“हेलमेट लगाओ–जीवन बचाओ” अभियान: 73 दुपहिया चालकों पर ₹21,900 का जुर्माना

0
47
Spread the love

श्योपुर, 13 दिसंबर 2025
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों की मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देश पर श्योपुर पुलिस द्वारा 11 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक 21 दिवसीय जिला स्तरीय विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान “हेलमेट लगाओ–जीवन बचाओ” संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत जिले के सभी थानों एवं यातायात थाना श्योपुर द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में शहर में यातायात थाना के सामने महाराणा प्रताप चौराहा, पाली रोड पर देहात थाना के सामने चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 73 चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹21,900 का समन जुर्माना किया गया।

यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, अपने परिवार एवं मित्रजनों को भी हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करने की समझाइश दी गई। साथ ही हेलमेट के महत्व एवं बिना हेलमेट वाहन चलाने से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी भी दी गई।

यातायात पुलिस ने जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि वे आमजन को अपनी सुरक्षा एवं परिवार की खुशहाली के लिए हेलमेट पहनकर दुपहिया वाहन चलाने हेतु प्रेरित एवं प्रोत्साहित करें।

आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में श्योपुर जिले में दुपहिया वाहन चालकों की कुल 152 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने के कारण 59 लोगों की मृत्यु हुई। वहीं वर्ष 2025 में 160 सड़क दुर्घटनाओं में से 45 लोगों की मौत हेलमेट न पहनने के कारण हुई।
दुपहिया वाहन चालकों की जीवन रक्षा के लिए यह अभियान निरंतर चलाकर लोगों को हेलमेट पहनकर सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here