श्योपुर, 25 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सहृदयता दिखाते हुए जनसुनवाई में आये बुजुर्ग दंपत्ति को न केवल रेडक्रॉस के माध्यम से दो हजार रूपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई, बल्कि बीमार पति श्री नरसिंह महावर निवासी तलावदा को एम्बुलेस बुलाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही सिविल सर्जन डॉ आरबी गोयल को निर्देश दिये कि उपचार की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। बुजुर्ग महिला श्रीमती कैलाशी बाई अपने बीमार पति के साथ सहायता के लिए आज जनसुनवाई पहुंची थी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 138 आवेदन प्राप्त हुए।
दिव्यांग बृजमोहन को मिली ट्राईसिकल
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई के दौरान ग्राम आवदा निवासी दिव्यांग श्री बृजमोहन आदिवासी पुत्र जगन आदिवासी को सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से ट्राइसिकल प्रदान की गई। जनसुनवाई में आये श्री बृजमोहन ने बताया कि समाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन का लाभ तो मिल रहा है, लेकिन आने जाने के लिए ट्राईसिकल मिल जाने से सुविधा होगी। इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए ट्राईसिकल प्रदान की गई। इसके साथ ही ग्राम लहचौडा निवासी दिव्यांग संजू जाटव का नाम बीपीएल सूची में शामिल करने के निर्देश एसडीएम मनोज गढवाल को दिये गये।
गायत्री को मिलेगा संबल का लाभ
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह राशि की मांग के आवेदन का निराकरण करते हुए श्रीमती गायत्री बाई निवासी सलमान्या को अवगत कराया कि प्रकरण में ईपीओ जारी हो चुका है तथा शीघ्र ही बैंक खाते के माध्यम से दो लाख रूपये की राशि प्राप्त होगी। श्रीमती गायत्री बाई द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर अपने पति स्व. श्री बाबूलाल बैरवा की बीमारी से मृत्यु हो जाने के चलते अनुग्रह राशि दिये जाने की मांग की गई थी।
आवास की किस्त के लिए पोर्टल से खाते का सत्यापन करने के निर्देश
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ग्राम कोटरा निवासी श्रीमती सपना आदिवासी के आवास की किस्त नही मिलने के संबंध में प्राप्त आवेदन का मौके पर ही निरारकण करते हुए जिला पंचायत में आवास प्रभारी श्रीमती सारिका पाटीदार को निर्देश दिये कि बैंक खाते का सत्यापन पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से किया जायें। महिला ने अवगत कराया था कि पीएम जनमन योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है, लेकिन खाते में किस्त नही आई है। मामले की समीक्षा में पाया गया कि डीबीटी न होने से भुगतान रिजेक्ट हो गया। इसलिए खाते में किस्त नही पहुंची। इस पर पीएफएमएस पोर्टल से खाते का सत्यापन कर राशि जारी करने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार ग्राम बर्धाखुर्द निवासी श्रीमती सजनी आदिवासी को जीयो टेगिंग कर आवास की दूसरी किस्त प्रदान करने के निर्देश भी दिये गये।
कैंसर पीडित की कीमियो के लिए मांग पत्र भेजने के निर्देश
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कैंसर पीडित रोगी की कीमियोथैरेपी के लिए निशुल्क दवा वितरण प्रणाली के तहत इजेक्शन उपलब्ध कराने के लिए डीपो को पत्र भेजा जायें तथा समन्वय कर इजेक्शन उपलब्ध कराये जायें। ग्राम बगडूआ निवासी कैंसर पीडित रोगी रामभरत बैरवा के परिजन द्वारा जनसुनवाई में अवगत कराया गया था कि कीमियो में लगने वाले इजेक्शन मंहगे होने के कारण परेशानी का सामना करना पड रहा है। इसके साथ ही उन्होने परिजनो को समझाइश भी दी कि मुरैना में 26 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित हो रहे विशाल स्वास्थ्य शिविर में संबंधित रोगी को उपचार के लिए पंजीयन कराया जाये। उन्होने अधिकारियों को उक्त रोगी को पंजीयन करने तथा मुरैना शिविर में भेजने के निर्देश भी दिये। इसी प्रकार एक अन्य कैंसर पीडित रोगी जगदीश आदिवासी निवासी मयापुर को भी मुरैना शिविर के लिए पंजीकृत करते हुए शिविर में उपचार हेतु भेजने हेतु निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर, एसडीएम मनोज गढवाल, डिप्टी कलेक्टर वायएस तोमर, विजय शाक्य, महिला बाल विकास अधिकारी ओपी पाण्डेय, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण लालजीराम मीणा सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने दिखाई सहृदयता, सहायता राशि दी, एम्बुलेस बुलाकर उपचार के लिए भेजा दिव्यांग बृजमोहन को मिली ट्राईसिकल, गायत्री को मिलेगा संबल का लाभ जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित
बोर्ड परीक्षाएं शुरू, कलेक्टर ने किया परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण
श्योपुर, 25 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा आज बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए सोईकलां स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में बनाये गये परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण किया गया तथा व्यवस्थाओ का जायजा लिया गया। इस दौरान परीक्षा केन्द्र पर 12वी बोर्ड की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संचालित पाई गई। इस परीक्षा केन्द्र पर 189 विद्यार्थी परीक्षार्थी के रूप में दर्ज थे, जिनमें से 188 उपस्थित रहें तथा एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। इस अवसर पर परीक्षा केन्द्र के लिए नियुक्त केन्द्राध्यक्ष शंकरलाल शर्मा ने बताया कि 12वी बोर्ड की परीक्षा के पहले दिन हिन्दी विषय के लिए संचालित परीक्षा हेतु 10 कक्षो में विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा दी जा रही है। इस अवसर पर सहायक संचालक शिक्षाक यश जैन भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि 12वी बोर्ड की परीक्षा के लिए जिले में 32 तथा 10वी बोर्ड परीक्षा के लिए 35 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है, सभी परीक्षा केन्द्रों पर कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में अधिकारियों को भी नियुक्त किया गया है। आज से बोर्ड परीक्षाओ की शुरूआत हो गई है तथा पहले पेपर के रूप में 12वी बोर्ड अंतर्गत हिन्दी विषय की परीक्षा संपन्न हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी एमएल गर्ग ने बताया कि श्योपुर जिले में 35 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है, जिनमें श्योपुर विकासखण्ड में 16, कराहल में 08 एवं विजयपुर में 11 परीक्षा केन्द्र है। परीक्षाओ के व्यवस्थित संचालन के लिए 35 केन्द्राध्यक्ष एवं 35 सहायक केन्द्राध्यक्ष नियुक्त किये गये है। श्योपुर जिले से बोर्ड परीक्षाओं में कुल 12 हजार 445 परीक्षार्थी शामिल होगे। 10वी की परीक्षा में 7 हजार 401 तथा 12वी की परीक्षा में 05 हजार 44 परीक्षार्थी भाग ले रहे है।
4 हजार 958 परीक्षार्थी हुए शामिल
12वी बोर्ड के हिन्दी विषय के पेपर के लिए आयोजित 32 परीक्षा केन्द्रों पर संपन्न हुई परीक्षा में कुल 5 हजार 44 परीक्षार्थियों में से 4 हजार 958 परीक्षार्थी शामिल हुए। 86 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहें, सभी परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी एमएल गर्ग द्वारा भी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्योपुर, शासकीय उत्कृष्ट उमावि श्योपुर तथा शासकीय कन्या शिक्षा परिसर ढेगदा स्थित परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
शासकीय भवनो में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने प्रस्ताव देने के निर्देश कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक आयोजित बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस के निर्देश
श्योपुर, 24 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कहा है कि शासकीय भवनो में रेस्को मॉडल आधारित सोलर संयंत्र लगाये जाने से बिजली व्यय भार में कमी आयेगी। इसमें 50 प्रतिशत तक की बचत होना अनुमानित है। उन्होने कहा कि संयंत्र स्थापना के लिए किसी भी प्रकार का व्यय नही देना पडेगा, योजना के तहत 25 साल तक मेंटीनेंस भी निशुल्क किया जायेगा। वे आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे।
उन्होने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिला पंचायत, आरईएस तथा जिला जेल श्योपुर एवं उपजेल विजयपुर द्वारा अपने प्रस्ताव दिये गये है, अन्य विभाग भी अपने शासकीय भवनो में सोलर रूफटॉप संयंत्रो की स्थापना के लिए अपने-अपने कार्यालयों के प्रस्ताव निर्धारित प्रपत्र में अक्षय ऊर्जा अधिकारी मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड श्योपुर को भेजे जाये। उन्होने कहा कि शासन की योजना अनुसार शासकीय भवनो पर सोलर रूफटॉप संयंत्रो की स्थापना ऊर्जा विकास निगम द्वारा स्वयं के व्यय पर की जायेगी, इसके लिए विभागीय स्तर पर राशि नही देनी होगी।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने बैठक के दौरान निर्देश दिये कि मनरेगा पीओ द्वारा गौशालाओ का अवलोकन किया जाये तथा आवश्यकतानुसार कार्य पूर्ण कराये जायें। उन्होने गौशालाओं में पानी, बिजली की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। उन्होने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि खाद, बीज एवं कीटनाशक का क्रय-विक्रय करने वाली फर्मो का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाये तथा सैम्पल लेने की कार्यवाही की जाये। सैम्पल अमानक स्तर के पाये जाने पर कडी कार्यवाही सुनिश्चित की जायें। उन्होने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्योपुर जिला अस्पताल में संचालित एनआरसी को स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में सभी पैरामीटर्स पूर्ण करते हुए मॉडल एनआरसी के रूप में विकसित किया जायें।
उन्होने विभागीय अधिकारियों को आकांक्षी विकासखण्ड अंतर्गत निर्धारित पैरामीटर्स के अनुरूप जानकारी अद्यतन करने के निर्देश दिये। इसके अलावा सभी विभागीय अधिकारियो को निर्देश दिये कि विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों को प्रक्रिया में शामिल करते हुए निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी कलेक्ट्रेट की स्थापना शाखा में भेजें।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने टीएल बैठक से अनुपस्थित रहने पर एलडीएम, महाप्रबंधक पीएमजीएसवाय, एमपीयूडीसी के मुख्यालय उपयंत्री, जिला पंजीयक, डीपीएम एनआरएलएम तथा फूड सेफ्टी आफिसर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिये।
16 विद्यालयो के लिए भवन स्वीकृत
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने डीपीसी डॉ पीएस गोयल को निर्देश दिये कि स्कूल भवनो की आवश्यकतानुसार मरम्मत कराये जाने के प्रस्ताव वार्षिक कार्य योजना में शामिल किये जायें तथा शासन को स्वीकृति के लिए प्रेषित किये जायें। उन्होने बताया कि 16 विद्यालयो के लिए नवीन कक्ष एवं भवन स्वीकृत हुए है, जिनमें शासकीय प्राथमिक विद्यालय निचलीखोरी, प्राथमिक विद्यालय शाहपुरा रूडी, प्राथमिक विद्यालय जाखदा, प्राथमिक विद्यालय हीरापुरा, प्राथमिक विद्यालय जहानगढ, प्राथमिक विद्यालय भूतकछा, प्राथमिक विद्यालय कन्या गसवानी, प्राथमिक कन्या विद्यालय रघुनाथपुर, प्राथमिक कन्या विद्यालय बरदुला, प्राथमिक विद्यालय सेवला, प्राथमिक विद्यालय ओछा की झोपडी, प्राथमिक विद्यालय झार बडौदा, प्राथमिक विद्यालय मोघियापुरा, प्राथमिक विद्यालय सुमरेरा, प्राथमिक विद्यालय खुटका, प्राथमिक विद्यालय अर्रोदरी शामिल है। इन विद्यालयो के भवन निर्माण हेतु कुल 3 करोड 50 लाख 87 हजार रूपये की राशि स्वीकृत हुई है।
सोलर ग्राम के लिए मिलेगी 1 करोड की राशि
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने बैठक के दौरान अक्षय उर्जा अधिकारी श्री जीएन शुक्ला को सोलर ऊर्जा आधारित गतिविधियो को विकसित किये जाने के निर्देश दिये गये। इस क्रम में श्री शुक्ला ने बताया कि विजयपुर क्षेत्र के ग्राम चदेली में जिला प्रशासन द्वारा 103 हेक्टयर भूमि का आवंटन किया गया है, इस भूमि पर 80 से 100 मेगावाट का सौलर प्लांट लगाये जाने के लिए समन्वय किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होने जानकारी दी कि सौलर ग्राम योजना के तहत भारत सरकार द्वारा एक करोड रूपये की राशि प्रदाय की जाती है, जिससे ग्राम में सौलर गतिविधियों का विकास किया जाता है। इसके अंतर्गत जिले में क्राइट एरिया अनुसार ग्राम सोईकला का चयन किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम में सौलर स्ट्रीट लाइट, सौलर पम्प आदि लगाये जाते है। इसके साथ ही रूफटॉप सौलर संयंत्र लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाता है। उन्होने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य उक्त ग्राम को सोलर ग्राम के रूप में मॉडल की तरह विकसित करना है, जहां अधिकतर उपयोग सौलर ऊर्जा आधारित हों।
बैठक में एसडीएम मनोज गढवाल, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, वायएस तोमर, विजय शाक्य, महिला बाल विकास अधिकारी ओपी पाण्डेय, जिला योजना अधिकारी डॉ सुनील चौहान, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण लालजीराम मीणा सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।
रेत के अवैध परिवहन पर तीन टैक्टर ट्रॉली जब्त करने की कार्यवाही
श्योपुर, 23 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा रेत के अवैध उत्खनन तथा परिवहन को लेकर दिये गये सख्त निर्देशों के क्रम में एसडीएम विजयपुर अभिषेक मिश्रा द्वारा राजस्व अमले एवं यातायात पुलिस की सहायता से रेत का अवैध परिवहन कर रहे तीन टैªक्टर ट्रॉलियों को जब्त करने की कार्यवाही की गई है।
एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने बताया कि आज सुबह 6 बजे के लगभग उनके द्वारा विजयपुर में रेत का अवैध परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों को जब्त कर विजयपुर थाने में खड़ा करवाया गया है तथा प्रकरण बनाकर माइनिंग विभाग को भेजा गया है। माइनिंग अधिकारी अभिषेक पटले ने बताया कि प्रकरण विधिवत कार्यवाही के लिए माननीय न्यायालय कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्योपुर की ओर प्रस्तुत किया जायेगा।
पीएम किसान सम्मान निधि की 19वी किस्त का वितरण 24 को कृषि विज्ञान केन्द्र बडौदा में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
श्योपुर, 23 फरवरी 2025
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत वर्ष में कुल 6 हजार रूपए की राशि तीन समान किश्तो में प्रदान की जाती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किश्त का वितरण प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी द्वारा आज 24 फरवरी 2025 भागलपुर (बिहार) में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र बडौदा में आज 24 फरवरी को दोपहर 01 बजे से आयोजित किया जायेगा।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, एवं तहसीलदारों को जिला, ब्लॉक एवं पंयाचत स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण करने के निर्देश दिये हैं। 19वीं किश्त वितरण को किसान सम्मान समारोह के रूप में मनाया जा रहा है
ग्लोबाल इंवेस्टर्स सम्मिट (GIS) में शामिल होने आ रहे पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए चप्पा-चप्पा नजरबंद, जमीन से आसमान तक पेहरा, 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था में होगी पीएम की एंट्री
भोपाल में हाई अलर्ट, 13 किलोमीटर रूट पर खिड़की, दरवाजे बंद रखने की हिदायत
पी एम मोदी gis भोपाल पहरे में आसमान और जमीन: ग्लोबाल इंवेस्टर्स सम्मिट (GIS) में शामिल होने आ रहे पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए चप्पा-चप्पा नजरबंद, जमीन से आसमान तक पेहरा, 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था में होगी पीएम की एंट्री
High Alert पर भोपाल, 13 किलोमीटर रूट पर खिड़की, दरवाजे बंद रखने की हिदायत
पहरे में आसमान और जमीन: ग्लोबाल इंवेस्टर्स सम्मिट (GIS) में शामिल होने आ रहे पीएम मोदी की सुरक्षा के लिए चप्पा-चप्पा नजरबंद, जमीन से आसमान तक पेहरा, 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था में होगी पीएम की एंट्री
भोपाल दिनांक 22/2/ 2025
पी एम मोदी भोपाल में हाई अलर्ट में है पी एम नरेंद्र मोदी ग्लोबल इंवेस्टर्स सम्मिट (GIS) के लिए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दौरे पर रहेंगे। वे 23 फरवरी की दोपहर राजा भोज एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से राज भवन तक का रास्ता करीब 13.3 किलोमीटर का है, जिससे अपने गंतव्य तक पहुंचने में पीएम मोदी और उनके काफिले को 19 मिनट का समय लगेगा।
ऐसे में इस 13.3 किमी के रूट पर पीएम मोदी की सुरक्षा PM मोदी की पुख्ता व्यवस्था की गई है। इस दौरान ये एरिया नो फ्लाइंग जोन रहेगा। यहां ड्रोन तक उड़ाने पर बैन लगाया गया है। वहीं सुरक्षा में कोई चूक ना हो इसलिए रास्ते में पड़ने वाले सैकड़ों मकान, होटल, धर्मशालाओं में रहने वाले हजारों लोगों का वेरिफिकेशन भी किया गया है। साथ ही लोगों को हिदायत दी जा रही है कि वे किसी भी तरह से तांक-झांक ना करें। पीएम मोदी के इस रूट से गुजरने के समय घरों की छतों पर खड़े होने से लेकर घरों के खिड़की-दरवाजे तक बंद रखने को कहा गया है। लोगों से कहा गया है कि वे इस दौरान घरों से बाहर ना निकलें।
5 थाना क्षेत्रों की सीमाओं से गुजरेगा पीए मोदी का काफिला
इस दौरान पीएम मोदी का काफिला 5 थाना क्षेत्रों की सीमा से होता हुआ गुजरेगा। इनमें कोहेफिजा, गांधी नगर, तलैया, श्यामला हिल्स और अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र शामिल हैं। सबसे लंबा रूट कोहेफिजा थाना क्षेत्र का होगा। बता दें कि पहली बार ऐसा होगा कि पीएम मोदी भोपाल में 23 घंटे तक रहेंगे। बागेश्वर धाम में 22 फरवरी को कैंसर हॉस्पिटल की नींव रखने के बाद भोपाल पहुंचेंगे और राज भवन के प्रेसिडेंट सुइट में रात गुजारेंगे।
चेकिंग का बड़ा अभियान जारी
एयरपोर्ट रोड से लालघाटी, वीआईपी रोड राजा भोज प्रतिमा तक के रूट से पीएम के काफिले का गुजरना प्रस्तावित है। इन तमाम सड़कों पर सैकड़ों घर हैं, होटल हैं, धर्मशाला और व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य मार्ग से 50 मीटर अंदर तक बने घरों में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। इन घरों में रहने वालों के पुलिस वेरिफिकेशन कराए जा रहे हैं। परिवारों से मिलकर उन्हें हिदायत दी जा रही है कि पीएम का काफिला जब यहां से गुजरेगा तो उस समय खिड़की-दरवाजे बंद रखें, ताक-झांक ना करें। यहां तक कि कोई भी मेहमान आता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा गया है।
पुलिस जवान करेंगे निगरानी
13.8 किलोमीटर के इस पूरे रुट पर पड़ने वाली तमाम हाइराइज बिल्डिंग्स पर भी जिला पुलिस के जवानों को तैनात किया जाएगा। पुलिस के जवान दूरबीन से आसपास होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। 48 घंटे के लिए इस पूरे रूट पर ड्रोन उड़ाने की भी परमिशन नहीं दी गई है।
थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था
पीएम मोदी के साथ ही हर वीवीआईपी के लिए थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। पहली लेयर में एसपीजी कमांडों, तो दूसरी लेयर में आईपीएस वहीं, तीसरी लेयर में पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था का पूरा जिम्मा संभालेंगे। कार्यक्रम के दौरान 25 आईपीएस सहित करीब साढ़े पांच हजार पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इसकी निगरानी का जिम्मा एडीजी स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया है।
बता दें कि पीएम मोदी के अलावा करीब दो दर्जन देशों के राजनयिक और दर्जन भर से ज्यादा देशों के उद्योगपति भोपाल आ रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के तहत एमपी की राजधानी भोपाल का चप्पा-चप्पा नजरबंद है।
पीएम जनमन में आवास सर्वे के लिए 22 पंचायतें फिर से ओपन 79 पंचायतों के और प्रस्ताव शासन को भेजे गये कलेक्टर ने दिये पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत करने के निर्देश
श्योपुर, 21 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कहा है कि पीएम जनमन योजना अंतर्गत 22 पंचायतों को आवास सर्वे के लिए फिर से ओपन किया गया है। जिसमें सर्वे अनुसार पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत करने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा है कि सहरिया समुदाय के ऐसे हितग्राही जो आवास योजना के लाभ से शेष हैं वे संबंधित पंचायतों के सचिवों एवं रोजगार सहायकों के माध्यम से लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसमें श्योपुर विकासखण्ड की 4 तथा कराहल विकासखण्ड की 18 पंचायतें शामिल हैं। योजना के तहत शेष बचे हितग्राहियों को लाभ देने के लिए 79 पंचायतों को फिर से ओपन करने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
जिन पंचायतों को री-ओपन किया गया है उनमें श्योपुर की ढोढर, राडेप, राधापुरा एवं रतोधन तथा कराहल की आवदा, बाढ, बरगवां, चकरामपुरा, गढला, गोरस, जाखदा, झिरन्यिा, करियादेह, लूहारी, मदनपुर, निमानिया, पनवाड़ा, परतवाडा, पिपरानी, रानीपुरा, सलमानिया,सरजूपुरा, एवं सिलपुरी शामिल हैं। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि पंचायतें 10 मार्च तक खुली रहेंगी। इस अवधि में संबंधित सीईओ पात्र सहरिया परिवारों का सर्वे कर आवास स्वीकृत करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। पीएम जनमन में अभी तक 23 हजार 781 आवास स्वीकृत किये गये है।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्लस सूची में नाम जोडने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में सर्वे किया जा रहा है। सर्वे की कार्यवाही 15 मार्च 2025 तक चलेगी। सर्वेयर के रूप में पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक अधिकृत किये गये है। इनके माध्यम से अपना नाम सर्वे में जुडवाये। अभी तक 27 हजार से अधिक हितग्राहियों का सर्वे किया जा चुका है।
शहरी क्षेत्र में भी आवास के लिये ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया संचालित है। हितग्राही आवास के लिए अपने आवेदन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करा सकते है।
समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन हेतु पंजीयन 31 मार्च तक एम.पी. किसान एप के माध्यम से मोबाइल से घर बैठे कर सकेंगे पंजीयन जिले में 33 पंजीयन केन्द्र बनाये
श्योपुर, 19 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में श्योपुर जिले में 33 पंजीयन केन्द्र बनाये गये है। जिन पर किसानों द्वारा पंजीयन प्रक्रिया जारी है। रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये किसान 31 मार्च तक पंजीयन करा सकते हैं।
किसान पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाया गया है। किसान स्वयं के मोबाईल से एम.पी. किसान एप के माध्यम से घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। इससे किसानों को पंजीयन केन्द्रों में लाईन लगाकर पंजीयन कराने की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था श्योपुर जिले की 33 सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर की गई है, इसके साथ ही एम.पी. किसान एप के माध्यम से भी निशुल्क पंजीयन किया जा सकता है।
पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था एम.पी. ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर की गई है। प्रति पंजीयन के लिये 50 रूपये से अधिक शुल्क नही लिया जायेगा। किसान पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज़ एवं किसान के आधार कार्ड एवं अन्य फोटो पहचान पत्रों का समुचित परीक्षण कर उनका रिकार्ड रखा जाना अनिवार्य होगा।
सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन सहकारी संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्रों पर उपलब्ध होगी। इस श्रेणी के शत-प्रतिशत किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा। पूर्व वर्षों की किसी अपात्र संस्था में केन्द्र प्रभारी एवं ऑपरेटर को किसी अन्य संस्था में पंजीयन के लिए नहीं रखा जायेगा।
किसान द्वारा समर्थन मूल्य पर विक्रय उपज का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किसान के आधार लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। किसान के आधार लिंक बैंक खाते में भुगतान करने में किसी कारण से समस्या उत्पन्न होने पर किसान द्वारा पंजीयन में उपलब्ध कराये गए बैंक खाते में भुगतान किया जा सकेगा। किसान पंजीयन के समय किसान को बैंक खाता नंबर और आईएफएससी कोड की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। अक्रियाशील बैंक खाते, संयुक्त बैंक खाते एवं फिनो, एयरटेल, पेटीएम, बैंक खाते पंजीयन में मान्य नहीं होंगे। पंजीयन व्यवस्था में बेहतर सेवा प्राप्त करने के लिए यह जरूरी होगा कि किसान अपने आधार नंबर से बैंक खाता और मोबाईल नंबर को लिंक कराकर उसे अपडेट रखें।
33 पंजीयन केन्द्र बनाये
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में श्योपुर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन हेतु 33 केन्द्रों का निर्धारण किया गया है, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा निर्धारित इन पंजीयन केन्द्रों में आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित आवदा, विपणन सेवा सहकारी संस्था कराहल, वृहत्ताकार सहकारी संस्था बडौदा, सेवा सहकारी संस्था बोरदादेव, सेवा सहकारी संस्था नयागांव तेखण्ड, सेवा सहकारी संस्था राडेप, सेवा सहकारी संस्था लुहाड, वृहत्ताकार सहकारी संस्था फिलोजपुरा, वृहत्ताकार सहकारी संस्था तलावड़ा, सेवा सहकारी संस्था नयागांव ढोढपुर, सेवा सहकारी संस्था उतनवाड़, सेवा सहकारी संस्था ओछापुरा, सेवा सहकारी संस्था रघुनाथपुर, विपणन सेवा सहकारी समिति वीरपुर, वृहत्ताकार सहकारी संस्था विजयपुर, विपणन सहकारी समिति विजयपुर, सेवा सहकारी समिति सहसराम, वृहत्ताकार सहकारी संस्था श्योपुर, सेवा सहकारी संस्था जलालपुरा, सेवा सहकारी संस्था नागदा, सेवा सहकारी संस्था सोई कलां, सेवा सहकारी संस्था नागरगांवडा, सेवा सहकारी संस्था आसीदा, सेवा सहकारी संस्था बिजरपुर, सेवा सहकारी संस्था ननावद, सेवा सहकारी संस्था गोहेडा, वृहत्ताकार सहकारी संस्था दांतरदा कलां, वृहत्ताकार सहकारी संस्था मानपुर, सेवा सहकारी संस्था सोठवा, सेवा सहकारी संस्था जावदेश्वर, सेवा सहकारी संस्था तलावदा, सेवा सहकारी संस्था गुरूनावदा, सेवा सहकारी संस्था पाण्डोला शामिल है।
आवास योजना के सर्वे में नाम जोडने के निर्देश हितग्राही को बताया, तीसरी किस्त की राशि जारी जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित
श्योपुर, 18 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार सीईओ जिला पंचायत श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर ने जनसुनवाई के दौरान आवास संबंधी आवेदनों का निराकरण करते हुए अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास प्लस सूची में नाम जोडने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में सर्वे शुरू हो गया है। सर्वे की कार्यवाही 15 मार्च 2025 तक चलेगी। सर्वेयर के रूप में पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक अधिकृत किये गये है। इनके माध्यम से अपना नाम सर्वे में जुडवाये। इसके साथ ही उन्होने जनसुनवाई में आवास की मांग लेकर आये रामसिंह बैरवा निवासी काशीपुर तथा श्रीमती लक्ष्मी धाकड निवासी सहसराम का नाम आवास प्लस की सर्वे सूची में जोडने के लिए निर्देश दिये गये। इसी प्रकार पप्पू वाल्मिक निवासी तुलसैफ के आवास की तीसरी किस्त प्रदान किये जाने संबंधी आवेदन के परीक्षण उपरांत अवगत कराया गया कि तीसरी किस्त का एफटीओ जारी हो चुका है तथा शीघ्र ही बैंक खाते मे ंराशि प्राप्त हो जायेगी।
इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में आवास संबंधी आवेदनों पर हितग्राहियों को अवगत कराया गया कि शहरी क्षेत्र में भी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया संचालित है। हितग्राही आवास के लिए अपने आवेदन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करा सकते है। जनसुनवाई में कुल 144 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई के दौरान एसडीएम मनोज गढवाल, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन, वायएस तोमर, विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी उपस्थित रहें।
सीएमओ को मौके पर जाकर समस्या निराकरण करने के निर्देश
सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर द्वारा श्योपुर के वार्ड 10 के नागरिकों के आवेदन पर सीएमओ राधेरमण यादव को निर्देश दिये कि मौके पर पहुंचकर पानी निकासी तथा रास्ते में कीचड की समस्या का हल किया जाये। नागरिकों ने आवेदन दिया कि रास्ते में पानी भर गया है, जिससे बच्चों एवं बडो को निकलने में कठिनाई हो रही है। नाली नही होने तथा रास्ता कच्चा होने से समस्या उत्पन्न हो रही है।
मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना में मिलेगा लाभ
सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर ने श्रीमती ललिता बैरवा को पति की मृत्यु पर संबल योजना के तहत अनुग्रह राशि प्रदान किये जाने संबंधी आवेदन पर जानकारी दी गई कि प्रकरण स्वीकृत होकर ईपीओ जारी हो चुका है तथा शीघ्र ही बैंक खाते में दो लाख रूपये की राशि प्राप्त होगी। हितग्राही महिला ने अपने पति स्व. चोमल बैरवा निवासी ग्राम गोठरा की बीमारी से मृत्यु हो जाने से मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था।
इसी प्रकार सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर द्वारा जनसुनवाई के दौरान ग्राम चोडपुर के ग्रामीणों द्वारा पुरानी विद्युत लाइनो को बदले जाने तथा केबलो को ऊची कराये जाने संबंधी आवेदन पर विधुत मंडल के अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
महामहिम राज्यपाल का विजयपुर क्षेत्र का दौरा अगरा हाईस्कूल में विद्यार्थियों से संवाद, आंगनबाडी में बच्चों से चर्चा ऊमरी कला में पीएम जनमन आवास के हितग्राहियों से भेंटकर चर्चा की
श्योपुर, 16 फरवरी 2025
प्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विजयपुर विकासखण्ड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान शासकीय हाईस्कूल अगरा में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें संस्कार आधारित शिक्षा प्राप्त कर नैतिकता से जीवन यापन करने और देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कक्षा 9 की बालिका लक्ष्मी से चर्चा करते हुए सभी बच्चों को अपनी पढाई आगे तक करने के लिए प्रेरणा दी गई। उन्होने कहा कि अपनी रूचि के अनुसार विषय का चुनाव करें तथा लक्ष्य बनाकर पढाई करें। स्कूल के साथ ही घर पर विद्या अध्ययन करने के लिए टाईम टेबिल बनाये और परीक्षा की तैयारी करें। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला का अवलोकन किया तथा विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया।
महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल द्वारा भ्रमण के दौरान शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम अगरा का अवलोकन किया गया तथा रहवासी आदिवासी छात्रों से चर्चा कर शासन की सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। ग्राम पैरा में आंगनबाडी केन्द्र में छोटे बच्चों से चर्चा करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप टॉफी एवं फल वितरण किये गये।
ग्राम पंचायत ऊमरी कला के ग्राम खेडा में पीएम जनमन योजना अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति के विकास के लिए पीएम जनमन योजना के तहत विभिन्न आधारभूत सुविधाओं को बढाने के लिए कार्य किया जा रहा है। आवासहीन जनजातीय परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराये जा रहे है तथा पेयजल, बिजली, सडक, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि सुविधाओं को बढाने की दिशा में सतत् रूप से कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की ओर से महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल को लकडी की बैलगाडी स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई।
पीएम जनमन आवास हितग्राहियों को चाबी भेंट की, गृह प्रवेश कराया
भगवान बिरसा मुण्डा की तस्वीर भेंट की
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने ग्राम पंचायत ऊमरी कला के ग्राम खेडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम जनमन आवास योजना के लाभार्थी श्री हक्के आदिवासी के नव निर्मित आवास का फीता काटकर गृह प्रवेश कराया, इसके साथ ही श्रीमती कैलाशी आदिवासी एवं श्रीमती आशा आदिवासी को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी भेंट की गई।
इस अवसर पर देशराज आदिवासी एवं रामदयाल आदिवासी को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किये गये तथा अशोक आदिवासी को आयुष्मान कार्ड का लाभ दिया गया।
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा पीएम आवास योजना के हितग्राही हक्के आदिवासी के आवास फीता काटकर गृह प्रवेश कराये जाने के अवसर पर लाभार्थी श्री हक्के आदिवासी द्वारा भगवान बिरसा मुण्डा की तस्वीर भेंट की गई।
समूहो की महिलाओं को सौपा 5 करोड 15 लाख का सीसीएल राशि का चैक
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कार्यक्रम के दौरान एनआरएलएम अंतर्गत संचालित 168 स्वसहायता समूहों को विभिन्न प्रकार की आजीविका मूलक गतिविधियों के संचालन के लिए संयुक्त रूप से 5 करोड 15 लाख रूपये की सीसीएल राशि का चैक सौपा गया। इस अवसर पर उन्होने आजीविका उत्पादो की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
अगरा हेलीपेड पर आगवानी एवं स्वागत
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल के विजयपुर विकासखण्ड के ग्राम अगरा आगमन अवसर पर हेलीपेड पर सीईओ जिला पंचायत श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर एवं एडिशनल एसपी श्री सतेन्द्र सिंह तोमर द्वारा आगवानी की गई तथा सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष कैबीनेट मंत्री दर्जा तुरसनपाल बैरया, पूर्व वनमंत्री रामनिवास रावत एवं पूर्व विधायक बाबूलाल मेवरा, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण लालजीराम मीणा द्वारा बुके भेंटकर स्वागत किया गया।
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष कैबीनेट मंत्री दर्जा तुरसनपाल बैरया, पूर्व वनमंत्री रामनिवास रावत, पूर्व विधायक बाबूलाल मेवरा, सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर, एडिशनल एसपी सतेन्द्र सिंह तोमर, एसडीएम अभिषेक मिश्रा, सीईओ जनपद आफिसर सिंह गुर्जर, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण लालजीराम मीणा, महिला बाल विकास अधिकारी ओपी पाण्डेय, डीपीएम एनआरएलएम सोहनकृष्ण मुदगल सहित तहसीलदार एवं विभिन्न विभागो के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।