्यटन को नई मजबूती देते हुए पिछले दो वर्षों में 400 से अधिक होमस्टे प्रारंभ किए गए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए साधन विकसित हुए हैं। सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में 1000 होमस्टे विकसित करने का है। रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव और मध्यप्रदेश ट्रेवल मार्ट जैसे आयोजनों के माध्यम से लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिससे निजी निवेश को अभूतपूर्व प्रोत्साहन मिला।

धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में ओंकारेश्वर को अद्वैत लोक के रूप में विकसित करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आदि शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा के पश्चात अद्वैत लोक के द्वितीय चरण के लिए 2424 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है। इन प्रयासों का सीधा असर पर्यटन आंकड़ों पर दिखा और वर्ष 2024 में प्रदेश में 14 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ, जिसमें लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

संस्कृति संरक्षण और संवर्धन के लिए उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर, सागर, पन्ना, जबलपुर और महेश्वर में संग्रहालयों की एक नई श्रृंखला विकसित की जा रही है। श्रीरामचंद्र वनगमन पथ, श्रीकृष्ण पाथेय, धार्मिक लोकों और सांस्कृतिक कॉरिडोर जैसी योजनाओं ने प्रदेश को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया है।

वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए। समावेशी और सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया। आगामी वर्षों में प्रदेश की जीडीपी में पर्यटन का योगदान 10 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 500 नए होटल, 20 हजार कक्ष और 500 मार्ग सुविधा केंद्र विकसित किए जाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

कुल मिलाकर वर्ष 2025 मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के लिए नवाचार, निवेश और विस्तार का ऐसा स्वर्णिम अध्याय रहा, जिसने प्रदेश को भारत के अग्रणी पर्यटन राज्यों की पंक्ति में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित कर दिया है।

कॉलोनाईजिंग से पहले सभी अनुमतियां अनिवार्य कालोनाईजर्स के लिए प्रशासन की एडवाइजरी जारी

श्योपुर, 31 दिसंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कॉलोनाईजर्स के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि कॉलोनी विकसित करने से पूर्व सभी आवश्यक वैधानिक अनुमतियां प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति कॉलोनाईजिंग किए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एडवाइजरी के अनुसार कॉलोनाईजर्स को कलेक्टर कार्यालय से कॉलोनाईजिंग लाइसेंस लेना होगा। अपंजीकृत कॉलोनाईजर द्वारा विकसित कॉलोनियां अवैध मानी जाएंगी। इसके साथ ही भूमि का डायवर्सन, टाउन एंड कंट्री प्लान (टीएनसीपी) से अप्रूवल तथा कलेक्टर कार्यालय से कॉलोनी विकास की अनुमति लेना आवश्यक होगा। शहरी क्षेत्र में नगरीय निकाय और ग्रामीण क्षेत्र में जनपद पंचायत में कॉलोनी विकास शुल्क जमा करना होगा।

प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि प्लाट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य करें। कॉलोनाईजर का लाइसेंस, भूमि डायवर्सन और सभी अनुमतियों की प्रतियां प्राप्त करें। वैध कॉलोनियों की जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट में स्थापित कॉलोनी सेल से निःशुल्क परामर्श लिया जा सकता है।

कलेक्टर ने कहा कि अवैध कॉलोनियों में प्लाट खरीदने पर नामांतरण, बिजली-पानी जैसी सुविधाओं और बैंक ऋण में समस्याएं आती हैं। इसलिए नागरिक केवल पूरी तरह वैध कॉलोनियों में ही प्लाट खरीदें।

जनसुनवाई कार्यक्रम में संतरा बाई को मिलेगी दो लाख की अनुग्रह सहायता, नटी बाई को मिला कल्याणी पेंशन का लाभ


जनसुनवाई में 103 आवेदनों का किया गया निराकरण

श्योपुर, 30 दिसंबर 2025 
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद एवं अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय द्वारा प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए मौके पर ही कई मामलों का समाधान किया गया।

जनसुनवाई के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पोषण आहार, खाद्यान पात्रता पर्ची सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण कर आवेदकों को लाभ की जानकारी दी गई। इस अवसर पर एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन एवं विजय शाक्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

संतरा बाई को दो लाख रुपये की अनुग्रह सहायता
सीईओ जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद ने ग्राम नारायणपुरा निवासी श्रीमती संतरा बाई के आवेदन का निराकरण करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत उनके पति स्व. पप्पू सेन की सामान्य मृत्यु पर दो लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत कर ईपीओ जारी कर दिया गया है। यह राशि शीघ्र ही उनके बैंक खाते में प्राप्त होगी।

इसी प्रकार ग्राम पहेला निवासी श्री सोनू आदिवासी के आवेदन पर भी कार्यवाही करते हुए अवगत कराया गया कि उनकी पत्नी स्व. श्रीमती ममता आदिवासी की मृत्यु पर मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत दो लाख रुपये की अनुग्रह सहायता स्वीकृत हो चुकी है तथा ईपीओ जारी कर दिया गया है।

नटी बाई को मिला कल्याणी पेंशन का लाभ
जनसुनवाई के दौरान ग्राम फिलोजपुरा निवासी श्रीमती नटी बाई को सामाजिक न्याय विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना का तत्काल लाभ प्रदान किया गया। सीईओ जिला पंचायत द्वारा पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया, जिसके तहत उन्हें अगले माह से 600 रुपये प्रतिमाह पेंशन राशि प्राप्त होगी।

इसके अतिरिक्त ग्राम निमोदामठ निवासी श्रीमती सुमित्रा आदिवासी को पीएम जनमन योजना अंतर्गत स्वीकृत आवास की तृतीय किस्त प्रदान करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।

अवैध कॉलोनी की रिपोर्ट प्रस्तुत न करने पर पटवारी को जुर्माने का नोटिस

श्योपुर, 30 दिसंबर 2025 
ढोढर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों की जानकारी समय पर प्रस्तुत नहीं करने पर एसडीएम  गगन सिंह मीणा द्वारा पटवारी सुबोध भगत को 10 हजार रुपये जुर्माने की कार्यवाही के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जारी नोटिस के अनुसार ढोढर में अवैध रूप से काटी गई कॉलोनियों की रिपोर्ट पटवारी द्वारा प्रस्तुत नहीं की गई, जबकि इस संबंध में पूर्व में निर्देश दिए गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने पटवारी श्री भगत को 02 जनवरी 2026 को उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तुत जवाब समाधानकारक नहीं होने अथवा निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने की स्थिति में मध्यप्रदेश पंचायतराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 61 के तहत अवैध कॉलोनी निर्माण के विरुद्ध कार्यवाही नहीं करने पर 10 हजार रुपये तक का दण्ड एवं जुर्माना लगाया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध कॉलोनियों के मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिले के विकास के लिए समन्वय से कार्य करें – सांसद तोमर जून 2026 तक रेलवे प्रोजेक्ट पूरा होने की उम्मीद

श्योपुर, 30 दिसंबर 2025 
मुरैना–श्योपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद  शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधि और अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। वे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के ठोस प्रस्ताव तैयार कर उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि उच्च स्तर पर स्वीकृति के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें।

सांसद  तोमर ने रेलवे प्रोजेक्ट को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जून 2026 से पहले इस कार्य को पूरा करने का प्रयास किया जाए, जिससे श्योपुर जिले को रेल सुविधा का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल, विधायक श्योपुर  बाबू जण्डेल, विधायक विजयपुर मुकेश मल्होत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष  शंशाक भूषण सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

कूनो पर्यटन पर विशेष जोर
सांसद तोमर ने कूनो नेशनल पार्क में पर्यटन बढ़ाने की दिशा में ठोस कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने टिकटोली गेट पर कैंटीन, शोविनियर शॉप एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर बल दिया। बताया गया कि अक्टूबर से दिसंबर तिमाही में 3018 पर्यटकों ने कूनो का भ्रमण किया, जो पर्यटन की दृष्टि से सकारात्मक संकेत है।

अधोसंरचना विकास के निर्देश
बैठक में सांसद ने विधि महाविद्यालय में प्रथम तल निर्माण का प्रस्ताव भेजने, ब्रिज कॉर्पोरेशन द्वारा बनाए जा रहे पुलों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा बड़ौदा क्षेत्र के रूड़ी में पार्वती नदी पर स्वीकृत पुल को हाईवे से जोड़ने हेतु आंतरिक सड़क प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। रेलवे प्रोजेक्ट अंतर्गत टर्राकलां एवं चकबमूलिया में बने अंडरपास की ऊंचाई बढ़ाने हेतु भी प्रस्ताव बनाने को कहा गया। ढोढर एवं सोठवा में नलजल योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए पीएचई व ग्रामीण विकास विभाग के समन्वय पर जोर दिया गया।

रेलवे व अन्य विभागों की प्रगति
रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि 188 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बिछाया जा चुका है और प्रोजेक्ट जून 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। पीएमजीएसवाय अधिकारियों ने बताया कि पीएम जनमन योजना अंतर्गत 21 सड़कों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। विद्युत विभाग ने विजयपुर के अकोरिया में सब स्टेशन प्रारंभ होने की जानकारी दी, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने विजयपुर में 24 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल निर्माण प्रगति पर होने की जानकारी दी।

पीएम जनमन अंतर्गत 21 सड़कों के वर्क ऑर्डर जारी
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत आदिवासी बस्तियों में अधोसंरचनात्मक विकास कार्य तेजी से जारी हैं। इस क्रम में जिले में 21 सड़कों के निर्माण हेतु कार्य आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें भीकापुर फाटक से डाबली सहराना, टिकटोली से हथेडी, सोईकलां से खुरखुरा आदिवासी बस्ती, ढोढर रोड से ढीमचौतरा सहित अन्य सड़कें शामिल हैं।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा भी जिले के विकास से जुड़े उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए गए।

पूर्ण ब्रह्मनिष्ठ गुरु की शरण से ही संभव है मन रूपी कंस का वध – साध्वी मेरुदेवा भारती

श्योपुर 30/12/25

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा 25 से 31 दिसंबर 2025 तक पुलिस स्टेशन ग्राउंड (कथा स्थल), बड़ोदा, जिला श्योपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के षष्ठम दिवस पर भागवताचार्या महामनस्विनी साध्वी मेरुदेवा भारती ने “कंस वध” प्रसंग का आध्यात्मिक रहस्य उद्घाटित किया।

साध्वी जी ने कहा कि कंस पाप, अधर्म और बुराई का प्रतीक है, जिसका वास्तविक वध तभी संभव हुआ जब भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा में पदार्पण हुआ। आज के समाज में बढ़ते पाप और भ्रष्टाचार का मूल भी मन है। मन के अधीन होकर ही व्यक्ति पाप की ओर अग्रसर होता है। बाहरी उपाय और कानून भी तब तक प्रभावी नहीं हो सकते, जब तक मन का परिष्कार न हो।

उन्होंने कबीर के दोहे के माध्यम से मन की शुद्धि पर बल देते हुए कहा कि धर्म की स्थापना पहले भीतर होती है, तभी बाहर संभव हो पाती है। जैसे भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को ब्रह्मज्ञान देकर पहले उसके भीतर के विकारों का नाश किया, तत्पश्चात वह धर्म युद्ध में विजयी हुआ।

साध्वी मेरुदेवा भारती ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को एक पूर्ण ब्रह्मनिष्ठ गुरु की आवश्यकता है, जो ईश्वर का साक्षात्कार कराकर मन को सही दिशा दे सके। महात्मा बुद्ध द्वारा अंगुलिमाल का परिवर्तन और गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी की कृपा से तिहाड़ जेल के कैदियों का सत्संग के माध्यम से जीवन परिवर्तन इसके सशक्त उदाहरण हैं।

उन्होंने निष्कर्ष रूप में कहा कि वासनाओं और विकारों से ग्रस्त मन को केवल ब्रह्मज्ञान ही शांत कर सकता है। पूर्ण ब्रह्मनिष्ठ गुरु की शरण में जाने से ही मन रूपी कंस का वास्तविक वध संभव है।

“आज रक्षक ही भक्षक बन गए हैं” — साध्वी मेरुदेवा भारती

श्योपुर २९ नवम्बर 25 
जब समाज बाहरी सुरक्षा के तमाम साधन जुटाने के बाद भी असुरक्षित महसूस कर रहा है, तब इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि आज रक्षक स्वयं भक्षक बन गए हैं। यह मार्मिक उद्गार दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तृतीय दिवस पर भागवताचार्या महामनस्विनी साध्वी मेरुदेवा भारती जी ने व्यक्त किए।

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान, ग्वालियर शाखा द्वारा 25 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक पुलिस स्टेशन ग्राउंड (कथा स्थल), बड़ौदा, जिला श्योपुर में भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन संस्थान के संस्थापक एवं संचालक परम पूज्य सद्गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की दिव्य प्रेरणा एवं कृपा से संपन्न हो रहा है।

तृतीय दिवस की कथा में साध्वी मेरुदेवा भारती जी ने भक्त प्रहलाद की गाथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि किस प्रकार उसके पिता हिरण्यकश्यप ने उस पर अमानवीय अत्याचार किए—कभी पर्वत से गिराया गया, कभी सागर में फेंका गया—परंतु हर बार प्रभु की कृपा से उसकी रक्षा हुई। इसका कारण केवल एक था—ईश्वर के सच्चे नाम का संरक्षण।

उन्होंने कहा कि आज का समाज बाहर से सुरक्षित होने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, पर भीतर से असुरक्षित, अशांत और दुखी है। क्योंकि वास्तविक सुरक्षा हथियारों, व्यवस्थाओं या पदों से नहीं, बल्कि ईश्वर के शाश्वत नाम से प्राप्त होती है।

साध्वी जी ने स्पष्ट किया कि आज संसार ईश्वर के केवल गुणवाचक नामों का जप करता है, जो जिह्वा से लिए जाते हैं, परंतु वह नाम मुक्ति देने में सक्षम नहीं होता—

“राम-राम सब कोई कहे, ठग ठाकुर और चोर,
जिस नाम से मुक्ति मिले, वो नाम कुछ और।”

उन्होंने कहा कि प्रभु का आदि, शाश्वत नाम न बोला जाता है, न लिखा जाता है और न ही जपा जाता है। वह नाम केवल एक पूर्ण ब्रह्मनिष्ठ गुरु ही शिष्य के भीतर प्रकट कर सकता है। यही वह नाम है जिससे द्रौपदी की भरी सभा में रक्षा हुई और यही नाम आज के कलियुग में भी मानव का सच्चा सुरक्षा कवच बन सकता है।

शास्त्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा—

“कलयुग केवल नाम आधारा,
सुमिर-सुमिर नर उतरहि पारा।”

साध्वी जी ने समाज से आह्वान किया कि यदि जीवन में वास्तविक सुरक्षा, शांति और समाधान चाहिए, तो ब्रह्मनिष्ठ गुरु की शरण में जाना अनिवार्य है, क्योंकि वही प्रभु का सच्चा सुरक्षा कवच प्रदान करने में समर्थ हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव कल हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है।


मानसिक स्वास्थ्य पर भी दिया गया सशक्त संदेश

इसी क्रम में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान, ग्वालियर शाखा द्वारा प्रोजेक्ट आरोग्य के अंतर्गत “मन की शक्ति” विषय पर मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़ौदा (श्योपुर) में किया गया।

कार्यशाला का संचालन ऊर्जावान YPSS भाइयों द्वारा किया गया। पेपर एक्टिविटी, वज़न घटाने के प्रयोग, आउटलाइन ड्रॉइंग, टंग ट्विस्टर्स जैसे रोचक माध्यमों से विद्यार्थियों को मानसिक शक्ति, समस्या समाधान और सकारात्मक सोच के व्यावहारिक सूत्र समझाए गए।

कार्यक्रम के समापन पर साध्वी शीतला भारती जी ने विषय का प्रेरक सार प्रस्तुत किया। इसके बाद योग वार्म-अप सत्र एवं उत्साहवर्धक भजन से वातावरण ऊर्जा और आनंद से भर उठा।

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और कार्यक्रम को अत्यंत लाभकारी बताया। विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने भी आयोजन की सराहना की।

यह समस्त आयोजन परम पूज्य सद्गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की दिव्य कृपा एवं आशीर्वाद से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।