श्योपुर, 23 दिसंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को तत्काल लाभ प्रदान किया गया। जनसुनवाई के दौरान 5 लोगों को उपचार हेतु रेडक्रॉस फंड से 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
जनसुनवाई कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत सुश्री सौम्या आनंद, एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में कुल 152 आवेदन प्राप्त हुए।
कमली बाई को मौके पर ही मिला पेंशन स्वीकृति आदेश
ग्राम बडौदाराम निवासी श्रीमती कमली बाई ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिलने की शिकायत जनसुनवाई में दर्ज कराई। इस पर कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कल्याणी पेंशन योजना अंतर्गत स्वीकृति आदेश मौके पर ही प्रदान किया गया। अब कमली बाई को 600 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी।
तीन हितग्राहियों को मिलेगा संबल योजना का लाभ
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना से संबंधित आवेदनों का भी निराकरण किया गया।
श्रीमती मंजू बैरवा (प्रेमपुरा) एवं श्रीमती बजरंगी बाई (जैदा) को योजना अंतर्गत दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि का ईपीओ जारी होने की जानकारी दी गई। वहीं ग्राम बिलेडी निवासी श्रीमती धौड़ा बाई बैरवा को पति स्व. रघुवीर बैरवा की दुर्घटना में मृत्यु के पश्चात 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत होने की सूचना दी गई।
रेडक्रॉस से 5 लोगों को 21 हजार रुपये की सहायता
जनसुनवाई में उपचार हेतु 5 जरूरतमंदों को कुल 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
प्रेरणा वृद्धाश्रम में निवासरत रामप्रसाद नामा को पैर के ऑपरेशन हेतु 10 हजार रुपये,
बबलू बंजारा (रघुनाथपुर) को 5 हजार रुपये,
महेश कुमार को पुत्री के उपचार हेतु 2 हजार रुपये,
नंदकिशोर गुप्ता एवं गनी मोहम्मद (वार्ड 22) को 2-2 हजार रुपये की सहायता दी गई।
लंबे समय से लंबित शिकायत का निराकरण
ग्राम पाण्डोला निवासी रामभरत मीणा की शौचालय निर्माण से संबंधित लंबे समय से लंबित शिकायत का भी समाधान किया गया। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत तकनीकी कारणों से अटकी 12 हजार रुपये की राशि को रेडक्रॉस के माध्यम से प्रदान कर शिकायत का निराकरण किया गया।
जनसुनवाई में त्वरित फैसलों और मौके पर सहायता मिलने से आमजन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।
