सांसद तोमर की अध्यक्षता में व्यवस्थाओं की समीक्षा, लाडली बहनाओं को योजना के तहत लाभ वितरण
श्योपुर, 10 अक्टूबर 2025
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 12 अक्टूबर को श्योपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान मेला ग्राउंड श्योपुर में आयोजित महिला सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश की लाडली बहनों को लाडली बहना योजना के तहत अक्टूबर 2025 की राशि का अंतरण किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास भी किया जाएगा। कार्यक्रम से पूर्व भाजपा कार्यालय से रोड शो आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्रीय सांसद शिवमंगल सिंह तोमर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी बाई आदिवासी, सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनंद, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया, कैलाश नारायण गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जाट, सुजीत गर्ग, जगदीश यादव, एसडीएम गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने बताया कि मेला ग्राउंड में आयोजित मंचीय कार्यक्रम के माध्यम से लाडली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना, आरबीएसके अंतर्गत कॉकलीयर इम्प्लांट, कृषि, उद्यानिकी, एमएसएमई, मत्स्यपालन, सामाजिक न्याय विभाग आदि अंतर्गत हितग्राही योजनाओं का लाभ वितरण किया जाएगा। इसके अलावा सड़क निर्माण, विद्युत सब स्टेशन, पेयजल योजनाओं, मल्टीपरपज सेंटर, छात्रावास भवनों, पुल-पुलियाओं आदि का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम को लेकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से किया जाए। पीएचई विभाग द्वारा सभा स्थल पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस आदि व्यवस्थाएं प्रोटोकॉल अनुसार की जाएंगी। कलेक्टर ने सभा स्थल पर आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग हेतु बगवाज रोड, बायपास रोड, हैवी मशीनरी टीनशैड, चंबल कॉलोनी ग्राउंड आदि स्थानों पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
