Thursday, October 1, 2026
Home Blog Page 56

नेशनल लोक अदालत में 1130 प्रकरणों का सुलह व समझौते से निराकरण

श्योपुर, 13 सितंबर 2025
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय श्योपुर एवं तहसील न्यायालय विजयपुर में संपन्न हुआ।

नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्योपुर श्री कपिल मेहता द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता संघ पदाधिकारी, न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कुल निराकृत प्रकरण: 1130

  • प्रीलिटिगेशन प्रकरण: 687 मामलों का निराकरण, ₹1,05,16,209 की वसूली

    • विद्युत विभाग: 485 मामले, ₹35,63,163 वसूली

    • नगर पालिका: 108 मामले, ₹6,93,625 वसूली

  • न्यायालयीन प्रकरण: 443 मामले सुलह-समझौते से निपटाए

    • मोटर दुर्घटना: 02 मामले, ₹17,10,000 मुआवजा

    • चेक बाउंस: 63 मामले, ₹1,61,06,876 की राशि

    • विद्युत विभाग: 95 मामले

विशेष पहल के रूप में सुलह-समझौते से प्रकरण निपटाने पर पक्षकारों को फलदार पौधे स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट किए गए।

धान एवं मोटे अनाज के पंजीयन हेतु 8 केन्द्र निर्धारित

श्योपुर, 13 सितंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान एवं मोटे अनाज (ज्वार-बाजरा) की खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन कार्य हेतु जिले में 8 पंजीयन केन्द्रों का निर्धारण किया है।

 पंजीयन अवधि: 15 सितंबर से 10 अक्टूबर 2025 तक
 निर्धारित पंजीयन केन्द्र:

  • वृहत्ताकार सेवा सहकारी संस्था – श्योपुर, बड़ौदा, वीरपुर, ओछापुरा, रघुनाथपुर, विजयपुर एवं सहसराम

  • विपणन सेवा सहकारी संस्था – कराहल

कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में नजदीकी पंजीयन केन्द्र पर जाकर समय पर पंजीयन कराएं, ताकि उन्हें समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके।

नेशनल लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु बाईक रैली का आयोजन

श्योपुर, 12 सितंबर 2025
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं विधिक जागरूकता हेतु आज जिला न्यायालय परिसर श्योपुर से बाईक रैली एवं प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री कपिल मेहता ने किया। यह रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर गुलम्बर, नगर पालिका परिषद होते हुए यातायात पुलिस थाने पर संपन्न हुई।

इस रैली में यातायात विभाग, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद श्योपुर, पैरालीगल वालेंटियर्स (अधिकार मित्र), लीगल एड डिफेंस काउंसेल्स (न्याय रक्षक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं न्यायालयीन कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर माननीय न्यायालयों के अनेक न्यायाधीशगण, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य, नगर पालिका व विद्युत विभाग के अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्योपुर के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता व पैरालीगल वालेंटियर्स मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 13 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के प्रति जनसामान्य में जागरूकता फैलाना एवं उन्हें न्याय तक सहज पहुँच दिलाना रहा।

श्योपुर को मिला नया पुलिस कप्तान – सुधीर कुमार अग्रवाल ने संभाला कमान

🚨  श्योपुर, 11 सितंबर 2025  🚨


राज्य शासन के हालिया स्थानांतरण आदेश के तहत 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधीर कुमार अग्रवाल ने आज श्योपुर के नवागत पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया।

👉 पदभार संभालने से पहले वे मैहर जिले के एसपी थे।(IPS, 2016 बैच)
👉 अब श्योपुर की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।

संभाग स्तरीय एथलेटिक्स में श्योपुर की बेटियों का जलवा – प्रिंशी धाकड़ और पलक बघेल बनीं विजेता

श्योपुर, 10 सितंबर 2025

🏆  ढेगदा खेल परिसर में जारी 69वीं संभाग स्तरीय तीन दिवसीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रोमांच दूसरे दिन भी चरम पर रहा। पैदल चाल, दौड़, डिस्कस थ्रो, भाला फेंक और हाईजम्प जैसी रोमांचक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।

प्रतियोगिता में श्योपुर की प्रिंशी धाकड़ ने डिस्क थ्रो में बाजी मारी, वहीं 200 मीटर दौड़ में श्योपुर की पलक बघेल ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

इस प्रतियोगिता में ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिण्ड, दतिया, अशोकनगर, गुना और श्योपुर से आईं टीमें हिस्सा ले रही हैं। लगभग 400 खिलाड़ी और 50 से अधिक स्पोर्ट्स ऑफिसर प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

👉 दूसरे दिन की प्रमुख विजेता:

  • 5,000 मीटर पैदल चाल (अंडर-17 बालक वर्ग): रामचंद्र ढेगुला, ग्वालियर

  • 3,000 मीटर पैदल चाल (अंडर-17 बालिका वर्ग): निहारिका राठौर, मुरैना

  • 3,000 मीटर दौड़ (अंडर-17): सचिन तोमर (बालक, मुरैना), ज्योति राठौर (बालिका, शिवपुरी)

  • 600 मीटर दौड़ (अंडर-14): अर्जुन लांबा (बालक, ग्वालियर), स्नेहा रावत (बालिका)

  • भाला फेंक (अंडर-17): आदित्य दांगी (बालक, शिवपुरी), प्रिया कुशवाह (बालिका, मुरैना)

  • 1500 मीटर दौड़ (अंडर-17): विवेक (बालक, भिण्ड), मुस्कान (बालिका, मुरैना)

  • 800 मीटर दौड़ (अंडर-17): नीतेश (बालक, शिवपुरी), मुस्कान (बालिका, मुरैना)

  • 200 मीटर दौड़ (अंडर-14 बालिका वर्ग): पलक बघेल, श्योपुर

  • हाईजम्प (अंडर-14 बालिका वर्ग): प्रीत शर्मा, गुना

🎯 शिक्षा विभाग के क्रीड़ा अधिकारी अजय त्रिवेदी और देवेंद्र सिकरवार ने बताया कि प्रतियोगिता का तीसरा और अंतिम दिन खिलाड़ियों के लिए और भी रोमांचक साबित होगा।

यातायात पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान – 43 वाहन चालकों पर चालानी कार्यवाही

श्योपुर, 10 सितंबर 2025

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस श्योपुर द्वारा शहर में वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर ₹19,800 का समन शुल्क वसूला गया।

मुख्य कार्रवाई इस प्रकार रही:

  • बिना हेलमेट – 33 चालान

  • बिना सीट बेल्ट कार – 05 चालान

  • ओवरलोडिंग वाहन – 02 चालान

  • ओवर स्पीडिंग वाहन – 03 चालान

अभियान के दौरान पुलिस ने चालानी कार्रवाई के साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता, दस्तावेज रखने की जरूरत और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा यह अभियान 8 सितंबर से 22 सितंबर 2025 तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाना है।

🚨 यातायात पुलिस की अपील:

  • दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें।

  • चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं।

  • वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज (लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा, फिटनेस, परमिट) साथ रखें।

  • निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरलोडिंग और खतरनाक तरीके से वाहन न चलाएं।

  • शराब पीकर वाहन बिल्कुल न चलाएं।

“यातायात नियमों का पालन करें – सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित यात्रा का अवसर दें।”

पर्यटन स्थलों के दस्तावेजीकरण का कार्य शुरू – विरासत, वन्यप्राणी और वन संपदा के आधार पर बढ़ेगा पर्यटन


श्योपुर, 10 सितंबर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में पर्यटन विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

कलेक्टर ने बताया कि श्योपुर जिले के पर्यटन स्थलों का दस्तावेजीकरण और प्रोफेशनल फोटोग्राफी का कार्य किया जा रहा है। विरासत, वन्यप्राणी और वन संपदा को आधार बनाकर जिले को पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त तरीके से स्थापित किया जाएगा।

बैठक के प्रमुख बिंदु:

  • ईको टूरिज्म के तहत आमेठ दुर्ग व डोब कुण्ड मार्ग को सुगम बनाया जाएगा।

  • देव-खो पर अस्थाई कैंटीन शुरू होगी।

  • कूनो नेशनल पार्क के पास टिकटोली गेट पर पर्यटकों के लिए 4 टेंट लगाए जाएंगे।

  • सफारी संचालन एजेंसी को पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था के निर्देश।

  • जिले की सीमाओं पर प्रवेश द्वार और साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।

  • कूनो नेशनल पार्क की ओर जाने वाली सड़कों पर सरकारी भवनों की आकर्षक साज-सज्जा होगी।

डीएफओ कूनो आर. थिरूकुराल ने जानकारी दी कि वर्तमान में कूनो नेशनल पार्क में 16 चीते खुले में विचरण कर रहे हैं और 1 अक्टूबर से जंगल सफारी शुरू होगी।

एडीएम रूपेश उपाध्याय ने बताया कि 5 अक्टूबर से सेसईपुरा में कूनो फेस्टिवल का आयोजन होगा। इसमें टेंट सिटी बनाई जाएगी और जिले की विरासत, वन्यप्राणी एवं वन संपदा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगेगी।

इस बैठक में अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, डीएफओ कूनो आर थिरूकुराल, ईई पीडब्ल्यूडी  पुष्कल प्रताप, फ्लाइंग कैट सफारी प्रतिनिधि  आदर्श गुप्ता,  कैलाश पाराशर, आदित्य चौहान, डीपीएम एनआरएलएम  सोहनकृष्ण मुदगल, आरटीओ श्रीमती रंजना कुशवाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

श्योपुर जिले को शिवपुरी रैक पाइंट से मिला 805 मैट्रिक टन यूरिया


श्योपुर, 10 सितंबर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा की पहल पर श्योपुर जिले को शिवपुरी रैक पाइंट से 805 मैट्रिक टन यूरिया उपलब्ध कराया गया है। इफको कंपनी की रैक से मिली यह खेप जिले के किसानों तक समय पर पहुंचाने के लिए विभिन्न संस्थाओं को आवंटित कर दी गई है।

यूरिया वितरण का आवंटन इस प्रकार है:

  • विपणन संघ श्योपुर – 210 मैट्रिक टन

  • विपणन संघ बड़ौदा – 90 मैट्रिक टन

  • विपणन संघ विजयपुर – 90 मैट्रिक टन

  • मार्केटिंग समिति कराहल – 25 मैट्रिक टन

  • सेवा सहकारी समिति मानपुर – 120 मैट्रिक टन

  • कनापुर – 60 मैट्रिक टन

  • नागदा – 60 मैट्रिक टन

  • नागरगावंडा – 90 मैट्रिक टन

  • सोईकलां – 60 मैट्रिक टन

इन सभी केंद्रों से किसान यूरिया क्रय कर सकेंगे।

उप संचालक कृषि  जी.के. पचौरिया ने जानकारी दी कि खरीफ 2025 सीजन के लिए कुल 26,870 मैट्रिक टन यूरिया की आवश्यकता का आंकलन किया गया था। अब तक जिले में 22,596 मैट्रिक टन यूरिया का भण्डारण हो चुका है, जिसमें से 20,325 मैट्रिक टन यूरिया का वितरण किसानों तक पहुंच चुका है।

उन्होंने बताया कि ताज़ा खेप के रूप में शिवपुरी रैक पाइंट से मिला 805 मैट्रिक टन यूरिया भी किसानों के लिए विभिन्न केंद्रों को भेज दिया गया है, जिससे खाद की उपलब्धता बनी रहे।

आपदा जन जागृति पर कार्यशाला आयोजित, पत्रकारगण, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित


श्योपुर, 09 सितंबर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय के निर्देशन में निषादराज भवन में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जिला श्योपुर के तत्वाधान में आपदा जन जागृति प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर होमगार्ड के प्लाटून कमांडर राहुल शर्मा एवं प्रमोद डण्डोतिया द्वारा एसडीआरएफ जवानों के सहयोग से प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यशाला इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारों, समाजसेवियों सहित जनप्रतिनिधियों के लिए आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, जिला पंचायत सदस्य गिरधारी बैरवा, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेन्द्र मीणा, महावीर मीणा, जनपद सदस्य यश प्रताप सिंह चौहान, बीपी सिंह रावत, शौकत उल्ला खान, कैलाश पाराशर, अंजना मारवाड़ी, नेहा कुलश्रेष्ठ, डीपीएम एनआरएलएम सोहनकृष्ण मुगदल, परियोजना अधिकारी राजेश शर्मा, आदित्य चौहान सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच एवं जनपद सदस्य उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में भूकम्प, बाढ़, आग, भूस्खलन, सुरंग जैसी आपदाओं में बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क व रेल दुर्घटना, हार्ट अटैक, गला चौकिंग जैसी आपात स्थितियों में की जाने वाली गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

बाढ़ के दौरान खाली बोतलों से लाइफ जैकेट बनाने की विधि बताई गई और बचाव सामग्री तैयार रखने की सलाह दी गई। भूकम्प आने पर सुरक्षित स्थान चुनने, मजबूत पिलर या टेबल के नीचे शरण लेने और लिफ्ट का उपयोग न करने जैसे निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में हार्ट अटैक, खून बहने, गला चौकिंग की स्थिति में जीवन रक्षक उपायों का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। सीपीआर देने की विधि समझाई गई और बताया गया कि हार्ट बंद होने के बाद शुरुआती 4 से 6 मिनट में सीपीआर देकर जान बचाई जा सकती है।

इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में पोल, पेड़, पानी वाले स्थानों और छतरी से दूर रहने, एड़ी के बल सिकुड़कर बैठने और कान बंद करने जैसे उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विभिन्न आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता, सावधानियों और बचाव के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।

दिव्यांग बालक को पेंशन योजना का लाभ, तीन हितग्राहियों को मिलेगा आवास योजना का लाभ


श्योपुर, 09 सितंबर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडीएम गगन सिंह मीणा एवं डिप्टी कलेक्टर संजय जैन ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 129 आवेदन प्राप्त हुए।

दिव्यांग बालक को पेंशन योजना का लाभ
जनसुनवाई में किशनपुरा पंचायत पराष्ठा निवासी दिव्यांग बालक हेमराज पुत्र लालाराम बंजारा के पिता द्वारा पेंशन स्वीकृति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने पेंशन पोर्टल पर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर प्रक्रिया पूर्ण कराई। अब बालक को अगले माह से प्रतिमाह 600 रुपये पेंशन राशि प्राप्त होगी। साथ ही, एलिम्को के माध्यम से दिव्यांग बालक को सहायक उपकरण प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।

तीन हितग्राहियों को मिलेगा आवास योजना का लाभ
जनसुनवाई के दौरान तीन हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ शीघ्र मिलने की जानकारी दी गई। इनमें ग्राम बगडूआ निवासी गिर्राज सुमन, उतनवाड़ निवासी महावीर प्रजापति और बुद्धिप्रकाश गुर्जर शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि गिर्राज सुमन का नाम सर्वे सूची में 86वें क्रम पर दर्ज है और शीघ्र ही उन्हें आवास स्वीकृत होगा। वहीं, महावीर प्रजापति और बुद्धिप्रकाश गुर्जर के नाम आवास प्लस 2.0 सूची में सम्मिलित हैं और क्रम आने पर उन्हें भी योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।

जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।