श्योपुर, 15 जनवरी 2026
जलावर्धन योजना के तहत शहर में पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी जा रही सड़कों और सीसी रोड की बदहाल स्थिति को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश अर्बन डवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खुदाई के बाद सड़कों का रिस्टोरेशन तत्काल और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि अधिकारी वार्डों का नियमित भ्रमण करें और स्थानीय नागरिकों व पार्षदों द्वारा बताई गई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया, सुजीत गर्ग, नगरपालिका सीएमओ राधेरमण यादव, नगर पालिका श्योपुर के पार्षदगण एवं एमपीयूडीसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के लिए कटर के माध्यम से ही सीसी सड़क की खुदाई की जाए, जिससे सड़क का अन्य हिस्सा अनावश्यक रूप से क्षतिग्रस्त न हो। पाइपलाइन डालने के बाद तत्काल टेस्टिंग कराकर सड़क का रिस्टोरेशन किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षदों द्वारा जैसे ही किसी समस्या की जानकारी दी जाए, उसी समय तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शहर के विभिन्न वार्डों में लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
बैठक में एमपीयूडीसी के अधिकारियों ने जानकारी दी कि जलावर्धन योजना के अंतर्गत 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शहरी क्षेत्र में शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर अमल करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का संदेश स्पष्ट
विकास कार्यों के नाम पर नागरिकों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ कार्य पूर्ण करना अनिवार्य है।
