कदवई, मगरदेह, उमरी कलां का भ्रमण, स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण डीपीओ, सीडीपीओ और सुपरवाइजर को नोटिस

0
49
Spread the love
कदवई–मगरदेह–उमरी कलां निरीक्षण पर कार्रवाई

मध्यान्ह भोजन में लापरवाही पर कॉर्डिनेटर बर्खास्त
डीपीओ, सीडीपीओ और सुपरवाइजर को नोटिस

श्योपुर, 17 दिसम्बर 2025

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा आज श्योपुर जिले के दूरस्थ क्षेत्र विजयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कदवई, मगरदेह एवं उमरी कलां का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्कूलों, उप स्वास्थ्य केन्द्रों, पीडीएस दुकानों आदि का निरीक्षण किया गया।

कदवई एवं मगरदेह क्षेत्र की आंगनबाड़ियों के निरीक्षण के दौरान बच्चे अनुपस्थित पाए गए तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन नियमित रूप से नहीं पाया गया। साथ ही इन केन्द्रों में विजयपुर से पके हुए भोजन की सप्लाई किए जाने पर गंभीर आपत्ति दर्ज की गई। इस पर जनपद पंचायत विजयपुर में समूहों के कार्य देखने वाले प्रभारी एवं एनआरएलएम के कॉर्डिनेटर (संविदा) बृजेश शर्मा को बर्खास्त करने के निर्देश दिए गए। भोजन सप्लाई करने वाले धीरश्या स्व सहायता समूह का अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सेक्टर सुपरवाइजर रमा माहौर एवं सीडीपीओ ज्योति चतुर्वेदी को निलंबन हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उचित मॉनिटरिंग नहीं होने पर महिला बाल विकास अधिकारी महेंद्र कुमार अंब को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।

मिडिल स्कूल कदवई के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में कोई भी नियमित स्टाफ पदस्थ नहीं है। इस पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आसपास के विद्यालयों से शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि मिडिल स्कूल में तीन अतिथि शिक्षक एवं प्रायमरी स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ हैं। मिडिल-प्रायमरी में दर्ज 35 बच्चों की उपस्थिति मिलने पर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

शासकीय माध्यमिक विद्यालय मगरदेह के निरीक्षण के दौरान किचिन शेड क्षतिग्रस्त पाया गया, जिस पर जनपद के अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम में पीएम जनमन योजना अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा में कुल 103 आवासों में से 76 पूर्ण पाए गए। शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए गए। साथ ही ग्राम में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।

ग्राम मगरदेह में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्टाफ के अभाव में लगभग दो से ढाई माह से उप स्वास्थ्य केन्द्र बंद था। हाल ही में एएनएम की पदस्थापना के बाद आज से केन्द्र का नियमित संचालन प्रारंभ कराया गया। उमरी कलां में भी आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीएचओ सहित अगरा पीएचसी के चिकित्सक ऋषिराज सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार हेतु आए ग्रामीणों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया।

आश्रम अधीक्षक को हटाने के निर्देश

ग्राम उमरी कलां स्थित शासकीय अनुसूचित जनजातीय बालक आश्रम के निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं पाए जाने पर अधीक्षक संजय सिंह धाकड़ को अधीक्षकीय कार्य से मुक्त करने के निर्देश दिए गए। 50 सीटर बालक आश्रम में निरीक्षण के दौरान 36 बच्चे उपस्थित पाए गए।

मध्यान्ह भोजन मामले में जांच के निर्देश

आंगनबाड़ी केन्द्रों में विजयपुर से मध्यान्ह भोजन सप्लाई किए जाने के मामले की विस्तृत जांच के निर्देश सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद को दिए गए हैं। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया कि विस्तृत जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध एफआईआर की कार्रवाई भी की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here