श्योपुर, 20 -5-2024
माननीय न्यायालय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्योपुर द्वारा प्रकरण के विचारण उपरांत आरोपी रामबीर गुर्जर पुत्र शम्भू गुर्जर निवासी ग्राम रूपनगर थाना देहात श्योपुर को धारा 302 भादवि में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है, इसके साथ ही 01 हजार रूपये के अर्थदंड से दण्डित किया गया है।
जिला अभियोजन अधिकारी ने बताया कि फरियादी कमल सिंह गुर्जर पुलिस थाना मानपुर में इस आशय की रिपोर्ट कराई कि उसके दामाद रामबीर गुर्जर जो पुलिस थाना देहात श्योपुर मे हत्या के दर्ज प्रकरण में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था दिनांक 09 फरवरी 2023 को पेरोल पर अपने घर रूपनगर आया था और दिनांक 11 फरवरी 2023 को आरोपी उसके घर फूलदा में उसकी लडकी लक्ष्मी उर्फ लछ्छो को लेने आया और रात्रि में उसके घर पर रूका, जब वह दिनांक 12 फरवरी 2023 को प्रातः 09.45 बजे घर के बाहर रोड पर बैठा था तभी उसकी पुत्री कृष्णा की लडकी रोते हुए उसके पास आयी और उसने बताया कि नानाजी, मौसा रामबीर, मौसी लक्ष्मी से घर चलने की कह रहा था मौसी ने घर जाने से मना कर दिया इसी बात पर मौसा ने मौसी को कुल्हाडी से मार दिया जब वह दौड़कर पहुचा तो देखा कि उसकी लडकी लक्ष्मी उर्फ लछ्छो टपरे में खून से लथपथ पड़ी थी उसके सिर हाथों में चोट थी खून निकल रहा था तब उसने देखा उसकी लडकी लक्ष्मी मर चुकी थी। उसने व उसके पडोसी ने आरोपी रामबीर को मोटरसाईकिल से भागते हुए देखा। उक्त रिपोर्ट पर से आरोपी के विरूद्ध पुलिस थाना मानपुर में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना उपरांत माननीय न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया और विचारण हेतु माननीय न्यायालय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्योपुर के समक्ष प्राप्त हुआ और उनके द्वारा विचारण के बाद आरोपी रामबीर गुर्जर पुत्र शम्भू गुर्जर निवासी ग्राम रूपनगर थाना देहात श्योपुर को धारा 302 भादवि में आजीवन कारावास एवं 01 हजार रूपये के अर्थदंड से दण्डित किया गया। उक्त प्रकरण को जघन्य एवं सनसनीखेज की श्रेणी में चिन्हित किया गया था। राज्य की ओर से पैरवी श्री राजेन्द्र जाधव विशेष लोक अभियोजक द्वारा की गयी एवं सहयोग सहा0 जिला लोक अभियोजन अधिकारी हरिओम शर्मा द्वारा किया गया।
पत्नी के हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास की सजा
प्राथमिक विद्यालय गोपालपुरा व प्राथमिक विद्यालय किलगावडी में पदस्थ प्राथमिक तीन शिक्षक निलंबित
श्योपुर, 20 -5- 2024
जिला शिक्षा अधिकारी आरएस तोमर द्वारा तीन शिक्षको श्रीमती राधा पोरवाल प्राथमिक शिक्षक शासकीय प्राथमिक विद्यालय गोपालपुरा, श्यामलाल रावत एवं श्रीमती नीलम मेहरा प्राथमिक शिक्षक शासकीय प्राथमिक विद्यालय किलगावडी के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही की गई है।
जारी आदेश के अनुसार श्रीमती राधा पोरवाल प्राथमिक शिक्षक शासकीय प्राथमिक विद्यालय गोपालपुरा गत दिनांक 31 मार्च से आज तक बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित है, इस संबंध में जिला पंचायत द्वारा भी श्रीमती पोरवाल को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया, लेकिन उनके द्वारा आज तक कोई जवाब प्रस्तुत नही किया गया। संकुल प्राचार्य द्वारा भी अपने प्रतिवेदन में अवगत कराया गया कि श्रीमती पोरवाल इसके पूर्व भी कई बार विद्यालय से लगातार अनुपस्थित रही है। इस पर उनके विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही की गई है तथा निलंबन अवधि में मुख्यालय बीईओ कार्यालय श्योपुर रखा गया है।
इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय किलगावडी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक श्री श्यामलाल रावत एवं प्राथमिक शिक्षक श्रीमती नीलम मेहरा के विरूद्ध भी निलंबन की कार्यवाही की गई है। श्रीमती नीलम मेहरा के विरूद्ध शिकायत प्राप्त हुई थी कि शिक्षिका द्वारा 12 बजे स्कूल खोला जाता है और 03 बजे बंद कर दिया जाता है, इस संबंध में बीआरसी श्योपुर द्वारा जांच की गई तथा शिकायत सही पाये जाने पर निंलबन की कार्यवाही की गई है। इसी प्रकार श्री श्यामलाल रावत प्राथमिक शिक्षक को शैक्षणिक कार्य में रूचि नही लेने के चलते निलंबित किया गया है। निलंबन काल में दोनो शिक्षको का मुख्यालय बीईओ कार्यालय श्योपुर रखा गया है।
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक आयोजित यात्री बसो की फिटनेस जांच ले, कोई भी बस बगैर फिटनेस के न चलें
श्योपुर, 20 -5-2024
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान जिला परिवहन अधिकारी श्री आरएस चिकवा को निर्देश दिये कि जिले में संचालित सभी यात्री बसो एवं स्कूल बसो की फिटनेस जांच लें, कोई भी बस बगैर फिटनेस के नही चलनी चाहिए। उन्होने कहा कि अभियान चलाकर बसो की फिटनेस एवं अन्य सुरक्षा उपायो की जांच पडताल की जायें। ।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने एसडीएम विजयपुर को निर्देश दिये कि आर्रोदा एवं बैनीपुरा में पीएचई को टंकी निर्माण के लिए भूमि का आवंटन किया जायें। इसके साथ ही जिन विभागो को भूमि की आवश्यकता है, वे भूमि आवंटन के लिए निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होने सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण श्री एमपी पिपरैया को निर्देश दिये कि नवीन शैक्षणिक सत्र को दृष्टिगत रखते हुए सभी छात्रावासो, आश्रमो की साफ-सफाई तथा अन्य मेंटिनेंस के कार्य पूर्ण करा लें।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड द्वारा बैठक के दौरान नगरपालिका अधिकारियों से नालो की सफाई कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई, उपयंत्री श्री पवन गर्ग ने बताया कि आज वार्ड 15, वार्ड 04 में स्थित नालो की सफाई का कार्य किया जा रहा है। अस्पताल में फायर सुरक्षा के संबंध में सिविल सर्जन डॉ दिलीप सिकरवार ने जानकारी दी कि अस्पताल में फायर उपकरणों को सुव्यवस्थित कर दिया गया है तथा संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान कर मॉकड्रिल भी की गई है।
बैठक में अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी, एसडीएम कराहल उदयवीर सिंह सिकरवार, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, वायएस तोमर सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी उपस्थित थे। एसडीएम विजयपुर बीएस श्रीवास्तव वर्चुअली माध्यम से बैठक में शामिल हुए
आरआई, पटवारियों को ऑन फील्ड सीमाकंन का प्रशिक्षण देंगे-कलेक्टर कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित
श्योपुर, 19-5- 2024
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने राजस्व अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिये कि आरआई द्वारा पटवारियों को ऑन फील्ड सीमांकन का प्रशिक्षण प्रदान किया जायें। आरआई अपने-अपने क्षेत्र के पटवारियों को ईटीएस मशीन तथा रोवर मशीन के माध्यम से सीमांकन किये जाने के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, यह प्रशिक्षण ऑन फील्ड होगा, जिसमें सीमांकन के लंबित प्रकरणों में मौके पर पहुंचकर प्रशिक्षण के साथ-साथ सीमांकन कर प्रकरण का निराकरण भी होगा।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि मशीनो के माध्यम से सीमांकन प्रक्रिया का पटवारियों को एकचुअल सीमाकंन कर प्रशिक्षण प्रदान किया जायें। वर्तमान में 3 से 6 माह की अवधि के तीन तथा 3 माह तक की अवधि के 131 सीमांकन के प्रकरण लंबित है। उन्होने कहा कि पटवारियों को प्रशिक्षण प्रदान कर इन लंबित प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से किया जायें।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि घटना-दुर्घटना की स्थिति में सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचना सुनिश्चित करें तथा संवेदनशीलता के साथ तात्कालीक स्थिति के अनुरूप निर्णय लें। उन्होने कहा कि लोक सेवाओ के आवेदन का निराकरण समय सीमा में किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने निर्देश दिये कि तहसील स्तर से होने वाले कार्य समय सीमा में किये जायें। अविवादित नामांतरण, बंटवारे आदि के प्रकरण शीघ्रता से निराकृत किये जायें। अविवादित नामांतरण के 13 तहसीलो में कुल लंबित 97 प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जायें। इसी प्रकार बंटवारे के 41 लंबित प्रकरणों में निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
कलेक्टर जांगिड ने निर्देश दिये कि सभी राजस्व अधिकारी डायर्वसन शुल्क की वसूली सुनिश्चित करें, जिन लोगों के द्वारा नोटिस के बावजूद भी डायर्वसन शुल्क जमा नही कराया जाता है तो उनके विरूद्ध आरआरसी जारी कर वसूली की कार्यवाही की जायें।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारो तथा नायब तहसीलदारो को निर्देश दिये कि अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित कर ले कि कुए, बावडी एवं ट्यबवैल खुले हुए तो नही है, ऐसे सभी असुरक्षित कुए, बावडियों एवं ट्यबवैल को सुरक्षित रूप से बंद करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायें। इस संबंध में उनके द्वारा गत 17 अप्रैल 2024 को आदेश जारी किया गया था। इस संबंध में राजस्व अधिकारियों ने बताया कि असुरक्षित संरचनाओ के सर्वे का कार्य पूर्ण कर संबंधितो को नोटिस जारी करने की कार्यवाही की गई है तथा उक्त आदेश के अनुसार जुर्माना आदि की कार्यवाही की जायेंगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी, एसडीएम श्योपुर मनोज गढवाल, कराहल उदयवीर सिंह सिकरवार, विजयपुर बीएस श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, वायएस तोमर सहित सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार आदि उपस्थित थे।
बुजुर्गो के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर आज श्योपुर, कराहल, बडौदा, विजयपुर, ढोढर व अगरा में लगेंगे शिविर
श्योपुर, 19 -5-2024
राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम अंतर्गत आज 20 मई 2024 को जिला अस्पताल श्योपुर सहित कराहल, विजयपुर, बडौदा, ढोढर एवं अगरा के अस्पतालो में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाये जायेंगे।
सीएमएचओ डॉ जेएस राजपूत ने बताया कि उक्त कार्यक्रम के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वृद्धजनों के सघन स्वास्थ्य परीक्षण, जांच उपचार एवं उचित परामर्श के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जा रहे है, जिसमें असंचारी रोगों जैसे बीपी, डायबिटीज आदि मरीजों की स्क्रीनिंग एवं उपचार किया जावेगा तथा हडडी रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, मानसिक रोग, नाक कान गला इत्यादि समस्याओं का परीक्षण एवं उपचार दिया जावेगा। इसके अलावा कैम्प में आए हुए समस्त पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड एवं हेल्थ आईडी कार्ड बनाकर वितरण किए जावेगें। वृृद्धजनों की कमर दर्द, गर्दन दर्द आदि के मामलो में फिजियोथैरेपी के माध्यम से उपचार किया जायेंगा। शिविर में जागरूकता के लिए वृृद्धजनों को घर पर कैसे करें अपने स्वास्थ्य की देखभाल के संबंध में राष्ट्रीय पहल फोल्डर दिया जावेगा।
99 वर्षीय बुजुर्ग चक्कर आने से लड़खड़ा कर गिरे केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पिलाया पानी
ग्वालियर, 19-5-2024
जयविलास पैलेस स्थित रानी महल में आयोजित हो रही थी श्रद्धांजलि सभा
राजमाता माधवी राजे सिंधिया के निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पुष्पांजलि देने पहुंचे थे गणपत राम निखरा
चक्कर आने से निन्यानवे वर्षीय बुजुर्ग लड़खड़ा कर गिरे
बुजुर्ग गणपत राम निखरा हैं चेंबर ऑफ कॉमर्स के मेंबर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुजुर्ग को बैठाकर पिलाया पानी
सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी भी पहुंची बुजुर्ग व्यापारी के पास बुजुर्ग व्यापारी को घेरे खड़ी भीड़ को हटाया बुजुर्ग व्यापारी ने प्रियदर्शनी राजे के सिर पर हाथ रखकर दिया आशीर्वाद
देश के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट किया जारी Heat Wave : हीटवेव का अलर्ट,अगले 5 दिन सूरज आग उगलेगा किन लोगों को जानलेवा हो सकती है धूप
Heat Wave :> देश में भीषण गर्मी के कारण सभी का हाल बुरा हो रहा है. देश के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है. शुक्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ में 47.4 डिग्री सेल्सियस टेंपरेचर पार हो गया है. भारत के कई ऐसे राज्य हैं जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है. इसमें राजस्थान के 19, हरियाणा के 18, दिल्ली के आठ और पंजाब के दो स्थान मौजूद हैं. वही एमपी भी कोई पीछे नहीं हैं वर्तमान समय में श्योपुर का तापमान पिछले कई दिनों से 45 डिग्री पर दस्तक दे रहा है
भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) >
ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि 18 मई से अगले पांच दिनों तक उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में भीषण लू का आगमन होगा. इसके साथ उन्होंने बताया कि शनिवार पूर्वी और मध्य भारत में फिर से लू चलने की संभावना है
सेहत पर पड़ता है असर ( Heat Wave ) >
भीषण हीटवेव के कारण कई लोगों के सेहत पर बुरा असर पड़ रहा ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की बेहद जरूरत है. क्योंकि हीटवेव की वजह से हर साल लोगों की मौत होती है बता दें, कुछ लोगों के लिए हीटवेव जानलेवा हो सकता है आइए जानते हैं इन लोगों को किस तरह से बचाव करना चाहिए
( Heat Wave ) गर्भवती महिलाएं रखें अपना ख्याल >
डॉक्टर शाहिद अख्तर आगे कहते हैं कि, गर्भवती महिलाओं के लिए भी हीटवेव खतरनाक हो सकता है | इस वजह से वह धूप में जाने से बचें वह कहते हैं कि कई यह इतना खतरनाक हो जाता है कि इसकी वजह से मिसकैरेज भी हो जाता है | इसके अलावा अगर आपको बार बार-बार उल्टी या दस्त हो रहे हैं और बॉडी डिहाइड्रेट महसूस हो रही है तो ORS घोल का सेवन करें | लेकिन इसके साथ अपने डॉक्टर से जरूर संपर्क करें
( Heat Wave ) बुजुर्ग और बच्चों को है खतरा >
आयशा हॉस्पिटल के ICU चीफ डॉक्टर शाहिद अख्तर बताते हैं कि गर्मी में जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है| ऐसे में अगर आपको तबीयत खराब लगे तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें| बुजुर्ग और बच्चों को हीट स्ट्रोक का सबसे ज्यादा खतरा होता है| बुजुर्गों को हीट स्ट्रोक की वजह से ब्रेन स्ट्रोक तक आ सकता है| ऐसे में उन्हें दोपहर में बाहर जाने से बचना चाहिए और खूब पानी पिएं
( Heat Wave )से एसे करें बचाव >
हीटवेव से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीते रहें. अगर आपको प्यास न लगी हो तब भी जितनी बार संभव हो पानी जरूर पिएं| दोपहर के समय बाहर निकलते समय हल्के रंग के, ढीले और हवादार सूती कपड़े पहनें, साथ में चश्मे, छाता/टोपी, जूते या चप्पल का इस्तेमाल करें |
मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित
श्योपुर, 18 -5- 2024
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारीलोकेश कुमार जांगिड के निर्देशानुसार लोकसभा निर्वाचन-2024 अंतर्गत मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण आज 18 मई को शासकीय पीजी कॉलेज श्योपुर में आयोजित किया गया। जिसमें लोकसभा चुनाव के तहत श्योपुर एवं विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के मतो की गणना के लिए मतगणना कर्मियों को मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवसर पर सहायक प्रशिक्षण नोडल राघवेन्द्र त्यागी एवं प्रशिक्षण प्रभारी राजकुमार पाराशर उपस्थित थे।
मास्टर ट्रेनर डॉ ओपी शर्मा, हरिशंकर गर्ग एवं केसी यादव, डॉ रमेश भारद्वाज, सुशील दुबे, आंनद चौधरी द्वारा पीजी कॉलेज में ईव्हीएम से मतो की गणना किये जाने तथा सारणीकरण आदि के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा निर्वाचन के तहत मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र के श्योपुर एवं विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के मतो की गणना श्योपुर जिला मुख्यालय स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में 04 जून को प्रातः 08 बजे से होगी। श्योपुर एवं विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के मतो की गणना के लिए अलग-अलग कक्ष बनाये गये है तथा गणना के लिए 16-16 टेबिल लगाई जायेगी। प्रत्येक गणना टेबिल पर 3-3 मतगणना कर्मी नियुक्त रहेंगे, जिनमें गणना प्रेक्षक, गणना सहायक एवं माईक्रो आब्जर्वर शामिल रहेंगे।
सिंगल यूज प्लास्टिक का चलन रोकने के लिए कार्यवाही करें-कलेक्टर दुकानदार को दुकान पर डस्टबीन रखने के लिए प्रेरित किया जायें 20 जून तक नालो की सफाई करने का आदेश जारी
श्योपुर, 17 -5- 2024
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नगरीय निकाय अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए निर्देश दिये कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को दृष्टिगत रखते हुए इसका चलन रोकने के लिए चालानी कार्यवाही की जायें। उन्होने कहा कि प्रत्येक दुकान पर दुकानदार द्वारा डस्टबीन रखी जाये। इसके साथ ही बारिश पूर्व 20 जून तक सभी नगरीय निकायो को अपने-अपने क्षेत्र में स्थित छोटे-बडे नालो की सफाई करने के आदेश भी जारी किये गये है।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने निर्देश दिये कि डिस्पोजेबल सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के चलते लोगों को इसका उपयोग नही करने के लिए जागरूक किया जाये तथा उपयोग रोकने के लिए चालानी कार्यवाही भी की जायें। उन्होने कहा कि प्रत्येक दुकानदार अपनी-अपनी दुकान पर डस्टबीन रखेगे जो पुठ्ठे के गत्ते, कार्टून, लकडी की खोका आदि के रूप में भी हो सकती है। इसी प्रकार चिप्स आदि बेचने वाले दुकानदार भी रेपर पैकिंग को फेकने के लिए डस्टबीन रखेगे। इसके अलावा नगरीय निकायो द्वारा भी नियमित दूरी के अंतराल पर बडी डस्टबीन रखवाई जाये। प्लास्टिक, पन्नी आदि के डस्टबीन में जाने से नाले और नालियों के चौक होने की समस्या में भी कुछ सुधार होगा।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड ने कहा कि तीनों नगरीय निकायों को नालो की साफ-सफाई के संबंध में आदेश जारी किये गये है, जिसके क्रम में 10 जून तक सभी नाले-नालियों की सफाई कर ली जायें। इसके बाद 10 से 20 जून तक फिर से अभियान चलाकर एक बार और साफ-सफाई का काम किया जायें, जिससे बारिश में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होने कहा कि जिन नगरीय निकायो के क्षेत्र में नदिया है, उनके सरंक्षण के लिए कार्य किया जायें तथा जलकुभी और काई हटाने का कार्य किया जायें।
पार्को का रख-रखाव करने के निर्देश
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने नगरीय निकायो अंतर्गत पार्को के रख-रखाव के संबंध में निर्देश दिये कि प्रत्येक पार्क में नियमित रूप से घास की वाटरिंग की जायें, घास कटिंग एवं पेड-पौधो के रख-रखाव की व्यवस्था का नियमित रूप से की जायें। पार्को में लगे खेल उपकरणों का संधारण समय-समय पर किया जायें, पार्क की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायें तथा पर्याप्त रूप से बैठने के लिए बेंच लगाई जायें। सभी पार्को में टायलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जायें।
स्वच्छता के लिए व्यवहार परिवर्तन की जरूरत
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड ने बैठक के दौरान कहा कि स्वच्छता के लिए लोगों के व्यवहार में परिवर्तन की जरूरत है, इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए। कचरा गाडी रोजाना डोर टू डोर कचरे का कलेक्शन करें, यह सुनिश्चित किया जायें। साथ ही लोगों को इस बात के लिए भी जागरूक किया जायें कि घरो में गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबीन में रखे तथा कचरा वाहन में भी अलग-अलग कम्पार्टमेंट में कचरा डाले। उन्होने कहा कि कचरा वाहनो में लगे जीपीएस सिस्टम को एक्टिव किया जायें तथा नगरीय निकाय में कन्ट्रोलरूम बनाकर वाहनो की मॉनीटरिंग की जायें। इसके साथ ही वार्ड प्रभारी प्रत्येक दिन अपने-अपने वार्ड में पहुंचकर लोगों से फीडबैक ले कि कचरा वाहन नियमित रूप से आ रहें है। उन्होने कहा कि पिछले साल स्वच्छता रैकिंग में श्योपुर को 413 रैंक मिली थी, इस बार के लिए टॉप-100 में आने का लक्ष्य निर्धारित कर स्वच्छता की दिशा में कार्य किया जायें।
पार्वती जलावर्धन योजना की समीक्षा
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड द्वारा बैठक के दौरान पूर्व से प्रगतिरत पार्वती जलावर्धन योजना की समीक्षा की गई। इस योजना के तहत नगरीय निकाय श्योपुर एवं बडौदा को पेयजल की आपूर्ति की जायें। एमपीयूडीसी के अधिकारियों ने बताया कि पार्वती नदी पर एनीकेट, इंटेकवैल तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए डिजाइन और ड्राईग का कार्य प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट भोपाल के स्तर पर प्रोसेस में है। इंटेकवैल से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक बिछाई जाने वाली 8.204 किलोमीटर पाइपलाइन में से 7.1 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो गया है। इसी प्रकार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से बडौदा श्योपुर के लिए बिछाई जाने वाली 45 किलोमीटर लम्बी पाइपलाइन में से साढे 6 किलोमीटर पाइपलाइन का कार्य पूरा कर लिया गया है। श्योपुर में 6 स्थानो पर ओवर हेड टैंक, पानी की टंकी का कार्य भी चल रहा है।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं डूडा के प्रभारी अधिकारी संजय जैन, सीएमओ श्योपुर सतीश मटसेनिया, सीएमओ बडौदा ओमप्रकाश आर्य, उपयंत्री पवन गर्ग सहित नगरीय निकाय श्योपुर, बडौदा, विजयपुर के अधिकारी तथा एमपीयूडीसी के अधिकारी उपस्थित थे।
वीडिया वायरल में मामले में भृत्य निलंबित एफआईआर के निर्देश
श्योपुर, 16 -5- 2024
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड द्वारा तहसील कार्यालय श्योपुर में पदस्थ भृत्य श्रीमती गीता शाक्य को ईडब्ल्यूएस आवेदको के प्रमाण पत्र देने के एवज में पैसे मांगे जाने संबंधी वीडियो वायरल मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्यवाही की गई है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड के निर्देश पर अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी द्वारा जारी किये गये आदेश के अनुसार तहसील कार्यालय श्योपुर में ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र देने की एवज में भृत्य श्रीमती गीता शाक्य का वीडियो वायरल होने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में मुख्यालय तहसील कार्यालय वीरपुर निर्धारित किया गया है।
उक्त मामले में भृत्य श्रीमती गीता शाक्य के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के प्रावधान अनुसार तहसीलदार श्योपुर को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिये गये है।