आपदा जन जागृति पर कार्यशाला आयोजित, पत्रकारगण, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

0
92
Spread the love


श्योपुर, 09 सितंबर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय के निर्देशन में निषादराज भवन में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जिला श्योपुर के तत्वाधान में आपदा जन जागृति प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर होमगार्ड के प्लाटून कमांडर राहुल शर्मा एवं प्रमोद डण्डोतिया द्वारा एसडीआरएफ जवानों के सहयोग से प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यशाला इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकारों, समाजसेवियों सहित जनप्रतिनिधियों के लिए आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, जिला पंचायत सदस्य गिरधारी बैरवा, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेन्द्र मीणा, महावीर मीणा, जनपद सदस्य यश प्रताप सिंह चौहान, बीपी सिंह रावत, शौकत उल्ला खान, कैलाश पाराशर, अंजना मारवाड़ी, नेहा कुलश्रेष्ठ, डीपीएम एनआरएलएम सोहनकृष्ण मुगदल, परियोजना अधिकारी राजेश शर्मा, आदित्य चौहान सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच एवं जनपद सदस्य उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में भूकम्प, बाढ़, आग, भूस्खलन, सुरंग जैसी आपदाओं में बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क व रेल दुर्घटना, हार्ट अटैक, गला चौकिंग जैसी आपात स्थितियों में की जाने वाली गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

बाढ़ के दौरान खाली बोतलों से लाइफ जैकेट बनाने की विधि बताई गई और बचाव सामग्री तैयार रखने की सलाह दी गई। भूकम्प आने पर सुरक्षित स्थान चुनने, मजबूत पिलर या टेबल के नीचे शरण लेने और लिफ्ट का उपयोग न करने जैसे निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में हार्ट अटैक, खून बहने, गला चौकिंग की स्थिति में जीवन रक्षक उपायों का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। सीपीआर देने की विधि समझाई गई और बताया गया कि हार्ट बंद होने के बाद शुरुआती 4 से 6 मिनट में सीपीआर देकर जान बचाई जा सकती है।

इसके अलावा आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में पोल, पेड़, पानी वाले स्थानों और छतरी से दूर रहने, एड़ी के बल सिकुड़कर बैठने और कान बंद करने जैसे उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विभिन्न आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता, सावधानियों और बचाव के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here