Sunday, July 5, 2026
Home Blog Page 107

जिनके आधार बने, उनकी लाइन लिस्टिंग कर डोर टू डोर जाकर बनाये आयुष्मान कार्ड पीएम जनमन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिये निर्देश

श्योपुर, 02 /9/ 2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित पीएम जनमन योजना की समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिये कि ऐसे सहरिया हितग्राही जिनके आधार कार्ड बने हुए है, उनकी पंचायतवार, ग्रामवार लाइन लिस्टिंग कर घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाये जाये। यह कार्य आशा, आंगनबाडी कार्यकर्ता, जीआरएस एवं पंचायत सचिव द्वारा किया जायेगा। इसके लिए नोडल अधिकारी ग्राम के बस्ती एवं जनसंख्या के आधार पर कार्य विभाजन तय करेंगे। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के सीएचओ अपने रूटीन अनुसार आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य जारी रखेंगे।
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने निर्देश दिये कि पीएम जनमन योजना के तहत आयुष्मान एवं आधार कार्ड बनाने तथा आधार अपडेशन का कार्य 30 सितंबर तक शत प्रतिशत कव्हरेज के साथ पूर्ण किया जाना है। उन्होने कहा कि जिन लोगों के आधार कार्ड बन चुके है या पूर्व से बने हुए है, उनके आयुष्मान कार्ड डोर टू डोर जाकर बनाये जायेगे। इसी दौरान शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चो के आधार कार्ड भी बनाये जायेंगे। जिन लोगों को नवीन आधार कार्ड बनाये जाने है, अथवा अपडेशन होना है, उन्हें आधार कैम्प में लाकर आधार बनाने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होने निर्देश दिये कि आधार ऑपरेटर समय पर कैम्प में पहुंचे तथा आवश्यकतानुसार रात्रि विश्राम कर आधार बनाने की प्रक्रिया पूर्ण करेंगे। उन्होने कहा कि आयुष्मान से शेष रहे लोगों को तीन श्रेणियों में बांटकर प्रक्रिया पूर्ण की जाये। पहली जिनके आधार नही बने है, दूसरी आधार बने है पर अपडेट नही है और तीसरी आधार बने है, अपडेशन भी है लेकिन आयुष्मान नही बने है, इसके तहत जिनके आधार बने है, उनके घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाये जाये तथा जिनके आधार नही बने है या अपडेशन होना है, उनके आधार अपडेशन और बनाने की कार्यवाही आधार शिविर के माध्यम से की जायें, , उसके बाद आयुष्मान कार्ड बनाये जायें। 

बैठक में सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण  एलआर मीणा, जिला योजना अधिकारी डॉ सुनील चौहान, डीपीओ महिला बाल विकास  ओपी पाण्डेय, सीईओ जनपद श्योपुर  एसएस भटनागर, विजयपुर  आफिसर सिंह गुर्जर, उप संचालक कृषि  पी गुजरे, सहायक संचालक  रिशु सुमन एवं  यश जैन सहित अन्य नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

पीएम जनमन के तहत आज 20 ग्रामों में लगेंगे आधार बनाने शिविर

श्योपुर, 02 /9/ 2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड के निर्देशन में पीएम जनमन योजना के तहत नवीन आधार कार्ड बनाने तथा आधार अपडेशन का कार्य मिशन मोड में किया जा रहा है। शत प्रतिशत सहरिया हितग्राहियों के आयुष्मान एवं आधार कार्ड बनाने एवं अपडेशन के लिए निर्धारित शिड्यूल अनुसार कैम्प लगाये जा रहे है।

इसी क्रम में आज 20 स्थानो पर कैम्प लगाये गये तथा आधार अपडेशन के साथ ही नवीन आधार एवं आयुष्मान कार्ड बनाये जाने का कार्य किया गया।
ई-गवर्नेस प्रबंधक  धर्मेन्द्र मीणा ने बताया कि इसी क्रम में 3 सितंबर को नंदापुर, बगदरी, नयागांव, सिरसौद, जानपुरा, बर्धाखुर्द, बुखारी, मदनपुर, मोरावन, हीरापुर, मयापुर, झिरन्या, सलमान्या, सिलपुरी, पार्वती बडौदा, इकलौद, देहरी, सिरोनी, धनायचा तथा गढी में आधार कार्ड बनाने एवं अपडेशन के लिए कैम्प लगाये जायेगे।

सहरिया बस्तियों में स्वास्थ्य कैम्प आयोजित

श्योपुर, 01 /9/ 2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड के निर्देशानुसार वर्तमान में मौसमी बीमारियों के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए किये जा रहे उपायो के क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सहरिया बस्तियों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाये जा रहे है तथा स्क्रीनिंग के दौरान पाये जाने वाले रोगियों का समुचित उपचार किया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ जेएस राजपूत ने बताया कि जिले में कुल 339 सहरिया बस्तियों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाये जाने की कार्य योजना तैयार की गई है।

इसके लिए सीएचओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो अपने-अपने उप स्वास्थ्य केन्द्रों तथा क्षेत्र में आने वाली आदिवासी बस्तियों में कैम्प लगाकर स्वास्थ्य टीम के माध्यम से स्वास्थ्य जांच करेंगे तथा रोगियों का उपचार करेंगे। इसी क्रम में गत 2 दिवस में 120 सहरिया बस्तियों में शिविर लगाये जाकर 444 रोगियों को उपचारित किया जा चुका है। उन्होने बताया कि जो 444 मरीज परीक्षण के दौरान पाये गये, उनमें 63 उल्टी दस्त के, 109 बुखार के, 112 सर्दी जुखाम के, 92 चर्मरोग संबंधी, 30 पेट दर्द तथा 38 अन्य बीमारियों के है। इन सभी रोगियों को उपचारित करने का कार्य टीम द्वारा किया गया है।

प्लेसमेंट के माध्यम से मिली जॉब, कलेक्टर से सांझा किये अनुभव

श्योपुर, 01 /9/2024
श्योपुर जिले के युवाओं द्वारा स्किल ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण उपरांत प्लेसमेंट के माध्यम से जॉब मिलने पर कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड से वर्चुअली संवाद कर अपने अनुभव और नौकरी मिलने की खुशी को सांझा किया गया। इन युवाओं को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा अपने भोपाल स्थित मल्टी स्किलिंग ट्रेनिंग सेंटर में ग्राफिक $एमओए, आटोमोटिव 4 व्हीलर एवं हॉस्पिटैलिटी के लिए निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया गया था। 55 दिन की ट्रेनिंग के बाद इन युवाओं का जॉब के लिए प्राप्त प्रशिक्षण के आधार संबंधिस क्षेत्र में प्लेसमेंट हुआ है।
श्योपुर जिले के इन प्रशिक्षणार्थियों के चयन के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की टीम द्वारा श्योपुर, कराहल एवं विजयपुर में गत माहों में कैम्प आयोजित किये गये थे, जिसमें विभिन्न व्यवासयिक कोर्स एवं उनमें संभावित जॉब के बारे में संस्था की टीम द्वारा जानकारी दी गई थी। उक्त टीम के माध्यम से चयनित युवाओं को संस्था के भोपाल स्थित ट्रेनिंग सेंटर में उनकी रूचि के अनुसार ट्रेड में निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसी क्रम में सभी युवाओं को ट्रेनिंग उपरांत जॉब के लिए प्लेसमंेंट भी हो गया है। इन युवाओं द्वारा कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड से वर्चुअली माध्यम से संवाद कर प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट के संबंध में अपने अनुभव शेयर करते हुए जॉब के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
वर्चुअली संवाद कार्यक्रम के तहत एजुकेशन टीम से स्टेट हेड  सज्जन, एमपी स्टेट कॉर्डिनेटर  सुधीर वैद्य और एमपी क्लस्टर लीडर  प्रदीप इलमकार तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की प्लेसमेंट टीम भी इससे जुडी। सभी स्टूडेंट्स ने अपने प्रथम सेंटर में अपने रहने के अनुभव और प्रथम सेंटर के बाद जॉब पर जाने के बाद के अनुभव इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड से साझा किये। जिस पर कलेक्टर  जांगिड द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी स्टूडेंट्स को आने वाले भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई। सभी स्टूडेंट्स के साथ 3 महीने के बाद फिर से संवाद कार्यक्रम आयोजित कर अनुभव सांझा किये जायेगे।

राजस्व निरीक्षक व तहसीलदार पर सैकड़ो बीघा शासकीय भूमी को खुर्दबुर्द करने के लगाए आरोप

 

कलेक्टर को  झूठी व भ्रामक जानकारी, जांच प्रतिवेदन देकर दोषियों को बचाने की कवायद सरकारी नुमाइंदे कर रहे हैं

कलेक्टर के टी० एल० पत्र क. 300794 दिनांक 28. 02.2023 को ग्राम मानपुर की भूमि सर्वे क० 133/1. 133/2, 133/3, कुल रकवा 100 बीघा 01 विस्वा भूमिस्वामी प्रभूलाल पुत्र बजरंगलाल काछी व उनकी बहिनों के नाम ग्राम की अन्य शासकीय भूमि लगभग 50 बीघा को ग्राम मानपुर के पूर्व सरपंच अशोक त्यागी ने अपने परिवार व रिस्तेदारो के नाम से बिना किसी सक्षम अधिकारी के राजस्व अभिलेख में अपना नाम दर्ज करा लिया है। जिसकी शिकायत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ जिला श्योपुर से आवेदन दिनांक 27/8/2024 को आवेदन पत्र देकर की गई थी।

राजस्व निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार मानपुर ने साठगांठ कर उक्त वर्णित कृषि भूमि को निजी बताते हुये तथा प्रकरण कमांक असत्य व बनावटी डालकर झूठा व भ्रामक जांच प्रतिवेदन दिनांक 18.08.2023 को देकर कलेक्टर को गुमराह करने की कोशिश की गई है। जबकि खसरा के अवलोकन से स्पष्ट है खसरे मे जगह जगह काट छांट है तथा अभिलेख मे भी रकवा कई जगह कम व ज्यादा अंकित किया गया है। बिना सक्षम अधिकारी के ही वर्ष 2006 मे समस्त भूमि को शासकीय अभिलेख में दर्ज कर दिया गया था। जिसके समर्थन में कोई दस्तावेज संलग्न नही है। अभिलेख में हेराफेरी करने का प्रमाण यथासंभव आवेदक ने पेश किया है जिसे अधिकारियों ने अनदेखा किया है।

बुनियादी कौशल के संबध में समीक्षा बैठक आयोजित लक्ष्य से कम विजिट करने वाले जन शिक्षको को नोटिस जारी करने के निर्देश

श्योपुर, 31 अगस्त 2024
कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने आदर्श बालक आवासीय शिक्षा परिसर ढेंगदा में बुनियादी कौशल एफएलएन के संबंध में आयोजित जिला परियोजना प्रबंधन इकाई की बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिये कि सीएसी एवं बीएसी का मुख्य कार्य विद्यालयो में शैक्षणिक गुणवत्ता बढाये जाने का है, अकादमिक गतिविधियों का संचालन करने तथा अध्ययन एवं अध्यापन में सुधार लाने के लिए अधिक से अधिक शालाओं का निरीक्षण कर बच्चों से शैक्षणिक संवाद किया जाये, समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्य से कम विजिट करने वाले एक बीआरसी, तीन बीएसी तथा 15 सीएसी सहित 19 को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।

कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड ने पाठ्यपुस्तक वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि बीआरसीसी बुक डिपो से प्राप्त पुस्तकों का वितरण सभी विद्यार्थियों को शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें तथा वितरण की जानकारी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन संधारित करें। उन्होने कहा कि शालाओं में एफएलएन टाइमटेबिल का पालन करते हुए अध्यापन कार्य कराया जाये।
डाइट के नेशनल अचीवमेंट सर्वे के संबंध में प्रस्तुतिकरण के दौरान कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड द्वारा आगामी सर्वे की तैयारी सभी स्कूलों में व्यापक स्तर पर कराए जाने के निर्देश दिए गए तथा सभी खंड अकादमिक समन्वयक को छोटे-छोटे वीडियो निर्माण करने के भी निर्देश दिए गए। नेशनल अचीवमेंट की तैयारी हेतु स्विफ्ट चैट एप के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा बच्चों की सहभागिता तथा आगामी बैठक में उक्त कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सहायक संचालक शिक्षा  यश जैन, डीपीओ महिला बाल विकास  ओपी पाण्डेय, डीपीसी डॉ पीएस गोयल, डाईट प्राचार्य  राघवेन्द्र सिकरवार, बीईओ सुश्री मधु शर्मा, निपुण प्रोफेशनल  सुरेश कुमार,  राकेश शर्मा, डाईट से  राजेश त्रिवेदी सहित सभी बीआरसी, बीएसी, सीएसी आदि उपस्थित थे।

प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला का श्योपुर जिले में प्रथम आगमन पर कई स्थानो पर हुआ स्वागत गसवानी से लेकर श्योपुर तक विभिन्न समाजो, संगठनो ने किया भव्य स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट किये, साफें बांधे, आतिशबाजी चलाकर की आगवानी

श्योपुर, 30 /8/ 2024
मध्य प्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला का जिले में प्रथम आगमन पर विभिन्न समाजो, पंचायतों, संगठनों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। गसवानी से लेकर सेंसईपुरा, कराहल, गोरस, कलमी तथा शहर भर में दर्जनों स्थानों पर मंत्री श्री शुक्ला के आगमन को लेकर आतिशबाजी की गई, साफें बांधे गये, स्मृति चिन्ह भेंट किये गये तथा क्रेन से पुष्पवर्षा भी की गई। इस अवसर पर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर का भी आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, भाजपा जिला अध्यक्ष  सुरेन्द्र जाट, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य  महावीर सिंह सिसौदिया,  कैलाश नारायण गुप्ता, डॉ गोपाल आचार्य,  अशोक गर्ग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष  नीरज जाट, भाजपा जिला महामंत्री  अरविन्द सिंह जादौन,  शंशाक भूषण,  गिरधारी बैरवा, जिला मंत्री  सतीश समाधिया, नगर परिषद बडौदा अध्यक्ष प्रतिनिधि  राजू सुमन अंकुर शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्रामीणजन आदि उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री  शुक्ला का गसवानी में मंडल अध्यक्ष  रिंकू शर्मा की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। सेंसईपुरा में श्री बाबू सिंह यादव एवं  मेहरवान सिंह यादव द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसी प्रकार कराहल में जनपद सदस्य  प्रदीप सिंह चौहान द्वारा काष्ठकला से निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। गोरस में मंडल अध्यक्ष  नरेश कुशवाह द्वारा मंत्री जी का भावभीना स्वागत किया गया। यातायात थाने के पास  महावीर सिंह सिसौदिया एवं नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग द्वारा मंत्री  शुक्ला का बडी माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा आतिशबाजी के साथ क्रेन से पुष्पवर्षा की गई। श्री सिसौदिया द्वारा लकडी से निर्मित कामधेनु गौमाता की प्रतिकृति भेंट की गई, वही श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग एवं जिला मंत्री भाजपा  सतीश समाधिया द्वारा काष्ठकला निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। सर्व ब्रम्हाण महासभा द्वारा भगवान परशुराम की तस्वीर भेंट की गई।

बीएड डिग्री से बने प्राथमिक शिक्षक की सेवाऐं समाप्त जांच के उपरांत डीईओ ने जारी किये आदेश

श्योपुर, 29 /8/ 2024
जिला शिक्षा अधिकारी रविन्द्र सिंह तोमर ने एक आदेश जारी करते हुए प्राथमिक शिक्षक के पद पर शा.प्रा.वि. खेरोदाकलां में 6 अक्टूबर 2023 को प्राथमिक शिक्षक के रूप में भर्ती लोकेश कुमार पुत्र रामचद्र मिश्रा की सेवाऐं समाप्त कर दी गई है। यह आदेश डीईओ  तोमर द्वारा मान. न्यायालय के आदेश के क्रम में जारी किये गये है।
डीईओ  तोमर ने बताया कि लोकेश कुमार मिश्रा पुत्र रामचन्द्र मिश्रा की नियुक्ति प्राथमिक शिक्षक के पद पर शा.प्रा.वि. खेरोदा कलाँ में की गई। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश दिनांक 11.08.2023 में प्राथमिक शिक्षक नियोजन में बी. एड. योग्यता को मान्य करने संबंधी एनसीटीई की अधिसूचना 28.06.2018 को निरस्त किया है। इस प्रकार प्राथमिक शिक्षक नियोजन में प्रशिक्षण योग्यता बी.एड. मान्य नहीं है। प्राथमिक शिक्षक नियोजन 2022 एवं 2023 के अतंर्गत नियुक्त बी.एड. योग्यताधारी शिक्षकों के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश दि. 08.04.2024 के अनुक्रम में उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा पारित आदेश दिनांक 03.05.2024 में दिनांक 10.08.2023 तक नियुक्त बी.एड. योग्यताधारी अभ्यर्थियों की प्राथमिक शिक्षक पद पर नियुक्ति को मान्य किया गया है। इस निर्णय के अनुक्रम में बीएड डिग्री से प्राथमिक शिक्षक बने लोकेश कुमार मिश्रा के प्रशिक्षण योग्यता का परीक्षण किया गया तथा प्राथमिक शिक्षक बनने के लिए बीएड नहीं बल्कि डीएड आवश्यक है, इसलिए न्यायालय के पारित आदेशो के अनुसार उक्त प्राथमिक शिक्षक की सेवाऐं निरंतर नहीं रखी जा सकती और प्राथमिक शिक्षक के रूप में सेवाऐं तत्काल समाप्त कर दी गई है।

अस्पतालो में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीसी आयोजित

श्योपुर, 29 /8/ 2024
मध्यप्रदेश सरकार अस्पतालो में सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड़ पर है, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने वीसी के माध्यम से बैठक कर प्रदेश के सभी कलेक्टर-एसपी को अस्पतालो में सुरक्षा प्रबंध पुख्ता किये जाने के साथ ही सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिये।
मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने वीसी के माध्यम से निर्देश दिये कि मध्यप्रदेश के सभी अस्पतालो में सुरक्षा की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए, चिकित्सको को अस्पताल में काम करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, अस्पतालो में सुरक्षा को लेकर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से इसकी समीक्षा भी की जाए।
मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा ने इसके अलावा राजस्व महा अभियान अंतर्गत किये गए कार्यों की समीक्षा करते हुए अब तक कि प्रगति की जानकारी ली गई। इसके अलावा उन्होंने पीएम जनमन योजना, अमृत-2 तथा जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा भी की।
वीसी के दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर  लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक  वीरेंद्र जैन, सीईओ जिला पंचायत  अतेंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी, डिप्टी कलेक्टर  संजय जैन, सीएमएच्ओ डॉ जेएस राजपूत, सिविल सर्जन डॉ आरबी गोयल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

सकारात्मक सोच से उद्योगों के विकास का समन्वित प्रयास: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर आरआईसी में प्राप्त हुए 8 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव

35 हजार रोजगार के नवीन अवसर होंगे सृजित

भिंड, शाजापुर, धार, नीमच, पांढुर्णा जिलो में 1586 करोड़ की 47 इकाइयों का शुभारंभ

ग्वालियर-चम्बल संभाग में 8 इन्वेस्टमेंट फेसिलिटेशन सेंटर प्रारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हर नागरिक के दिल में जगह बनाई : केन्द्रीय मंत्री  सिंधिया

ग्वालियर में अडानी समूह करेगा 3 हजार करोड़ रूपए से अधिक का निवेश

ग्वालियर में खुलेगा बड़ा निजी चिकित्सालय

कॉन्क्लेव में मेक्सिको, जाम्बिया के प्रतिनिधि हुए शामिल

इतिहास, विरासत और उद्योग का संगम बनी ग्वालियर की इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव

श्योपुर 28 /8/ 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल नीतियों और वातावरण के साथ प्रशासनिक स्तर पर भी स्वागत व अभिनंदन का भाव रहेगा। प्रदेश में सकारात्मक सोच के साथ औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। ग्वालियर आरआईसी में 8 हजार करोड़ रूपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे 35 हजार से अधिक रोजगार के नवीन अवसर प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर 1586 करोड़ रूपए की लागत से प्रदेश में 47 नई औद्योगिक इकाइयों का सिंगल क्लिक से भूमिपूजन और लोकार्पण किया। यह कॉन्क्लेव विरासत, इतिहास और उद्योग की थीम पर केन्द्रित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीजनल कॉन्क्लेव मात्र कहने के लिये रीजनल हैं, हकीकत में यह कॉन्क्लेव राज्य स्तरीय है। इन औद्योगिक इकाइयों के प्रांरभ होने से स्पंदन पूरे प्रदेश में होना है। मंच पर 5 औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए। इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल जिले के 8 जिला स्तरीय इंडस्ट्री फेसिलिटेशन सेंटर का शुभारंभ किया गया। ये केन्द्र ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, दतिया, गुना और अशोकनगर में आज से ही प्रांरभ हो गए हैं। कॉन्क्लेव में मेक्सिको, जाम्बिया के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर में निजी क्षेत्र में बड़ा चिकित्सालय भी खोला जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कॉन्क्लेव के आयोजन के पीछे यह भाव भी है कि उद्योगपति प्रदेश की विशेषताओं को आकर स्वयं देखें और मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापना का निर्णय लें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज ग्वालियर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अन्य अतिथियों के साथ इस वर्ष की तृतीय रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का ग्वालियर में दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि विश्वविद्यालय परिसर में राजमाता श्रीमती विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र के उद्योग विकास की संभावनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अनुकूलता से उद्यमशीलता का विकास और तीव्र गति से संभव है। उद्योग और निवेश की दृष्टि से ग्वालियर प्रमुख केंद्र रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने इंदौर की हुकुमचंद मिल के श्रमिकों को मुआवजा राशि दिलवाने का कार्य किया गया है। यह कार्य अनेक वर्ष से लंबित था। रुग्ण औद्योगिक इकाइयों की समस्याएं भी हल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब ऐसे अन्य मामलों के लिए जरूरी निर्णय लिए जाएंगे। जे.सी. मिल ग्वालियर की समस्या भी हुकुमचंद मिल की तर्ज पर हल की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें सुशासन कर्म और धर्म के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर चिकित्सा और हेल्थ सेक्टर में ग्वालियर में एक निजी क्षेत्र का बड़ा अस्पताल प्रारंभ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र में 4 नये औद्योगिक पार्क खोले जाने की घोषणा की। इसमें गुना के चेनपुरा में 333 हेक्टेयर, ग्वालियर जिले के मोहना में 210 हेक्टेयर, मुरैना के मवई में 210 हेक्टेयर और शिवपुरी के गुरावल में 30.64 हेक्टेयर में औद्योगिक पार्क विकसित किये जायेंगे। साथ ही मुरैना जिले के औद्योगिक क्षेत्र सीतापुर में पुलिस चौकी और औद्योगिक क्षेत्र बामोर में फायर स्टेशन की स्थापना की जायेगी।

केन्द्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में उद्योग की अलख जगाने का कार्य किया है। इस अंचल के प्रत्येक नागरिक के दिल में उन्होंने स्थान बना लिया है। ग्वालियर अंचल में अधोसंरचना और निवेश की शुरुआत वर्षों पहले की गई। वर्तमान में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की क्षमताओं के अनुकूल प्रदेश को राष्ट्रीय पटल पर लाने का कार्य किया है। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की पहल करने वाले वे पहले मुख्यमंत्री हैं। सिंधिया ने कहा कि प्रदेश में 6 माह की अवधि में एक लाख 84 हजार करोड़ रूपए का निवेश आना सामान्य बात नहीं है। निश्चित ही ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की तस्वीर नए-नए उद्योगों के आने से बदल जाएगी। श्री सिंधिया ने विभिन्न सेक्टर में उद्योगों के विकास की संभावना पर भी प्रकाश डाला।

विधानसभा अध्यक्ष  नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत 10 वर्ष में भारत की साख में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि हुई है। विकास में समग्रता को अपनाया गया है। भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था है, अब तीसरी अर्थव्यवस्था बने इस संकल्प से कार्य हो रहा है। विधाससभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर की पावन धरा पर इस कॉन्क्लेव का आयोजन महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश में संतुलित और समग्र विकास के लिए प्राण-पण से जुटे हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी क्षेत्रों में कार्य आवश्यक होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गांव, गरीब, नारी, किसान सभी की चिंता कर रहे हैं। इसके साथ ही वे उद्योग और व्यवसाय के विकास के लिए भी चिंतित हैं। मध्यप्रदेश सरकार रोजगार और अर्थव्यवस्था मजबूत बनाने की चुनौती को स्वीकार कर निरंतर कर रही है।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री  चैतन्य काश्यप ने कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश में औद्योगीकरण के लक्ष्य से कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है। प्रत्येक जिले में युवाओं को उद्यमी बनाया जा रहा है। वर्तमान में पारदर्शी प्रक्रिया लागू की गई है। मध्यप्रदेश उद्योगों को सर्वाधिक अनुदान देने वाला प्रदेश है। प्रदेश में लघु उद्यमियों को प्रोत्साहन राशि उनके खातों में अंतरित की गई है।

उद्योगपतियों ने क्या कहा

अडानी समूह के  करण अडानी ने कहा कि ग्वालियर में यह कॉन्क्लेव आर्थिक प्रगति को बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अनेक क्षेत्रों में नए उद्योग आ रहे हैं। अडानी ग्रुप प्रदेश में गुना और शिवपुरी में दो नई औद्योगिक इकाइयां प्रारंभ करेगा। शिवपुरी में 2500 करोड़ रूपए की लागत से रक्षा क्षेत्र में, गुना में 500 करोड़ रूपए की लागत से सीमेंट ग्राइडिंग यूनिट और बदरवास में जैकेट निर्माण इकाई शुरू की जाएगी। बदरवास इकाई से महिलाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा। यह निर्मित जैकेटविश्व के कोने-कोने तक जाएगी।

रिलायंस समूह के उपाध्यक्ष  विवेक तनेजा ने कहा कि मध्यप्रदेश में समूह द्वारा बायो गैस और एनर्जी जनरेशन क्षेत्र में निवेश का विचार है। ट्रोपोलाइट के एमडी श्री पुनीत डॉवर ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश प्रस्ताव की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल से बेंगलुरू से लेकर ग्वालियर तक हुई इन्वेस्टर्स समिट और इंडस्ट्री कॉन्क्लेव को रोजगार वृद्धि में सहायक बताया। उद्योगपतियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है।  डॉवर ने गत 50 वर्ष के उद्योग क्षेत्र के अपने अनुभवों की भी चर्चा की। श्री डॉवर ने 100 करोड़ के निवेश मंतव्य की जानकारी दी जिससे करीब 500 महिलाओं को रोजगार मिलेगा।

प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन  राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बतायाकि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में 121 बैठकें की हैं। भोपाल में आगामी 7-8 फरवरी 2025 को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी की जा रही है। प्रदेश में निवेश आ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछले दिनों में विभिन्न 51 औद्योगिक इकाइयों का वर्चुअल शुभारंभ किया हैं। इससे लगभग 8300 व्यक्तियों के लिए रोजगार सृजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर, ग्वालियर, चंबल के उद्योगपतियों से चर्चा की है। प्रमुख सचिव श्री सिंह ने उद्योग हितैषी नीतियों संशोधित श्रम नीतियों और ग्वालियर, चंबल संभागों में उद्योगों की प्रगति की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

प्रमुख सचिव पर्यटन  शिवशेखर शुक्ला ने पर्यटन क्षेत्र में विकास की संभावनाओं पर प्रेजेंटेशन दिया। बताया गया कि प्रदेश में यूनेस्को की 14 हेरिटेज साइट हैं, जिसमें 3 स्थायी सूची में है। आध्यात्मिक पर्यटन क्षेत्र में, जल संरचनाओं में नर्मदा जी और अन्य स्थान, वन्य जीव अभयारण्य, राष्ट्रीय उद्यान पर्यटकों के लिए आकर्षण के केन्द्र हैं। राज्य सरकार इन स्थानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग 20 प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की स्मृतियों से जुड़े स्थानों का विकास भी किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में 2023 में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, जिसका अर्थव्यवस्था पर भी अच्छा प्रभाव देखने को मिला है। प्रमुख सचिव  शुक्ला ने पर्यटन उद्योग के लिए दी जा रही रियायतों और प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 100 करोड़ से अधिक के अल्ट्रा मेगा प्रोजेक्ट्स पर 30 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। कूनो, चंदेरी, हनुवंतिया, मांडव, गांधीसागर को महत्वपूर्ण पर्यटन केन्द्र बनाया जा रहा है। ओंकारेश्वर और उज्जैन में पर्यटन सुविधाओं में निरंतर वृद्धि की जा रही हैं।

प्रमुख सचिव खनिज  संजय शुक्ला ने कोयला, लाइम स्टोन, कॉपर एवं अन्य खनिजों के क्षेत्र में प्रदेश की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत वर्ष से 119 मिलियन टन से बढ़कर 159 मिलियन टन वार्षिक कोयला उत्पादन हो रहा है। मध्यप्रदेश डायमंड, कॉपर, मैंगनीज में प्रथम स्थान पर है। ग्वालियर अंचल में भी खनिज क्षेत्र में संभावनाएं हैं। प्रदेश में देश के कुल सीमेंट उत्पादन का छठवां हिस्सा मध्यप्रदेश में उत्पादित होता है। कोयले में मध्यप्रदेश देश में चौथे स्थान पर है। प्रमुख सचिव श्री शुक्ला ने बताया कि मध्यप्रदेश की नीतियां एवं संसाधन उद्योग हितैषी हैं। मध्यप्रदेश, देश के मध्य में होने से श्रेष्ठ लॉजिस्टिक और परिवहन सुविधाएं भी हैं। निरंतर निर्माण होने से सीमेंट की खपत बढ़ रही है। देश के प्रमुख सीमेंट उत्पादक मध्यप्रदेश में इकाइयां लगा चुके हैं। नए निवेश भी हो रहे हैं। घरों में बहुरंगी स्टोन प्रयोग में लाए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश से ऐसे स्टोन अन्य राज्यों में जा रहे हैं।

प्रमुख सचिव सूचना प्रौद्योगिकी  संजय दुबे ने प्रेजेंटेशन में बताया कि मध्यप्रदेश की प्रगति गत दशक में 11 प्रतिशत रही, जबकि आईटी क्षेत्र में प्रगति 43 प्रतिशत रही। मध्यप्रदेश में काम के साथ विकास के अवसर भी मिलते हैं। प्रदेश में डाटा सेंटर के लिए अनुकूल वातावरण है। प्रदेश के 15 में से 7 आईटी पार्क शासन के माध्यम से चल रहे हैं। आईटी सेक्टर मात्र एक सेक्टर नहीं बल्कि अन्य सेक्टर्स के विकास में सहयोगी है। शासन से प्रोत्साहन स्वरूप इन्टेन्सिव और अन्य लाभ आईटी क्षेत्र में निवेश पर दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में डेवलपर्स को भी इन्टेन्सिव दिया जा रहा है। स्टार्ट-अप को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कारण दिल्ली और नोएडा के स्थान पर निवेश मध्यप्रदेश में आ रहा है। ग्वालियर से 7 हाइ-वे निकलते हैं। इस क्षेत्र में ग्वालियर को प्रमुख केन्द्र बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 47 नवीन उद्योग इकाइयों का शुभारंभ, भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनसे 4752 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। कुल 1586 करोड़ रूपए निवेश किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र के छह स्थानों पर इन इकाइयों के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों से चर्चा की और नई औद्योगिक इकाइयों के लिए बधाई दी। मालनपुर भिंड में प्रारंभ नए उद्योगों के लिए केन्द्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष  नरेन्द्र सिंह तोमर ने भी बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मक्सी (शाजापुर) में प्रारंभ इकाइयों के लिए भी बधाई दी। इसी तरह नीमच, धार, पांर्ढुना जिलों स्थानों पर भी औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण और भूमिपूजन सम्पन्न हुआ।

औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन

रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 120 औद्योगिक इकाइयों को 268 एकड़ भूमि आवंटित कर आशय-पत्र जारी किये गये। इसमें 1680 करोड़ से अधिक का पूँजी निवेश होगा एवं 6600 लोगों को रोजगार मिलेगा। एमएसएमई विभाग अंतर्गत 19 इकाईयों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किये गये, जिसमें 265 करोड़ से अधिक का पूँजी निवेश एवं लगभग एक हजार व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतीक स्वरूप 5 इकाइयों को भूमि आवंटन के आशय-पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने जय विलास प्रवेश द्वार का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण भी किया।

शुभारंभ सत्र में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री  प्रहलाद पटेल, सूक्ष्म, ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री  एदल सिंह कंषाना, जल संसाधन मंत्री  तुलसीराम सिलावट, लोक निर्माण मंत्री  राकेश शुक्ला, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी मंत्री  नारायण सिंह कुशवाहा, संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी, सांसद श्रीमती संध्या राय, सांसद भारत सिंह कुशवाह, सांसद  शिवमंगल सिंह तोमर, ग्रामोद्योग राज्य मंत्री  दिलीप जायसवाल, उपस्थित थे।

कॉन्क्लेव के मुख्य आकर्षण

• 15 अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिसमें कनाडा, नीदरलैंड, टोगो, जाम्बिया और मैक्सिको के प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए।
• 15 से अधिक राज्यों के निवेशकों ने सहभागिता की। इसमें अधिकांश पर्यटन, आईटी, फुटवेयर, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के उद्योगपति थे, जिन्होंने निवेश के लिये रूचि दिखाई।
• 400 से अधिक बायर-सेलर मीट हुईं।
• 5 से अधिक औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
उद्योगपतियों ने अपने अनुभव साझा किये।
• 20 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों और उद्योग संगठनों के साथ वन-टू-वन चर्चा हुई।
• 6 सेक्टोरल सत्र और तीन राउण्ड टेबल बैठकें हुई।
• ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी 8 जिलों में इन्वेस्टमेंट फेसिलिटेशन सेंटर का शुभारंभ किया।
• अडाणी समूह द्वारा 3500 करोड़ की लागत से गुना में 2 मिलियन टन सीमेंट प्रोजेक्ट एवं शिवपुरी में प्रोपेलेंट प्रोजेक्ट का प्रस्ताव दिया। जिससे 3500 व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा।
• रिलायंस समूह ने रिन्युएबल एनर्जी गैस एवं बायो गैस प्रोजेक्ट के लिये निवेश प्रस्ताव दिया। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र में 2000 रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
ट्रोपोलाईट फूड ग्रुप द्वारा फूड प्रोसेसिंग के लिये 100 करोड़ के निवेश से अपना व्यवसाय मध्यप्रदेश में और बढ़ाने का प्रस्ताव दिया, जिससे महिलाओं के लिये 500 रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
• मुख्यमंत्री ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में 4 नये औद्योगिक पार्क की घोषणा की।
• मुरैना जिले के सीतापुर में पुलिस चौकी एवं मुरैना के बामोर में फायर स्टेशन की घोषणा