बंजारा डैम पर 6 हेक्टेयर भूमि पर होगा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास
श्योपुर, 27 अगस्त 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय ने नगर पालिका अधिकारियों के साथ बैठक कर भारी वाहनों के लिए प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण को लेकर चर्चा की। यह ट्रांसपोर्ट नगर बंजारा डैम के ऊपर विकसित किया जाएगा।
बैठक में परियोजना अधिकारी डूडा यश जैन, नगरपालिका के सब इंजीनियर ए.के. गुप्ता, उपयंत्री पवन गर्ग, मनोज सिंहल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नगरपालिका अध्यक्ष रेणु सुजीत गर्ग ने जानकारी दी कि बंजारा डैम के ऊपर लगभग 6 हेक्टेयर भूमि पूर्व में ट्रांसपोर्ट नगर हेतु आवंटित की जा चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को विधिवत ऑनलाइन टेण्डर प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं प्राथमिक चरण में उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके बाद पेट्रोल पंप, बैंक व अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास अगले चरण में किया जाएगा।
