श्योपुर, 19 जनवरी 2026
जिला जेल श्योपुर में बंदियों के आध्यात्मिक उत्थान और मानसिक परिवर्तन के उद्देश्य से एक विशेष प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रमण संघीय जैन सिद्धांताचार्य, मधुर गायिका तपस्वीरवा प्रतिभा श्रीजी म.सा., दीक्षिता श्रीजी म.सा., प्रेरणा श्रीजी म.सा. एवं प्रेक्षा श्रीजी म.सा. ने जेल में निरुद्ध बंदियों को आत्मचिंतन और सद्मार्ग की प्रेरणा दी।
प्रवचन के दौरान जैन साध्वियों ने सत्य, अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य जैसे जैन धर्म के मूल सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बंदियों से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन अपनाने का आह्वान किया। साध्वियों ने कहा कि आत्मसंयम और सद्विचार के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है।
विशेष उल्लेखनीय है कि प्रेक्षा श्रीजी म.सा. की जन्मभूमि श्योपुर है। उन्होंने 16 वर्ष की आयु में संन्यास जीवन स्वीकार किया था और दीक्षा के 18 वर्ष बाद प्रथम बार अपनी जन्मभूमि श्योपुर आगमन हुआ, जिसे लेकर कार्यक्रम में विशेष भावनात्मक वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने प्रवचन को गंभीरता से सुना और आध्यात्मिक विचारों से प्रेरित हुए। कार्यक्रम में जेलर प्रभात कुमार सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
जेल प्रशासन ने इस प्रकार के आध्यात्मिक कार्यक्रमों को बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
