श्योपुर, 23 नवंबर 2025
एसआईआर-2026 के अंतर्गत गणना पत्रक भरने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के ओटीपी की आवश्यकता नहीं है। मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा कि बीएलओ या किसी अन्य अधिकारी द्वारा फोन कॉल, मैसेज अथवा किसी माध्यम से ओटीपी, आधार नंबर या मोबाइल नंबर मांगना निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना, माता-पिता या दादा-दादी का विवरण प्राप्त करने के लिए मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ या निकटतम हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त यह जानकारी ऑनलाइन voters.eci.gov.in एवं ceoelection.mp.gov.in पर भी उपलब्ध है।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि गणना पत्रक भरते समय केवल आधिकारिक सरकारी वेबसाइट का ही उपयोग किया जाए तथा सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
ये रखें सावधानियाँ
-
ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी किसी भी व्यक्ति से साझा न करें
-
प्रक्रिया के दौरान शुल्क, प्रोसेसिंग चार्ज या भुगतान माँगने वाले कॉल/मैसेज धोखाधड़ी हो सकते हैं
-
व्हॉट्सऐप/सोशल मीडिया पर प्राप्त संदिग्ध लिंक क्लिक न करें
-
“वोटर कार्ड रद्द हो जाएगा”, “तुरंत एसआईआर भरें” जैसे संदेशों से सतर्क रहें
-
साइबर कैफे में एसआईआर भरते समय ऑटो-सेव बंद रखें, ब्राउज़र इतिहास/कैश साफ करें और लॉगआउट करें
शिकायत कहाँ करें
संदिग्ध कॉल, लिंक या गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें:
-
राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल : cybercrime.gov.in
-
हेल्पलाइन : 1930
