श्योपुर, 18 नवंबर 2025
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्मार्ट मीटर अभियान को गति देते हुए श्योपुर जिले में 30,546 स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। वर्तमान में जिले में 474 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर के लाभ और भ्रम दूर करने के लिए मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कंपनी के महाप्रबंधक (स्मार्ट मीटरिंग सेल) सी.के. पवार ने विस्तृत जानकारी दी।
अक्टूबर में 397 उपभोक्ताओं को मिली 2 लाख 23 हजार की छूट
महाप्रबंधक पवार ने बताया कि श्योपुर वृत्त के 397 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अक्टूबर माह में 2 लाख 23 हजार रुपये से अधिक की टीओडी रियायत मिली है। स्मार्ट मीटर उपभोक्ता सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली उपयोग पर 20 प्रतिशत छूट का लाभ ले रहे हैं।
स्मार्ट मीटर: सटीक, पारदर्शी और लाभकारी
पवार ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ता हित में एक महत्वपूर्ण बदलाव है। इसके प्रमुख फायदे हैं—
-
सटीक और पारदर्शी रीडिंग
-
मीटर रीडर के आने की आवश्यकता समाप्त
-
रियल-टाइम खपत डेटा
-
मोबाइल एप पर आगामी बिल का अनुमान (फॉरकास्ट)
-
मानवीय त्रुटि की संभावना शून्य
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद रीडिंग में किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं रहती। उपभोक्ता अपने दैनिक, साप्ताहिक और मासिक खपत का पूरा विवरण देख सकते हैं।
पूरे कंपनी क्षेत्र में अब तक 3.90 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर इंस्टॉल
कंपनी ने बताया कि पिछले वर्ष से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गयी और अब तक 16 जिलों में 3 लाख 90 हजार से अधिक मीटर लगाए जा चुके हैं। इन एक वर्ष में किसी तरह की तकनीकी त्रुटि सामने नहीं आई है।
हर 15 मिनट में अपडेट होता है डेटा
उपभोक्ता ‘उपाय एप’ के माध्यम से—
-
रियल-टाइम लोड
-
किलोवॉट और यूनिट खपत
-
किस समय कितनी बिजली खपत हुई – यह सारी जानकारी देख सकते हैं।
स्मार्ट मीटर हर 15 मिनट में डेटा अपडेट करता है।
बिलिंग में गड़बड़ी की संभावना लगभग खत्म
ऑटोमैटिक रीडिंग के कारण बिल तैयार होने में मानवीय त्रुटि की संभावना लगभग समाप्त हो चुकी है। बिल हर महीने की 1 तारीख के बाद उपभोक्ता के मोबाइल और ईमेल पर भेज दिया जाता है।
ऊर्जा बचत और बिलों में कमी में मददगार
स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ता अपनी खपत पर नियंत्रण रख पा रहे हैं। कहाँ और कब अक बिजली खर्चधि हो रही है— इसकी सटीक जानकारी मिलने से उपभोक्ता अपनी ऊर्जा खपत कम कर पा रहे हैं, जिससे बिल भी घट रहे हैं।
टैरिफ में 20% छूट: किसे मिलेगा लाभ?
स्मार्ट मीटर उपभोक्ता (10 किलोवाट तक लोड)
-
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली उपयोग पर 20% छूट
सामान्य मीटर उपभोक्ता (10 किलोवाट से अधिक लोड)
-
सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट, औद्योगिक श्रेणी में इसी अवधि की खपत पर 20% छूट
मीडिया से मिले सुझाव लागू किए जाएंगे
कार्यशाला के दौरान मीडिया के प्रश्नों पर कंपनी अधिकारियों ने स्पष्ट जवाब दिए। महाप्रबंधक पवार ने कहा कि मीडिया द्वारा दिए गए सुझाव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर उन पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही समाधान योजना 2025-26 पर आधारित फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
स्मार्ट मीटर के प्रमुख फायदे
-
खपत ट्रैक कर ऊर्जा की बचत में मदद
-
सटीक रीडिंग, बिल में गलती नहीं
-
रियल-टाइम डेटा मोबाइल पर उपलब्ध
-
ऊर्जा की गुणवत्ता का पता चलता है
-
खपत नियंत्रण आसान
-
बिजली की बचत से पर्यावरण को लाभ
