श्योपुर, 28 सितंबर 2025
जनजातीय विकास एवं परिवर्तन को गति देने और समुदायों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में विजन प्लान-2030 तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकासखण्ड कराहल की ग्राम पंचायत बगवाज की आदिवासी बस्ती चैनपुरा में चौपाल का आयोजन किया गया।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सामुदायिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
बैठक में उठे मुद्दे
जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर अजय रावत ने बताया कि चर्चा के दौरान गांव की जनसंख्या, सामाजिक आंकड़े और मौजूदा मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
-
भूमि, खेती, जंगल और जल संसाधनों पर सुझाव लिए गये।
-
आजीविका के प्रमुख विकल्पों और रोजगार के अवसरों पर विमर्श हुआ।
-
आवास, स्वच्छ जल, बिजली, शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, सड़क, दूरसंचार जैसी बुनियादी सेवाओं की उपलब्धता का आंकलन कर निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया गया।
अभियान का व्यापक दायरा
उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले के 254 गांव इस अभियान में शामिल हैं।
-
कराहल ब्लॉक – 106 गांव
-
श्योपुर ब्लॉक – 74 गांव
-
विजयपुर ब्लॉक – 74 गांव
प्रत्येक गांव में शासन की योजनाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए सेवा केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।
उद्देश्य
इस पहल का मुख्य लक्ष्य जनजातीय समुदायों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है ताकि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार के क्षेत्र में मजबूती से आगे बढ़ सकें और विजन-2030 के अंतर्गत समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
