प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला की अध्यक्षता में हुई विभागीय बैठक
श्योपुर, 24 अप्रैल 2025
श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने जिले के बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि “मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र से शुरू कराने के प्रयास सुनिश्चित किये जायें।” उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन को निर्देशित किया कि एनएमसी (राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग) की विजिट के लिए सभी औपचारिकताएं शीघ्रता से पूर्ण की जाएं।
डीन ने जानकारी दी कि कॉलेज भवन का कार्य पूर्ण हो चुका है, फर्नीचर और उपकरणों की खरीदी की जा चुकी है। अब तक 10 सीनियर रेजिडेंट, 40 जूनियर डॉक्टर और 8 सीनियर डॉक्टरों की असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति हो चुकी है। साथ ही, 65 वर्ष से अधिक आयु के अनुभवी चिकित्सकों को संविदा पर नियुक्त करने की भी अनुमति मिल गई है। प्रभारी मंत्री ने आश्वस्त किया कि शासन स्तर से आवश्यक सहयोग तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।
सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
बैठक में प्रभारी मंत्री ने एनएच-552 और अन्य निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि “सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ किया जाए तथा क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।”
पाली-गोरस सड़क का कार्य 60% पूर्ण हो चुका है, जबकि गोरस-श्यामपुर सड़क का निर्माण कार्य प्रथम चरण में है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। श्यामपुर-सबलगढ़ मार्ग में वाइल्डलाइफ कॉरिडोर आने के कारण पर्यावरणीय स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। प्रभारी मंत्री ने डीएफओ को स्वीकृति प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एमपीआरडीसी अधिकारियों ने जानकारी दी कि गोरस से शिवपुरी तक 85 किमी सड़क के निर्माण हेतु वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है, जो अगले दो वर्षों में पूर्ण होगा। पीएमजीएसवाय के अंतर्गत 22 नई सड़कों की स्वीकृति भी प्राप्त हुई है।
स्पॉन्सरशिप योजना में संस्थाएं जोड़ी जाएंगी
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए श्री शुक्ला ने स्पॉन्सरशिप योजना में दानदाताओं एवं सामाजिक संस्थाओं को जोड़ने के निर्देश दिए, जिससे ज़रूरतमंद बच्चों को बेहतर सहायता मिल सके।
ऊर्जा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र की समीक्षा
एमपीईबी की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने कहा कि “निर्माणाधीन सब-स्टेशन के कार्य शीघ्र पूर्ण किये जाएं।” साथ ही, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि 3 हॉर्स पावर के सोलर पंप पर 95% सब्सिडी दी जा रही है और लोगों को घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिए कि “अस्पताल परिसर की साफ-सफाई नियमित रूप से हो तथा जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।”
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, डीएफओ केएस रंधा, सीईओ जिला पंचायत अतेन्द्र सिंह गुर्जर, सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
