ककरधा, गोरस, पिपरानी, बरगवा, सरारी, पनवाडा पहुंचे कलेक्टर स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पतालों का किया निरीक्षण

0
65
Spread the love

स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पतालों का किया निरीक्षण
लापरवाही पर आश्रम अधीक्षिका, पटवारी व पंचायत सचिव निलंबित

श्योपुर, 15 दिसंबर 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सोमवार को आदिवासी विकासखंड कराहल के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही एवं उदासीनता पाए जाने पर आश्रम अधीक्षिका, एक पटवारी एवं दो पंचायत सचिवों को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम ककरधा में निरीक्षण के दौरान बंद पड़े आटा प्लांट को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश एनआरएलएम अधिकारियों को दिए गए। वहीं मनरेगा परियोजना अधिकारी विक्रम जाट को मौके पर बुलाकर पंचायत के माध्यम से किचिन शेड की पुताई कराने, अनुपयोगी भवनों को डिसमेंटल करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा स्कूलों में शौचालय निर्माण के निर्देश दिए गए।
शासकीय अनुसूचित जनजातीय आश्रम भीमलत (ककरधा) के निरीक्षण में अव्यवस्थाएं मिलने और अधीक्षिका रश्मि उमरैया के अनुपस्थित पाए जाने पर निलंबन के निर्देश दिए गए। नियमित निरीक्षण नहीं करने पर संबंधित सीएसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा ग्राम में साफ-सफाई नहीं मिलने पर जीआरएस किशन शर्मा को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पिपरानी में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन का अवलोकन किया गया। मैन्यू अनुसार भोजन नहीं बनने पर गायत्री स्वसहायता समूह को हटाने के निर्देश जनपद सीईओ कराहल को दिए गए। ग्रामीणों द्वारा पटवारी के गांव में नहीं आने की शिकायत पर एसडीएम बीएस श्रीवास्तव को पटवारी शुभ्रा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। पंचायत भवन परिसर में गंदगी पाए जाने पर पंचायत सचिव को निलंबित करने के आदेश दिए गए।

ग्राम बरगवा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय डॉक्टर अंजली जागिड उपस्थित रहीं। पंचायत कार्यों के दौरान यात्री प्रतीक्षालय में गंदगी, सामुदायिक स्वच्छता परिसर बंद मिलने एवं ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायत सचिव कांती भदौरिया को निलंबित कर जीआरएस को वित्तीय प्रभार सौंपने के निर्देश दिए गए।

ग्राम सरारी में आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। मध्यान्ह भोजन मैन्यू अनुसार नहीं पाए जाने एवं गुणवत्ताहीन होने पर जय अंबे स्वसहायता समूह को हटाने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पनवाडा में जिला स्वास्थ्य अधिकारी जेएन सक्सैना एवं बीएमओ कराहल सौरभ कुशवाह को आयुष्मान कार्ड निर्माण में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। ककरधा एवं सरारी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की संख्या कम पाए जाने पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी महेंद्र कुमार अंब को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

तहसील कार्यालयों का निरीक्षण

वनांचल भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय कराहल का निरीक्षण कर नामांतरण एवं सीमांकन मामलों की समीक्षा की। इस दौरान तहसीलदार रोशनी शेख मौजूद रहीं। फौती नामांतरण में लंबे समय से रिपोर्ट लंबित रखने पर सेसईपुरा के पटवारी भगवती प्रसाद शर्मा को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। वहीं बुखारी के पटवारी राघवेंद्र शर्मा एवं बर्धाखुर्द के पटवारी सिराज अहमद को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।

गोरस तहसील कार्यालय निरीक्षण के दौरान हीरापुर निवासी कन्या आदिवासी के फौती नामांतरण प्रकरण में नायब तहसीलदार नरेंद्र जैन को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here