श्योपुर 14/12/25
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को प्रोत्साहित करने हेतु संचालित प्रेरक प्रयास योजना के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय, श्योपुर के शिक्षक विजय शर्मा का चयन किया गया है। उनका यह चयन शिवपुरी में आयोजित विद्यालय प्रेरक प्रयास प्रतियोगिता में प्रस्तुत नवाचारी शिक्षण पद्धति के आधार पर किया गया।
शर्मा द्वारा कमजोर अधिगम स्तर वाले विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से कक्षा में “पेयर कम्पटीशन” नामक अभिनव शिक्षण तकनीक लागू की गई। इस तकनीक के अंतर्गत समान शैक्षणिक स्तर एवं बौद्धिक क्षमता वाले विद्यार्थियों के जोड़े बनाकर उन्हें आपसी सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से सीखने का अवसर दिया गया। विद्यार्थी आपस में प्रश्न-उत्तर करते हुए एक-दूसरे का मूल्यांकन करते हैं, जिससे उनकी झिझक कम हुई और कक्षा में संवादात्मक व सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ।
इस प्रक्रिया से विद्यार्थियों में स्वयं अध्ययन, आत्म-मूल्यांकन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ। विषय का डर कम हुआ और आत्मविश्वास में वृद्धि देखने को मिली। पेयर कम्पटीशन तकनीक के प्रभावस्वरूप त्रैमासिक परीक्षा की तुलना में अर्धवार्षिक परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी विद्यालय के दो शिक्षकों — कृष्ण मुरारी सैनी एवं विजय कुमार शर्मा — का इसी प्रेरक प्रयास के अंतर्गत चयन हो चुका है। यह उपलब्धि विद्यालय में किए जा रहे सतत शैक्षणिक नवाचार एवं समर्पित शिक्षण कार्य का प्रतिफल है।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक खंडेलवाल ने इस अवसर पर चयनित शिक्षक को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचारपूर्ण प्रयास विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक ले जाते हैं तथा अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा प्रदान करते हैं।

विद्यालय परिवार ने चयनित शिक्षक के उज्ज्वल भविष्य की कामना व्यक्त की है।
