नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा पूर्ण, जिला पंचायत सदस्य के 19 नामांकन विधिमान्य दो पंचायतों में सरपंच पद के सभी नामांकन सही पाए गए, नाम वापसी 18 दिसंबर को

0
33
Spread the love

श्योपुर, 16 दिसंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशन में श्योपुर जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत अंतर्गत रिक्त पदों पर उप निर्वाचन की प्रक्रिया जारी है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए प्राप्त 20 नाम निर्देशन पत्रों में से संवीक्षा के दौरान 19 नामांकन विधिमान्य पाए गए। वहीं ग्राम पंचायत नागदा एवं बैचाई में सरपंच पद के लिए भरे गए सभी नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए हैं।

जिला पंचायत सदस्य के रिक्त पद के लिए नामांकनों की संवीक्षा रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं कलेक्टर अर्पित वर्मा तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर संजय जैन द्वारा की गई। इस दौरान राजू कुशवाह, पिता बाबू, निवासी करियादेह रोड कराहल का नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य नहीं पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया। शेष 19 अभ्यर्थियों के नामांकन सही पाए गए।

विधिमान्य पाए गए अभ्यर्थियों में कमलेश कंवर (बगदिया), सोनू सिंह राठौड (बगदिया), सुमेर जादौन (बगदिया), श्याममुरारी (शंकरपुर), महेश आदिवासी (नसीरपुरा), पवन सिंह राजावत (श्री हासिलपुर), हरिमोहन बैरवा (जावदेश्वर), जसवंत सिंह मीणा (मेवाडा), जितेन्द्र गोयल (ढोढर), हनुमान योगी (जैनी), रतन गुर्जर (माकडौद), विष्णु जाटव (सेमल्दा), नरेश कुमार मीणा (टोगनी), बृजमोहन ओढ़ राजपूत (बगदिया), धारा सिंह आदिवासी (बहरावदा), भारत सिंह गुर्जर (सेंसईपुरा), प्रीतम उर्फ रामदिता (क्यारपुरा), मधु उपाध्याय (मानपुर) एवं जगदीश बैरवा (जवासा) शामिल हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय जैन ने बताया कि ग्राम पंचायत नागदा एवं बैचाई में सरपंच पद के लिए दाखिल सभी नाम निर्देशन पत्र संवीक्षा में विधिमान्य पाए गए। ग्राम पंचायत नागदा में सुवेदा आदिवासी, सुंदर आदिवासी एवं गुड्डी आदिवासी तथा ग्राम पंचायत बैचाई में सुरेन्द्र, सतीश, कुलदीप, भूरेलाल, बालू एवं अमर सिंह द्वारा नामांकन दाखिल किए गए थे।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पंचायत उप निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 18 दिसंबर अपरान्ह 3 बजे तक निर्धारित है। इसी दिन अपरान्ह 3 बजे के बाद निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 29 दिसंबर को सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संपन्न होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here