श्रम स्टार रेटिंग सिस्टम की शुरुआत

0
32
Spread the love

श्योपुर, 18 दिसंबर 2025

श्रम विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा श्रम कानूनों के स्वैच्छिक अनुपालन, श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं बेहतर कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “श्रम स्टार रेटिंग सिस्टम” की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में श्योपुर जिले में भी पात्र उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों को श्रम स्टार रेटिंग प्रदान किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

श्रम स्टार रेटिंग सिस्टम का मुख्य उद्देश्य उद्योगों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को श्रम कानूनों के प्रभावी पालन तथा श्रमिक कल्याण से जुड़ी सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह प्रणाली उत्पादों की स्टार रेटिंग की तर्ज पर विकसित की गई है, जिसके माध्यम से किसी प्रतिष्ठान के श्रम अनुपालन स्तर एवं कार्यस्थल की गुणवत्ता का प्रमाणन एवं सार्वजनिक प्रदर्शन किया जा सकेगा।

पांच सितारा श्रम स्टार रेटेड प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक कार्य वातावरण, बेहतर वेतन, रोजगार सुरक्षा, सौहार्दपूर्ण कर्मचारी-नियोक्ता संबंध तथा सतत विकास पर आधारित कार्य संस्कृति का अनुभव प्राप्त होता है। उच्च श्रम स्टार रेटिंग से श्रमिकों की संतुष्टि बढ़ने के साथ-साथ उद्योग की प्रतिष्ठा एवं विश्वसनीयता में भी वृद्धि होती है।

श्रम स्टार रेटिंग सिस्टम के प्रमुख उद्देश्य

  • श्रम कानूनों के अनुपालन हेतु मानक स्थापित करना एवं नियोक्ताओं की विश्वसनीयता बढ़ाना

  • पारदर्शी एवं भरोसेमंद रेटिंग प्रणाली के माध्यम से उद्योगों का मूल्यांकन

  • उपभोक्ता विश्वास, निवेशक भरोसा एवं बेहतर बाजार स्थिति के माध्यम से अनुपालन करने वाले उद्योगों को प्रोत्साहन

  • श्रम अनुपालन की सार्वजनिक पहचान एवं प्रमाणन

श्योपुर जिले के समस्त उद्योगों, कारखानों एवं प्रतिष्ठानों से अपील की जाती है कि वे इस अभिनव पहल में सहभागिता करें, श्रम कानूनों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें तथा श्रम स्टार रेटिंग प्राप्त कर अपने प्रतिष्ठान की सामाजिक जिम्मेदारी एवं गुणवत्ता को प्रदर्शित करें।

श्रम स्टार रेटिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवेदन प्रक्रिया एवं मार्गदर्शन हेतु संबंधित प्रतिष्ठान कार्यालय श्रम पदाधिकारी, जिला श्योपुर में  सौरभ श्रीवास से दूरभाष क्रमांक 09340-832970 पर संपर्क कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here