श्योपुर जिले से 200 यात्रियों का कोटा, द्वारिका-सोमनाथ जायेगी यात्रा
श्योपुर, 23 नवंबर 2025
धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत श्योपुर जिले को द्वारिका-सोमनाथ तीर्थ यात्रा हेतु 200 यात्रियों का कोटा आवंटित किया गया है। यह तीर्थ यात्रा 11 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। योजना का लाभ लेने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिक 28 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार श्योपुर तहसील क्षेत्र (नगरीय एवं ग्रामीण) के आवेदन जिला पंचायत श्योपुर में प्राप्त किए जाएंगे। जबकि अन्य तहसीलों के आवेदनों के लिए संबंधित तहसीलों में पृथक काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इस कार्य के लिए नायब तहसीलदार स्तर के प्रभारी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने बताया कि तीर्थ यात्रा दल 11 जनवरी 2026 को शिवपुरी से रवाना होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, तथा महिला यात्रियों के लिए दो वर्ष की आयु छूट का प्रावधान है। साथ ही यह भी आवश्यक है कि आवेदक आयकरदाता न हों।
आवश्यक पात्रता दस्तावेजों सहित आवेदन निर्धारित स्थानों पर प्रस्तुत कर योजना का लाभ लिया जा सकता है।