नो मैपिंग एवं अनकलेक्टेबल मतदाताओं का पुनः सत्यापन जारी
चंबल संभागायुक्त ने किया एसआईआर कार्य का रिव्यू, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
श्योपुर, 14 दिसंबर 2025
चंबल संभागायुक्त एवं एसआईआर प्रक्रिया के रोल ऑब्जर्वर श्री सुरेश कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अंतर्गत नो मैपिंग एवं अनकलेक्टेबल श्रेणी में आने वाले मतदाताओं का पुनः सत्यापन बीएलओ के माध्यम से कराया जा रहा है। इस कार्य में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बीएलए भी सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक फार्म-6 भर सकते हैं।
संभागायुक्त कुमार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले में जारी एसआईआर कार्य की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित वर्मा, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय जैन, एसडीएम श्योपुर गगन सिंह मीणा, एसडीएम विजयपुर अभिषेक मिश्रा, तहसीलदारगण सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें भाजपा से कैलाशनारायण गुप्ता एवं दिनेश दुबोलिया, कांग्रेस से सुमेर सिंह, बसपा से विकास कुमार तथा आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल मीणा शामिल थे।
संभागायुक्त ने जानकारी दी कि श्योपुर जिले में एसआईआर का 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिले में कुल 5 लाख 16 हजार 986 मतदाता हैं, जिनमें 2 लाख 68 हजार 753 पुरुष, 2 लाख 48 हजार 230 महिला एवं 03 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले का जेंडर रेश्यो 923.64 है। कुल मतदाताओं में से 4 लाख 83 हजार 642 मतदाताओं का सत्यापन कर फार्म संकलित किए जा चुके हैं, जबकि 33 हजार 344 मतदाता अनकलेक्टेबल श्रेणी में हैं, जिनका पुनः सत्यापन कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अनकलेक्टेबल मतदाताओं में 1385 डबल दर्ज, 19 हजार 397 शिफ्टेड, 6 हजार 661 मृत तथा 5 हजार 740 अनट्रेसेबल श्रेणी में हैं। इन सभी मामलों में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
संभागायुक्त ने बताया कि 23 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा, जिसके साथ ही दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 22 जनवरी 2026 तक चलेगी। दावे-आपत्तियों के निराकरण के पश्चात 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित वर्मा ने बैठक में बताया कि जिले में एसआईआर का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है तथा 18 दिसंबर तक नो मैपिंग एवं अनकलेक्टेबल मतदाताओं के सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 32 नवीन मतदान केन्द्रों के प्रस्ताव को निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय जैन ने बताया कि जो पात्र मतदाता वर्ष 2025 की मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे फार्म-6 भरकर एवं घोषणा पत्र के साथ बीएलओ को जमा कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। नाम हटाने या संशोधन के लिए क्रमशः फार्म-7 एवं फार्म-8 भरे जा सकते हैं। बीएलओ को फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
