जिला पंचायत अभ्यर्थियों के साथ बैठक आयोजित
श्योपुर, 18 दिसंबर 2025
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्यों को निर्वाचन प्रतीक आवंटन के दौरान एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित वर्मा तथा निर्वाचन प्रेक्षक मदन सिंह ठाकुर ने उपस्थित सभी अभ्यर्थियों से आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन करने की अपील की।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्विघ्न निर्वाचन के लिए सभी अभ्यर्थी प्रशासन का सहयोग करें तथा निर्वाचन नियमों के अंतर्गत रहकर लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव कानून के अंतर्गत निषिद्ध किसी भी कार्य से अभ्यर्थी परहेज करें।
उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी पोस्टर, इश्तहार अथवा पेम्फलेट का प्रकाशन न करें, जिनमें मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम व पता अंकित न हो। मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार अथवा मत याचना नहीं की जाए। साथ ही मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने के लिए वाहनों का उपयोग भी प्रतिबंधित रहेगा।
इस अवसर पर निर्वाचन प्रेक्षक मदन सिंह ठाकुर ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन राजनीतिक दलों के आधार पर नहीं होते हैं, इसलिए किसी भी राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति के प्रतीक चिन्ह का उपयोग प्रचार सामग्री में नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदान समाप्ति से पूर्व निर्धारित अंतिम 48 घंटों की अवधि में किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा आयोजित नहीं की जाएगी।
प्रेक्षक ने कहा कि मतदान को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी अभ्यर्थी निर्वाचन अधिकारियों का सहयोग करें तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। मतदाताओं को पहचान पर्ची केवल सादे कागज पर दी जाए, जिसमें मतदाता का नाम, पिता अथवा पति का नाम, वार्ड क्रमांक, मतदान केंद्र क्रमांक तथा मतदाता सूची में अनुक्रमांक के अतिरिक्त कोई अन्य विवरण अंकित न हो।
बैठक में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर संजय जैन, कलेक्टर कार्यालय अधीक्षक दिलीप बंसल, इलेक्शन सुपरवाइजर इमरान खान सहित जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 01 से निर्वाचन लड़ रहे अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
