श्योपुर, 22 सितंबर 2025
कृषि विज्ञान केन्द्र बड़ौदा, श्योपुर की 38वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन हाइब्रिड मॉड में किया गया। बैठक की अध्यक्षता राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति के प्रतिनिधि डॉ. वाय.पी. सिंह, निदेशक विस्तार सेवाएं ने की, जबकि डॉ. अखिलेश सिंह, वैज्ञानिक निदेशक विस्तार सेवाएं, ग्वालियर विशेष अतिथि रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. चन्द्रमान सिंह जाटव ने स्वागत भाषण एवं उद्बोधन के साथ किया। इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. कायम सिंह ने विगत छह माह (खरीफ 2025) के कार्यों तथा आगामी छह माह (रबी 2025-26) की कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया।
बैठक में कृषि विज्ञान केन्द्र मुरैना से डॉ. जे.सी. गुप्ता, शिवपुरी से डॉ. मुकेश भार्गव, श्योपुर से उपसंचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य, उद्यान विभाग से एस.एस. प्रजापति, पशुपालन विभाग से डॉ. सुभाष दोहरे, मत्स्य विभाग से कमल प्रताप, बीज निगम से सोहन शर्मा तथा प्रगतिशील कृषक भरत सिंह जाट, जयदीप सिंह तोमर और एफपीओ प्रतिनिधि सोनू शर्मा आदि उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न विभागों एवं विशेषज्ञों ने अपने-अपने सुझाव रखे।
-
उपसंचालक कृषि मुनेश शाक्य ने नरवाई जलाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों को प्रशिक्षण के माध्यम से जागरूक करने पर जोर दिया।
-
उद्यान विभाग के एस.एस. प्रजापति ने उद्यानिकी फसलों के क्षेत्रफल की वृद्धि हेतु किसानों को प्रेरित करने का सुझाव दिया।
-
पशुपालन विभाग के डॉ. सुभाष दोहरे ने पशु क्रेडिट कार्ड और डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनू योजना के प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
-
निदेशक विस्तार सेवाएं, वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश सिंह ने कार्ययोजना में स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता से शामिल करने की बात कही।
अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों का आभार डॉ. सी.बी.एस. जाटव ने व्यक्त किया।
