Monday, March 30, 2026
Home Blog Page 19

बच्चों के दस्तावेजों में नाम व जन्मतिथि की एकरूपता जरूरी, ई-गवर्नेंस ने जारी की एडवाइजरी

श्योपुर, 13 दिसंबर 2025
ई-गवर्नेंस विभाग की ओर से जिले के सभी अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी सहित भविष्य में बनने वाले सभी दस्तावेजों, मार्कशीट एवं प्रमाण पत्रों में नाम, जन्मतिथि, पिता के नाम और सरनेम की एकरूपता सुनिश्चित की जाए तथा सही स्पेलिंग दर्ज कराई जाए।

एडवाइजरी में बताया गया है कि जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड आदि में सरनेम का स्पष्ट समावेशन किया जाना आवश्यक है, ताकि आगे पढ़ाई के दौरान भरे जाने वाले फार्म, परीक्षा दस्तावेजों एवं अन्य प्रमाण पत्रों में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। सभी शैक्षणिक फार्मों में भी वही नाम और स्पेलिंग उपयोग करने की सलाह दी गई है, जिससे मार्कशीट में गलती की संभावना समाप्त हो सके।

ई-गवर्नेंस मैनेजर धर्मेन्द्र मीणा ने बताया कि विभिन्न दस्तावेजों में नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि या पिता के नाम में अंतर होने से बच्चों को प्रवेश, छात्रवृत्ति, परीक्षा परिणाम और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मतदाता परिचय पत्र बनवाते समय भी नाम, पिता का नाम और अन्य जानकारियां सावधानीपूर्वक एवं एकरूपता के साथ भरना आवश्यक है।

सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों के सभी दस्तावेजों की जांच करें और यदि कहीं कोई त्रुटि या भिन्नता पाई जाए तो संबंधित विभाग या विद्यालय में शीघ्र संशोधन कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्योपुर में खाद पर किसानों का हंगामा गुरनावदा सोसाइटी में पहुंचा खाद, किसानों ने मचाई लूट –

 

श्योपुर दिनांक 12दिसंबर 25
श्योपुर। जिले की गुरनावदा सोसाइटी में गुरुवार को उस समय अफरा–तफरी मच गई, जब ट्रक से उतारकर बांटने के लिए रखा गया खाद किसानों ने लूट लिया। सोसाइटी में खाद पहुंचते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और देखते ही देखते पूरा स्टॉक छीना-झपटी के बीच खेत मालिक अपने-अपने वाहनों में भरकर ले गए।

वीडियो देखे 

सोसाइटी कर्मचारियों ने बताया कि खाद वितरण शुरू होने से पहले ही किसान बेकाबू हो गए और भीड़ ने ट्रक को चारों ओर से घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से निगरानी में वितरण कराने की गुहार लगाई। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था के चलते हर बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

इस घटना को लेकर किसानों ने भी अपनी शिकायतें सामने रखीं। उनका कहना है कि खेतों में फसल खड़ी है और समय पर खाद न मिलने का डर हर किसान को बना रहता है। इसीलिए खाद आते ही सभी एक साथ टूट पड़ते हैं, जिससे धक्का-मुक्की और विवाद की नौबत आ जाती है।

सोसाइटी प्रबंधन ने एक बार फिर से चेताया है कि पुलिस की मौजूदगी के बिना सुचारू रूप से वितरण संभव नहीं है। वहीं किसानों और कर्मचारियों के बीच बढ़ती खींचतान के बाद अब जिम्मेदारी प्रशासन पर आ गई है कि वह इस व्यवस्था को कब तक सुधार पाएगा।

जहां सोसायटी में किसान अधिक और खाद कम उपलब्ध हो रहा है एसे में 2 ट्रक खाद कुछ भी नहीं होता वही सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष स्थानीय किसान कुंजबिहारी ने प्रतिक्रिया देकर बताया कि शासन प्रशासन द्वारा 6 ट्रक खाद जल्दी से उपलब्ध कराए वरना किसान परेशान होकर आक्रोशित भी हो सकते हैं

श्योपुर आरटीओ में दलालों का बोलबाला! अधिकारी नदारद, बाबू ‘फ्री हैंड’ – कांग्रेस नेता महावीर गौड़ ने लगाए गंभीर आरोप

आरटीओ विभाग द्वारा इतने दलाल पैदाकर दिये गए हैं की आम नागरिक परेशान है

श्योपुर 11 दिसम्बर 2025 
आरटीओ विभाग श्योपुर में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि आम नागरिक रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशान हो रहा है। विभाग में दलालों का दबदबा इस कदर बढ़ चुका है कि बिना रिश्वत दिए किसी भी फाइल का आगे बढ़ना मुश्किल बताया जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महावीर सिंह गौड़ ने इस पूरे मामले पर गंभीर आरोप लगाते हुए आरटीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा किया है।

गौड़ ने कहा कि बाबू संतोष माहौर करीब 15–20 साल से यहीं जमे हुए हैं और पूरे विभाग में दलालों का नेटवर्क सक्रिय है। कई बार पैसों के लेनदेन को लेकर दलालों की झड़पों के वीडियो भी वायरल हो चुके हैं।

                              वीडियो देखें

उन्होंने आरोप लगाया कि आरटीओ अधिकारी रंजना मैडम के पास दो से तीन जिलों का प्रभार है, जिससे वे श्योपुर में नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहतीं।
“जब शिवपुरी वाले पूछते हैं, तो श्योपुर का बोल देती हैं और जब श्योपुर वाले पूछते हैं तो शिवपुरी का — ऐसे में आमजन की परेशानी बढ़ती ही जा रही है।” – महावीर गौड़

अधिकारी के न होने का फायदा उठाकर बाबू और दलाल मनमानी कर रहे हैं। गौड़ का कहना है कि दलाल तय रकम लेने के बाद ही फाइलें अप्रूव करवाते हैं।
बाहर से एनओसी लाकर वाहन का रजिस्ट्रेशन कराने वालों से 6% टैक्स की रसीद तो कटती ही है, ऊपर से 10,000 से 20,000 रुपए तक की रिश्वत वसूली जा रही है।

जिनकी ‘रिस्क रकम’ पूरी नहीं होती, उनकी फाइलों को ‘एंड कैंन’ में डालकर रोक दिया जाता है।
आईटी अधिकारी को कागजों की कमी पर नोट लगाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा। कई फाइलें बिना कारण बताए पेंडिंग रख दी जाती हैं।

महावीर गौड़ ने कहा कि जब श्योपुर में इतना बड़ा आरटीओ ऑफिस बना है, तो अधिकारी को जिले में ही नियमित रूप से 10 दिन का निश्चित समय देना चाहिए, ताकि आमजन अपनी समस्याएं सीधे अधिकारी के सामने रख सकें और उनका समाधान हो सके।

अब बड़ा सवाल खड़ा है—
क्या जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान देकर आम जनता को राहत दिलाने के लिए कदम उठाएगा?

नेशनल लोक अदालत में 13 दिसंबर को होंगे बिजली चोरी व अनियमितताओं के प्रकरणों के समझौते



श्योपुर, 10 दिसंबर 2025

मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले 16 जिलों में 13 दिसंबर 2025 (शनिवार) को आयोजित नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी एवं विद्युत अनियमितताओं से जुड़े प्रकरणों का समझौते के माध्यम से निराकरण किया जाएगा।

कंपनी ने बताया कि विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत दर्ज विद्युत चोरी के लंबित मामलों तथा विशेष न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों के निराकरण हेतु उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अप्रिय कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए निर्धारित तिथि पर अदालत में प्रकरणों का समझौता करें। इसके लिए उपभोक्ता संबंधित बिजली कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।

किन उपभोक्ताओं को मिलेगी छूट?

धारा 135 के अंतर्गत लंबित एवं अदालत में विचाराधीन प्रकरणों में छूट निम्नदाब श्रेणी के निम्न उपभोक्ताओं को दी जाएगी—

  • सभी घरेलू उपभोक्ता

  • सभी कृषि उपभोक्ता

  • 5 किलोवॉट तक के गैर-घरेलू उपभोक्ता

  • 10 अश्वशक्ति तक के औद्योगिक उपभोक्ता

💡 प्रि-लिटिगेशन प्रकरणों में छूट

  • कंपनी द्वारा निर्धारित सिविल दायित्व राशि पर 30 प्रतिशत छूट

  • देरी के कारण लगने वाले 16% वार्षिक ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट

लिटिगेशन प्रकरणों में लाभ

  • सिविल दायित्व राशि पर 20 प्रतिशत छूट

  • बकाया पर लगने वाले ब्याज पर 100 प्रतिशत छूट

📌 छूट की सीमा व शर्तें

कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह छूट आकलित सिविल दायित्व राशि 10 लाख रुपये तक के प्रकरणों पर ही लागू होगी।
यह विशेष रियायत केवल 13 दिसंबर 2025 की नेशनल लोक अदालत के दौरान किए जाने वाले समझौतों पर ही प्रभावी रहेगी।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने प्रकरणों का निराकरण कर भविष्य की कानूनी जटिलताओं से बचें।

कूनो में पर्यटन सुविधाओं के विकास को मिली मंजूरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एमपी टूरिज्म को दी अनुमति

श्योपुर, 09 दिसंबर 2025
जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए कलेक्टर एवं जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के अध्यक्ष अर्पित वर्मा ने कूनो क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के निर्माण की अनुमति प्रदान की है। मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (एमपीएसटीडीसी) भोपाल द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर यह अनुमति जारी की गई है।

एमपी टूरिज्म ने कूनो नेशनल पार्क के टिकटोली गेट पर पर्यटन हेतु मूलभूत सुविधाओं के विकास, कूनो क्षेत्र के भीतर और आसपास संकेतक (साइनज) लगाने, तथा आस-पास के जिलों के प्रवेश द्वारों पर आकर्षक व सुंदर संकेतक स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा था, ताकि रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान जाने वाले पर्यटकों को कूनो की ओर आकर्षित किया जा सके। कलेक्टर ने इन सभी कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

कूनो नदी पर स्टॉप डैम निर्माण पर भी आगे बढ़ेगा काम

इसके अतिरिक्त कूनो नदी पर बने ब्रिज से लगभग 500 मीटर की दूरी पर प्रस्तावित स्टॉप डैम निर्माण के संदर्भ में भी प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग श्योपुर को निर्देशित किया है कि स्टॉप डैम निर्माण से संबंधित प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से कूनो क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे जिले में पर्यटन आधारित रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

जनसुनवाई आयोजित बैजंती को मिली ट्राईसिकल, कलेक्टर ने दी 5 हजार की सहायता


रामसिया बाई को मिलेगा संबल योजना का लाभ
जनसुनवाई में मिले 139 आवेदन

श्योपुर, 09 दिसंबर 2025
जिले में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की महत्वपूर्ण पहल की गई। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने विजयपुर विकासखण्ड के ग्राम कीजरी निवासी दिव्यांग महिला श्रीमती बैजंती बाल्मिकी को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग की ओर से अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने उन्हें ट्राईसिकल भी सौंपा।

कलेक्टर ने बैजंती बाल्मिकी को उनके पति स्व. राजाराम बाल्मिकी की सामान्य मृत्यु पर मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता दिलाने हेतु प्रकरण को अपील में लेने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित पंचायत सचिव को उनका आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाने के निर्देश भी दिए। महिला का नाम आवास योजना 2.0 में जोड़ा जा चुका है, जबकि पेंशन और खाद्यान्न पर्ची का लाभ उन्हें पूर्व से मिल रहा है।

रामसिया बाई को भी मिलेगी संबल सहायता

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने ग्राम जानपुरा निवासी श्रीमती रामसिया बाई के आवेदन का निराकरण करते हुए उनके पति स्व. मलखान सिंह बैरवा की मृत्यु पर संबल योजना अंतर्गत 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि जारी करने हेतु सीईओ जनपद को ईपीओ जारी करने के निर्देश दिए।

खाद्यान पर्ची जारी, मिला तत्काल लाभ

कार्यक्रम के दौरान खाद्यान्न पर्ची न बनने की समस्या लेकर पहुंचे पाण्डोला निवासी श्री भीम बैरवा को भी तत्काल राहत मिली। खाद्य विभाग द्वारा मौके पर ही पर्ची जनरेट कर उन्हें उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें प्रत्येक माह पीडीएस के तहत राशन का नियमित लाभ मिल सकेगा।

जनसुनवाई कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर कलेक्टर  रूपेश उपाध्याय ने की। इस दौरान एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन,  विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 139 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का तत्काल निराकरण किया गया।

शैक्षणिक भ्रमण के लिए विद्यार्थी गुजरात रवाना

श्योपुर, 08 दिसम्बर 2025

सांदीपनि विद्यालय श्योपुर के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सोमवार को मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित गुजरात शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक यात्रा पर रवाना किया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में प्राचार्य श्री अशोक खंडेलवाल सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया और शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।

प्राचार्य खंडेलवाल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार कक्षा 10 के टॉपर विद्यार्थियों को इस शैक्षणिक भ्रमण में शामिल किया जा रहा है। इसी क्रम में सांदीपनि विद्यालय से टॉपर छात्र कुलदीप धाकड़ तथा टॉपर छात्रा खुशी गोयल का चयन किया गया है। दोनों विद्यार्थियों को श्योपुर से शिवपुरी के लिए रवाना किया गया, जहाँ से वे आगे भोपाल जाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि भोपाल से विद्यार्थी वंदे भारत स्पेशल ट्रेन द्वारा 7 दिवसीय गुजरात शैक्षणिक भ्रमण पर प्रस्थान करेंगे। इस यात्रा के दौरान विद्यार्थी गुजरात के प्रमुख शैक्षणिक, ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का अवलोकन करेंगे, जिससे उनके ज्ञान में वृद्धि होने के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक  नरेश योगी, रामदयाल राव,  लोकेश मथुरिया,  कौशल त्रिपाठी,  अनुज अर्गल सहित अभिभावकगण उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत रजिस्ट्रेशन शुरू


श्योपुर, 08 दिसंबर 2025

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से लागू की गई मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत अब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के निजी एवं शासकीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों में युवाओं को ऑन द जॉब ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

शासकीय आईटीआई श्योपुर के प्राचार्य आशीष कुमार जैन ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्षभर में 1 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। योजना के लिए 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के वे युवा पात्र हैं, जो मध्यप्रदेश के निवासी हों और जिनकी शैक्षणिक योग्यता कक्षा 12, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक या इससे अधिक हो।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को 8,000 से 10,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा, जिसमें 75% राशि राज्य शासन और 25% संबंधित औद्योगिक प्रतिष्ठान द्वारा वहन की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आधिकारिक पोर्टल www.mmsky.mp.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी कॉल सेंटर 0755-2525258 पर प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त युवक शासकीय आईटीआई श्योपुर के टीपीओ से मो. 7000319811 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

योजना में युवाओं के साथ-साथ निजी प्रतिष्ठान एवं औद्योगिक इकाइयाँ भी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए उनके पास जीएसटी रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है तथा संस्थान में न्यूनतम चार कर्मचारियों का कार्यबल होना आवश्यक है।

शीतलहर से बढ़ सकता है खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी


श्योपुर, 08 दिसम्बर 2025

आगामी दिनों में तापमान में तेज गिरावट और शीतलहर की आशंका को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने जिलावासियों के लिए एडवायजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप सिकरवार ने बताया कि दिसंबर–जनवरी के बीच शीतलहर का प्रभाव अधिक देखा जाता है, जो नागरिकों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बढ़ती ठंड विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, पहले से बीमार व्यक्तियों, दिव्यांगजन तथा खुले स्थानों पर कार्य करने वाले छोटे व्यवसायियों को अधिक प्रभावित करती है। विभाग ने चेतावनी दी कि शीतलहर व तीव्र शीतलहर दोनों ही परिस्थितियों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, दमा व सांस संबंधी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की समस्या बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में हाइपोथर्मिया, निमोनिया, अस्थमा और हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ भी उत्पन्न हो सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, गुनगुना पानी पिएँ, पौष्टिक एवं शरीर को गर्म रखने वाले भोजन का सेवन करें तथा पर्याप्त गर्म कपड़ों का उपयोग करें। घरों में उचित वेंटिलेशन बनाए रखना भी आवश्यक बताया गया है। हृदय एवं श्वांस संबंधी रोगियों को विशेष सतर्कता रखने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लेने की हिदायत दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी कहा कि किसी भी असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर उपचार मिल सके और गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

श्योपुर जिले में पंचायतो के उप निर्वाचन की अधिसूचना 8 दिसंबर को जारी जिला पंचायत सदस्य का नामांकन कलेक्ट्रेट में, सरपंच–पंच के फॉर्म तहसीलों में जमा होंगे

श्योपुर, 07 दिसंबर 2025
त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों को भरने के लिए श्योपुर जिला प्रशासन तैयार हो गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशन में 8 दिसंबर को उप निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया भी सुबह 10.30 बजे से शुरू हो जाएगी।


🏛️ कहां-कहां जमा होंगे नामांकन?

  • जिला पंचायत सदस्य – कलेक्ट्रेट कार्यालय श्योपुर

  • सरपंच एवं पंच – संबंधित विकासखण्ड के तहसील कार्यालय


🗳️ निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति

  • जिला पंचायत सदस्य सीट (वार्ड 01 – मानपुर क्षेत्र)

    • रिटर्निंग ऑफिसर: कलेक्टर अर्पित वर्मा

    • सहायक रिटर्निंग ऑफिसर: डिप्टी कलेक्टर संजय जैन

  • श्योपुर विकासखण्ड

    • रिटर्निंग ऑफिसर: तहसीलदार मनीषा मिश्रा

    • सहायक आरओ: नायब तहसीलदार शैलेन्द्र देव सिंह

  • विजयपुर विकासखण्ड

    • रिटर्निंग ऑफिसर: तहसीलदार अमिता सिंह तोमर

    • सहायक आरओ: नायब तहसीलदार दर्शनलाल जाटव

  • कराहल विकासखण्ड

    • रिटर्निंग ऑफिसर: प्रभारी तहसीलदार रोशनी शेख

    • सहायक आरओ: नायब तहसीलदार नरेन्द्र जैन


📅 महत्वपूर्ण तिथियाँ

  • अधिसूचना जारी: 08 दिसंबर

  • नामांकन की अंतिम तिथि: 15 दिसंबर

  • मतदान तिथि: 29 दिसंबर 2025


📌 कितने पदों पर होगा उप निर्वाचन?

  • जिला पंचायत सदस्य: 01

  • सरपंच: 02 (नागदा – श्योपुर, बैचाई – विजयपुर)

  • पंच: 146

    • श्योपुर: 36 पद (15 पंचायतें)

    • कराहल: 80 पद (18 पंचायतें)

    • विजयपुर: 30 पद (12 पंचायतें)