श्योपुर दिनांक 21/2/26
श्योपुर जिले में एक किसान परिवार का वर्षों पुराना सपना उस समय साकार हो गया, जब बहू की विदाई हेलीकॉप्टर से हुई और पूरा गांव इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बना।
बड़ौदा क्षेत्र के राजपुरा निवासी परम्परागत पटेल भैरूलाल जी के बेटे शिवराज सिंह की पुत्री रीना का विवाह रामसिंह मीणा के पुत्र अजय के साथ हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
यह विवाह केवल दो परिवारों का मिलन नहीं था, बल्कि एक दादा के उस सपने की पूर्ति थी, जिसमें वे अपनी बहू को हेलीकॉप्टर से घर लाना चाहते थे। वर्षों पहले देखा गया यह सपना अब हकीकत बन चुका था।
विवाह उपरांत जब दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर में सवार हुए, तो आसपास के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई इस अद्भुत क्षण को अपनी आंखों में कैद करना चाहता था। हेलीकॉप्टर से उड़ान भरकर नवदंपति जेदा पहुंचे, जहां उनका स्वागत देखने लायक था। पूरा परिवार हेलीकॉप्टर के पास मौजूद रहा और लोगों के चेहरों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुए विवाह की खुशी साफ झलक रही थी।
वीडियो देखें
दूल्हे के चाचा धारा सिंह ने भावुक स्वर में बताया कि दूल्हे के दादा की हमेशा यही इच्छा थी—“हमारी बहू पहली बार घर आए तो हेलीकॉप्टर से आए।” आज एक साधारण किसान परिवार ने अपनी मेहनत और संकल्प से उस सपना को सच कर दिखाया।
गांव में यह दृश्य किसी उत्सव से कम नहीं था। खेतों में काम करने वाले हाथ आज आशीर्वाद देने उठे थे, बुजुर्गों की आंखें नम थीं, और युवाओं में उत्साह था कि उनके गांव में ऐसा अनोखा विवाह हुआ है।
इस अनूठी बारात और विदाई ने पूरे श्योपुर जिले में चर्चा का विषय बनकर यह संदेश दिया कि सपने बड़े हों तो साधन नहीं, संकल्प मायने रखता है।
यह शादी आधुनिकता और ग्रामीण संस्कारों का ऐसा संगम बन गई, जिसने हर दिल को छू लिया—जहां हेलीकॉप्टर की उड़ान में भी मिट्टी की खुशबू साथ रही।
